नवयुवक की मौत पर गांव में सन्नाटा, परिजनों का बुरा हाल

अमृतपुर- फर्रुखाबाद । ग्राम गूजरपुर गहलवार निवासी सतीश का पुत्र अमन (22)  दिल्ली के ग्राम मुडगांव में टायर फैक्ट्री मे काम कर रहा था। प्रतिदिन की तरह वह ड्यूटी पर गया था अचानक टायर फैक्ट्री में गैस लीक होने आग लग गई। आग की चपेट मे आकर अमन की जलकर मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।मृतक को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे परिजन कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद शव को ग्राम गूजरपुर गहलवार लेकर आए। शव पहुंचते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्टा हो गई और अमन के शव को देखकर मां सीमा देवी एवम् परिवरीजन बिलख उठे। आग की घटना को लेकर पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। परिवार सहित मौजूद सभी लोगो का नवयुवक की मौत पर रो रो कर बुरा हाल हो रहा है ।
पुलिस अधीक्षक ने एक पेड़ माँ के नाम रोपित किए

फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स में पुलिस अधिकारियों के साथ 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के अंतर्गत वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने हेतु इस अभियान के तहत  पुलिस द्वारा प्रत्येक पुलिस कार्यालय एवं थाने में भी वृक्षारोपण किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके।
गौशाला, स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी भवनों पर एक पेड़ मां के नाम रोपित किए गए
अमृतपुर- फर्रुखाबाद l प्रदेश सरकार के ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को अमृतपुर क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। तहसील, गौशाला तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे क्षेत्र में वृक्षारोपण को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।अमृतपुर तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी रविंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी राजेपुर सुनील कुमार जायसवाल तथा एडीओ पंचायत अजीत पाठक सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधे लगाए।इस अवसर पर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य दिया जा सकता है। अमृतपुर स्थित गौशाला में ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी ने पौधारोपण कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है।इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव वर्मा ने पौधारोपण किया और अस्पताल पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे वातावरण को शुद्ध रखते हैं, प्रदूषण को कम करते हैं और अनेक बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाया जा सकता है।पूरे अमृतपुर क्षेत्र में चले इस अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए तथा लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे बढ़कर सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी जागरूकता एवं व्यापारिक समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा
फर्रुखाबाद ।  शासन के निर्देश पर राज्य कर विभाग  द्वारा  "व्यापारी संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, जीएसटी संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जीएसटी पंजीकरण के दायरे का विस्तार करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यालयाध्यक्ष विपिन कुमार नाग ने कहा कि राज्य कर विभाग की प्राथमिकता केवल राजस्व संग्रह तक सीमित नहीं है, बल्कि जीएसटी करदाताओं को विधिक प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी व्यावहारिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना भी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बैठक में उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेशों के अनुपालन में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन सामग्री के निर्माण, भंडारण, उपयोग एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाए जाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। व्यापारियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान पर जीएसटी पंजीकरण का विस्तार, व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने तथा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए गए महत्वपूर्ण सुधारों एवं नई व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभागीय अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न कर संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जनपद के व्यापारियों, व्यापार मंडलों, उद्योग संगठनों, अधिवक्ता संघ, चार्टर्ड अकाउंटेंट संगठन एवं अन्य संबंधित हितधारकों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस मौके पर विभाग की ओर से उपायुक्त हिम्मत सिंह, एन. के. गोयल, अमित त्यागी, सहायक आयुक्त  शरद प्रताप सिंह,  मनोज कुमार मिश्रा, आलोक कुमार राय सहित राज्य कर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण से हरित क्रान्ति के साथ ही पर्यावरण भी बढ़ा, एक पेड़ मां के नाम लगाकर उसे सिंचित करें  मंत्री असीम अरुण

