जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं लक्ष्यों की उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने दिया जोर
फर्रुखाबाद । जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, परिवार कल्याण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य इकाइयों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित करें। जिलाधिकारी ने नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पात्र बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी तथा समय पर उपचार एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। जनपद एवं विकासखंड स्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन कराएं।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड निर्माण एवं पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने, संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में घर घर जाकर आयुष्यमान कार्ड बनाने हेतु सभी आशाओं की आभा आईडी तैयार करें इसके साथ ही संतोषजनक कार्य न करने वाली आशा कार्यकत्रियों पर नियमानुसार कार्रवाई पूर्ण करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो प्राइवेट अस्पताल गर्भवती महिलाओं कि प्रसव के आंकड़ों की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कर रहे हैं उन अस्पतालों पर कार्रवाई करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jul 31 2026, 20:12
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1