जनसेवा अभियान को मिली पहचान,गोमती मित्रों के श्रमदान का हुआ दिल्ली में सम्मान*
सुल्तानपुर,कहते हैं आपका कर्म ही आपकी पहचान है और एक दिन निश्चित उसको मिलता सम्मान है। गोमती मित्र मंडल द्वारा सामाजिक,सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। 1 अगस्त दिन शनिवार को कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया नई दिल्ली में स्वर संसार वेलफेयर एवं कल्चरल सोसायटी (पंजीकृत) नई दिल्ली एवं सोशल ट्रांसफॉरमेशन फाउंडेशन (पंजीकृत) लखनऊ द्वारा संयुक्त रूप से महाकुंभ अमृत सम्मान-2025 से सम्मानित किया गया। गोमती मित्र मंडल की ओर से वरिष्ठ एवं संस्थापक पदाधिकारी अजय प्रताप सिंह द्वारा यह सम्मान प्राप्त किया गया,यह सम्मान गोमती मित्र मंडल के लिए ही नहीं बल्कि पूरे जनपद का सम्मान व गौरव का विषय है। रविवार 2 अगस्त को साप्ताहिक श्रमदान के दिन सभी गोमती मित्रों ने इस सम्मान के लिए एक दूसरे को बधाई एवं शुभकामना प्रेषित की और अपनी संकल्प यात्रा को जारी रखने की मां गोमती के सम्मुख शपथ ली। प्रातः 6:00 बजे से शुरू हुए श्रमदान से 9:00 बजे तक पूरे तट,परिसर, श्राद्ध स्थल व सीता उपवन की साफ सफाई कर सायंकाल होने वाली आदि गंगा मां गोमती की आरती की तैयारी की गई। श्रमदान में प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन,प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी,युवा मण्डल अध्यक्ष अजय वर्मा,संत कुमार प्रधान,दिनकर सिंह,राकेश सिंह दद्दू,सेनजीत कसौधन दाऊ,मुन्ना सोनी,सौरभ कसौधन, आलोक तिवारी,सोनू सिंह,अजीत शर्मा,रामू सोनी,विकास कौशल,राकेश मिश्रा,अरूण गुप्ता,अभय सोनी,अभय मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पालिका द्वारा चलाये जा रहे ‘‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’’*
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पालिका द्वारा चलाये जा रहे ‘‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’’ के क्रम में आज दिनांक 31 जुलाई 2026 को लालचन्द्र सरोज अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों को अतिक्रमण के विरूद्ध सघन अभियान चलाया गया, जिसमें मुख्य बाजार क्षेत्र अन्तर्गत कोतवाली नगर से जिला अस्पताल केनरा बैंक से मुड़कर चौक घंटाघर होते हुए आगरा मिष्ठान भण्डार से पंजाबी मार्केट होते हुए जिला अस्पताल होकर गभड़िया पुल पंजाब नेशनल बैंक होते हुए वापसी होते हुए जिला अस्पताल होकर कोतवाली नगर तक मार्ग व सड़क की दोनों पटरियों पर अपनी दुकानें बढ़ाकर लगाने वाले दुकानदारों तथा पथ विक्रेताओं के अतिक्रमण को चेतावनी देते हुए मार्गों व पटरियों को मुक्त कराया गया है। अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने बताया कि नगर पालिका व पुलिस विभाग द्वारा नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का यह अभियान अनवरत चलता रहेगा, यदि अतिक्रमण हटाने के साथ ही जुर्माना किये जाने के बाद भी लोग अतिक्रमण करना बन्द नहीं करते हैं, तो उनके विरूद्ध विधिक कार्यवाही भी की जायेगी, साथ ही अपील की कि सभी पथ विक्रेता वेन्डिंग जोन में ही अपनी दुकानें लगायें। इस अभियान में पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक एवं पालिका के सहायक अभियन्ता सन्तोष कुमार, अवर अभियन्ता सुश्री नीलम कुमारी, राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह व अनूप कुमार भारती सहित पालिका के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी  की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
*आईजीआरएस, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, कानून-व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश।*

सुलतानपुर शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में माह अगस्त के प्रथम शनिवार को तहसील सदर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह द्वारा जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
        
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी  द्वारा सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुने तथा उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन की सेवा है और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं संवेदनशील ढंग से निस्तारण किया जाना चाहिए।
        
जिलाधिकारी  द्वारा विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु कार्य प्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाते हुए शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
        
