चार दशक की गौरवपूर्ण सेवा के बाद रेलवे के मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक जेपी मिश्रा सेवानिवृत्त
वाराणसी। उत्तर रेलवे में करीब चार दशक तक अपनी निष्ठा, कार्यकुशलता और सहज व्यवहार से अलग पहचान बनाने वाले वाराणसी जंक्शन के मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक जेपी मिश्रा के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को कैंटोनमेंट स्थित होटल मेरिडियन में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उनके परिजन, सहकर्मी, मित्र, रिश्तेदार तथा शहर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जेपी मिश्रा ने अपने लंबे रेल सेवा काल में वाराणसी जंक्शन सहित उत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अपनी कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और मधुर व्यवहार के कारण वे अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे। सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित समारोह में उनके साथ वर्षों तक कार्य कर चुके साथियों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को याद करते हुए उन्हें एक प्रेरणादायी रेलकर्मी बताया। समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिलक, चंदन एवं माल्यार्पण से हुआ। समारोह का सबसे आकर्षक क्षण वह रहा जब रेलवे स्टेशन और ट्रेन की आकृति वाला विशेष केक सभी के आकर्षण का केंद्र बना। यह केक उनके चार दशक लंबे रेल जीवन की यादों को सजीव रूप में प्रस्तुत कर रहा था। इस अवसर पर सहयोगियों और शुभचिंतकों ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि जेपी मिश्रा ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करते हुए सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। करीब दो घंटे तक चले समारोह में सभी लोग अंत तक मौजूद रहे, जो जेपी मिश्रा के प्रति उनके आत्मीय लगाव और सम्मान का परिचायक बना। कार्यक्रम के अंत में जेपी. मिश्रा ने सभी अतिथियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जीवनभर साथियों का जो स्नेह और सहयोग मिला, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।समारोह का समापन सामूहिक भावभोज के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें स्वस्थ, सुखद और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर केआर तिवारी, इंजी. प्रदीप मिश्र, इंजी. अनुराग, विनोद मिश्र,मनीष तिवारी, उमेश चंद्र मिश्र, डॉ ओमप्रकाश मिश्र, सत्यप्रकाश मिश्र,वंदना, सीमा, गीता मिश्रा, संगीता, नीतू, आकांक्षा,अंकित, अर्पित, यशी, मानस, हर्षित,जया,बेटू, मित्रों में तपन, मनोज, दीपक वाही, राकेश चौधरी, योगेश, रवींद्र, डीपी यादव, दीप्ति श्रीवास्तव तथा सहकर्मियों में परवेज़ खान, सुरेंद्र श्रीवास्तव, धनंजय कुमार, विनोद यादव, सुबोध कुमार, राम तीरथ यादव,निशांत कुमार, योगेश श्रीवास्तव सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे।
2027 में हर बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लें कार्यकर्ता: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन रविवार को लखनऊ में आयोजित 'शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की ऊर्जा और समर्पण के सामने विपक्ष की कोई रणनीति टिक नहीं सकती।

सम्मेलन से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गोमती नगर स्थित होटल ताज में एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की तथा बाद में बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान मंच पर योगी आदित्यनाथ, पंकज चौधरी, बी.एल. संतोष, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक तथा धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती भारत की संस्कृति, आस्था और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा का केंद्र रही है। प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि होने के कारण यह प्रदेश पूरे देश को दिशा देने वाला रहा है। उन्होंने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनकी कर्मभूमि से भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश को नेतृत्व देने की प्रेरणा प्राप्त की।

