काकोरी के शहीदों का सपना पूरा करने को राष्ट्र सर्वोपरि का भाव जरूरी : योगी
-  काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ने शहीदों को किया नमन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर रविवार को काकोरी शहीद स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमर क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महानायकों को नमन किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त 1925 को काकोरी की धरती पर भारतीय क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश हुकूमत को यह संदेश दिया था कि भारत गुलामी को स्वीकार नहीं करेगा। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्र प्रसाद लाहिड़ी, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों का लक्ष्य अंग्रेजी शासन से मुक्ति और भारत को स्वतंत्र कराना था। ब्रिटिश शासन ने काकोरी की इस घटना को ‘डकैती’ के रूप में प्रचारित किया, जबकि यह देश की आजादी के लिए संघर्षरत क्रांतिकारियों की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्र भारत में भी लंबे समय तक इसे ‘काकोरी डकैती कांड’ कहे जाने से क्रांतिकारियों के योगदान को उचित सम्मान नहीं मिला।

-  युवा पीढ़ी को अपने नायकों पर गर्व करना सिखाना होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की गुलामी के पीछे बाहरी शक्तियों के साथ-साथ हमारी आपसी फूट और विभाजनकारी प्रवृत्तियां भी जिम्मेदार रही हैं। आज भी कुछ ताकतें जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी भ्रम और अफवाह फैलाने की कोशिशें होती हैं। ऐसे समय में युवाओं को इतिहास की सही जानकारी देकर राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों से दूर रखा, उन्होंने देश की नई पीढ़ी के साथ अन्याय किया। क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से युवाओं को प्रेरणा, साहस और राष्ट्रभक्ति मिलती है।

-  पीएम मोदी ने दिलाया आजादी के नायकों को सम्मान : योगी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों को सम्मान दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों के विकास के साथ वीर सावरकर, राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे महानायकों की स्मृतियों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया गया है। काकोरी की घटना को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ नाम देकर क्रांतिकारियों के योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया गया। उनके नाम पर डाक टिकट जारी किए जा रहे हैं और संस्थाओं के नाम भी रखे जा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपने-अपने गांव, क्षेत्र और जिले के गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों की जानकारी जुटाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी पुरानी सामग्री, दस्तावेज और स्मृतियों को सुरक्षित किया जाना चाहिए। ऐसे नायकों से जुड़े स्मारकों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण में भी समाज को भागीदारी करनी चाहिए।

-  हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र सर्वोपरि की भावना मजबूत होगी। लोगों को मातृभूमि, अपनी भाषा और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने आगामी स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने और संस्थानों में वंदे मातरम् के गायन की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। ‘वंदे मातरम्’ तथा काकोरी के शहीदों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया गया। भारतेन्दु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दी।

-  उप मुख्यमंत्रियों ने भी शहीदों को किया नमन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों के संघर्ष के कारण ही देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। 9 अगस्त का दिन स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में विशेष महत्व रखता है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में समाज के सभी वर्गों ने योगदान दिया। उन्होंने बच्चों और विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काकोरी की धरती स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों की स्मृतियों से जुड़ी है। नई पीढ़ी तक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्रीय गौरव का संदेश पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शहीदों के परिजनों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
लखनऊ: डॉ. सोनिया नित्यानंद फिर बनीं KGMU की कुलपति

-  दूसरी बार मिली जिम्मेदारी, राज्यपाल ने जताया भरोसा

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के कुलपति पद पर डॉ. सोनिया नित्यानंद की एक बार फिर नियुक्ति की गई है। उन्हें दूसरी बार विश्वविद्यालय की कमान सौंपी गई है।
कुलपति पद को लेकर चल रही चर्चाओं और विभिन्न दावेदारियों के बीच राज्यपाल ने एक बार फिर डॉ. सोनिया नित्यानंद पर भरोसा जताया है। उनकी पुनर्नियुक्ति के साथ ही KGMU के प्रशासनिक नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।
डॉ. सोनिया नित्यानंद के सामने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, चिकित्सा सेवाओं, शोध कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होगी। उनकी दूसरी पारी में KGMU के विकास और नई योजनाओं को गति देने पर भी नजर रहेगी।
शहीदों के सपनों का भारत बनाने में युवाओं की भूमिका अहम : शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’

-  अगस्त क्रांति के महानायकों और अमर शहीदों को जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया ने किया नमन, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान


