पीएम सूर्य घर योजना में यूपी ने रचा इतिहास, 7 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित; देश में दूसरे स्थान पर पहुंचा प्रदेश
- ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा बोले- 2,000 मेगावाट से अधिक हुई स्थापित क्षमता, लाखों परिवारों को मिल रही मुफ्त और सस्ती बिजली, हरित ऊर्जा में यूपी बना अग्रणी राज्य
लखनऊ। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश में अब तक 7 लाख से अधिक आवासीय रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश, गुजरात के बाद देश में आवासीय रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि लगभग ढाई वर्षों में मिली यह सफलता प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीतियों, पारदर्शी एवं डिजिटल कार्यप्रणाली, प्रभावी क्रियान्वयन, केंद्र एवं राज्य सरकार की आकर्षक सब्सिडी तथा आम नागरिकों की बढ़ती भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित कर रही है।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में आवासीय रूफटॉप सोलर की स्थापित क्षमता 2,000 मेगावाट से अधिक हो चुकी है। इससे लाखों परिवारों को स्वच्छ, सस्ती और कई मामलों में मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आने के साथ प्रतिदिन करोड़ों यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल रूफटॉप सोलर स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि सोलर मॉड्यूल एवं डीसीआर पैनल निर्माण, इन्वर्टर निर्माण, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस), पीयर-टू-पीयर ऊर्जा व्यापार, डिजिटल ऊर्जा प्लेटफॉर्म, ऊर्जा परामर्श और संचालन एवं रखरखाव सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और हरित औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ, सुलभ और किफायती ऊर्जा पहुंचाना है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश रूफटॉप सोलर और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी मॉडल बनकर उभरेगा।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हजारों करोड़ रुपये की सब्सिडी का लाभ भी उपभोक्ताओं तक पहुंचाया गया है। इससे प्रदेश में हरित ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान और अधिक गति पकड़ रहा है तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी मजबूती मिल रही है।
Jul 27 2026, 19:56
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k