उन्होंने राष्ट्र प्रेरणा स्थल की सराहना करते हुए कहा कि यहां स्थापित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं नई पीढ़ी और भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने की प्रेरणा देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकास और विरासत' के विजन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए नितिन नबीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और माफियाराज का माहौल था। प्रत्येक जिले में दबंगों का प्रभाव था, जबकि आज भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर प्रदेश को गुंडाराज और माफियाराज से मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' विजन ने प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है, जबकि पहले अलग-अलग जिलों में दबंगों का प्रभाव चलता था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने तथा जनता के बीच भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।श्री नवीन ने कहा कि हिंदू विरोधी ताकतों ने हमेशा हिंदू धर्म, हिंदू देवी-देवताओं और देश की आस्था का अपमान किया है। यदि राहुल गांधी, अखिलेश यादव या अरविंद केजरीवाल जैसे नेता आज राजनीति के लिए हिंदू आस्था का सहारा लेना चाहते हैं, तो वे यह न समझें कि हिंदू समाज उनके झाँसे में आ जाएगा। जब-जब हिंदू देवी-देवताओं का अपमान हुआ, तब ये लोग मौन रहे। तमिलनाडु में हिंदू पूजा पद्धति पर सवाल उठे, बिहार में रामचरितमानस का अपमान हुआ और हिंदू आस्था को ठेस पहुँचाई गई, तब भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने चुप्पी साधे रखी। कारसेवा आंदोलन के दौरान मेरे पिता भी पटना से कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे और उन्हें दो महीने तक जेल में रहना पड़ा था। उस समय मैं स्वयं छोटा था और परिवार को यह चिंता रहती थी कि मेरे पिताजी कब लौटेंगे। भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं ने अपनी आस्था के लिए संघर्ष और बलिदान दिया है। विपक्ष की विरासत हिंदुओं पर गोलियाँ चलाने की रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की विरासत अपनी आस्था और देवी-देवताओं के लिए बलिदान देने की रही है। भारतीय जनता पार्टी ने विरासत को संजोया है, उसे आगे भी सुरक्षित रखेगी और प्रत्येक हिंदू को उस पर गर्व करने के लिए प्रेरित करेगी।

 2027 में नया इतिहास रचेंगे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार बूथ और शक्ति केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि जब शक्ति केंद्र मजबूत होंगे तो 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नया इतिहास रचेगी। सम्मेलन की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तैयार की गई कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशती वर्ष पर प्रधानमंत्री मोदी ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया था। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फुट ऊंची प्रतिमाएं नई पीढ़ी को राष्ट्रवाद और सुशासन की प्रेरणा दे रही हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पार्टी की वैचारिक विरासत का प्रतीक है और शक्ति केंद्र संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 में 2017 और 2022 से भी बड़ी जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, महिला, किसान और युवा के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और भाजपा 2027 तथा 2029 दोनों चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करेगी।


राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: एसआईटी को वित्तीय लेनदेन में शुरुआती गड़बड़ियां, ऑडिट रिकॉर्ड खंगाल रही जांच टीम

गोपाल राव अयोध्या से बाहर, चंपत राय व अनिल मिश्रा से दोबारा पूछताछ; एसपी सुरक्षा का भी हुआ बदलाव

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को शुरुआती पड़ताल में वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई बिंदुओं पर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। फिलहाल जांच एजेंसी इन तथ्यों का सत्यापन कर रही है और उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी ने शुक्रवार को भी राम मंदिर परिसर पहुंचकर जांच जारी रखी। टीम ने एक बार फिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा से पूछताछ की तथा ऑडिट से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा। ट्रस्ट के कर्मचारियों ने आवश्यक अभिलेख जांच टीम को सौंपे, जिनकी गहन छानबीन की जा रही है।