लखनऊ। अगस्त क्रांति की स्मृति में जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई.) और राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच (एन.वाई.आर.एम.) के संयुक्त तत्वावधान में जीपीओ पार्क, हजरतगंज स्थित काकोरी स्तंभ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों और अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिचय दिया, वह आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब नई पीढ़ी उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में युवाओं को नकारात्मक और दिशाहीन राजनीति से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक सोच को अपनाने की जरूरत है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का इस्तेमाल समाज की समस्याओं के समाधान तथा देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में करें।
‘पुष्कर’ ने कहा कि आज बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान और रोजगार की तलाश कर रहे युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वहीं, देश के अमर शहीदों ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां भय, भूख, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, जातीय भेदभाव, आर्थिक असमानता, शोषण और अन्याय के लिए कोई जगह न हो।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के भटकाव से बचें और अपनी शक्ति को रचनात्मक दिशा दें। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति यदि जागरूक, संगठित और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तो सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत केवल नारों से नहीं बनेगा। इसके लिए शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, समान अवसर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में लगातार प्रयास करना होगा। नई पीढ़ी को इसी संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में शशिकांत सिंह, कुनाल दीक्षित, शुभम श्रीवास्तव, अजमत उल्ला खान, एडवोकेट सुरेंद्र यादव, राजेश त्रिपाठी, लियाकत अली, राज गौतम और विनय सोनकर सहित पार्टी एवं मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर कार्य करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
गांव-गांव अमृत सरोवरों पर लहराएगा तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर होंगे भव्य आयोजन

-  हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों पर होगा ध्वजारोहण, साफ-सफाई के साथ राष्ट्रप्रेम से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन


लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस वर्ष उत्तर प्रदेश के गांवों में स्थित अमृत सरोवर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगे नजर आएंगे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों और विकसित तालाबों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके साथ ही इन स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने वाले विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। उनके निर्देश के बाद विभाग की ओर से सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारी समय से पूरी करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस से पहले ग्राम पंचायतों के माध्यम से अमृत सरोवरों की विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के दिन प्रत्येक अमृत सरोवर स्थल पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिरंगा फहराया जाएगा। आयोजन के दौरान ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
ग्राम्य विकास विभाग का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संरक्षण के केंद्र के रूप में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय चेतना के प्रमुख स्थलों के रूप में भी विकसित करना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां होने वाले आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाएगा।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग की ओर से भी प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को आयोजन की सफलता के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने और स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहरने के साथ गांवों में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश देगा।
सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ अफवाह फैला रहीं देशविरोधी ताकतें : योगी

-  काकोरी ट्रेन एक्शन की शताब्दी समारोह में बोले सीएम- आपसी फूट और षड्यंत्र के कारण गुलाम हुआ था भारत, आज भी समाज को बांटने की कोशिश


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आपसी फूट और षड्यंत्र के कारण गुलाम हुआ था। आज भी क्षेत्र, जाति और भाषा के नाम पर देश को कमजोर करने वाली ताकतें समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी षड्यंत्र का माध्यम बन गया है और देशविरोधी ताकतें इसका दुरुपयोग कर भारत के खिलाफ अफवाहें फैला रही हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को काकोरी ट्रेन एक्शन के 101वें वर्ष के अवसर पर काकोरी शहीद स्मारक पर आयोजित शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने काकोरी के अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत माता के सपूतों ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिलाकर स्पष्ट संदेश दिया था कि भारत की धरती गुलामी को स्वीकार नहीं करेगी।
योगी ने कहा कि 9 अगस्त 1925 को पं. राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां, चंद्रशेखर आजाद और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी शासन के खजाने को अपने कब्जे में लेकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। इन क्रांतिकारियों का लक्ष्य केवल अंग्रेजों को भारत से बाहर करना नहीं, बल्कि देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराना था।

-  'काकोरी डकैती’ कहकर क्रांतिकारियों का किया गया अपमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों ने काकोरी की घटना को ‘डकैती’ बताया, लेकिन स्वतंत्र भारत में भी लंबे समय तक इसे ‘काकोरी डकैती कांड’ कहकर क्रांतिकारियों का अपमान किया गया। इसी तरह चौरीचौरा की घटना को भी कमतर आंका गया। उन्होंने कहा कि जिन क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।
योगी ने कहा कि शचींद्र नाथ बख्शी, मन्मथ नाथ गुप्ता, शचींद्र नाथ सान्याल समेत अनेक क्रांतिकारियों के योगदान को पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद की पीढ़ियों को इन राष्ट्रनायकों से दूर रखना युवा पीढ़ी के साथ अन्याय था।

