तीन राशन दुकानों का लॉटरी पद्धति से हुआ आवंटन,एक सदर और दो विकास खंड शमशाबाद के लाभार्थियों का चयन हुआ
फर्रुखाबाद। शासन के निर्देश अपर जिलाधिकारी नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जनपद के दो विकास खंड की तीन राशन दुकानों के लिए लाटरी पद्धति से तीन अभ्यर्थियों का लाटरी के बाद चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन दुकानों के लिए 10 लोगों ने आवेदन पत्र जमा किए थे सत्यापन के बाद पांच अभ्यर्थियों का लॉटरी पद्धति के लिए चयन किया गया । शुक्रवार को लॉटरी प्रक्रिया शुरू की गई जिसमें शमशाबाद नगर पंचायत क्षेत्र की दो और नगर पालिका फर्रुखाबाद की एक दुकान का आवंटन किया गया। उन्होंने बताया कि शमशाबाद नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 में मुदित गुप्ता और वार्ड नंबर 17 में विष्णु कुमार और नगर पालिका फर्रुखाबाद के वार्ड नंबर 40 में अंशिका गुप्ता के नाम लॉटरी पद्धति से राशन दुकान का आवंटन किया गया है।
आरटीओ कानपुर की मौजूदगी में 30 वाहनों की हुई नीलामी, किया वृक्षारोपण
फर्रूखाबाद । आरटीओ (प्रवर्तन), कानपुर राहुल श्रीवास्तव की उपस्थिति में परिवहन विभाग के बकाया कर के अभियोग में जनपद के थाना मोहम्मदाबाद, पुलिस चौकी मदनपुर, थाना राजेपुर, पुलिस चौकी आईटीआई, पुलिस चौकी याकूतगंज व थाना जहानगंज  में निरूद्ध 30 वाहनों की नीलामी की गई।

आरटीओ (प्रवर्तन), कानपुर के द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि जो वाहन बकाया कर में संचालित हैं, उनके विरूद्ध प्रवर्तन कार्यवाही कर थानों में निरूद्ध किया जायेगा। आरटीओ (प्रवर्तन), कानपुर द्वारा बकाये में संचालित सभी वाहन स्वामियों से समय से कर जमा करने की अपील की, अन्यथा वाहन को सीज कर नीलाम कर दिया जायेगा।
साथ ही  आरटीओ (प्रवर्तन), कानपुर के द्वारा जसमई-टिमरूआ मार्ग पर, अमोनिया फैक्ट्री के पास स्थापित प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केन्द्र (एडीटीआई) का निरीक्षण किया गया तथा आरटीओ (प्रवर्तन), कानपुर के द्वारा एडीटीआई में माँ के नाम एक वृ़क्ष भी लगाया गया। आरटीओ (प्रवर्तन), कानपुर के द्वारा एडीटीआई को सख्त निर्देश दिये गये कि आवेदक द्वारा वाहन चलाने के प्रशिक्षण में सफल होने के उपरान्त ही टेस्ट में पास करें। 01 जुलाई से डी0एल0 प्राप्त करने हेतु सभी आवेदकों को एडीटीआई में टेस्ट देना अनिवार्य है।
वाहनों की नीलामी तथा एडीटीआई के निरीक्षण के समय एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा एआटीओ-प्रशासन श्री कृष्ण कुमार यादव भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद। जनपद के अमृतपुर तहसील क्षेत्र में स्थित "राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र" का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाओं तथा विभिन्न अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया।
       जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार हेतु आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं दवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए।
       निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं को शासन की मंशा के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अनुपस्थित अथवा कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
       जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
       निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सिविल लाइन नाला, एसटीपी प्लांट एवं गौवंश आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए  दिशा-निर्देश जिलाधिकारी ने सिविल लाइन नाल
फर्रुखाबाद ।जनपद में विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े स्थलों का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिविल लाइन नाला, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा विकासखंड मुहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम भरता मऊ स्थित गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
       सिविल लाइन नाले के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नाले की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा बरसात के मौसम में जलभराव की संभावनाओं की जानकारी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की नियमित सफाई कराएं। उन्होंने कहा कि नाले की सफाई उपरांत आसपास एकत्र कूड़े को जेसीबी से उठाकर यथा स्थान पर पहुंचाकर जियो टैगिंग की फोटो उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने एसटीपी प्लांट का निरीक्षण कर प्लांट की कार्यप्रणाली, क्षमता तथा सीवेज शोधन की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा पर्यावरण संरक्षण के सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन किया जाए। उन्होंने कहा कि एसटीपी प्लांट में गिरने वाले नालों की सिल्ट सफाई कराकर नाले के पानी को एसटीपी प्लांट तक लाएं, जिससे प्लांट द्वारा शोधित पानी को गंगा नदी में प्रवाहित किया जा सके।
        निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम भरता मऊ स्थित गौवंश आश्रय स्थल पहुंची, जहां उन्होंने संरक्षित गोवंश की संख्या, उनके चारा, पेयजल, उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि गौवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आश्रय स्थल पर स्वच्छता, पर्याप्त हरा चारा, स्वच्छ पेयजल तथा पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वृक्षारोपण अभियान में गौशाला में छायादार एवं सहजन के पौधों का अधिक से अधिक रोपण किया जाए। गौशाला में ही हरे चारे को उगायें तथा गौशाला में सोलर पैनल भी लगवाएं।
        जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में सतत सुधार लाने के निर्देश दिए।
       निरीक्षण के दौरान अधिकारी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 धीरज कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
9 से 11 जुलाई तक भारी से वर्षा एवं वज्रपात की संभावना, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिलाधिकारी ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की


