जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं/विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित*
ऑनलाइन आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक में समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों ने किया प्रतिभाग।*

सुलतानपुर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं/विकास कार्यों की मण्डलीय प्रगति समीक्षा बैठक नवीन सभागार कलेक्ट्रेट में वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। उक्त बैठक में सीएम डैशबोर्ड तथा सीएमआईएस पोर्टल पर चल रही विलंबित परियोजनाओं की गहन समीक्षा की गयी। ऑनलाइन आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
मण्डलायुक्त अयोध्या मण्डल अयोध्या द्वारा मण्डल के समस्त जनपदों की समीक्षा के दौरान जनपद सुलतानपुर के समस्त विभागों की सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से समीक्षा की गयी। तत्पश्चात जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों जैसे-पीडब्ल्यूडी,पशुपालन,नमामि गंगे,पर्यटन,समाज कल्याण-मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह,निर्माण कार्य विभाग व अन्य विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं जैसे-सीएलडीएफ,राजकीय निर्माण निगम, यूपीपीसीएल,सी.एण्ड डी.एस.सहित कई अन्य कार्यदायी संस्थाओं की जो परियोजनाएं विलंबित चल रही हैं,के सम्बन्ध में प्रगति की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी द्वारा सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये कि सभी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित जनसुनवाई अवश्य करें तथा मेरे जनता दर्शन के दौरान आने वाली शिकायतें जिन्हें मेरे द्वारा मार्क कर सम्बन्धित विभाग को प्रेषित किया जा रहा है उन शिकायतों के सम्बन्ध में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए हमें अवगत करायेंगे। उन्होंने बिलंबित चल रहे निर्माण कार्य अग्निशमन केन्द्र लम्भुआ के सम्बन्ध में कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए यूपीपीसीएल निर्माण इकाई-14 के एपीएम के विरूद्ध स्पष्टीकरण जारी करने व शासन को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार उन्होंने ऐसे निर्माण कार्य जो समय सीमा से पीछे चल रहे हैं, के सम्बन्ध में समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि या तो कार्य में तेजी लाते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करायें या पूर्णता तिथि को आगे बढ़ायें अन्यथा की स्थिति में सभी के विरूद्ध वेतन अवरूद्ध करने तथा आवश्यक कार्यवाही हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया जायेगा। जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों का अवलोकन करते हुए बी. सी. व डी. श्रेणी रैंकिंग वाले विभागों की प्रगति समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी द्वारा सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया गया कि माह के अन्त तक सभी विभाग अपनी रैंक में सुधार लाने हेतु प्रगति रिपोर्ट से कल अनिवार्य रूप से मुझे अवगत करायेंगे। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है, उनमें तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गौ रक्षा सेवा सम्मान आह्वान के तहत 30 सूत्रीय महाज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया को सौंपा*
डिग्री कालेज के शिक्षकों को मिला मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का कार्ड*
सुलतानपुर,कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का कार्ड वितरित किया गया। जिसमें डिग्री कालेज के शिक्षक शामिल रहे। डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय आगरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। तत्पश्चात जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी,मा.विधान परिषद् सदस्य श्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह,मा.विधायक सदर श्री राज प्रसाद उपाध्याय मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह व मा. नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना के साथ किया गया। उक्त कार्यक्रम में राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गनपत सहाय पीजी कालेज व के एन आई पी एस एस के बीस शिक्षकों को मा. जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतीक स्वरूप कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मा.अतिथियों को पौधे भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रीति प्रकाश व आभार ज्ञापन प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक एस पी सिंह,सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर प्राचार्य डॉ अजय सिंह, प्रोफेसर अंग्रेज सिंह राणा, डॉ सुनील त्रिपाठी व डॉ एस पी सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी व विशिष्ट जन उपस्थित रहे। .....................