-  '2014 के बाद आजादी के नायकों को मिला सम्मान’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और राष्ट्रनायकों को सम्मान देने का काम हुआ। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ विकसित किए गए और वीर सावरकर, राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह व अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों से जुड़े स्मारकों को सम्मान मिला।
उन्होंने कहा कि काकोरी की घटना को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ नाम देकर प्रधानमंत्री ने क्रांतिकारियों के योगदान को उचित सम्मान दिया। अब इन राष्ट्रनायकों के नाम पर डाक टिकट जारी हो रहे हैं और संस्थाओं व योजनाओं के नाम भी रखे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक योजनाओं और संस्थाओं का नामकरण एक ही परिवार या खानदान के नाम पर होता रहा।

-  'गुमनाम क्रांतिकारियों से जुड़ी सामग्री एकत्र करें’
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने-अपने गांव, क्षेत्र और जनपद के गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को खोजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन उनका इतिहास कहीं बिखरा पड़ा है।
उन्होंने अपील की कि क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़ी बिखरी सामग्री को एकत्र किया जाए। उनके स्मारकों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण में सहयोग किया जाए तथा राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि देकर उनकी स्मृतियों को जीवंत रखा जाए।

-  'राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना से ही बनेगा विकसित भारत
योगी ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र सर्वोपरि का भाव होगा। लोगों को मातृभूमि, मातृभाषा और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा फहराया जाए और प्रत्येक संस्था में वंदे मातरम का गान हो। क्रांतिकारियों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए काकोरी में शताब्दी महोत्सव सहित वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए और काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े परिवारों तथा देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, जय देवी और योगेश शुक्ल, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान तथा लालजी प्रसाद निर्मल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लखनऊ में सीएम योगी ने किया ‘तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ, देशभक्ति के रंग में रंगी राजधानी

-  'हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में युवाओं और स्कूली बच्चों ने लिया हिस्सा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस दौरान राजधानी में देशभक्ति का माहौल नजर आया और बड़ी संख्या में युवाओं एवं स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह समेत पार्टी के कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में युवाओं और स्कूली बच्चों की बड़ी भागीदारी रही। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग से सराबोर नजर आया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम लोगों ने भी हिस्सा लिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है।
गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़े तीन गांजा तस्कर,  फिरोजाबाद में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और फिरोजाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक 25 हजार रुपए का इनामी भी शामिल है।

गाजियाबाद में पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और थाना विजयनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया था।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से इंदिरापुरम से हिंडन बैराज की ओर मादक पदार्थों की खेप लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने स्कूटी को रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी रुकने के बजाय पुश्ता रोड की तरफ भागने लगे।

पुलिस ने पीछा किया तो कच्चे रास्ते पर स्कूटी फिसलने से तीनों आरोपी गिर गए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अनस के पैर में दो गोली और दिलशाद के पैर में एक गोली लगी, जबकि पुलिस ने असलम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 किलो गांजा, स्कूटी, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनस के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं, फिरोजाबाद में पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले एक घर में घुसकर लूटपाट की थी और एक महिला को बुरी तरह घायल कर दिया था। दक्षिण पुलिस थाना क्षेत्र में उसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगने के कारण बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया।
‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ में 50 हजार छात्रों ने दिखाया AI का दम
-  मूल्यांकन परीक्षा में 89 फीसदी से अधिक विद्यार्थी सफल, 12,500 से ज्यादा ने हासिल किए 80 प्रतिशत से अधिक अंक; कमजोर प्रदर्शन वाले छात्रों के लिए शुरू होंगे विशेष AI मॉड्यूल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत संचालित ‘AI फॉर ऑल’ पाठ्यक्रम के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। राज्य स्तरीय मूल्यांकन परीक्षा में करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों का औसत स्कोर 70.41 अंक रहा, जबकि 89 फीसदी से अधिक परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘AI फॉर ऑल’ का उद्देश्य शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी समझ देना है।