फर्रुखाबाद।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद में 09 से 11 जुलाई, 2026 तक भारी से भारी वर्षा, मेघगर्जन तथा वज्रपात होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी इस चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता बरत रहा है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी वर्षा के कारण जनपद के निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है तथा नदी, नालों एवं जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है। अत्यधिक वर्षा के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में अस्थायी व्यवधान आ सकता है। इसके अतिरिक्त कच्चे एवं जर्जर मकानों, कृषि फसलों, बागवानी तथा जन-धन की हानि की भी आशंका बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी तहसीलों, नगर निकायों, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत एवं बचाव दल, गोताखोर टीम, नावों तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं तथा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा केवल अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही यात्रा करें। यदि यात्रा करना आवश्यक हो तो मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करें तथा जलभराव वाले मार्गों एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि मेघगर्जन एवं वज्रपात के दौरान सुरक्षित पक्के भवन के अंदर रहें तथा सभी खिड़की-दरवाजे बंद रखें। बिजली के उपकरणों को अनावश्यक रूप से चालू न रखें तथा आवश्यकता होने पर उन्हें विद्युत आपूर्ति से अलग कर दें। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए टॉर्च, अतिरिक्त बैटरी, आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर रखें।
जनसामान्य से यह भी अनुरोध किया गया है कि कहीं भी जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने अथवा किसी अन्य प्रकार की आपदा संबंधी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नागरिक भारत मौसम विज्ञान विभाग के Mausam एवं Damini मोबाइल ऐप के माध्यम से मौसम की अद्यतन जानकारी प्राप्त करते रहें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि भारी वर्षा एवं वज्रपात के दौरान नदी, नालों, तालाबों, जलभराव वाले स्थानों तथा खुले मैदानों में जाने से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों तथा कच्चे एवं जर्जर भवनों के नीचे शरण न लें। वज्रपात के समय खुले स्थान, छत, खेत अथवा पानी में खड़े रहने से बचें। धातु की वस्तुओं, बिजली के उपकरणों तथा गीली दीवारों के संपर्क में आने से भी परहेज करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी खड़ी फसलों एवं कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा पशुओं को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर बांधें। मौसम सामान्य होने तक खेतों में अनावश्यक कार्य करने से बचें और वज्रपात की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिक सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से तत्काल संपर्क करें। सामूहिक सतर्कता एवं सहयोग से प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अवैध बंगाली क्लीनिक की खबर प्रकाशित करना पत्रकार को पड़ा भारी, फोन पर मिल रहीं धमकियां

अमृतपुर/फर्रुखाबाद

जनपद फर्रुखाबाद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव रतनपुर पमारान में संचालित एक कथित अवैध बंगाली क्लीनिक की खबर प्रकाशित करने के बाद पत्रकार राम रहीस राठौर को लगातार फोन पर धमकियां मिलने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, गांव रतनपुर पमारान में संचालित उक्त क्लीनिक पर 03 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा नोटिस चस्पा किया गया था। इसके बाद इस मामले से संबंधित समाचार प्रकाशित किया गया। आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित कथित बंगाली डॉक्टर द्वारा पत्रकार को फोन के माध्यम से लगातार धमकियां दिलाई जा रही हैं तथा "देख लेने" जैसी बातें कही जा रही हैं।
पत्रकार राम रहीस राठौर का कहना है कि उन्हें मिली धमकियों की फोन रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। पत्रकार राम रहीस राठौर का कहना है कि अगर किसी प्रकार की मेरे साथ अप्रिय घटना होती है तो उसका जिम्मेदार   बंगाली डॉक्टर होगा।
एक बीघा जमीन पर हुआ जमीनी विवाद, फायरिंग करने वाले अभियुक्त लाठी डंडा व रिवाल्वर सहित गिरफ्तार, भेजा गया जेल

