यूपी में 2,982 टीजीटी शिक्षकों का अंतिम चयन परिणाम घोषित, 14 विषयों का रिजल्ट जारी
- 3 और 4 जून को हुई थी परीक्षा, चयनित अभ्यर्थियों का संस्था आवंटन अधिमानता क्रम के आधार पर होगा; अंग्रेजी विषय का परिणाम हाईकोर्ट के फैसले के बाद जारी होगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएससी) ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती विज्ञापन संख्या-01/2022 के तहत 14 विषयों के कुल 2,982 पदों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और नियमबद्ध तरीके से संपन्न कराई गई है।
आयोग के अनुसार, 15 विषयों के कुल 3,539 पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 जून 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के आधार पर 30 जून 2026 को डेढ़ गुना अभ्यर्थियों को अभिलेख परीक्षण (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए सफल घोषित किया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली-1998 के नियम 12(8) के तहत 14 विषयों का अंतिम चयन परिणाम जारी किया गया है।
जिन विषयों का परिणाम घोषित किया गया है, उनमें हिंदी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, उर्दू, शारीरिक शिक्षा, कृषि, संगीत (गायन), संगीत (वादन), जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, संस्कृत, वाणिज्य और कला शामिल हैं।
आयोग ने बताया कि अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम, विषयवार एवं श्रेणीवार कट-ऑफ तथा प्राप्तांक देख सकते हैं। अभ्यर्थी अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर एक सप्ताह तक अपने अंक देख सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों का संस्था आवंटन नियमावली के नियम 12(10) के तहत उनकी अधिमानता (प्राथमिकता) के आधार पर किया जाएगा। वहीं, अंग्रेजी विषय के 557 पदों का अंतिम परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किया गया है। आयोग के अनुसार, अंतिम उत्तर कुंजी के खिलाफ दायर याचिका संख्या-979/2026 उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के निर्णय के बाद अंग्रेजी विषय का अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
Jul 31 2026, 09:58
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1