भदोही में गांजा तस्कर गिरफ्तार, 20 किलो अवैध गांजा बरामद:पुलिस ने सिंहपुर नहर मार्ग से पकड़ा, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह कार्रवाई ज्ञानपुर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सिंहपुर नहर मार्ग तिराहे से आरोपी को पकड़ा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राधेश्याम गुप्ता उर्फ कल्लू (54 वर्ष) पुत्र स्व० बंशीलाल निवासी ग्राम जलालपुर (बबुआ खुर्द) थाना उत्तरांव, कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह छत्तीसगढ़ से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर भदोही के विभिन्न स्थानों पर महंगे दामों में बेचता था।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही में मु0अ0सं0-000/2026 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

अभियुक्त राधेश्याम गुप्ता उर्फ कल्लू का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ थाना उतरांव, कमिश्नरेट प्रयागराज में मु0अ0सं0-149/2018 धारा 376, 452, 504, 506, 511 भा0द0वि0 के तहत एक मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में ज्ञानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम, उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह यादव सहित हेड कांस्टेबल अजय यादव, कांस्टेबल अनुज राजौरे, चालक कांस्टेबल अंजनी कुमार पाण्डेय और कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल थे। स्वाट/सर्विलांस सेल से उपनिरीक्षक राजकुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल राधेश्याम कुशवाहा, धीरेन्द्र श्रीवास्तव, बृजेश सूर्यवंशी, नागेन्द्र यादव और कांस्टेबल गोपाल खरवार, नीरज यादव, राघवेन्द्र कुशवाहा, मन्नू सिंह, सुनील पाल, सुनील कन्नौजिया, हिमांशु सिंह, दीपक यादव, प्रत्युष पाठक ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुरियावां पुलिस ने दो बाइक चोर गिरफ्तार किए:कस्तूरीपुर बिरहा कार्यक्रम से चोरी हुई बाइक बरामद
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही जिले की सुरियावां पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर अबरना रोड बंशीपुर गेट के पास से की गई।

सुरियावां थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी राजनाथ पुत्र लालता प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मंगलवार को कस्तूरीपुर प्राथमिक विद्यालय के पास से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस शिकायत के आधार पर थाना सुरियावां में मु0अ0सं0 211/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में शनिवार को सुरियावां पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अबरना रोड बंशीपुर गेट के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से मु0अ0सं0 211/26 से संबंधित चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि मंगलवार रात वे कस्तूरीपुर में आयोजित बिरहा कार्यक्रम में आए थे। मौका पाकर उन्होंने मोटरसाइकिल चुराई थी। उन्होंने यह भी बताया कि वे आज रात मोटरसाइकिल बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान पंकज वनवासी (21 वर्ष) पुत्र पद्दन उर्फ विश्वनाथ वनवासी निवासी बीसापुर, थाना सुरियावां, जनपद भदोही और नखडू (22 वर्ष) पुत्र बुलटी उर्फ फूलचंद वनवासी निवासी बिसही, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में हुई है।

इस गिरफ्तारी और बरामदगी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, उपनिरीक्षक सुरेश यादव और कांस्टेबल रवि कुमार शामिल थे।
कांवड़ यात्रा: गोपीगंज, ऊंज थाने में बैठक:होटल, ढाबा, मदिरा, मीट-मछली दुकान संचालकों को दिए गए निर्देश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर आगामी सावन माह की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष बैठकें आयोजित की गईं। गोपीगंज और ऊंज थाना परिसरों में आयोजित इन बैठकों में होटल, ढाबा, मदिरा विक्रेता और मीट-मछली दुकान संचालकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में हुई इन बैठकों में थाना प्रभारी गोपीगंज और ऊंज ने संचालकों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि सावन मास में लाखों श्रद्धालु भदोही जिले से होकर गुजरेंगे, ऐसे में कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में होटल और ढाबा संचालकों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, भोजन सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उचित दामों पर सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह, मीट-मछली दुकानों को पूर्ण स्वच्छता के साथ संचालित करने और कूड़ा-करकट का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचने और पार्किंग व्यवस्था का सम्मान करने पर जोर दिया। संचालकों को यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या उच्चाधिकारियों को दें। श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत भी दी गई।