-  हर चार में एक छात्र टॉप श्रेणी में
मूल्यांकन के परिणामों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन तीन श्रेणियों में सामने आया। 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 12,500 से ज्यादा विद्यार्थी उत्कृष्ट श्रेणी में रहे। यानी परीक्षा में शामिल करीब हर चार विद्यार्थियों में एक ने टॉप श्रेणी में जगह बनाई।
50 से 80 अंक हासिल करने वाले 28 हजार से अधिक विद्यार्थी सक्षम श्रेणी में रहे। वहीं 50 अंक से कम पाने वाले 4,819 विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण की जरूरत वाले समूह में रखा गया है। इन विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक कक्षाएं और विशेष AI मॉड्यूल चलाए जाएंगे।

-  पश्चिमी यूपी के छात्रों ने किया बेहतर प्रदर्शन
क्षेत्रवार परिणाम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। यहां परीक्षा में शामिल 18,395 विद्यार्थियों का औसत स्कोर 74.3 अंक रहा। इस क्षेत्र के 37.8 प्रतिशत विद्यार्थी 80 से अधिक अंक हासिल करने में सफल रहे।
बुंदेलखंड ने भी शानदार प्रदर्शन किया। यहां औसत स्कोर 74.2 अंक रहा और 50 से कम अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत महज 4.9 फीसदी रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है।
मध्य उत्तर प्रदेश का औसत स्कोर 69.7 अंक रहा, जबकि पूर्वांचल के 21 जिलों से परीक्षा में शामिल 14,387 विद्यार्थियों का औसत 64.7 अंक रहा।

-  कमजोर छात्रों के लिए ‘रिमेडियल AI मॉड्यूल’
मिशन निदेशक पुलकित खरे के अनुसार कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर पूर्वांचल के छात्रों के लिए ‘रिमेडियल AI मॉड्यूल’ शुरू किए जाएंगे। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों की कमजोरियों को दूर कर उन्हें AI की बुनियादी समझ में मजबूत बनाना है।
वहीं 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 12,500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को एडवांस्ड AI, कोडिंग और रोबोटिक्स में आगे की ट्रेनिंग और मार्गदर्शन दिया जाएगा।

-  पांच दिन में पूरी हुई परीक्षा प्रक्रिया
मिशन निदेशक के मुताबिक मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से महज पांच दिनों में पूरा किया गया। 8 जुलाई को गोपनीय तरीके से प्रश्नपत्र जिलों को भेजे गए। 9 जुलाई को मुख्य परीक्षा हुई, जबकि अनुपस्थित विद्यार्थियों के लिए 10 जुलाई को विशेष परीक्षा आयोजित की गई। 13 जुलाई तक 73 जिलों में मूल्यांकन पूरा कर परिणाम मिशन मुख्यालय भेज दिए गए। इसके बाद 8 अगस्त को परिणामों का सत्यापन किया गया।

-  210 घंटे का निशुल्क कौशल प्रशिक्षण
‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 210 घंटे का निशुल्क कौशल विकास कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। इसमें आईटी, ब्यूटी, हेल्थकेयर, कृषि और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत विभिन्न रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए चार घंटे का ‘AI फॉर ऑल’ पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें बदलती तकनीक और रोजगार के नए अवसरों के अनुरूप तैयार करना है।
मऊ में 5 मेगावाट सोलर पार्क का शिलान्यास, कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण
-  ए.के. शर्मा बोले- सौर परियोजना से करीब 5 हजार घरों को मिलेगी बिजली, मऊ विकास की नई राह पर


लखनऊ/ मऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ को सौर ऊर्जा की बड़ी सौगात दी। उन्होंने करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 5 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर पार्क का शिलान्यास किया। साथ ही स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने घोषणा की कि प्रस्तावित सौर ऊर्जा पार्क का नाम स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर रखा जाएगा।
मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली की ओर से स्थापित किए जा रहे इस सोलर प्लांट से मऊ में स्वच्छ और अपेक्षाकृत सस्ती बिजली की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। परियोजना के पूरा होने पर करीब 5 हजार घरों की बिजली जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

-  कल्पनाथ राय के विकास के सपने को आगे बढ़ा रही सरकार
कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को याद किया। उन्होंने कहा कि कल्पनाथ राय ने मऊ के विकास को लेकर स्पष्ट दृष्टि के साथ काम किया था। उनके द्वारा देखे गए विकसित मऊ के सपने को आगे बढ़ाने की दिशा में वर्तमान सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। मऊ में भी सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे और सौर ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं।

