स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने एलएनजेपी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश





पटना
एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत, साफ-सफाई, जांच व्यवस्था और इलाज में लापरवाही पर जताई नाराजगी स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने एलएनजेपी अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की, 24 घंटे पैथोलॉजी सेवा और स्टाफ बढ़ाने के दिए निर्देश पटना। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने मंगलवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण की शुरुआत स्वास्थ्य मंत्री ने ट्रॉमा सेंटर से की, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा इलाज और अस्पताल की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों की शिकायतें भी सुनीं और अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई की व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने वार्ड, ओपीडी और पुरुष शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने मरीजों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और अन्य पैथोलॉजी जांच में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त करते हुए पैथोलॉजी विभाग को 24 घंटे संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव विभाग को भेजने को कहा। निरीक्षण के दौरान सामने आई विभिन्न कमियों और अव्यवस्थाओं पर स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों की सुविधा और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को बिना एप्रन के कार्य करते पाया, जिस पर उन्होंने उन्हें निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने इमरजेंसी वार्ड के बाहर मरीजों के परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 400 बेड वाले नए अस्पताल भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमआरआई जांच केंद्र का जायजा लेकर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक श्री सुब्रत कुमार सेन ने उन्हें बताया कि नए भवन का निर्माण कार्य अगस्त 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा तथा सितंबर 2026 से यह भवन पूरी तरह संचालित होने लगेगा। वहीं, माननीय मंत्री ने मरीज की शिकायत पर ओपीडी वार्ड में एयर कंडीशनर (AC) काम नहीं किये जाने पर उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, वितरण व्यवस्था तथा मरीजों को दिए जा रहे भोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिया कि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए। अंत में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत और स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि ने अस्पताल के निदेशक के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अस्पताल में प्राप्त शिकायतों, कमियों तथा पारा मेडिकल स्टाफ की कमी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने निदेशक को निर्देश दिया कि अस्पताल में अनियमितताओं को शीघ्र दूर किया जाए तथा रेडियोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की रिक्तियों की सूची तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक नियुक्ति एवं प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके। निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के. रौशन से स्वास्थ्य मंत्री ने फोन पर बातचीत की लेकिन जवाब संतोषप्रद नहीं दिये जाने पर उन्हें विभागीय स्तर पर शो-कॉज किया गया है। वहीं, अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ श्याम किशोर द्वारा मरीज के पुर्जे पर बाहरी जांच लिखे जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक श्री सुब्रत कुमार सेन, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव श्री कौशलेंद्र कुमार, एलएनजेपी अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी तथा स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजीआईएमएस (IGIMS) पटना परिसर पुनर्विकास कार्य का स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि ने किया स्थल निरीक्षण एवं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक






500 बेड टीचिंग अस्पताल का कार्य 3 माह में पूरा करने का दिया निर्देश* पटना । स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना का दौरा कर परिसर में चल रहे पुनर्विकास एवं विस्तार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन 500 बेड वाले टीचिंग अस्पताल, 1200 बेड वाले अस्पताल, हॉस्टल एवं आवासीय भवनों सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। स्थलीय निरीक्षण के उपरांत स्वास्थ्य सचिव ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। जिसमें संस्थान परिसर में निर्माणाधीन 500 बेड वाले टीचिंग अस्पताल, 1200 बेड वाले अस्पताल, हॉस्टल एवं आवासीय भवनों सहित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से स्वास्थ्य सचिव को अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान सचिव महोदय ने 500 बेड वाले टीचिंग अस्पताल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्माण एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल का निर्माण कार्य अगले तीन माह के भीतर पूर्ण किया जाए। मीटिंग के दौरान श्री कुमार रवि ने कहा कि हर सप्ताह निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने अस्पताल के आंतरिक एवं बाहरी एचवीएसी (HVAC) कार्यों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्देश दिया। इसके लिए 31 अगस्त 2026 की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई है। स्वास्थ्य सचिव ने साइट पर चिलर प्लांट, कूलिंग टावर, पंप, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, पाइपिंग एवं डक्टिंग सहित सभी शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में निर्माणाधीन 1200 बेड वाले अस्पताल, हॉस्टल एवं आवासीय भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का 59.24 प्रतिशत कार्य अब तक पूर्ण हो चुका है। स्वास्थ्य सचिव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करें, ताकि राज्य की जनता को शीघ्र आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता प्रमोद कुमार सिंह के द्वारा लिखित पुस्तक बेसिक नॉलेज फॉर क्रिमिनल प्रेक्टिस का आज विमोचन किया गया





पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता प्रमोद कुमार सिंह के द्वारा लिखित पुस्तक बेसिक नॉलेज फॉर क्रिमिनल प्रेक्टिस का आज विमोचन किया गया
पुस्तक जूनियर वकीलों के लिए लाभदायक है इसका सहारा लेकर जूनियर वकील कोर्ट में प्रैक्टिस कर सकते हैं प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि इसमें स्टेप बाय स्टेप कानून की जानकारी दी गई है fir दर्ज होने के बाद किस तरह से प्रोसेस बाय प्रोसेस बढ़ा जाए वह तमाम जानकारियां इसमें दी गई है।पुस्तक विमोचन समारोह में पटना उच्च न्यायालय एडवोकेट एसोसिएशन के अधिवक्ता सह महासचिव जयशंकर प्रसाद के अलावा अधिवक्ता अमित कुमार अधिवक्ता कमलेश कुमार राणा बलजीत सिंह ,भानु प्रिया मौजूद थे यह पुस्तक खासकर के नए अधिवक्ताओं के लिए लिखी गई है।