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र भेजकर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी*
लालजी संघर्ष का मिला सम्मान: भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सुल्तानपुर की बेटी बबिता तिवारी के योगदान को किया नमन। सुल्तानपुर,भारतीय जनता पार्टी की काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री श्रीमती बबिता तिवारी के संगठनात्मक कौशल,अद्वितीय संघर्ष और राष्ट्रहित में किए गए उल्लेखनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। पश्चिम बंगाल में पार्टी के विस्तार और जनसंपर्क अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र भेजकर बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि बबिता तिवारी ने पश्चिम बंगाल के दूरदराज़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर विषम परिस्थितियों के बीच भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण को पार्टी की सफलता का एक महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। पत्र में विशेष रूप से उनके दिन-रात के जनसंपर्क अभियान, कठिन परिस्थितियों में निरंतर संगठनात्मक कार्य तथा राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एवं प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने अपने संदेश में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि बबिता तिवारी आगे भी संगठन और समाज के लिए इसी समर्पण के साथ कार्य करती रहेंगी। इस सम्मान की खबर से सुल्तानपुर सहित पूरे काशी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष और गर्व का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि बबिता तिवारी का सम्मान उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है, जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठन को सशक्त बनाने में निरंतर जुटे हैं। इस अवसर पर बबिता तिवारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता के परिश्रम, संगठन के संस्कार और राष्ट्रसेवा के संकल्प का सम्मान है। यह सम्मान मुझे भविष्य में और अधिक ऊर्जा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।"
संगठन के प्रति निष्ठा, सेवा के प्रति समर्पण और संघर्ष की मिसाल बन चुकीं बबिता तिवारी को मिला यह सम्मान सुल्तानपुर ही नहीं, पूरे काशी क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बन गया है।
कर समर्पित वीर जवानों को श्रमदान, गोमती मित्रों ने कहा नहीं भूलेगा हिन्दुस्तान*
सुलतानपुर,माँ गोमती को स्वच्छ और अविरल बनाने के संकल्प के साथ गोमती मित्रों का साप्ताहिक श्रमदान रविवार को पूरी ऊर्जा के साथ जारी रहा। इस बार का श्रमदान विशेष रहा,क्योंकि गोमती मित्रों ने श्रमदान के साथ-साथ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की शहादत को याद किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह ने कहा कि 26 जुलाई का दिन हमारे देश के इतिहास में अदम्य साहस,शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है।हम सभी को अपने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिये। युवा मण्डल अध्यक्ष अजय वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति की भावना पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज हमें अपने स्तर पर समाज और पर्यावरण की रक्षा करके अपनी देशभक्ति साबित करनी होगी। गोमती सेवा भी राष्ट्र सेवा का ही एक रूप है। श्रद्धांजलि के पूर्व गोमती मित्रों ने हमेशा की तरह पूरे परिसर की सूरत बदली। मुख्य तट,धाम परिसर,श्राद्ध स्थल और सीता उपवन में व्यापक साफ- सफाई अभियान चलाया गया।
मां गोमती के आंचल को स्वच्छ रखने के लिए लोगों से नदी में गंदगी न फैलाने की अपील भी की गई। श्रमदान में संरक्षक रतन कसौधन, प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन, प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी,संतकुमार प्रधान,राकेश सिंह दद्दू,राजेश पाठक,मुन्ना सोनी,अजीत शर्मा,अजय वर्मा,आलोक तिवारी,डॅा.कुंवर दिनकर प्रताप सिंह,राजेन्द्र शर्मा,रामू सोनी,श्याम मौर्य,अरुण अग्रहरि,अभय सोनी आदि उपस्थित रहे।
शहीदों के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब: चन्द्रशेखर आजाद जयंती पर निकली प्रभात फेरी, 31 युवाओं ने किया रक्तदान महादान
*आजाद समाज सेवा समिति ने राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और मानवता का दिया संदेश, शहीदों के बलिदान को किया नमन*

सुल्तानपुर,अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जयंती पर शुक्रवार को आजाद समाज सेवा समिति द्वारा राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और मानवता को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया गया। इसके बाद नगर में स्थापित अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा विचार गोष्ठी के माध्यम से उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम को स्मरण किया गया।
प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्", "अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद अमर रहें" जैसे उद्घोष लगाए। वक्ताओं ने कहा कि चन्द्रशेखर आजाद का जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्रोत है। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में राजकीय मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर स्थित ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान महादान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में संस्था के 31 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है और यही सच्ची मानव सेवा है।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गुप्ता एवं ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. संजय सिंह ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि 18 से 60 वर्ष तक का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर तीन जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव और ऑपरेशन के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी परिवार के लिए देवदूत साबित होते हैं। उन्होंने आजाद समाज सेवा समिति की निरंतर सामाजिक सेवा और नियमित रक्तदान अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था समाज में मानवता और सेवा की मिसाल बन रही है।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष शराफत खान ने अपने संबोधन में कहा कि देश की नई पीढ़ी को अपने महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान से परिचित कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि विद्यालयों और महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम में वीर शहीदों के जीवन और उनके योगदान को अधिक व्यापक रूप से शामिल किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और त्याग की भावना से प्रेरित हो सके।
गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी एवं आजाद समाज सेवा समिति के प्रवक्ता वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि "अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम उनके आदर्शों को केवल स्मरण ही न करें, बल्कि उन्हें अपने जीवन में भी उतारें। रक्तदान महादान केवल मानव सेवा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का भी सर्वोच्च माध्यम है। जिस प्रकार हमारे वीर शहीदों ने देश के लिए अपना रक्त बहाया, उसी प्रकार आज स्वस्थ नागरिक रक्तदान कर किसी जरूरतमंद का जीवन बचाकर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। समाज में जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर सेवा, सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना ही शहीदों के सपनों का भारत बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम होगा।"
विचार गोष्ठी में मकसूद अंसारी, ओम प्रकाश गौड़, विजय यादव, दिलीप सिंह, रवीन्द्र तिवारी, गिरीश तिवारी, बब्लू सिंह प्रधान एवं मयंक पाण्डेय सहित अनेक वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने एक स्वर में कहा कि शहीदों का सम्मान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र और समाज की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
रक्तदान करने वालों में शिवनायक वर्मा, अमित सिंह, हरिकेश यादव, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, फरहान अहमद, विनोद कुमार, दिनेश यादव, प्रिंस यादव, अजीत सिंह, अमित शर्मा, प्रदीप मौर्य, अक्षय सालुंके, माजिद अली, मो. तौफीक, सर्वेन्द्र सिंह, रोहित, सुशील प्रजापति, राजकरन, मनोज सोनी, निमेष मिश्रा, ऋषभ सिंह, राजेन्द्र पटवा, शरद त्रिपाठी, पवन शर्मा, लालचंद्र टिकावर, प्रदीप सिंह, रंजीत सिंह, बदरुद्दुजा एडवोकेट, राजेश सिंह, राजगोपाल मौर्य एवं अमर बहादुर पाल सहित कुल 31 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर मसूद अहमद (बीडीसी), शैलेश वर्मा, अजय सिंह, मो. अहमद, धर्मेन्द्र जायसवाल, मोइद खान, मो. यूनूस, सुरेश सोनी, बब्बन गाजी, विनोद रावत, विद्या प्रकाश शुक्ला, सरदार सतपाल सिंह, सरदार जे.पी. सिंह, जितेन्द्र तिवारी, आशीष मिश्र 'महाकाल', रजा अब्बास जैदी, अनिल सिंह एडवोकेट, अशोक तिवारी, अब्दुल हक, रवीन्द्र बहादुर सिंह, हंसराज यादव, अब्दुल मन्नान सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद सहित भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी वीर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा संकल्प लिया कि राष्ट्रहित, समाज सेवा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते हुए उनके सपनों का सशक्त और समरस भारत बनाने में अपना योगदान देंगे
सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर में शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
* *छात्र संसद एवं कन्या भारती ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ*

देश की लोकतांत्रिक प्रणाली का अनुसरण करते हुए सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर में संसदीय प्रणाली के अनुरूप छात्र संसद एवं कन्या भारती का विधिवत गठन किया गया।इसी क्रम में आज  शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुलतानपुर जनपद के वरिष्ठ स्वयं सेवी सामाजिक कार्यकर्ता इंजीनियर रूपेश सिंह तथा बतौर विशिष्ट अतिथि सरस्वती विद्या मन्दिर सिरवारा मार्ग के प्रधानाचार्य युगल किशोर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ । वरिष्ठ आचार्य अनिल पाण्डेय ने अतिथि परिचय कराया।  प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने विद्यालय  अनुशासन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले छात्र सांसद के भैया और कन्या भारती की बहनों का पर्यावरण संरक्षण हेतु आह्वान करते हुए कहा  कि वे विद्यालय में प्लास्टिक के प्रयोग को प्रतिबंधित करने का संकल्प लें।तथा पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। इससे पूर्व प्रधानमंत्री भैया बहन को प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने शपथ दिलाई।  छात्र संसद के भैया को मुख्य अतिथि इंजीनियर रूपेश सिंह और कन्या भारती की बहनों को विशिष्ट अतिथि युगल किशोर द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित छात्र सांसदों एवं बहनों से कहा कि आज ही स्वराज की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले,लोकतंत्र के प्रबल पक्षधर  स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक की जयंती है।हमें उनसे प्रेरणा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन आचार्य सूरज सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में बहनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
छात्र संसद प्रमुख धनंजय पाण्डेय ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कन्या भारती की प्रमुख आचार्या प्रांजलि पाण्डेय,संजीव चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी,श्रद्धा सिंह,रिंशू सिंह,शशी द्विवेदी तथा ज्योति त्रिपाठी सहित विद्यालय के अन्य आचार्य बन्धु /भगिनी और छात्र/छात्राएं  उपस्थित रहे।
दुर्घटना में जान गंवाने वाली छात्रा के परिजनों को शिक्षकों ने दी एक लाख रुपये की सहायता

