स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं राष्ट्रभावना के अनुरूप मनाया जाए : जिलाधिकारी*
फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की तैयारियों के संबंध में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है। इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक कार्यक्रम गरिमामय, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप संपन्न कराया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि 15 अगस्त प्रातः 6:30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन जनपद के समस्त विकास खंडों, तहसील मुख्यालयों एवं नगर क्षेत्रों में किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा शहरी क्षेत्र में स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम से प्रभात फेरी का आयोजन किया जाए। प्रभात फेरी मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया गया कि प्रातः 7:00 बजे फिट इंडिया रन का आयोजन किया जाएगा, जबकि 7:30 बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान संचालित होगा। प्रातः 8:00 बजे समस्त शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों तथा संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ध्वजारोहण कार्यक्रम भारत सरकार एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाए। विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, वाद-विवाद, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। साथ ही वृहद वृक्षारोपण अभियान, चिकित्सालयों में मरीजों को फल वितरण, कारागार एवं आश्रय स्थलों में विशेष कार्यक्रम, आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गतिविधियां तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों के सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 13 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई, चूना छिड़काव एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.4k