जांच के दौरान यह भी चर्चा है कि ट्रस्ट के कराए गए ऑडिट में कई बिंदुओं पर विसंगतियां सामने आई हैं। एसआईटी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनका वित्तीय लेनदेन पर क्या प्रभाव पड़ा और कहीं ऑडिट प्रक्रिया में किसी प्रकार की हेरफेर या अनियमितता तो नहीं हुई। हालांकि, इन बिंदुओं पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच, एसआईटी की पूछताछ के बाद निर्माण सहायक गोपाल राव के अयोध्या से बाहर जाने की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, उनके कर्नाटक या दिल्ली बुलाए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन उनके दौरे के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को एसआईटी ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से मंदिर प्रबंधन के वित्तीय लेनदेन तथा चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर विस्तृत पूछताछ की थी। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े कुछ बिंदुओं पर भी सवाल-जवाब किए गए। हालांकि, आधिकारिक तौर पर एसआईटी की जांच फिलहाल चढ़ावा चोरी और वित्तीय लेनदेन तक सीमित बताई जा रही है।

इधर, सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। स्थानांतरित किए गए एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे शुक्रवार को कार्यमुक्त हो गए। उनका तबादला आदेश 25 मई को जारी हुआ था। उनकी जगह पीएसी में तैनात विजय शंकर मिश्रा शनिवार को एसपी सुरक्षा का कार्यभार संभालेंगे। वह शुक्रवार दोपहर अयोध्या पहुंच गए।

दान में प्रतिदिन 6–8 लाख रुपये की संभावित अनियमितता की जांच

 राम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, चोरी का मामला उजागर होने से पहले राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बैंक खातों में प्रतिदिन औसतन 16 से 18 लाख रुपये दान के रूप में जमा हो रहे थे। वहीं, प्रकरण सामने आने के बाद यह राशि बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई है। प्रारंभिक आंकड़ों के आधार पर जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या पहले प्रतिदिन करीब 6 से 8 लाख रुपये की दानराशि में किसी प्रकार की अनियमितता हो रही थी। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है। इस बीच, चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। राम जन्मभूमि मंदिर के सिंह द्वार स्थित यात्री सहायता केंद्र के दान काउंटरों पर श्रद्धालु पहले की तरह बड़ी संख्या में नकद और यूपीआई के माध्यम से दान कर रहे हैं।

बैंक मैनेजर समेत 10 कर्मियों से एसआईटी की पूछताछ

 राम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच में एसआईटी ने बैंकिंग लेनदेन की पड़ताल तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने एसबीआई के शाखा प्रबंधक सहित 10 बैंक कर्मियों से लंबी पूछताछ की और दानराशि से जुड़े बैंक लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर दो से तीन लोगों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। पूछताछ के दौरान कई बैंक अधिकारी एसआईटी के सवालों के संतोषजनक जवाब देने में असहज नजर आए। अब जांच एजेंसी बैंक रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर संदिग्धों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।

 - गोपाल राव के बाहर जाने पर उठे सवाल

 राम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अयोध्या पुलिस के साथ एसआईटी भी विभिन्न पहलुओं की गहन जांच में जुटी है। जांच टीम ट्रस्ट के पदाधिकारियों तथा मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। इसी बीच, ट्रस्ट से जुड़े गोपाल राव के अचानक बाहर जाने की चर्चा तेज हो गई है, जिससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनके बाहर जाने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।सूत्रों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोपाल राव किसी संगठनात्मक बैठक या अन्य कार्य के सिलसिले में गए हैं अथवा उनकी यात्रा का इस जांच से कोई संबंध है। फिलहाल इस संबंध में न तो ट्रस्ट और न ही जांच एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

मैनपुर में मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर का संकल्प साकार, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए डॉ. अनील काशी मुरारका