आरोपियों को भेजा गया जेल



फर्रुखाबाद।   मोहमदाबाद क्षेत्र के जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई लड़ाई में प्रथम पक्ष सत्येंद्र सिंह राठौर  के ऊपर हुए हमले में गोली लगने से कई लोग घायल हुए थे। थाना मोहम्मदाबाद की पुलिस ने कार्रवाई में द्वितीय पक्ष रामनारायण के द्वारा किये गए फायरिंग हमले में  थाना मोहम्मदाबाद पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था है । अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 1 बीघा जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया था। घटना से एक दिन पहले प्रथम पक्ष के द्वारा रामनारायण के साथ मारपीट की गई थी और उसी को लेकर सोमवार को रामनारायण व उनके सहयोगियों के द्वारा उनके ऊपर हमला किया अज्ञात जिसमें फायरिंग हुई थी और फायरिंग में कुछ लोग घायल हो गए थे जिनका इलाज राम मनोहर लोहिया में चल रहा है और सत्येंद्र सिंह प्रधान को कानपुर रेफर कर दिया गया था का इलाज वहां हो रहा है रामनारायण पक्ष के द्वारा घटना में प्रयोग  हुए लाठी, डंडा, व लाइसेंसी रिवाल्वर को बरामद कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई करते हुए। पांचो आरोपियों को जेल भेज जा रहा है।इस मौके पर मोहम्मदाबाद कोतवाली थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी व थाना पुलिस बल मौजूद रहा ।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा उपहार

फर्रुखाबाद । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वाराणसी से आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का जनपद में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान"मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना" का शुभारंभ किया गया । शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। साथ ही विद्यार्थियों हेतु डीबीटी के माध्यम से धनराशि अंतरण एवं शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से संचालित सुरक्षा बीमा योजना का भी शुभारंभ किया गया। इस दौरान राज्य मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग उत्तर प्रदेश सरकार प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि एवं विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि तथा जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा की गरिमामयी उपस्थित रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश की राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा यह योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर सिद्ध होगी। योजना के अंतर्गत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, अनुदानित एवं राजकीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक तथा उनके आश्रित परिवार के सदस्य लाभान्वित होंगे। योजना के तहत प्रति शिक्षक प्रतिवर्ष 05 लाख रुपए तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार द्वारा प्रीमियम का वहन किया जाएगा तथा योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेन्सिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज के माध्यम से किया जाएगा। योजना के अंतर्गत सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी चिकित्सालयों में लगभग 1900 उपचार पैकेजों का लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए, साथ ही राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए डीबीटी के माध्यम से विभिन्न मदों की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में अंतरित की गई। डीबीटी व्यवस्था से लाभार्थियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध हो रही है।
इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मध्य हुए समझौता (एमओयू) के अंतर्गत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न बीमा सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई। योजना के तहत पात्र कार्मिकों को ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस, एयर एक्सीडेंट कवर, स्थायी एवं आंशिक दिव्यांगता कवर सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे, साथ ही पात्र कार्मिकों के बच्चों की शिक्षा एवं पुत्रियों के विवाह हेतु भी विशेष सहायता प्रावधान किए गए हैं।
  कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बैंक अधिकारियों सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट,डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

अमृतपुर- फर्रुखाबाद। गंगापार क्षेत्र में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने बुधवार को अहलादपुर भटौली क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ संबंधी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बाढ़ सुरक्षा तैयारियों, गंगा नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों में किए जा रहे बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी का खतरे का निशान 137.60 सेंटीमीटर निर्धारित है, जबकि वर्तमान में गंगा का जलस्तर 134 सेंटीमीटर दर्ज किया गया है। विभाग द्वारा जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत कर संभावित बाढ़ से उनके आवास, कृषि भूमि, फसलों एवं पशुधन पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं।निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने बताया कि जनपद में बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां शासन-प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। बाढ़ प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत सामग्री, बचाव दल एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था कर ली गई है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर अंकित कुमार, थाना अमृतपुर के उपनिरीक्षक कल्लू सिंह सहित सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के गोली लगने पर पुलिस ने सी एच सी में कराया भर्ती, निशानदही पर तमंचा बरामद


फर्रुखाबाद।
थाना कमालगंज पुलिस टीम
हत्या की घटना के बाद  07 जुलाई 2026 को पीड़ित द्वारा थाना कमालगंज पर सूचना दी गई कि अवधेश व विनेश पुत्रगण रामभरोसे निवासी ग्राम कल्लू नगला थाना कमालगंज द्वारा उसके पुत्र सोनेलाल को जान से मारकर शव को रास्ते में फेंक दिया है। सूचना के आधार पर उच्चाधिकारी द्वारा मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज पर बीएनएस बनाम अवधेश व विनेश पंजीकृत किया गया था जिसमें थाना कमालगंज पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई में अभियोग से सम्बन्धित वाँछित अभियुक्त वीनेश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त वीनेश को गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया तो वीनेश द्वारा अवैध तमंचा से पुलिस पार्टी पर फायर किया गया, जवाबी फायरिंग में अभियुक्त वीनेश के बाएं पैर में गोली लगी है  जिसको उपचार हेतु सीएचसी कमालगंज भेजा गया। पुलिस मुठभेड़ व तमंचे की बरामदगी के आधार पर थाना कमालगंज पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।