थाना प्रभारी गोपीगंज और ऊंज ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
भदोही में बाबा बड़े शिवधाम सरोवार बचाने की मांग:सेवा समिति का दावा- तालाब में डाला जा रहा कूड़ा और गंदगी, मूल स्वरूप बचाने की उठी मांग

नितेश श्रीवास्तव



भदोही। गोपीगंज नगर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले बाबा बड़े शिवधाम स्थित प्राचीन तालाब पर कथित अतिक्रमण और उसके स्वरूप को नष्ट करने के आरोप लगे हैं। बाबा बड़े शिवधाम सेवा समिति ने इस संबंध में जिलाधिकारी भदोही को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
समिति के सचिव रामकृष्ण (खट्टू) द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार, वर्ष 1281 फसली में यह तालाब 20 बीघा 10 बिस्वा 17 धूर क्षेत्रफल में दर्ज था। वर्तमान में इसका क्षेत्रफल घटकर 18 बीघा 15 बिस्वा रह गया है, जो अतिक्रमण या स्वरूप में बदलाव का संकेत है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका परिषद गोपीगंज तालाब के एक हिस्से में नगर का कूड़ा-करकट, नालियों का अपशिष्ट और शौचालयों की गंदगी डालकर उसे पाटने का काम कर रही है। इससे तालाब का प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्वरूप लगातार प्रभावित हो रहा है।
समिति का कहना है कि यह कार्रवाई धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक हित के विपरीत है। यह प्राचीन तालाब नगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय धरोहर है, जिसे हर कीमत पर बचाया जाना चाहिए।
समिति ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर तालाब की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाए। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और विभाग के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
समिति ने यह भी मांग की है कि तालाब को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जाए और माननीय उच्चतम न्यायालय तथा शासन के जलाशय संरक्षण संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सचिव रामकृष्ण (खट्टू) ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर तालाब के अस्तित्व की रक्षा करने का आग्रह किया।
भदोही जिला अस्पताल में विश्व जनसंख्या दिवस मना:चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्सों को जनसंख्या नियंत्रण पर मार्गदर्शन

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, भदोही में शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया गया। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ नर्सों को जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान, अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सा अधिकारियों (महिला/सर्जन सहित) और स्टाफ नर्सों का संवेदीकरण किया गया। उन्हें जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने के महत्व और तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. चक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार तिवारी, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलिमा धवन और सर्जन विवेक सिंह ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
’प्रदेश के सभी जनपदों में एक ही दिन 12 जुलाई को प्रदेश में 35 करोड़ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के सापेक्ष जनपद भदोही में लगाएं जाएंगे 1244000पौधे
*’प्रदेश के सभी जनपदों में एक ही दिन 12 जुलाई को प्रदेश में 35 करोड़ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के सापेक्ष जनपद भदोही में लगाएं जाएंगे 1244000 पौधे’*


