जनसेवा सर्वोपरि, जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें : केशव प्रसाद मौर्य

-  विधान भवन जाने से पहले उपमुख्यमंत्री ने 'जनता दर्शन' में सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को विधान भवन में तृतीय सत्र-2026 की कार्यवाही में शामिल होने से पहले अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग पर आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं स्थानीय समस्याओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। श्री मौर्य ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनसेवा और जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को न्यायपूर्ण समाधान मिले, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र पर चलते हुए सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 'जनता दर्शन' केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं के त्वरित समाधान का रास्ता आसान होता है।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार जनसेवा, पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।
विकसित भारत' की मजबूत नींव बनेंगे गांव : केशव प्रसाद मौर्य
'
-  जल सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और ग्रामीण आजीविका पर विशेष फोकस, आत्मनिर्भर गांवों से मजबूत होगी देश की अर्थव्यवस्था


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण क्षेत्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों का समग्र विकास ही देश की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास की मजबूत आधारशिला है। प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए योजनाबद्ध और व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन, आधारभूत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण और आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता दे रही है। इन प्रयासों से गांवों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा, कृषि को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी कायम रहेगा। साथ ही बेहतर सड़क, सिंचाई, अन्य आधारभूत सुविधाओं और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाओं से किसानों, महिलाओं, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे उनकी आय बढ़ेगी और आर्थिक सशक्तीकरण को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु और अन्य चुनौतियों को देखते हुए जलवायु-अनुकूल एवं टिकाऊ विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण समुदाय भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सके और गांव सामाजिक व आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जनभागीदारी और समावेशी विकास के बल पर आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से साकार होगा तथा प्रत्येक गांव और प्रत्येक ग्रामीण परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।
आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ी सौगात, शीघ्र लागू होगा आउटसोर्स कमीशन : सीएम योगी

-  मानसून सत्र से पहले सीएम का बड़ा ऐलान, न्यूनतम मानदेय होगा सुनिश्चित; किसानों, महिलाओं, युवाओं और विपक्ष के मुद्दों पर भी बोले


लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के प्रारंभ होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक से डेढ़ सप्ताह के भीतर आउटसोर्स कमीशन लागू करेगी, जिसके माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों के लिए न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों के मानदेय में सुधार के लिए अनुपूरक बजट में प्रावधान किया गया है।

-  राम मंदिर पर विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर में चढ़ावे और कथित चंदा चोरी के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि "जिनके जेब से राम मंदिर निर्माण के लिए एक पैसा नहीं निकला, वही आज चंदा चोरी की बात कर रहे हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अयोध्या आंदोलन का विरोध किया और राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, वही अब राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उठा रहे हैं।

- किसानों के लिए खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि खाद वितरण पोर्टल पर कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं, लेकिन अधिकारियों को किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया है और अधिकांश चीनी मिलें चार से पांच दिनों के भीतर किसानों के खातों में भुगतान कर रही हैं। साथ ही 16 लाख निजी नलकूपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

-  सदन में सकारात्मक चर्चा की अपील
मुख्यमंत्री ने विपक्ष से मानसून सत्र के दौरान सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि विधानमंडल आम जनता की समस्याओं के समाधान और विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा का सर्वोत्तम मंच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और रचनात्मक होनी चाहिए।

-  महिलाओं और युवाओं की उपलब्धियां गिनाईं
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में महिला श्रमबल की भागीदारी लगभग 12 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 37-38 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मिशन शक्ति, श्रमजीवी हॉस्टल और विभिन्न रोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है, जिनमें 20 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। साथ ही एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP), पीएम विश्वकर्मा और निवेश आधारित औद्योगिक नीतियों से लाखों युवाओं को रोजगार मिला है।

-  सावन और कांवड़ यात्रा का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने सावन माह और कांवड़ यात्रा की महत्ता का उल्लेख करते हुए शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं के लिए पूरी तरह सतर्क है तथा 7 अगस्त से विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य भी विभिन्न धार्मिक आयोजनों में भाग लेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख सहित अन्य वरिष्ठ मंत्री उपस्थित रहे।
IBM के साथ योगी सरकार की बड़ी साझेदारी, युवाओं को मिलेगा AI आधारित प्रशिक्षण और रोजगार

