मुख्यमंत्री ने शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना व डीबीटी योजना का किया शुभारंभ, जानसठ में हुआ सजीव प्रसारण
शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के हित में सरकार की ऐतिहासिक पहल :-- विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल
ब्रह्म प्रकाश शर्मा
मुजफ्फरपुर - जानसठ तहसील । विकास खंड सभागार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर शिक्षक एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के शुभारंभ का सजीव प्रसारण उत्साहपूर्ण वातावरण में देखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि प्रदान करने की योजना का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के निष्पादन की भी शुरुआत की। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षकों के सम्मान तथा आधुनिक शैक्षिक व्यवस्था को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता बढ़ाने का आह्वान किया। जानसठ विकास खंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी, जबकि डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली सहायता पारदर्शिता के साथ सीधे उनके खातों में पहुंचेगी।कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों का तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संदेश देते हुए कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मास्टर पुष्पराज सिंह ने किया। अंत में सभी उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार की शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र चौधरी, तहसीलदार श्रीमती श्रद्धा गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार गौड़, भोपा के खंड शिक्षा अधिकारी आजाद वीर, भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर विकास मुल्तानी भाजपा मंडल प्रभारी इंद्रपाल कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन ठाकुर, अभिषेक गर्ग, लोकेश कुमार, विपिन शर्मा, पारूल चौधरी, सुनीता, मयंक शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
10 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
24.2k