युवक का आरोप खरीदा पैट्रोल निकला आधा पानी
युवक ने पैट्रोल पम्प पर मिलावट का आरोप लगाया

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर।संवाददाता-एक युवक ने कस्बें के एक पैट्रोल पम्प कर्मचारियों पर मिलावट करने का आरोप लगाया है।युवक के अनुसार उसने दो सौ रुपये का पेट्रोल खरीदा जिसके बाद उसकी बाइक कुछ समय बाद बन्द हो गई।जब उसने एक बोतल में पेट्रोल  निकालकर चेक किया तो उसमें आधे से ज्यादा पानी निकला।
मीरापुर के मौहल्ला मुश्तर्क निवासी अकमल पुत्र अजमल का आरोप है कि रविवार की दोपहर उसने कस्बें के एक पेट्रोल पम्प से अपनी बाइक में 200 रुपये का पैट्रोल भरवाया था।पेट्रोल लेने के बाद कुछ दूरी पर अचानक उसकी बाइक बन्द हो गई।जब काफी देर तक बाइक स्टार्ट नही हुई तो उसने बाइक का पेट्रोल बोतल में निकाला तो आरोप है कि उसमें आधे से ज्यादा पानी निकला।जिसके बाद युवक पुनः पेट्रोल पम्प पर पहुँचा और उसने जमकर हंगामा किया तथा मैनेजर को फोन किया तो आरोप है कि मैनेजर ने फोन नही उठाया।युवक ने उच्चाधिकारियों से मामलें की शिकायत की है।
करंट की चपेट में आने से महिला की मौत

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर। बिजली का करंट लगने से  55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में गम का माहौल है ।
क्षेत्र के गांव कैथोडा निवासी अख्तरी पत्नी अनीस सलमानी अपने घर में इनवर्टर में बिजली के तार लगा रही थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। घर में मौजूद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को करंट से बचाया और तुरंत गांव के डॉक्टर को बुलाया। अख्तरी को हालत गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें मेरठ अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में गम का माहौल है।
जाट कालोनी में जलभराव से त्रस्त नागरिकों ने पलायन की चेतावनी दी
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )
मीरापुर: पिछले दो दिन लगातार हुई वर्षा से मीरापुर में जगह जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दो दिन बाद सड़को पर भरे हुए गन्दे पानी की निकासी नही होने से जाट कालोनीवासी गन्दे पानी के बीच से ही गुजरने को मजबूर हैं। रविवार को मुहल्लेवासियों ने 20 साल से सड़क नहीं बनने तथा जलभराव से त्रस्त होकर पलायन की चेतावनी दे दी। मुहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत में कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बारिश के बाद बदहाल हुआ मीरापुर-जड़वड़ मार्ग
लिंक मार्ग पर कई फुट पानी भरने से आवागमन प्रभावित



(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर) मीरापुर।संवाददाता-लगातार पिछले दो दिन हुई  बारिश के बाद मीरापुर-जड़वड़ मार्ग जलमग्न हो गया है। कई स्थानों पर लिंक मार्ग पर 3 से 4 फुट तक पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण दुपहिया व चौपहिया वाहन इनमें फंस रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओ,राहगीरों व अन्य ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई जगहों पर दुपहिया वाहनों तक का निकलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में इस मार्ग की यही स्थिति बन जाती है।किन्तु इस बार हालात ज्यादा बदतर है।इसके बावजूद यहाँ जल निकासी और सड़क मरम्मत के स्थायी इंतजाम नहीं आज तक नही किए गए।ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय यहाँ आने वाले जनप्रतिधि बड़े बड़े वादे करते है।किंतु चुनाव सम्पन्न होते ही सब भूल जाते है।ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख तक देने वाले जड़वड़ गांव के ग्रामीणों का दर्द है कि बड़ा राजनैतिक रसूख रखने वाला यह गांव आज अपने ही मुख्यमार्ग की दुर्दशा को लेकर रो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से इस सड़क की मरम्मत तथा जल निकासी के स्थायी समाधान की मांग की है।
मीरापुर-जड़वड़ मार्ग पर जलभराव होने से बदहाल मार्ग
लगातार बारिश में मकान की छत और दीवार गिरी, चार लोग मलबे में दबे; पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान.
एसपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर लिया राहत कार्यों का जायजा, घायलों को अस्पताल भिजवाकर दिए हरसंभव सहायता के निर्देश
जानसठ/ककरौली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम जटवाड़ा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे घर के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना ककरौली प्रभारी निरीक्षक जोगिन्दर सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने मलबे में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ तथा जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान के कारण बड़ा हादसा टल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ग्रामीण ने पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हादसे में घायल होने वालों में गुलशेर (30 वर्ष), श्रीमती बानो (35 वर्ष), एक वर्षीय मोहम्मद अहमद तथा 14 वर्षीय अलकमा शामिल हैं। सभी ग्राम जटवाड़ा, थाना ककरौली के निवासी हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है।

लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर पुलिस एवं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त भवनों में रहने से बचें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार की टक्कर से बाइक सवार मौसेरे भाई गंभीर घायल हुए
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर। से मुजफ्फरनगर अपने घर लौट रहें बाइक सवार दो मौसेरे भाईयों को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी।जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने कार को कब्ज़े में ले लिया।
बुधवार की देररात्रि मुजफ्फरनगर की बचन सिंह कालोनी निवासी अजय पुत्र श्री पाल अपनी मौसी के लड़के सचिन पुत्र महेश के साथ मेरठ के बहसूमा से अपनी बाइक से मुजफ्फरनगर अपने घर वापिस आ रहा था जैसे ही इनकी बाइक मीरापुर पहुँची तभी सामने से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार ने इनकी बाइक ने सीधी टक्कर मार दी।जिससे बाइक सवार दोनों युवक दूर जाकर सड़क पर गिरे और गंभीर घायल हो गए।आसपास के लोगों ने दोनों को उठाया और पुलिस को सूचना दी मौके पर आई पुलिस ने घायलों को एक प्राइवेट चिकित्सक के यहाँ भर्ती कराया जहाँ से गंभीर हालत में दोनों को मुजफ्फरनगर रैफर कर दिया गया।पुलिस ने कार को कब्ज़े में ले लिया जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।घायल अजय के पिता श्री पाल ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
घर से नाराज होकर निकली युवती को परिजनों को सौंपा

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )
मीरापुर। 9 जुलाई को थाना रामराज पुलिस को नजीबाबाद डिपो की बस के परिचालक संजय तोमर ने सूचना दी कि बस में एक युवती अकेले सफर कर रही है और काफी परेशान लग रही है। सूचना पर पुलिस व मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले आई। महिला पुलिसकर्मी द्वारा पूछताछ में युवती बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर घर से निकली है। युवती द्वारा अपना पता बताने के बाद पुलिस ने जिला जनपद के थाना सिंघावली अहीर को सूचित किया। सूचना पर पुलिस युवती के परिजनों को लेकर थाना रामराज पहुंची और युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। थाना रामराज प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि युवती घर से नाराज होकर निकली थी। परिजनों को बुलाकर पुलिस की मौजूदगी में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
अतिवृष्टि को लेकर प्रशासन सतर्क, ग्राम ककरौली पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद
ब्रह्म प्रकाश शर्मा

जलभराव, फसल सुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा, हर स्थिति से निपटने का दिया भरोसा

जानसठ। लगातार हो रही अतिवृष्टि और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में ग्राम ककरौली में प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा वर्षा से उत्पन्न हालात, जलभराव, फसलों की स्थिति और राहत तैयारियों का जायजा लिया।

तहसीलदार श्रीमती श्रद्धा गुप्ता ने गांव के संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने खेतों में भरे पानी, आवागमन में आ रही कठिनाइयों तथा निचले इलाकों में जलभराव की समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में प्रशासन तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा। लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन या संबंधित बाढ़ चौकी को दें। साथ ही बच्चों और पशुओं को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा बिजली के खंभों एवं खुले तारों से सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई। तहसीलदार श्रीमती श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर हैं और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत राहत दल भेजे जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस संवाद कार्यक्रम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने से संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनहित सर्वोपरि है और किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने बाढ़ चौकियों का किया निरीक्षण
ग्रामीणों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, आपदा की स्थिति में सतर्क रहने की दी सलाह

ब्रह्म प्रकाश शर्मा

मुजफ्फरपुर -जानसठ -तहसील । तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में एसडीएम जानसठ ने नायब तहसीलदार , बीडीओ मोरना एवं अन्य अधिकारियों के साथ ग्राम मजलिसपुर तौफीर सहित विभिन्न बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ चौकियों पर उपलब्ध संसाधनों, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं तथा आपदा के समय आवश्यक उपकरणों की स्थिति का अवलोकन किया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एसडीएम ने गांव के ग्रामीणों से भी सीधा संवाद किया और संभावित बाढ़ की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि जलस्तर बढ़ने या बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की सूचना मिले तो ग्रामीण बिना घबराए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित होने की आशंका वाले क्षेत्रों का भी अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों को राहत सामग्री, नावों, दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।ग्रामीणों ने प्रशासन की इस सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि समय रहते की जा रही तैयारियों से किसी भी संभावित आपदा का प्रभाव कम किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना व डीबीटी योजना का किया शुभारंभ, जानसठ में हुआ सजीव प्रसारण
शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के हित में सरकार की ऐतिहासिक पहल :-- विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल

ब्रह्म प्रकाश शर्मा

मुजफ्फरपुर - जानसठ तहसील । विकास खंड सभागार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर शिक्षक एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के शुभारंभ का सजीव प्रसारण उत्साहपूर्ण वातावरण में देखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि प्रदान करने की योजना का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक  के साथ हुए एमओयू  के निष्पादन की भी शुरुआत की। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षकों के सम्मान तथा आधुनिक शैक्षिक व्यवस्था को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता बढ़ाने का आह्वान किया। जानसठ विकास खंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी, जबकि डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली सहायता पारदर्शिता के साथ सीधे उनके खातों में पहुंचेगी।कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों का तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संदेश देते हुए कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मास्टर पुष्पराज सिंह ने किया। अंत में सभी उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार की शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र चौधरी, तहसीलदार श्रीमती श्रद्धा गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार गौड़, भोपा के खंड शिक्षा अधिकारी आजाद वीर, भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर विकास  मुल्तानी भाजपा मंडल प्रभारी इंद्रपाल कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन ठाकुर, अभिषेक गर्ग, लोकेश कुमार, विपिन शर्मा, पारूल चौधरी, सुनीता, मयंक शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।