उन्होंने राजस्व, पुलिस एवं विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक आख्या प्रस्तुत करें तथा शिकायतों का वास्तविक एवं धरातलीय समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं के बैठने एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
          
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी विभाग जनसंतुष्टि को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार करें। उन्होंने बताया कि जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जा रहा है तथा कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
        
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 294 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 25 का निस्तारण मौके पर किया गया। सबसे अधिक प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग से सम्बन्धित हैं जिसमें राशन और सप्लाई से सम्बन्धित समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया, विद्युत विभाग से सम्बन्धित प्रार्थना पत्रों तथा अन्य विभागों से सम्बन्धित प्रार्थना पत्रों में जिसका त्वरित निस्तारण सम्भव था किया गया है तथा शेष में फील्ड विजिट की आवश्यकता के दृष्टिगत सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मौके पर जाकर तथा दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष तथा गुणवत्तापूर्ण रूप से एक सप्ताह में शेष शिकायतों को निस्तारित कर अवगत करायें।  
           
इस अवसर पर विद्युत विभाग, फार्मर रजिस्ट्री, चिकित्सा विभाग एवं पूर्ति विभाग द्वारा मेगा कैंप आयोजित कर अलग-अलग सहायता काउंटर स्थापित किए गए, जहां शिकायतकर्ताओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनमें समाधान की निर्धारित तिथि एवं समय की जानकारी शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई।
           
जिलाधिकारी महोदय ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं अन्य ऑनलाइन शिकायत निस्तारण प्रणालियों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं स्थलीय जांच के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा विभागाध्यक्ष स्वयं रिपोर्ट का परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण आख्या प्रस्तुत करें। किसी भी प्रकार की औपचारिक अथवा एकपक्षीय रिपोर्ट स्वीकार नहीं की जाएगी।
          
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में विधिक अथवा न्यायालयीय बाध्यता हो, उनमें स्पष्ट तथ्यों के साथ कारण अंकित करते हुए आख्या प्रस्तुत की जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन एवं तहसील समाधान दिवस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त सभी प्रार्थना-पत्रों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
           
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने विभिन्न विभागों में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभागाध्यक्ष अपने विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें तथा उसकी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। कार्यदायी संस्थाओं की लापरवाही अथवा कार्यों में अनावश्यक विलंब की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
            
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित फॉलो-अप, प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
           
जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गये कि प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
           