*’वृक्षारोपण जन आंदोलन 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी ने बैठक कर की समीक्षा’*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान-2026 ‘एक पेड़ मां के नाम’ के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जनपदों में एक ही दिन 12 जुलाई को प्रदेश में 35 करोड़ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के सापेक्ष जनपद भदोही में 12 लाख 44 हजार वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु  जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर समीक्षा किया गया।
        जिलाधिकारी शैलेष कुमार बताया कि वर्षा काल 2026 में आयोजित ‘एक पेड़ मॉ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जनपद में 23 विभागों को आवंटित लक्ष्य 12 लाख 44 हजार के सापेक्ष शत प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित किए जाने हेतु 12 जुलाई को बृहद स्तर पर आयोजित किये जा रहे वृक्षारोपण कार्यक्रम में वृक्षारोपण की मॉनिटरिंग व सूचना के आदान हेतु जिलाधिकारी द्वारा 23 विभाग के विभागाध्यक्षों को सेक्टर मजिस्ट्रेट व उन पर मॉनिटरिंग करने हेतु विभिन्न जोनल मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। डीएफओ ने बताया कि जनपद स्तर पर जनपद प्रभारी मंत्री, मा.सांसद, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय अध्यक्ष, एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विकासखंड भदोही के ग्राम पंचायत काशी नरेश विश्वविद्यालय हास्टल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधा रोपित किया जाएगा। जिसमें जामुन, अर्जुन, सेमल, आम ,बरगद ,पीपल, पाकड़, बरगद, आंवला, नीम, शीशम, कंजी आदि प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे।
       जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा वृक्षारोपण की तैयारियों के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों की समीक्षा करते हुये विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि अपने विभागीय लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण कराने हेतु गढ्ढों की खुदाई का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित कर ली जाये।
       जिलाधिकारी ने 12 जुलाई को जनपदवासियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, लायंस क्लब, नेहरू युवा केंद्र ,रेड क्रॉस सोसाइटी, आपदा मित्रो, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी व अन्य संस्थाओं/संगठनों से अपील किया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम को एक मिशन के रूप में लेकर सामाजिक व पर्यावरण को उत्कृष्ट बनाने के क्रम में सभी जनपदवासी भदोही को हरा भरा बनाने में कम से कम एक वृक्ष लगाकर अपना सहयोग करें। इसे एक सोशल मूवमेंट के रूप में देखें। उपायुक्त मनरेगा की देखरेख में मोरवा/वरूणा नदी तट पर भी आधिकाधिक वृक्षारोपण लगाया जाए।
उन्होने डीएफओ को निर्देशित करते हुये कहा कि कल शाम तक जिन विभागों द्वारा पौध उठान प्रगति का कार्य न पूर्ण किया जाये तो उनकी सूचना जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा कि जो विभाग इस कार्य में लापरवाही बरतेगा उनके विरूद्व आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने डीएफओ को निर्देशित करते हुये कहा कि समस्त विभागों से समन्वय स्थापित करते हुये निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण का कार्य सम्पन्न कराया जाये। 
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण 2026 को लेकर समाज के सभी लोगों का सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता प्राप्त करते हुए इसे वृहद जन आंदोलन के रूप में किया जाए। जनपद में ऐसा वातावरण सृजित किया जाए कि आम जनमानस भी स्वयंमेव से जुड़ जाए।
     जनपद भदोही में वृक्षारोपण 2026 के तहत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वृक्षारोपण करने का आवंटित लक्ष्य दिया गया है, जिसके अंतर्गत वन विभाग नोडल विभाग के रूप में 336000, पर्यावरण 45000, ग्राम विकास विभाग 474000, पंचायती राज विभाग 59000, आवास विकास विभाग बीड़ा 4800, लोक निर्माण विभाग 7600, नगर विकास विभाग 18300, जल निगम 10000, रेशम विभाग 19000, कृषि विभाग 156700, पशुपालन विभाग 4200, सहकारिता विभाग 3000, उद्योग विभाग 4000, माध्यमिक शिक्षा विभाग 8900, बेसिक शिक्षा 7000, श्रम विभाग 2800, परिवहन 2100, उद्यान विभाग 59000, पुलिस विभाग 6300, स्वास्थ्य विभाग 5000, उच्च शिक्षा 10800, ऊर्जा विभाग 2500, राजस्व विभाग 45000, सहित सत्र 2026 मे कल 12 लाख 44 हजार पौधरोपण किया जाएगा। वर्षा काल 2026 में कराए जाने वाले वृक्षारोपण के सुचारू संचालन हेतु क्रियान्वयन के विभिन्न बिंदुओं पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वनावरण में वृद्धि हुई है। सामाजिक वानिकी डिविजन है। पर्यावरण की प्रगति अच्छी हुआ है, इसे और बेहतर बनाने के लिए हम सब पूरे मनोयोग से और बेहतर बनाये ताकि पर्यावरण शुद्ध रहे। उन्होंने बताया कि आगामी वृक्षारोपण महायज्ञ 2026 में नवीन विशिष्ट वनों की स्थापना में महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन, अविरल धारा वन, मिशन छाया, पौराणिक वन, विशिष्ट तिथियों पर रोपण में वंदे मातरम वाटिका-15 अगस्त, भाई-बहन वृक्षारोपण-28 अगस्त, एक पेड़ गुरू के नाम वृक्षारोपण-5 सितम्बर, पौध भंडारा सहजन भण्डारा, आम भण्डारा-आम बहार आपके द्वार, जनपद में किए जा रहे विशिष्ट कार्य में 200 सघन वन स्थापना, गौशाला में छायादार पौधों का रोपण किया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण की सुरक्षा हेतु व्रिक गार्ड, आयरन ट्री गार्ड, सुरक्षा खायी, बायो फेन्सिंग से पौधरोपण की सुरक्षा किया जायेगा।
     बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 शुभांगी शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी विवेक कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, उपयुक्त मनरेगा, डीपीआरओ, एआरटीओ राम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ज्ञानपुर सर्किल में कानून व्यवस्था मजबूत करने पर जोर: हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों के सत्यापन के लिए विशेष बैठक
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर  चमन सिंह चावड़ा ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक ज्ञानपुर सर्किल के चारों थानों - ज्ञानपुर, गोपीगंज, कोईरौना और ऊंज के समस्त बीट पुलिस कर्मियों के साथ आयोजित की गई।