-  मेगा जॉब मेला-2026 का शुभारंभ, UPSDM और IBM के बीच हुआ MoU; 20 से अधिक कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित मेगा जॉब मेला-2026 के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया।
नई साझेदारी के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में AI, डिजिटल स्किल्स, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप तैयार कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

-  'नई तकनीक सीखना समय की जरूरत' : कपिल देव अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि AI, डिजिटल स्किल्स, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास भी सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से किसी भी नौकरी को छोटा न समझने, निरंतर सीखने की आदत विकसित करने और बदलती तकनीक के साथ स्वयं को लगातार अपडेट रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराकर 'विकसित उत्तर प्रदेश' और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करना है।

-  2 हजार से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR लीड शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और AI आधारित शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एमओयू के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मेले में प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेजों के 2,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। वहीं Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
24 घंटे में मोबाइल चोर गैंग का पर्दाफाश, सरोजनीनगर पुलिस ने दो शातिर दबोचे, 4 मोबाइल बरामद
लखनऊ।राजधानी की सरोजनीनगर थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को गौरी बाजार सब्जी मंडी से दो अलग-अलग लोगों के मोबाइल चोरी होने की शिकायतें मिली थीं। दोनों मामलों में सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 से 60 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें कैलाश विहार मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय महतो और ताजुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों में ग्राहक बनकर घूमते थे और मौका मिलते ही लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। चोरी के मोबाइल बाद में राह चलते लोगों को बेच देते थे और रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें—

आईफोन 11 प्रो
रियलमी
ओप्पो
वीवो कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।
मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संजय महतो के खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी और झारखंड में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों के कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चलती सड़क पर मोबाइल स्नैचिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, छीना गया फोन और बाइक बरामद
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की मोहनलालगंज थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, सिम कार्ड और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।

राह चलते युवक से छीना था मोबाइल

पुलिस के अनुसार, उन्नाव निवासी विवेक शुक्ला, जो वर्तमान में भागूखेड़ा क्षेत्र में रह रहे हैं, ने 1 अगस्त को मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को वह सड़क पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कीं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।

घेराबंदी कर तीनों आरोपी दबोचे

जांच के दौरान पुलिस ने विशाल, आरजू और अनुज को सैयद बाबा मोड़ के पास नहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन, सिम कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात वे तीनों मोटरसाइकिल से घूम रहे थे। रास्ते में एक युवक को मोबाइल पर बात करते देख उन्होंने उसका फोन छीनने की योजना बनाई। पीछे बैठे आरोपी ने मोबाइल झपट लिया और तीनों नहर पटरी के रास्ते फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, छीना गया मोबाइल विशाल के पास था, जबकि उसमें लगी सिम आरजू ने अपने पास रख ली थी।

एक आरोपी पर पहले से भी मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आरजू के खिलाफ पहले से भी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

बरामदगी
01 मोबाइल फोन
01 सिम कार्ड
घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
एक ही जमीन कई लोगों को बेचकर करोड़ों की ठगी, फर्जी दस्तावेज बनाकर खेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ।राजधानी लखनऊ की निगोहां थाना पुलिस ने जमीन की खरीद-फरोख्त में कथित धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए लोगों को ठगने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने एक ही जमीन का कई बार सौदा कर लाखों रुपये का आर्थिक लाभ अर्जित किया। मामले में उसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के पर्यवेक्षण में निगोहां थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2025 को शिकायतकर्ता सुनीता यादव ने निगोहां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि उन्होंने ग्राम उतरांव स्थित एक भूमि अमर बहादुर सिंह से ₹43 लाख में खरीदी थी। पूरी रकम लेने के बाद आरोपी ने जमीन का बैनामा भी करा दिया।हालांकि, दाखिल-खारिज की प्रक्रिया के दौरान उन्हें पता चला कि वर्ष 2008 की वसीयत के आधार पर वही जमीन पहले से ही आरोपी की पत्नी और उसके पुत्रों के नाम दर्ज थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी और उसके परिवार को इस तथ्य की जानकारी होने के बावजूद इसे छिपाकर जमीन बेच दी गई।

