12 जुलाई को जनपद में होगा वृहद ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’
*“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर हर नागरिक निभाए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी : जिलाधिकारी*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जनपद में 12 जुलाई, 2026 को प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के सहयोग से जनपद में 14.46 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान तथा माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि 12 जुलाई को अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण एवं पालन-पोषण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उसे जीवित रखना उससे कहीं अधिक आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, खेत की मेड़, विद्यालय, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, सार्वजनिक स्थल, सड़क किनारे, नदियों, नालों तथा अमृत सरोवरों के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण कर इस अभियान को जन-जन का उत्सव बनाए। वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छ वायु, जैव विविधता एवं जलवायु संतुलन के सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद में निर्धारित 14.46 लाख पौधों का लक्ष्य तभी सार्थक होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित एवं समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों, सांसद एवं विधायकगण, विधान परिषद सदस्यों, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, किसान भाइयों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्योग एवं व्यापार जगत, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित सभी नागरिकों से इस महाअभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों में आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण शत प्रतिशत सुनिश्चित कराए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण महायज्ञ की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों का चयन, गड्ढों की तैयारी, पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण वृक्षारोपण एवं उसके पश्चात पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि प्रत्येक परिवार अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो जनपद ही नहीं, पूरा प्रदेश हरित एवं समृद्ध बन सकता है।
उन्होंने जनपदवासियों से पुनः आग्रह किया कि 12 जुलाई को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अवश्य लगाएं, उसकी नियमित देखभाल करें तथा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
Jul 08 2026, 17:05
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1