खेड़ी सराय के जंगल में दिखा तेंदुआ
वन विभाग ने पिंजरा लगाया

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर)

मीरापुर। गांव खेड़ी सराय के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने के कारण वन विभाग ने गांव के जंगल में स्थित एक बाग में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है
कई दिन पूर्व नया गांव भुम्मा व कुतुबपुर के जंगल में ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा था और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी की थी। जंगल में तेंदुआ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने तेंदुआ पकड़ने के लिए नया गांव भुम्मा के जंगल में पिंजरा लगाया था लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया था। दो दिनों से गांव खेड़ी सराय के लोगों व किसानों को तेंदुआ उनके गांव के जंगल में दिखाई देने के कारण उन्होंने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी थी। बृहस्पतिवार को वन विभाग टीम ने पिंजरा गांव खेड़ी सराय के जंगल में स्थित एक बाग में लगा दिया है।
प्रतियोगिता में इन्हें मिला प्रथम स्थान

मेरठ , हिन्दुस्तान अख़बार की ओलम्पियाड प्रतियोगिता में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मीरापुर वरिष्ठ पत्रकार राहुल शर्मा (अध्यक्ष प्रेस क्लब ,मीरापुर )हिन्दुस्तान समाचार पत्र के सम्पादक   भूपेन्द्र सिंह  ने प्रथम पुरुष्कार देकर सम्मानित किया,इस दौरान ब्यूरोचीफ मुज़फ्फरनगर  दिवाकर झा,रीजनल हेड  मृत्युंजय  ,जनरल मैनेजर  भूपेन्द्र , सुनीत तोमर ,विज्ञापन व्यवस्थापक पंकज श्री वास्तव ,ओलम्पियाड इंचार्ज  शैलेन्द्र सिंह  व समस्त संवाददाता मौजूद रहें
भौमवती अमावस्या पर व्यापारियों ने कराया खीर का भंडारा।
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर,संवाददाता। भौमवती अमावस्या के अवसर पर व्यापारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत खीर के विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
      कस्बे के भूमिया मंदिर के निकट स्थित माँ दुर्गा ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर भौमवती अमावस्या पर कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव व भूमिया माता के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही और सेवा कार्य में व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। धार्मिक माहौल और श्रद्धाभाव से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। व्यापारी आशीष शर्मा ने बताया कि अमावस्या के अवसर पर प्रतिवर्ष इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन कर जनसेवा का प्रयास किया जाता है। श्रद्धालुओं ने भी आयोजन की सराहना करते हुए व्यापारियों के इस सेवा भाव की प्रशंसा की। इस अवसर पर आशीष शर्मा, अमरीश शर्मा, उत्सव शर्मा, रुद्राक्ष शर्मा, रुमाली, भूरा पेंटर, नितिन मिस्त्री, सीजम सागर, आदित्य सहित अनेक व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गंगनहर में फंसी निराश्रित गाय को बाहर निकालकर गोशाला भिजवाया

विपिन राठौर 

मीरापुर मुज़फ्फरनगर। संभलहेडा पुुल की ओर से बहकर आ रही एक निराश्रित गाय को युवकों ने कडी मश्क्कत के बाद गंगनहर से बाहर निकाला तथा गौ सेवकों को सूचना देकर कान्हा गोशाला भिजवाया।
मीरापुर के मोहल्ला मुश्तर्क निवासी अजय शर्मा, अमित पाल, दीपक कुमार ने बताया कि जब वह दोपहर में कुतुबपुर गंगनहर पटरी से आ रहे थे तो उन्हे गंगनहर में एक गाय फंसी मिली, जिसको जानवर नोंच रहे थे। युवकों ने रास्ते से गुजर रहे लोगों की मदद से रस्सी बांधकर गाय को बाहर निकाला। युवकों के अनुसार गाय बीमार थी तथा वह चलने में भी असमर्थ थी। इसके बाद युवकों ने मीरापुुर की कान्हा गोशाला में गो सेवक अभिषेक गर्ग को अवगत कराया। जिसके बाद नगर पंचायत से पहंुचे कर्मचारी गाय को गोशाला में ले गए। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। युवकों का आरोप है कि किसी ने अपनी इस पालतू गाय को बीमारी की हालत में बे सहारा करके छोड़ दिया है। उन्होंने जिलाधिकारी से ऐसे लोगों पर कडी कानूनी कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। गो सेवकों का दावा है कि अनेक ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें कई लोगों ने अपने पालतू गोवंश को बे सहारा करके छोडा़ है और आज तक किसी पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
नवीन मंडी व्यापार संघ ने मंडी सचिव से फड़ निर्माण, टपकती छतों की मरम्मत एवं लंबित कार्य शीघ्र कराने की मांग की
आशीष कुमार
मुज़फ्फरनगर। नवीन मंडी व्यापार संघ ने कृषि उत्पादन मंडी समिति, मुज़फ्फरनगर की सचिव को ज्ञापन सौंपकर मंडी परिसर में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा एवं मंत्री मनीष चौधरी ने राघव मिश्रा ने बताया कि मंडी परिसर में अनेक दुकानों एवं गोदामों की छतें वर्षा के दौरान अत्यधिक टपक रही हैं, जिससे व्यापारियों का माल भीगकर खराब हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि जिन दुकानों के सामने फड़ निर्माण कार्य अधूरा है, उसे शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही पूर्व में सड़क निर्माण के दौरान छूट गए कनेक्टिंग सड़क के हिस्सों का निर्माण, शौचालयों के गड्ढों की सफाई, आवश्यक स्थानों पर स्लैब निर्माण तथा दुकानों एवं गोदामों की छतों की मरम्मत कराई जाए। इसके अतिरिक्त छतों एवं वर्षा जल निकासी व्यवस्था की समुचित सफाई भी कराई जाए, ताकि जलभराव और रिसाव की समस्या से व्यापारियों को राहत मिल सके।
नवीन मंडी व्यापार संघ ने मंडी प्रशासन से आग्रह किया है कि वर्षा ऋतु को देखते हुए व्यापारियों के हित में इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे व्यापारियों के माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मंडी परिसर में व्यापारिक गतिविधियाँ सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
युवक का आरोप खरीदा पैट्रोल निकला आधा पानी
युवक ने पैट्रोल पम्प पर मिलावट का आरोप लगाया