इसी क्रम में जनपद की अन्य समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर जन शिकायतें सुनी गयी और सम्बन्धित तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा निस्तारित किए गये तथा प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गयी। इस अवसर पर समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ऑनलाइन शॉपिंग और मॉल से परेशान व्यापारी,एक देश एक कानून की मांग*
रिपोर्ट/लालजी सुल्तानपुर में व्यापारी नेताओं की प्रेस वार्ता, सरकार से दोहरे कानून खत्म करने की मांग।
सुल्तानपुर पहुंचे उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर व्यापारियों की समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग और मल्टीनेशनल कंपनियों के कारण छोटे व्यापारी का कारोबार लगातार घट रहा है। साथ ही साप्ताहिक बंदी को लेकर सरकार की दोहरी नीति पर भी सवाल उठाए। प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के साथ प्रदेश महामंत्री मनोज अग्रवाल,जिला अध्यक्ष खालीक खान,जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष निशांत सिंह,अजय सिंह उप जिलाध्यक्ष,नितिन अग्रवाल नगर अध्यक्ष और सिद्धांत गुप्ता युवा नगर अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। लोकेश अग्रवाल ने कहा कि वो पूरे प्रदेश का दौरा कर व्यापारी की समस्याएं इकट्ठा कर रहे हैं। "हमारा दुर्भाग्य है कि सरकार ने मल्टीनेशनल कंपनी और ऑनलाइन शॉपिंग के लिए रेड कार्पेट बिछाया है और हमें कानून में फंसाकर नष्ट करने का काम किया जा रहा है। साप्ताहिक बंदी के दिन हमारा बाजार बंद रहता है और मॉल खुला रहता है। ये दोहरा कानून है।" उन्होंने प्रधानमंत्री के "एक देश एक कानून" के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि अगर साप्ताहिक बंदी है तो वो सभी दुकानों, मॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर समान रूप से लागू होनी चाहिए। व्यापारी किसी भी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं लेकिन सरकार भेदभाव न करे। "हम सरकार के सामने ज्ञापन,मांग पत्र और धरना प्रदर्शन के माध्यम से व्यापारी की समस्याएं पहुंचाएंगे और उनका समाधान कराने का प्रयास करेंगे।" व्यापारियों की प्रमुख मांग है कि ऑनलाइन कंपनियों और लोकल व्यापारियों के लिए समान नियम बनाए जाएं। प्रेस वार्ता में संगठन को मजबूत करने और व्यापार हितों की रक्षा के लिए एकजुट होने का भी आह्वान किया गया।
सुल्तानपुर का नया टूरिज्म स्थल,ग्रामीण संस्कृति और व्यंजन स्वाद*
सुल्तानपुर में पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी है। जिले के तेजी से उभरते पर्यटन स्थल नंदगांव का अधिकारियों ने भ्रमण किया। प्रभारी मंत्री की बैठक के बाद अधिकारियों ने गांव पहुंचकर यहां की पारंपरिक संस्कृति और व्यंजनों का अनुभव का स्वाद लिया। जहां जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी,जिला उद्योग उपायुक्त नेहा सिंह,एनआरएलएम उपायुक्त के.डी.गोस्वामी समेत कई अधिकारी नंदगांव पहुंचे। लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर बना यह एक ढाबा है, जों गांव की गलियों, हस्तशिल्प और ग्रामीण जीवनशैली को करीब से देखा गया,जहां अधिकारियों ने गांव में बने स्टॉल्स पर पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लिया। मकई की रोटी,सरसों का साग,गुड़ और देसी घी के व्यंजन अधिकारियों को खूब पसंद आए। उद्देश्य है नंदगांव को ग्रामीण टूरिज्म मॉडल के रूप में विकसित करना। "नंदगांव में स्थानीय उत्पाद और संस्कृति को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर बनेंगे"। "यहां होमस्टे और स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को जोड़ा जाएगा", "अधिकारी आए,हमारी संस्कृति देखे। अब पर्यटक भी आएंगे तो रोजगार बढ़ेगा" प्रशासन की योजना है कि नंदगांव में टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर,शिल्प बाजार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शुरू किया जाए। इससे जिले में पर्यटन के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सुल्तानपुर का नंदगांव अब सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि जिले का नया पर्यटन गंतव्य बनने जा रहा है। जहां शहर के लोग ग्रामीण संस्कृति का स्वाद और अनुभव दोनों ले सकेंगे।
बूथ जीतो,चुनाव जीतो' के मंत्र पर जुटें कार्यकर्ता,विपक्ष के भ्रम का दें जवाब : गिरीश चंद्र यादव*
रिपोर्ट/लालजी चुनावी मोड में उतरें कार्यकर्ता,बूथ ही जीत की कुंजी : गिरीश चंद्र यादव* सुलतानपुर,मिशन-2027 को लेकर भाजपा ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में उतरने का आह्वान किया। जिले के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' के मंत्र को धरातल पर उतारे। विपक्ष के झूठ और भ्रम फैलाने वाले नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब दें तथा सोशल मीडिया पर प्रतिदिन सक्रिय रहकर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा आज 22 से अधिक राज्यों में सरकार चला रही है और मिशन-2027 भी कार्यकर्ताओं के दम पर ही सफल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस नीट परीक्षा व राम मंदिर जैसे मुद्दों पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। कांग्रेस व सपा सनातन विरोधी दल हैं।