बैठक के दौरान, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर ने बीट पुलिस कर्मियों को YAKSH ऐप के माध्यम से हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों के सत्यापन को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीट पुलिस कर्मी अपने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों तथा संदिग्ध तत्वों पर सतर्क नजर रखें और ऐप के माध्यम से तुरंत सत्यापन सुनिश्चित करें।चमन सिंह चावड़ा ने सभी कर्मियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक शांति सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोकने के लिए पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि बीट स्तर पर सक्रिय गश्त, जनसंपर्क और सूचना संकलन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर ने बैठक में उपस्थित सभी बीट पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कान में नमी से बढ़ रहा फंगल इंफेक्शन: ज्ञानपुर भदोही होम्योपैथिक अस्पताल में बढ़े कान के मरीज

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बारिश के मौसम में कान में नमी के कारण फंगल इंफेक्शन (ओटोमाइकोसिस) की समस्या बढ़ गई है। जिला राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय ज्ञानपुर, भदोही में इन दिनों कान के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अस्पताल में रोजाना औसतन 416 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कन्नौजिया ने बताया कि उमस और नमी के कारण कानों में फंगल इंफेक्शन के मामले बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई से अक्टूबर तक कान के अधिक मरीज आते हैं। यह बीमारी तब होती है, जब कान में पानी जाता है और लोग नहाने या बारिश में भीगने के बाद कानों को ठीक से नहीं सुखाते।
डॉ. कन्नौजिया के अनुसार, कान खुजलाने के लिए माचिस की तीली, हेयरपिन, चाबी या कॉटन बड का इस्तेमाल करने से भी कान की त्वचा पर सूक्ष्म घाव बन जाते हैं। ये घाव फंगस को बढ़ने का मौका देते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
कान में फंगल इंफेक्शन के प्रमुख लक्षणों में कान में दर्द, बार-बार खुजली होना, अचानक कम सुनाई देना, कान का बहना और मवाद आना शामिल हैं। इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
संक्रमण से बचाव के लिए कुछ सावधानियां बरतना आवश्यक है। नहाते समय कान में गंदा पानी जाने से रोकें और स्वीमिंग पूल में नहाने से पहले इयर प्लग का उपयोग करें। तालाब या पोखरे में नहाने से बचें। कान में तेल न डालें और किसी भी तरह की ड्रॉप डालने से पहले चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।
भाई पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार: भदोही में मामूली विवाद में वारदात, खून से सना चाकू बरामद