गाजीपुर। मुंबई के प्रख्यात समाजसेवी डॉ. अनील काशी मुरारका ने अप्रैल 2024 में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद स्थित मैनपुर गांव में जिस शिव मंदिर का शिलान्यास किया था तथा मंदिर निर्माण के लिए मुरारका परिवार की तरफ से एक बड़ी धनराशि प्रदान की थी, वहां भव्य श्री मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर बनकर तैयार हो गया इस मंदिर निर्माण में गांव के लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा। डाक्टर मुरारका ने आज  पूरी श्रद्धा के साथ गांव वालों के बीच मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। यही नहीं उन्होंने आगे भी यहां एक भव्य गणेश मंदिर बनवाने का वायदा किया। डॉ मुरारका ने मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि अपनी मां मीनादेवी काशीप्रसाद मुरारका, बहन मनीषा मुरारका–रुईया एवं अपने पूर्वजों की पावन स्मृति में सीबी मुरारका चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई–लक्ष्मणगढ़ राजस्थान की तरफ से प्रदान किया। डॉ मुरारका को इस गांव तक लाने का पूरा श्रेय इसी गांव के मूल निवासी तथा मुंबई के स्वतंत्र पत्रकार राजहंस सिंह को जाता है। उन्हीं के विशेष अनुरोध पर डॉ मुरारका ने इस भव्य मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया था और आज मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ उनका संकल्प पूरा हुआ। डॉ मुरारका के हाथों प्राण प्रतिष्ठा की धार्मिक रस्म में पूरी की गई। मंत्रोच्चार के बीच जिस समय वे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर रहे थे, बाहर खड़े हजारों लोग हर हर महादेव के जयकारे लगा रहे थे। पूरा मैनपुर गांव हर हर महादेव के नारों से गूंज उठा । मंदिर के निर्माण में गांव वालों का भी विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में गीतकार राणा सिंह, सुनील कुमार सिंह (सुन्नु), कृष्ण अवतार गुप्ता , सुनील दुबे (सुडु बाबा ) जनार्दन सिंह ,सुभाष सिंह, राजेश सिंह, आलोक सिंह, राकेश सिंह, कन्हैया पासवान, रामविलास यादव , विशाल गुप्ता, सुरेंद्र यादव दिनेश बिन्द, गौरव कुमार सिंह, नागेश देवा, विकास सिंह, संजय सिंह आदि का समावेश रहा।
जनता दर्शन में सीएम योगी बोले: हर जरूरतमंद के इलाज की जिम्मेदारी सरकार की

विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को तय समयसीमा में समाधान के दिए निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का तय समयसीमा के भीतर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही समाधान के बाद पीड़ित पक्ष से संपर्क कर उनकी संतुष्टि की भी पुष्टि करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, "आप निश्चिंत होकर घर जाइए, सरकार हर मामले में न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।"

कैंसर पीड़िता को दिलाया भरोसा, कहा- इलाज की चिंता सरकार करेगी

जनता दर्शन में बरेली से पहुंची एक कैंसर पीड़ित महिला ने आर्थिक सहायता और इलाज की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने अस्पताल का उपचार अनुमान (एस्टिमेट) उपलब्ध कराने को कहा। जब महिला तत्काल एस्टिमेट प्रस्तुत नहीं कर सकीं तो सीएम ने निर्देश दिया कि अस्पताल से एस्टिमेट मंगवाकर उन्हें भर्ती कराया जाए और समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने महिला को आश्वस्त करते हुए कहा, "आप अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, इलाज की चिंता सरकार करेगी।"

- राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय पर मिले न्याय

जनता दर्शन में आए राजस्व संबंधी मामलों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व विवादों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार अतिक्रमण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और इस पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

सीएम ने कहा कि राजस्व अधिकारी नियमित रूप से न्यायालय में बैठें और मामलों का शीघ्र निर्णय करें, ताकि गरीब और जरूरतमंद वादकारियों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने दोहराया कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना अनावश्यक विलंब के न्याय मिले।

हर बच्चा पढ़े, तभी उज्ज्वल होगा उत्तर प्रदेश का भविष्य' : सीएम योगी

- 1 जुलाई से 'स्कूल चलो अभियान' का दूसरा चरण शुरू, 15 जुलाई तक 100 फीसदी नामांकन का लक्ष्य