तभी डिंपल यादव राम मन्दिर पर बुलडोजर चलाने और कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को नाकारती थी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार जनहित के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि संगठन पूरी तरह चुनावी मोड में कार्य कर रहा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा। जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने भाजपा कोर कमेटी और समन्वय समिति की बैठक पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप सिंह एवं आभार विजय त्रिपाठी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर आनंद द्विवेदी, आशीष सिंह रानू, विजय सिंह रघुवंशी, आलोक आर्य, अयोध्या प्रसाद वर्मा, रामेंद्र सिंह राणा, प्रदीप शुक्ल, राजेश सिंह, अरुण जायसवाल, मनोज श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनपद के नगरक्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों पर किए गए अतिक्रमण के विरूद्ध सघन अभियान चलाया गया।*
सुल्तानपुर,जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पालिका द्वारा चलाये जा रहे ‘‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’’ के क्रम में आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को लालचन्द्र सरोज अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों को अतिक्रमण के विरूद्ध सघन अभियान चलाया गया,जिसमें मुख्य बाजार क्षेत्र अन्तर्गत कोतवाली नगर से जिला अस्पताल पंजाबी मार्केट आगरा मिष्ठान भण्डार से मुड़कर चौक घंटाघर होते हुए शाहगंज चौराहा से डाकखाना चौराहा,से वापसी होकर जिला अस्पताल होकर कोतवाली नगर तक मार्ग व सड़क की दोनों पटरियों पर अपनी दुकानें बढ़ाकर लगाने वाले दुकानदारों तथा पथ विक्रेताओं के अतिक्रमण से मार्गों व पटरियों को मुक्त कराया गया है। जिसके तहत 5 दुकानदारों व पथ विक्रेताओं पर कार्रवाई करते हुए 3500/- रूपये जुर्माना भी लगाया गया है, साथ ही भारी मात्रा में 01.25 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथिन का जब्तीकरण किये जाने के साथ ही सड़क पर किये गये अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया है। अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने बताया कि नगर पालिका व पुलिस विभाग द्वारा नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का यह अभियान अनवरत चलता रहेगा, यदि अतिक्रमण हटाने के साथ ही जुर्माना किये जाने के बाद भी लोग अतिक्रमण करना बन्द नहीं करते हैं, तो उनके विरूद्ध विधिक कार्यवाही भी की जायेगी, साथ ही अपील की कि सभी पथ विक्रेता वेन्डिंग जोन में ही अपनी दुकानें लगायें।
इस अभियान में पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक एवं पालिका के सहायक अभियन्ता सन्तोष कुमार,अवर अभियन्ता सुश्री नीलम कुमारी, राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह व अनूप कुमार भारती सहित पालिका के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
सूबे के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव पहुंचे आज सुल्तानपुर,विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद विपक्षीयों पर बोला हमला*
रिपोर्ट/लालजी सुल्तानपुर,सूबे के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव आज सुल्तानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की, साथ ही कलेक्ट्रेट में विकाश कार्यों की समीक्षा कर कार्यों को गति देने के निर्देश दिया। बैठक के बाद वे मीडिया से रूबरू हुए और सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए विपक्षी पार्टियों पर जनकर निशाना साधा। दिल्ली में धरना प्रदर्शन पर बोलते हुए मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि पेपर लीक होते ही सरकार ने संज्ञान लिया और परीक्षा निरस्त कर 27 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा करवाई,परिणाम घोषित हुआ और लोगों ने एडमिशन लिया। वहीं धरना प्रदर्शन करने वालों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस देश को अराजकता वाला देश की ओर ले जाना चाहते हैं, ये देश संविधान के तहत चलता है, सबको बात रखने की आजादी, लेकिन देश के पीएम पर टिप्पणी करने वाले कौन हैं, ये बहुत बड़ी साजिश और खद्यंत्र था, इसमें लगे लोगों के चेहरे बेनकाब हो रहे , सरकार चर्चा पर थी तैयार थी, हमने बिल लाया। अब बिल लाने के बाद भी विरोध कर रहे है । वहीं अखिलेश यादव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वे हर समय नकारात्मक टिप्पड़ी करते हैं, आज प्राथमिक स्कूलों की दिशा और दशा बदल चुकी और वहां तमाम सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने वही कहा कि जलजीवन मिशन में भारी अनियमितता की शिकायत पर मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि आज डीएम और सीडीओ के साथ बैठक की गई , दिशा निर्देश दिए गए हैं। अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा करवाया जाय। वहीं मंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी के शिक्षा पॉलिसी और आरएसएस पर दिए के बयान पर मंत्री गिरीश यादव ने कहा