सुल्तानपुर। भदैया ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पखरौली की कक्षा एक की छात्रा अश्विनी प्रजापति की 14 जुलाई को विद्यालय गेट के सामने ऑटो रिक्शा की टक्कर से हुई मौत के बाद शिक्षकों ने मानवीय पहल की। ब्लॉक संसाधन केंद्र भदैया में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों के सहयोग से एकत्रित एक लाख रुपये का चेक मृतक छात्रा के माता-पिता को सौंपा गया।चेक खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मिश्र, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय तथा जूनियर शिक्षक संघ के जिलामंत्री कलहू पाल ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। इस अवसर पर बीईओ शिवशंकर मिश्र ने सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, संकुल प्रभारियों और शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों का आभार जताया। कार्यक्रम में ब्लॉक मंत्री बिपिन यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र राय, श्याम किशोर दूबे, जबीउल्ला, विष्णु शंकर, सतीश, संजय कुशवाहा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
*स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर दूबेपुर में करोड़ों की लागत से छात्र-छात्राओं को जल्द मिलेगा हॉस्टल,विधायक विनोद सिंह द्वारा रखी नींव*
सुल्तानपुर के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में करोड़ों की लागत से बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण होने जा रहा है, आज विधायक विनोद सिंह के प्रतिनिधि और कॉलेज के प्राचार्य ने इसका भूमिपूजन कर इसकी शुरूआत की गई। दरअसल दूबेपुर ब्लाक के दूबेपुर गांव में स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में अध्यनरत छात्र छात्राओं के लिए जल्द ही बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण होने वाला है। आज इसी का भूमिपूजन सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह को करना था, लेकिन एन समय पर उनक कार्यक्रम स्थगित हो गया,जिसके बाद उनके प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे श्याम बहादुर पाण्डेय,अवध कुमार सिंह के साथ साथ कालेज के प्राचार्य डॉ प्रियंक वर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इसका भूमिपूजन कर इसका शुभारंभ किया। इस हॉस्टल के बन जाने से करीब 240 छात्र छात्राओं को रहने और खाने की व्यवस्था हो जाएगी। फिलहाल इसके निर्माण की जिम्मेदारी अयोध्या के जल निगम के सी एंड डी एस विभाग द्वारा अधीरा कंस्ट्रक्शन को दी गई है, और इसकी लागत करीब साढ़े 23 करोड़ बताई जा रही है। जिसमें छात्र छात्राओं के आवास के साथ साथ मेस,किचन,वर्कर रूम,पैंट्री स्टोर रूम,लिफ्ट सहित तमाम सुख सुविधाओं से लैस होगा।
किसानों की बदहाली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
*जनता की जेब पर डाका बंद करे सरकार : अभिषेक सिंह 'राणा'*

सुल्तानपुर। खरीफ की फसल की बुवाई और रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को डीएपी खाद की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर की मनमानी तथा बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में बुधवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी तत्वाधान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर जन समस्याओं के समाधान की मांग की है। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शकील अंसारी ने किया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश भर में किसान डीएपी खाद के लिए समितियों पर लंबी-लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं, लेकिन खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, वहीं स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे जनता आर्थिक रूप से परेशान है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाने की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र जनहित में निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों और आम जनता दोनों के साथ अन्याय कर रही है। धान की रोपाई के समय किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, जबकि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता की जेब काटी जा रही है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी नीति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि सरकार ने तत्काल खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की और स्मार्ट मीटर की लूट बंद नहीं की, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक बड़ा जनआंदोलन करेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, युवाओं और आम नागरिकों की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है। खाद की कालाबाजारी, बिजली की महंगाई और स्मार्ट मीटर की मनमानी ने हर परिवार को परेशान कर दिया है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सिंह व वरिष्ठ नेता लाल पद्माकर सिंह ने कहा कि आज का विरोध प्रदर्शन केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों और आम जनता की पीड़ा की आवाज है। एक ओर किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है तो दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के जरिए जनता पर अतिरिक्त बिजली बिलों का बोझ डाला जा रहा है। कांग्रेस पार्टी जनहित के इन मुद्दों को हर स्तर पर मजबूती से उठाती रहेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता हौसिला भीम, सुब्रत सिंह सनी, राजेश तिवारी, अतहर नवाब, प्रेमप्रकाश, हाजी फिरोज अहमद, मानस तिवारी,अमोल बाजपेयी, ओमप्रकाश दुबे, शाहबाज खान,अर्श खान लकी,ममनून आलम,मोहसिन सलीम,उस्मान खा, विजयपाल, राजदेव पाल, विभु पांडे, नंदलाल मौर्य, सुरेशचंद मिश्र, अनिल सिंह, अजय मिश्रा,सौरभ सिंह,विनोद पांडे, आवेश अहमद, रामशरण गौतम, दिग्विजय सिंह पंकज,सोहेल अहमद,देवेंद्र श्रीवास्तव, श्याम लगन कोरी,इन्द्रकेश शर्मा,बिलाल अहमद, विवेक सिंह,देवेंद्र कुमार पांडे, हाजी इरफान अहमद, युवराज यादव, इमरान अहमद,दिनेश तिवारी आदि लोग कार्यक्रम में शामिल रहे.