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम अपनी 'पाती' के माध्यम से आह्वान किया है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से 'स्कूल चलो अभियान' का दूसरा चरण शुरू होगा, जो 15 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "विद्या सर्वत्र पूज्यते" केवल एक श्लोक नहीं, बल्कि जीवन का मूल मंत्र है। शिक्षा ही व्यक्ति का सबसे बड़ा सम्मान, सबसे बड़ी शक्ति और सबसे मूल्यवान संपत्ति है। ज्ञान के पंख बच्चों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं, जबकि विद्यालय ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण की पहली पाठशाला होता है।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि विकसित करने तथा खेल-कूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का वातावरण बनाने की अपील की।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों का मूल्यांकन केवल अंकों से नहीं, बल्कि उनके प्रयास, प्रतिभा और हौसले से करें। साथ ही बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों को बाल वाटिका में प्रवेश दिलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में 'ऑपरेशन कायाकल्प' के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है। 'मिशन प्रेरणा', 'मिशन निपुण' और 'प्रोजेक्ट अलंकार' के जरिए गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना बेटियों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध करा रही है। सरकारी विद्यालयों में बच्चों को रुचिकर एवं गर्म पका-पकाया मध्याह्न भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पोषण और शिक्षा दोनों पर समान रूप से ध्यान दिया जा सके।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 'स्कूल चलो अभियान' को जनभागीदारी का महाअभियान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि उसके आसपास कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब प्रदेश का हर बच्चा पढ़ेगा और आगे बढ़ेगा।"

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपियों की पैरवी से वकीलों का इनकार, आज कोर्ट में होगी पेशी

फैजाबाद बार एसोसिएशन की आमसभा में होगा अंतिम फैसला, तीन दिन की न्यायिक हिरासत आज हो रही समाप्त

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों को स्थानीय अदालत में कानूनी सहायता मिलना मुश्किल हो सकता है। फैजाबाद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने आरोपियों की पैरवी नहीं करने का निर्णय लेने की बात कही है। इस संबंध में अंतिम फैसला सोमवार सुबह 11 बजे बार एसोसिएशन की आमसभा में लिया जाएगा।

उधर, इस बहुचर्चित मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों की तीन दिन की न्यायिक हिरासत सोमवार को समाप्त हो रही है। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उनकी न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले ने प्रदेशभर में व्यापक चर्चा बटोरी है। ऐसे में आरोपियों की पैरवी को लेकर अधिवक्ताओं के रुख पर भी सभी की नजरें टिकी हैं। यदि बार एसोसिएशन आमसभा में पैरवी से इनकार का प्रस्ताव पारित करती है, तो आरोपियों को कानूनी प्रतिनिधित्व के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। फिलहाल, मामले की सुनवाई और बार एसोसिएशन के निर्णय को लेकर पूरे दिन न्यायालय परिसर में हलचल रहने की संभावना है।

 आरोपी लवकुश की पत्नी के नाम मिली जमीन, संपत्ति की जांच तेज

 राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के दौरान अब आरोपियों की संपत्तियों की भी पड़ताल तेज हो गई है। जांच में आरोपी लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम जमीन के दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में उक्त जमीन का बैनामा सुप्रिया मिश्रा के नाम कराया गया था। यह जमीन सोहावल तहसील के बनीपुर गांव में स्थित है, जहां दो मकानों का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। जांच एजेंसियां अब इस संपत्ति के वित्तीय स्रोत, खरीद-फरोख्त और निर्माण में इस्तेमाल धन की जांच कर रही हैं। दान गबन प्रकरण के संबंध में आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों का विवरण भी जुटाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संपत्तियां वैध आय से अर्जित की गई हैं या नहीं। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक इस संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आज़मगढ़ को नम्बर एक दिखाने के लिए IGRS पर लगाई जा रहीं फर्जी निस्तारण की रिपोर्ट !