-  मेरा राजनीतिक भविष्य महादेव या मोदी तय करेंगे
कार्यक्रम के दौरान ए.के. शर्मा ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह मऊ में किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि उनके भविष्य का फैसला या तो महादेव करेंगे या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय किसी क्षेत्र से चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके कार्यकर्ता के रूप में काम करने के लिए तैयार हैं। शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य अपनी पूरी क्षमता के साथ आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करना है।

-  सिद्धार्थ राय ने की पीएम मोदी की सराहना
स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय ने देश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश को आगे ले जाने के लिए उनके पास स्पष्ट दृष्टिकोण है। उन्होंने स्वयं को मोदी का समर्थक बताते हुए उनके नेतृत्व की तारीफ की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, घोसी के पूर्व विधायक विजय राजभर, एमएलसी बिच्छे लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक संजय यादव, बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, ऋषिकांत राय समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
अब अफसर बताएंगे सफलता का रास्ता, हर माह विद्यार्थियों से संवाद करेंगे IAS-IPS-IFS अधिकारी

-  इण्टर के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर करियर, रोजगार और स्टार्टअप तक की मिलेगी जानकारी; डीएम बनाएंगे मासिक कैलेंडर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का अनुभव और मार्गदर्शन मिलेगा। प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद की नई पहल शुरू की है। इसके तहत जिलों में तैनात युवा IAS, IPS और IFS अधिकारी हर माह कम से कम एक इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रमों की समय-समय पर समीक्षा करेंगे, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक विद्यालयों और अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे।

-  भाषण नहीं, सवाल-जवाब पर रहेगा जोर
कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल औपचारिक भाषण देना नहीं, बल्कि उन्हें अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है। छात्र अपने करियर, पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य से जुड़े सवाल सीधे अधिकारियों से पूछ सकेंगे।
अधिकारी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव, संघर्ष, कार्यशैली और सफलता की यात्रा साझा करेंगे। इससे छात्रों को लक्ष्य निर्धारित करने, सही करियर चुनने, समय प्रबंधन, अनुशासन और प्रभावी अध्ययन की रणनीति समझने में मदद मिलेगी।

-  UPSC से JEE-NEET तक की तैयारी पर मार्गदर्शन
संवाद कार्यक्रमों में UPSC, UPPSC, UPSSSC, SSC, NDA, JEE, NEET और CUET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तरीके बताए जाएंगे। राज्य स्तरीय परीक्षाओं और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से संबंधित अवसरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी जाएगी।
इसके अलावा उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में भी छात्रों को बताया जाएगा।

-  साइबर सुरक्षा और तनाव प्रबंधन भी एजेंडे में
सरकार ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों को भी इस पहल में शामिल किया है। संवाद के दौरान वित्तीय कौशल, संचार क्षमता, व्यापार प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
अधिकारियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की युवाओं से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

-  हर जिले में बनेगा मासिक कार्यक्रम कैलेंडर
निर्देशों के मुताबिक जिलाधिकारी प्रत्येक माह कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जिले में तैनात युवा अधिकारी इसमें सक्रिय रूप से भाग लें। प्रत्येक माह की 5 तारीख तक शासन के माध्यमिक शिक्षा विभाग को कार्यक्रमों की रिपोर्ट भेजनी होगी।
रिपोर्ट में विद्यालय का नाम, भ्रमण करने वाले अधिकारी, आयोजित कार्यक्रमों की संख्या, चर्चा के प्रमुख विषय और विद्यार्थियों से मिले सुझावों का विवरण शामिल किया जाएगा। जिलाधिकारी कार्यक्रमों की गुणवत्ता की स्वयं समीक्षा करेंगे और जरूरत के अनुसार स्थानीय स्तर पर नए प्रयोग भी कर सकेंगे।

-  अधिकारियों का अनुभव बनेगा विद्यार्थियों की ताकत
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। अधिकारियों से प्रत्यक्ष संवाद छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी मदद करेगा।
सरकार का मानना है कि विद्यार्थियों को सही समय पर उचित मार्गदर्शन और सकारात्मक परामर्श मिले तो उनकी प्रतिभा को बेहतर दिशा दी जा सकती है और वे अपनी क्षमताओं का प्रभावी उपयोग करते हुए आगे बढ़ सकते हैं।