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है जबकि फर्रुखाबाद जनपद में 45 लाख वृक्षरोपित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। मुख्य अतिथि प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने रविवार को विकासखंड मोहम्मदाबाद की ग्राम सभा दरौदी में एक पेड़ मां के नाम लगाकर वृक्षारोपण का शुभारंभ किया । इस दौरान उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से हरित क्रांति के साथ ही साथ वन भी बढ़े हैं।  उन्होंने कहा कि इस वर्ष 66 लाख प्रदेश के बच्चों को स्कॉलरशिप दी गई है जो एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए छात्र-छात्राओं को कौशल विकास के अलावा अन्य जो भी कार्य करना चाहिए उसके लिए उन्हें प्रशिक्षित करने की शासन की योजना है।


एक वृक्ष मां के नाम हर व्यक्ति को लगाना चाहिए इससे पर्यावरण शुद्ध रहता सांसद

फर्रुखाबाद। वृक्षारोपण महायज्ञ को लेकर रविवार को ग्राम पंचायत पट्टी खुर्द में सांसद मुकेश राजपूत ने एक पेड़ मां के नाम का शुभारंभ करके लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित ही नहीं बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए भी उन्हें आगाह किया है उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को ही नहीं बल्कि हमारे जीवन को नई दिशा और ऊर्जा देते हैं इसलिए सभी का फर्ज है कि वह पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए वृक्षारोपण अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि इस ग्राम पंचायत में 15 00 वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसके सापेक्ष 1200 वृक्ष रोपित किए गए हैं । उन्होंने गांव के लोगों से वृक्षों की सुरक्षा और पानी को नियमित दें जिससे कि वृक्ष जल्दी बड़ा हो सके और उसका लाभ सभी को मिल सके  ।
वृक्षारोपण अभियान के तहत पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगाए गए पौधे
फर्रुखाबाद । प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत के वृक्षरोपित कर किया।
प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अंतर्गत विद्यालय को नर्सरी से 25 पौधे प्राप्त हुए, जिनका विद्यालय परिसर में विधिवत रोपण किया गया। लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग भी कर दी गई है। इनमें आम, अमरूद, अनार, कटहल, जामुन तथा तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।
इस दौरान"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत विद्यालय की शिक्षिकाओं ने अपनी माताओं एवं बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। कार्यक्रम में ऋचा तिवारी, अर्चना गुप्ता (ईको क्लब प्रभारी),ज्योति, निर्मला सिंह, दीप्ति, सरिता त्रिवेदी, प्रतिभा, शैलजा मौर्य, मुकेश कुमार, अजय कुमार रिंकू तथा विद्यालय की छात्राओं एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे तथा उन्हें सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का पूरा प्रयास करेंगे। प्रधानाचार्या ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
हरियाली के महाकुम्भ का आगाज, असीम अरुण ने पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दरौंदी में ‘वृक्षारोपण महाकुम्भ-2026’ का जनपद स्तरीय शुभारंभ, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

फर्रुखाबाद। धरती को हरा-भरा बनाने और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण की सौगात देने के संकल्प के साथ रविवार को जिले में ‘वृक्षारोपण महाकुम्भ-2026’ का आगाज हुआ। विकासखंड मोहम्मदाबाद के ग्राम दरौंदी में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने पौधा रोपकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ ही उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

राज्यमंत्री असीम अरुण ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट से निपटने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आमजन ने हरित एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए अधिकाधिक पौधरोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