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर।संवाददाता-एक युवक ने कस्बें के एक पैट्रोल पम्प कर्मचारियों पर मिलावट करने का आरोप लगाया है।युवक के अनुसार उसने दो सौ रुपये का पेट्रोल खरीदा जिसके बाद उसकी बाइक कुछ समय बाद बन्द हो गई।जब उसने एक बोतल में पेट्रोल  निकालकर चेक किया तो उसमें आधे से ज्यादा पानी निकला।
मीरापुर के मौहल्ला मुश्तर्क निवासी अकमल पुत्र अजमल का आरोप है कि रविवार की दोपहर उसने कस्बें के एक पेट्रोल पम्प से अपनी बाइक में 200 रुपये का पैट्रोल भरवाया था।पेट्रोल लेने के बाद कुछ दूरी पर अचानक उसकी बाइक बन्द हो गई।जब काफी देर तक बाइक स्टार्ट नही हुई तो उसने बाइक का पेट्रोल बोतल में निकाला तो आरोप है कि उसमें आधे से ज्यादा पानी निकला।जिसके बाद युवक पुनः पेट्रोल पम्प पर पहुँचा और उसने जमकर हंगामा किया तथा मैनेजर को फोन किया तो आरोप है कि मैनेजर ने फोन नही उठाया।युवक ने उच्चाधिकारियों से मामलें की शिकायत की है।
करंट की चपेट में आने से महिला की मौत

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर। बिजली का करंट लगने से  55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में गम का माहौल है ।
क्षेत्र के गांव कैथोडा निवासी अख्तरी पत्नी अनीस सलमानी अपने घर में इनवर्टर में बिजली के तार लगा रही थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। घर में मौजूद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को करंट से बचाया और तुरंत गांव के डॉक्टर को बुलाया। अख्तरी को हालत गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें मेरठ अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में गम का माहौल है।
जाट कालोनी में जलभराव से त्रस्त नागरिकों ने पलायन की चेतावनी दी
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )
मीरापुर: पिछले दो दिन लगातार हुई वर्षा से मीरापुर में जगह जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दो दिन बाद सड़को पर भरे हुए गन्दे पानी की निकासी नही होने से जाट कालोनीवासी गन्दे पानी के बीच से ही गुजरने को मजबूर हैं। रविवार को मुहल्लेवासियों ने 20 साल से सड़क नहीं बनने तथा जलभराव से त्रस्त होकर पलायन की चेतावनी दे दी। मुहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत में कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बारिश के बाद बदहाल हुआ मीरापुर-जड़वड़ मार्ग
लिंक मार्ग पर कई फुट पानी भरने से आवागमन प्रभावित



(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर) मीरापुर।संवाददाता-लगातार पिछले दो दिन हुई  बारिश के बाद मीरापुर-जड़वड़ मार्ग जलमग्न हो गया है। कई स्थानों पर लिंक मार्ग पर 3 से 4 फुट तक पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण दुपहिया व चौपहिया वाहन इनमें फंस रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओ,राहगीरों व अन्य ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई जगहों पर दुपहिया वाहनों तक का निकलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में इस मार्ग की यही स्थिति बन जाती है।किन्तु इस बार हालात ज्यादा बदतर है।इसके बावजूद यहाँ जल निकासी और सड़क मरम्मत के स्थायी इंतजाम नहीं आज तक नही किए गए।ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय यहाँ आने वाले जनप्रतिधि बड़े बड़े वादे करते है।किंतु चुनाव सम्पन्न होते ही सब भूल जाते है।ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख तक देने वाले जड़वड़ गांव के ग्रामीणों का दर्द है कि बड़ा राजनैतिक रसूख रखने वाला यह गांव आज अपने ही मुख्यमार्ग की दुर्दशा को लेकर रो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से इस सड़क की मरम्मत तथा जल निकासी के स्थायी समाधान की मांग की है।
मीरापुर-जड़वड़ मार्ग पर जलभराव होने से बदहाल मार्ग
लगातार बारिश में मकान की छत और दीवार गिरी, चार लोग मलबे में दबे; पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान.
एसपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर लिया राहत कार्यों का जायजा, घायलों को अस्पताल भिजवाकर दिए हरसंभव सहायता के निर्देश
जानसठ/ककरौली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम जटवाड़ा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे घर के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना ककरौली प्रभारी निरीक्षक जोगिन्दर सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने मलबे में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ तथा जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान के कारण बड़ा हादसा टल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ग्रामीण ने पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हादसे में घायल होने वालों में गुलशेर (30 वर्ष), श्रीमती बानो (35 वर्ष), एक वर्षीय मोहम्मद अहमद तथा 14 वर्षीय अलकमा शामिल हैं। सभी ग्राम जटवाड़ा, थाना ककरौली के निवासी हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है।

लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर पुलिस एवं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त भवनों में रहने से बचें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।