12 जुलाई को जनपद में होगा वृहद ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’

*“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर हर नागरिक निभाए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी : जिलाधिकारी*




रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद में 12 जुलाई, 2026 को प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के सहयोग से जनपद में 14.46 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है।

जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान तथा माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि 12 जुलाई को अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण एवं पालन-पोषण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उसे जीवित रखना उससे कहीं अधिक आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, खेत की मेड़, विद्यालय, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, सार्वजनिक स्थल, सड़क किनारे, नदियों, नालों तथा अमृत सरोवरों के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण कर इस अभियान को जन-जन का उत्सव बनाए। वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छ वायु, जैव विविधता एवं जलवायु संतुलन के सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद में निर्धारित 14.46 लाख पौधों का लक्ष्य तभी सार्थक होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित एवं समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों, सांसद एवं विधायकगण, विधान परिषद सदस्यों, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, किसान भाइयों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्योग एवं व्यापार जगत, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित सभी नागरिकों से इस महाअभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों में आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण शत प्रतिशत सुनिश्चित कराए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण महायज्ञ की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों का चयन, गड्ढों की तैयारी, पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण वृक्षारोपण एवं उसके पश्चात पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि प्रत्येक परिवार अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो जनपद ही नहीं, पूरा प्रदेश हरित एवं समृद्ध बन सकता है।

उन्होंने जनपदवासियों से पुनः आग्रह किया कि 12 जुलाई को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अवश्य लगाएं, उसकी नियमित देखभाल करें तथा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
धमकी देकर शादी का दबाव बनाने वाला गिरफ्तार: पीड़िता की निजता भंग कर जाली दस्तावेज बनाए थे

नितेश

भदोही। गोपीगंज पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने एक महिला को जान से मारने की धमकी देकर शादी का दबाव बनाया था। आरोपी ने पीड़िता की निजता का उल्लंघन करते हुए जाली इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड बनाए और उनका इस्तेमाल कर ब्लैकमेल किया। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था और शादी के लिए दबाव बना रहा था। आरोपी ने पीड़िता के निजी डेटा और तस्वीरों से छेड़छाड़ कर फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड (फर्जी प्रोफाइल/दस्तावेज) तैयार किए थे।
इन जाली रिकॉर्ड्स को वायरल करने की धमकी देकर वह पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना गोपीगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मिर्जापुर तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 308(5), 352, 351(3), 336(4), 338 बीएनएस और 66ई, 67ए आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पवन गुप्ता पुत्र मनोज गुप्ता, निवासी करसौता, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। उसे विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध विजय प्रताप सिंह और कांस्टेबल सुरेंद्र गहलोत, थाना गोपीगंज, जनपद भदोही शामिल थे।
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस की पदयात्रा: दोषियों पर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में 'सद्बुद्धि पदयात्रा' निकाली। यह पदयात्रा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित की गई थी। पदयात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने किया।
पदयात्रा का शुभारंभ ज्ञानपुर स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग से होते हुए नारे लगाते हुए दूधनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर में भगवान के समक्ष पूजा-अर्चना कर दोषियों और सत्ता में बैठे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने कहा कि भगवान श्रीराम देशवासियों की आस्था, मर्यादा और संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रभु श्रीराम को आस्था के बजाय राजनीति का माध्यम बना दिया है।
पांडेय ने कहा कि चुनाव के समय भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा आज राम मंदिर में चढ़ावा चोरी जैसी गंभीर घटनाओं पर मौन है। उन्होंने जोर दिया कि यदि सरकार वास्तव में रामभक्त होती, तो मंदिरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती। कांग्रेस का मानना है कि प्रभु श्रीराम किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं। जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी और पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार राजन ने एक संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरकार ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल की, उसी के कार्यकाल में मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं। अंसारी और राजन ने कहा कि जांच के नाम पर केवल 'छोटी मछलियों' को पकड़कर मामले को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि इस पूरे प्रकरण के असली और बड़े जिम्मेदार अभी भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। कांग्रेस पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि सच जनता के सामने आ सके।


इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश सचिव राकेश कुमार मौर्य, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश चंद्र मिश्रा ,प्रेम बिहारी उपाध्याय ,राजेश्वर दुबे, सुरेश उपाध्याय मुशीर इकबाल त्रिलोकी नाथ बिंद, अवधेश पाठक, स्वालेह अंसारी मनोज गौतम, नाजिम अली सुरेश चौहान शिवपूजन मिश्रा रमाशंकर बिंद ,दुर्गेश कुमार तिवारी , शमशीर अहमद,अजय कुमार प्रजापति, गुलजारी उपाध्याय ,राजेश पांडेय, मृत्युंजय सिंह टोनी, शक्ति मिश्रा, राकेश पाल, धीरज पाल ,विशाल गौतम, राकेश मिश्रा, राजनाथ यादव, राम सजीवन गौतम,  अभिमन्यु यादव सचिन मिश्रा दिलीप सिंह, विजय शंकर दुबे, आजाद हुसैन ,विनोद गौतम, गुलाब धरप्रजापति मकोई लाल बिन्द इत्यादि लोग उपस्थित रहे.
फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर होगी कार्रवाई: सीएमओ


*जिलेभर में करीब 53 अल्ट्रासाउंड केंद्र है पंजीकृत*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही । जिले में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा गहन जांच गठित टीम द्वारा की जाएगी। जांच में अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन फर्जी मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि 90 दिन में अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच को टीम गठित हो चुका है। जिले में करीब मात्र 53 अल्ट्रासाउंड केंद्र पंजीकृत हैं। जांच को तीन सदस्यीय टीम का गठन हो चुका है डिप्टी सीएमओ और सीएचसी के अधीक्षक शामिल होंगे। जांच में कमियां मिलती है तो संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होना तय है। अवैध अल्ट्रासांउड संचालन की शिकायत पूर्व में मिली थी। जांच को तीन सदस्यीय टीम का गठन होगा। हर 90 दिन में केंद्रों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल 53 अल्ट्रासाउंड केंद्र ऐसे हैं जो पंजीकृत हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थलीय जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।
भारत टेक्स -2026 में सिर्फ 20 कालीन निर्यातक ही लगा रहे दांव
*कालीन निर्यातकों की नजरें अक्टूबर में भदोही में होने वाले कार्पेट एक्सपो पर*




रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली में भारत टेक्स-2026 का मंच सजेगा, लेकिन कालीन निर्यातक इस पर दांव नहीं लगा रहे हैं। बीते वर्षों में दो सौ कालीन निर्यातकों की भागीदारी वाले इस एक्सपो में इस वर्ष अब तक सिर्फ 20 कालीन निर्यातकों ने स्टाॅल बुक कराए हैं। शुरू में माना जा रहा था कि भारत टेक्स-2026 के नजदीक आने के साथ निर्यातकों की रुचि बढ़ेगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

भारत टेक्स वैश्विक तौर पर विशाल फेयर होता है। इसमे देश विदेश के सैकड़ो की संख्या में क्रेता और विक्रेता हिस्सा लेते हैं। लेकिन मौजूदा समय में आम धाराणा यह है कि वैश्विक आर्थिक मंदी के चलते कालीन के खरीदार भारत टेक्स-2026 में कम ही आएंगे। इसी धारणों के चलते लोग भारत टेक्स पर दांव नहीं लगाना चाहते।

निर्यातकों का कहना था कि चूंकि नई दिल्ली में मार्च में होने वाला इंडिया कारपेट एक्सपो रद करना पड़ा था इसलिए विशुद्ध रूप से कालीनों पर आधारित इंडिया कारपेट एक्सपो जो आगामी 4 - 6 अक्तूबर को भदोही में होने जा रहा है लोग उस पर फोकस कर रहे हैं। कई निर्यातकों ने माना कि जब तक विश्व में तनाव जैसे हालात रहेंगे उससे अनिश्चितता बनी रहेगी। उधर भदोही के निर्यातकों का मानना है कि उनके लिए भदोही में इंडिया कारपेट एक्सपो होना तथा बिना किसी अतिरिक्त खर्च के इसमें भाग लेना उनके लिए बेहतर है। इसलिए लोग भारत टेक्स मे न जाकर कारपेट एक्सपो की तैयारियों में लगे हुए हैं।