पौधा लगाना ही नहीं, उसे बचाना भी जिम्मेदारी

कार्यक्रम में जिला अधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने कहां की विशेष जोर दिया जाए कि अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बड़े होकर वृक्ष का रूप ले सकें। लोगों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाकर प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान प्रकट करने की अपील की गई।
दुर्घटना में महिला की मौत
फर्रुखाबाद l थाना जहानगंज के गांव रुनीचुरसाई निवासी महेशचन्द्र राजपूत की पत्नी माया उम्र लगभग 50 वर्ष अपनी बीमार बेटी को देखने जा रही थीं तभी अलीगंज रोड पर स्थित खरसुलिया गांव के पास दुर्घटना में मौत हो गई । नयागांव थाना पुलिस ने एम्बुलेंस से सीएचसी अलीगंज में भेजा जहां पर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, उनका पोस्टमार्टम एटा में हुआ है घटना को पति महेशचन्द्र जो पंजाब में मेहनत मजदूरी करते हैं उनको परिवारी जनों ने सूचना दी है वहां से वह घर के लिए रवाना हो गए हैं । महेशचंद्र की तीन बेटियां व दो बेटा हैं, तीनों बेटियों की शादी हो चुकी हैं, दुर्घटना से हुई मौत पर  सभी बेटे बेटियों का रो रो कर हाल बुरा है जिसे देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं हैं।
चावल के तेल से भरा टैंकर पलटा,तेल भर ले गये ग्रामीण
अमृतपुर फर्रुखाबाद 11 जुलाई।अमृतपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर में शनिवार को तालाब के पास चावल के तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। ड्राइवर अपनी चुस्ती फुर्ती के चलते बाल बाल बच गया। हादसे के बाद टैंकर से तेल का रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तनों के साथ मौके पर पहुंच गए तथा रिस रहे तेल को भरकर अपने घर ले जाने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।टैंकर चालक नारायण पुत्र रघुराज सिंह, निवासी ग्राम मुरैनी ने बताया कि वह लुधियाना से मेरठ चावल का तेल लेकर जा रहे थे। मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण उन्होंने हरिहरपुर गांव के रास्ते बाईपास से निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क धंस जाने से टैंकर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।चालक के अनुसार, टैंकर में ऐसा चावल का तेल भरा था जिसे लगभग तीन से चार बार फिल्टर किए जाने के बाद उपयोग में लाया जाता है। चालक ने दावा किया कि यह तेल मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं है और इसका सेवन करने से गंभीर स्वास्थ्य हानि या जान का खतरा भी हो सकता है। उन्होंने लोगों से रिस रहे तेल को अपने घर न ले जाने और उसका उपयोग न करने की अपील की। चालक ने  कहा कि चेतावनी के बावजूद यदि कोई व्यक्ति इस तेल का उपयोग करता है और उसके साथ कोई दुर्घटना या स्वास्थ्य संबंधी नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी नहीं होगी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने लोगों को टैंकर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी। हादसे के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सर्राफा लूट काण्ड में पांच बदमाशों पर गैंगस्टर की कार्यवाही
अमृतपुर- फर्रुखाबाद। सर्राफा लूट काण्ड में पांच बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट का मुकद्दमा राजेपुर थाना में दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने चर्चित सर्राफा लूटकांड में शामिल पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने एक संगठित गिरोह बनाकर अवैध हथियारों के बल पर लूट जैसी वारदातों को अंजाम दिया और अपराध के जरिए आर्थिक लाभ अर्जित करने के साथ क्षेत्र में अपना प्रभाव कायम करने का प्रयास किया।थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार गिरोह का नेतृत्व एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी सुमित यादव करता है। इस गिरोह में शिवम यादव, गोविन्द उर्फ विकास यादव, आलोक कुमार तथा अनूप यादव भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक 1 फरवरी 2025 को राजेपुर-राठौरी स्थित तिवारी मार्केट से सर्राफा व्यापारी के मुनीम रामअवतार और लकी खान दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और करीब एक लाख सत्तर हजार रुपये की नकदी, लाखों रुपये मूल्य के आभूषण तथा मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मुनीम रामअवतार को तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गए थे।घटना की विवेचना के दौरान पुलिस ने अलग-अलग समय पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, आभूषण, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर चुकी है।थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण कर गैंग चार्ट तैयार किया गया, जिसे जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदित कराया गया। इसके बाद सभी पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर के तहत राजेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है ऐसी संगठित और सिलसिले बार  वारदातों को रोकने के लिए कानून किसी तरह की रियायत नहीं करेगा। जो बदमाश थाना क्षेत्र में सक्रिय है उन्हें मुखबिरों के जाल में फंसा कर गिरफ्तार किया जाएगा और फिर सलाखों के पीछे डाला जाएगा।