मामले में निगोहां थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी अमर बहादुर सिंह (66 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य सह-आरोपियों की तलाश की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से बताया कि वह कूटरचना कर जमीन की खरीद-बिक्री करता था और उससे मिलने वाले पैसों से ऐशो-आराम की जिंदगी जीता था। पुलिस इस दावे की जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे कार्रवाई कर रही है।पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि साक्ष्य मिले तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चेहल्लुम जुलूस को लेकर लखनऊ में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 4 अगस्त को कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
लखनऊ।राजधानी लखनऊ में 4 अगस्त को आयोजित होने वाले चेहल्लुम जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जुलूस दोपहर करीब 12 बजे इमामबाड़ा नाजिम साहब से शुरू होकर तालकटोरा क्षेत्र तक जाएगा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह 11 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा।

पुलिस के अनुसार, टूड़ियागंज, नक्खास, हैदरगंज, बुलाकी अड्डा, मिल एरिया, एवरेडी तिराहा, विक्रम कॉटन मिल, कर्बला तालकटोरा, आलमबाग, राजाजीपुरम, मवैया और भूसामंडी सहित कई संवेदनशील मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से होकर अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले डायवर्जन योजना का ध्यान रखें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम से बचा जा सके।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड, स्कूली वाहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को चिकित्सकीय या आपात स्थिति में आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

यातायात संबंधी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए आम नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।

मुख्य डायवर्जन वाले क्षेत्र
टूड़ियागंज – नक्खास मार्ग
कमला नेहरू क्रॉसिंग – टूड़ियागंज
रकाबगंज पुल – नक्खास
हैदरगंज – बुलाकी अड्डा
मिल एरिया – एवरेडी तिराहा
विक्रम कॉटन मिल – कर्बला तालकटोरा
आलमबाग – राजाजीपुरम मार्ग
मवैया – एवरेडी तिराहा सहित अन्य प्रमुख मार्ग
3.79 करोड़ की ठगी का आरोपी गिरफ्तार! कंपनी बनाकर लैपटॉप-कंप्यूटर खरीद किए गायब, विकासनगर पुलिस का बड़ा एक्शन
लखनऊ।राजधानी लखनऊ की विकासनगर थाना पुलिस ने कंपनी के माध्यम से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी के नाम पर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदे, लेकिन भुगतान किए बिना ही करोड़ों रुपये का गबन कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई 2025 को विकासनगर निवासी शिकायतकर्ता लोकेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को दस्तावेजी और अन्य साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने शिकायतकर्ता से विभिन्न तिथियों में बड़ी संख्या में लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदे, लेकिन उनकी कीमत का भुगतान नहीं किया।

पुलिस का दावा है कि इस तरीके से शिकायतकर्ता को करीब 3 करोड़ 79 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

कानपुर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 2 अगस्त 2026 को मुख्य आरोपी रेहान खान (30 वर्ष) को कानपुर नगर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित गंगा बैराज रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

क्या है पुलिस का आरोप?

पुलिस के अनुसार, रेहान खान कंपनी के प्रमुख पद पर रहते हुए अपने सह-आरोपियों के साथ मिलकर कथित रूप से आपराधिक विश्वासघात और गबन में शामिल था। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने बताया कि आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शादी का झांसा देकर दो नाबालिग बहनों को भगाया, सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों को लिया संरक्षण में
लखनऊ। महिला सुरक्षा अभियान के तहत लखनऊ कमिश्नरेट की सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने दोनों को सीतापुर जिले से बरामद कर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को पीड़ित पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दो नाबालिग पुत्रियों को अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। शिकायत के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दो टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों से किया ट्रेस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों बाल अपचारियों का पता लगाया।

पुलिस ने दोनों को सीतापुर जिले के मिश्रापुर (बिसौली) क्षेत्र से संरक्षण में लिया। इसके बाद उन्हें वैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई शुरू की गई।

पूछताछ में क्या बताया?

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों बाल अपचारियों ने बताया कि वे लड़कियों को लखनऊ से अपने साथ ले गए थे। कई दिनों तक वे अलग-अलग रिश्तेदारों के यहां ठहरने की जगह तलाशते रहे, लेकिन कहीं ठिकाना नहीं मिला। इसके बाद वे उन्हें एक रिश्तेदार के गांव ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस ने बताया कि दोनों बाल अपचारियों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा दोनों नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा और आवश्यक काउंसलिंग सुनिश्चित की जा रही है।