- नहीं मिल पा रहा वास्तविक पीड़ितों को न्याय, सरकार की मंशा हो रही फेल

- पीड़ित अभिषेक ने न्याय न मिलने पर आमरण अनशन व आत्मदाह की दी चेतावनी

अम्बारी (आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के कंदरा गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय ने फूलपुर तहसील के राजस्व कर्मचारियों, विशेषकर क्षेत्रीय लेखपाल पर आईजीआरएस पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगाने और जमीन की पैमाइश के बाद भी रकबा सार्वजनिक न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, राजस्व परिषद, मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह आमरण अनशन और आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।

 अभिषेक उपाध्याय का आरोप है कि उनकी शिकायत पर क्षेत्रीय लेखपाल ने विपक्षियों के पक्ष में फर्जी रिपोर्ट लगाकर आईजीआरएस का निस्तारण कर दिया। उनका कहना है कि लेखपाल ने यह कहकर हस्ताक्षर करा लिए कि पहले आईजीआरएस को डिफाल्टर होने से बचाना है, बाद में पैमाइश कर विवाद का समाधान कर दिया जाएगा।

 पीड़ित के अनुसार, उनकी माता किरन और पिता अशोक कुमार के नाम कंदरा गांव में दो चक दर्ज हैं। कुछ लोगों ने भूमि का बैनामा कराया है और वे अपने हिस्से पर काबिज हैं, लेकिन करीब तीन से चार बीघा भूमि पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। उनका आरोप है कि राजस्व टीम भी विपक्षियों के पक्ष में कार्य कर रही है।

 शिकायत के बाद उप जिलाधिकारी फूलपुर के निर्देश पर गठित राजस्व टीम ने 24 जून को मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद रकबा सार्वजनिक नहीं किया गया। अभिषेक का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। उन्होंने सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी में दोबारा पैमाइश कराकर कब्जामुक्त भूमि दिलाने की मांग की है।

पक्ष :-

 उप जिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने बताया कि मामला सहखातेदारों से जुड़ा और जटिल है। आईजीआरएस शिकायत के क्रम में भूमि की पैमाइश कराई गई है, लेकिन बंटवारा एवं बेदखली की कार्रवाई राजस्व न्यायालय के आदेश के बाद ही संभव होगी। इसलिए संबंधित पक्षों को न्यायालय की शरण लेनी होगी। और इसी के साथ एसडीएम ने अपना पल्लू झाड़ लिया।

हाथरस को ₹548 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

-  कहा- नौ वर्षों में प्रदेश में नहीं हुआ कोई दंगा या कर्फ्यू, हाथरस में बनेगा एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल ज़ोन और आलू प्रोसेसिंग सेंटर

हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में लगभग ₹548 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास और किसानों के हितों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न तो कोई दंगा हुआ है और न ही कहीं कर्फ्यू लगाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी धार्मिक पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं तथा हाल ही में मुहर्रम का आयोजन भी पूरी शांति के साथ सम्पन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि हाथरस में सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल ज़ोन विकसित किया जा रहा है, जहां युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में तेजी से उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
किसानों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस आलू उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र है और यहां आलू प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात करता है, जबकि अतीत में रामभक्तों पर गोली चलाने का आरोप उसी सरकार पर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या का भव्य विकास हुआ है और आज वह अपनी गौरवशाली पहचान को पुनः प्राप्त कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार सभी धर्मों के पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, सपा नेता महेंद्र चौहान ने दिया समर्थन

महिलाओं ने ठेका निरस्त करने की उठाई मांग, दी चेतावनी—अनसुनी हुई आवाज तो होगा उग्र आंदोलन

मऊ। जनपद के मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित लरेवा चौहान बस्ती में प्रस्तावित शराब की दुकान का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से शराब का ठेका निरस्त करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। महेंद्र चौहान ने कहा कि गांव की जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। यदि अधिकांश ग्रामीण शराब की दुकान के विरोध में हैं, तो प्रशासन को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए।

ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ेगा और इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं तथा महिलाओं पर पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।