IBM के साथ योगी सरकार की बड़ी साझेदारी, युवाओं को मिलेगा AI आधारित प्रशिक्षण और रोजगार
- मेगा जॉब मेला-2026 का शुभारंभ, UPSDM और IBM के बीच हुआ MoU; 20 से अधिक कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित मेगा जॉब मेला-2026 के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया।
नई साझेदारी के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में AI, डिजिटल स्किल्स, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप तैयार कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
- 'नई तकनीक सीखना समय की जरूरत' : कपिल देव अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि AI, डिजिटल स्किल्स, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास भी सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से किसी भी नौकरी को छोटा न समझने, निरंतर सीखने की आदत विकसित करने और बदलती तकनीक के साथ स्वयं को लगातार अपडेट रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराकर 'विकसित उत्तर प्रदेश' और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करना है।
- 2 हजार से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR लीड शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और AI आधारित शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एमओयू के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मेले में प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेजों के 2,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। वहीं Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
Aug 03 2026, 15:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1