अब उनको आर एसएस के बारे में नहीं पता है , आरएसएस देश के लिए काम करता है,किसी परिवार के लिए नहीं बल्कि हर वर्ग और हर समाज के लिए कार्य करता है, कांग्रेस ने आरएसएस प प्रतिबंध भी लगाया था, जांच बैठी थी और रिपोर्ट आई कि संघ देश के लिए कार्य करता है,वहीं राहुल गांधी के बयान कि अमित शाह को देश का बनाया जा रहा हीरो और नरेंद्र मोदी को भगवान की इमेज बनाई जा रही है के सवाल पर बोले गिरीश यादव ने नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, हम देशवासी उनके नेतृत्व में गर्व करते हैं, क्योंकि देश की आर्थिक व्यवस्था, सुरक्षा देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य उनके नेतृत्व में हुआ है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने तमाम जटिल मुद्दों को प्रस्ताव लाकर एक झटके में खत्म कर दिया। वही अखिलेश यादव के बयान कि यूपी में 20 से ज्यादा हुए पेपर लीक,यूपी में बीजेपी के एजेंडे में नहीं है नौकरी पर गिरीश यादव ने कहा कि बीजेपी ने यूपी में 9 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी है ये ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा की नौ लाख लोगों में सी किसी भी पूंछ लीजिए कि उन्होंने पैसा दिया है । मंत्री ने वहीं कहा कि अखिलेश यादव का ट्वीट कि साइकिल की रफ्तार है तेज क्योंकि उसमें ई-20 इथेनॉल नहीं है मिला, पर गिरीश यादव ने कहा कि उनकी साइकिल हो गई पंचर,पहले पंचर बनाने की करें व्यवस्था।
सहज ध्यान योग हमारी आध्यात्मिक उन्नति का सर्वाधिक सहज मार्ग
*:-डाक्टर हर्षवर्धन घोरपड़े*
सहज ध्यान योग केन्द्र सुलतानपुर के सौजन्य से सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर में भैया बहनों को कुण्डलिनी जागरण का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वन्दना के साथ किया गया।वरिष्ठ आचार्य श्रीमान् अनिल पाण्डेय जी ने मंच पर उपस्थित कार्यक्रम के प्रशिक्षक आध्यात्मिक साधकों का परिचय कराया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान् राकेश मणि त्रिपाठी जी द्वारा सहज योग मार्ग के आध्यात्मिक साधकों का श्री फल एवं अंगवस्त्र भेंटकर हार्दिक अभिनन्दन किया गया। उन्होंने इन क्षणों को अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि निश्चित रूप से हमारे भैया बहनें इस स्वाभाविक प्रक्रिया से परिचित होकर नैतिक एवं आध्यात्मिक उन्नति के पथ पर अग्रसर होंगे ‌।
मुख्य आध्यात्मिक साधक प्रशिक्षक छत्रपति शिवाजी महाराज जी के वंशज मुंबई से पधारे भारत के सुविख्यात, अनुभवी  नेत्र विशेषज्ञ डाक्टर हर्षवर्धन घोरपड़े ने भैया बहनों को कुंडलिनी शक्ति जागरण का अभ्यास कराया । उन्होंने कहा कि सहज योग के अभ्यास से हमारी चेतना एक नए आयाम तक पहुँचती है, जहाँ कंपन के परम सत्य को हमारे केंद्रीय तंत्रिका तंत्र और हथेलियों पर अनुभव किया जा सकता है। कुंडलिनी के जागरण के परिणामस्वरूप व्यक्ति की हथेलियों से कंपन उत्पन्न होते हैं। इस अनुभव के फलस्वरूप, हमारी आध्यात्मिक उन्नति सहजता से होती है ।
नवी मुंबई महाराष्ट्र से पधारे प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सक डा0 आलोक कुमार ने कहा कि आत्म-साक्षात्कार और सहज योग ध्यान के परिणामस्वरूप शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन प्राप्त होता है। कार्यक्रम को अमेरिका की हार्वर्ट यूनिवर्सिटी से पीएचडी डॉ श्रीमती तरंगिणी कुमार ने भी संबोधित किया। आध्यात्मिक शिक्षक श्री जितेन्द्र पांढरे ने प्रशिक्षण कार्य में प्रमुख भूमिका निभाई।
उक्त कार्यक्रम स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय सुलतानपुर की कंसल्टेंट पैथालाजिस्ट डाक्टर श्रीमती शिवांगी सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में  उप प्रधानाचार्य रमेश मिश्र, संजीव चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी,शुभम सिंह,शशी द्विवेदी, ज्योति त्रिपाठी, श्रद्धा सिंह, सुधा सिंह , रिंशू सिंह, प्रतिभा भारद्वाज, प्रतिभा मिश्रा,ज्योति उपाध्याय, रागिनी मिश्रा तथा विद्यालय के आचार्य बन्धु भगिनी एवं भैया बहनें  उपस्थित रहे ‌।
सुल्तानपुर प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव आगमन आज,विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की करेंगे समीक्षा*
आज सुलतानपुर आएंगे प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव,विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की करेंगे समीक्षा* सुलतानपुर,जिले के प्रभारी एवं प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव गुरुवार 30 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर सुलतानपुर आएंगे। इस दौरान वह भाजपा संगठन की बैठकों में भाग लेने के साथ ही जिले में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि प्रभारी मंत्री सुबह 10 बजे संघ कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद वह 10:30 बजे पयागीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। तत्पश्चात पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भाजपा कोर कमेटी एवं समन्वय समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद नवीन सभागार, कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।