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के औराई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर एक भाई ने अपने सगे भाई पर धारदार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी भाई राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है।

यह घटना 6 जुलाई 2026 को ग्राम उपरवार में हुई। आरोपी राजेश यादव पुत्र डब्बू ने मामूली कहासुनी के बाद अपने भाई आकाश कुमार पुत्र डब्बू यादव पर ताबड़तोड़ कई वार किए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल आकाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना औराई में मु०अ०सं० 284/2026 धारा 109(1), 118(1), 352, 351(3) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के कुशल पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, औराई पुलिस आरोपी राजेश कुमार यादव की तलाश में थी।

बुधवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि अभियुक्त महराजगंज चौकी की तरफ जाने वाले तिराहे पर भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा है। निरीक्षक अपराध शेतांशु शेखर पंकज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर अभियुक्त को महराजगंज तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर महराजगंज रेलवे लाइन के किनारे, रेल पटरियों के छोटे लोहे के गाटरों के बीच ईंट से दबाकर छुपाया गया चाकू का फल (ब्लेड) बरामद किया गया। अभियुक्त ने बताया कि उसने इसी चाकू से आकाश यादव पर हमला किया था। इस बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार यादव (उम्र करीब 32 वर्ष) पुत्र डब्बू यादव निवासी ईटवा उपरवार, थाना औराई, जनपद भदोही के रूप में हुई है।


गिरफ्तार करने टीम निरीक्षक (अपराध) शेतांशु शेखर पंकज, रि०कां० जयकरन, म०कां० चन्दकला, रि०म०अ० अंजली, हे०कां० चालक एखलाख खां थाना औराई जनपद भदोही।
जिला अस्पताल में दाद-खाज के मरीज बढ़े: उमस भरी गर्मी से त्वचा रोग विभाग में दोगुनी हुई संख्या

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर के महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में उमस भरी गर्मी के कारण दाद-खाज के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में अब प्रतिदिन 20 से 25 मरीज इन समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं, जबकि 15 दिन पहले यह संख्या 10 से 12 थी।

चिकित्सकों के अनुसार, मौसम में उतार-चढ़ाव और उमस के कारण मरीजों की संख्या में यह वृद्धि देखी गई है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 800 मरीजों की ओपीडी होती है, जिसमें से लगभग 60 मरीज त्वचा संबंधी बीमारियों से ग्रसित होते हैं। इनमें से 25 मरीज विशेष रूप से दाद, खाज और खुजली से पीड़ित होते हैं।

त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय मौर्य ने बताया कि ओपीडी में शरीर पर दाने, दाद, खाज, खुजली और चेहरे पर मुंहासे जैसी समस्याओं वाले मरीज आ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दाद दो प्रकार के दिख रहे हैं - एक सफेद और दूसरा काला, हालांकि इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है और दवा से राहत मिलती है।

डॉ. मौर्य ने दाद से पीड़ित मरीजों को सलाह दी कि वे अपने साबुन, तौलिया और अन्य व्यक्तिगत सामान अलग रखें ताकि संक्रमण दूसरों तक न फैले।

मरीजों ने भी अपनी पीड़ा साझा की। अजयपुर के 14 वर्षीय अनुराग सरोज ने बताया कि उनके पैर की एड़ी और हाथ की हथेली में दाने निकले थे, जिसके लिए डॉक्टर ने पांच दिन की दवा दी। मवैया हरदोपट्टी के 35 वर्षीय विजय कुमार ने कहा कि गांव के डॉक्टर से आराम न मिलने पर उन्होंने जिला अस्पताल में दिखाया, जहां उन्हें पांच दिन की दवा मिली।

सरई राजपुतानी के 18 वर्षीय अमित यादव ने बताया कि वे दाद की समस्या से परेशान हैं और बार-बार दवा लेने पर आराम मिलता है, लेकिन कुछ दिन बाद फिर हो जाते हैं। उन्हें दाद कैसे होता है, यह पता नहीं। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें दवा दी है और दोबारा बुलाया है।