अमरीकी टैरिफ से लेकर वैश्विक अशांति के माहौल के बीच कालीन निर्यातकों को बहुत नुकसान उठाना पड़ा है। सीईपीसी के काफी प्रयास के बाद केवल 20 निर्यातकों ने भारतटेक्स-2026 में पंजीकरण कराया। - पीयूष बरनवाल, प्रशासनिक सदस्य सीईपीसी


मेरा भारत टेक्स में भाग लेने का एक बार का अनुभव रहा है। उसके मुकाबले मैं शुद्ध रूप से कालीनों के लिए होने वाले इंडिया कारपेट एक्सपो को बेहतर समझता हूं। जिसकी तैयारी चल रही है। - एजाज अंसारी निर्यातक
पांच शातिर बदमाशों की खुली हिस्ट्रीशीट ,रखी जाएगी नजर
*6 से लेकर 10 प्राथमिकी सभी पर दर्ज है*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले की पुलिस ने पांच बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोली है। यह कदम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उठाया गया है। पुलिस इन पर लगातार नजर रखेगी। मुख्यमंत्री की ओर से अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के लिए जिले की पुलिस लगातार अपराधियों पर सख्त है। गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर से लेकर इनामी बदमाशों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि भदोही कोतवाली के रैमलपुर निवासी प्रदीप कुमार मौर्य की हिस्ट्रीशीट खोली गई। इस पर सुरियावां, थाना कपसेठी वाराणसी, थाना चुनार मिर्जापुर और थाना अनपरा सोनभद्र में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह मकनपुर निवासी शिवम् सरोज पर कार्रवाई की गई। इस थाना गोपीगंज, थाना सुरियावां, व थाना रामपुर जौनपुर में गैंग्सटर सहित कई मामले पंजीकृत हैं। थाना दुर्गागंज पुलिस ने तीन अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोली है। इसमें हरदुआ निवासी विकास सरोज, सर्वेन्द्र गिरि और गोसाई का पुरवा हरदुआ निवासी लक्की गिरि शामिल हैं। जिन पर भदोही और जौनपुर जिले के विभिन्न थानों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि सभी ए श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर हैं।
डॉक्टर रजनीश द्विवेदी को मिला तीसरा औद्योगिक डिज़ाइन पंजीकरण:काशी नरेश विश्वविद्यालय के लिए अपशिष्ट जल उपचार पंप का डिज़ाइन पंजीकृत



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय (KNU), भदोही के डाॅक्टर रजनीश द्विवेदी ने एक और औद्योगिक डिज़ाइन का पंजीकरण कराया है। भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय द्वारा यह पंजीकरण किया गया है, जो उनकी तीसरी बौद्धिक संपदा (IPR) उपलब्धि है।
यह पंजीकृत डिज़ाइन "Magnetic Chemical Pump for Waste Water Treatment" से संबंधित है। इसे मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT), प्रयागराज के इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री विभाग और शोधकर्ताओं के सहयोग से विकसित किया गया है।
भारतीय पेटेंट कार्यालय ने इस डिज़ाइन का पंजीकरण डिज़ाइन संख्या 463915-001 के तहत किया है।
इस उपलब्धि से काशी नरेश विश्वविद्यालय की तकनीकी नवाचार और उद्योगोन्मुख अनुसंधान के क्षेत्र में पहचान मजबूत हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे शोध एवं नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉक्टर रजनीश द्विवेदी और सहयोगी शोधकर्ताओं को इस सफलता के लिए बधाई दी।
चोरी की साइकिल बरामद, एक गिरफ्तार:गोपीगंज पुलिस ने स्टेशन रोड से पकड़ा अभियुक्त


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। गोपीगंज पुलिस ने चोरी की साइकिल बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी शनिवार को स्टेशन रोड, वन विभाग गेराई क्षेत्र से हुई। अभियुक्त धीरज बिन्द को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया।

मामला जयप्रकाश पुत्र स्व. रघुवीर निवासी अमवामाफी, थाना गोपीगंज की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने 1 जुलाई 2026 को अपनी साइकिल घर से चोरी होने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना गोपीगंज में मु0अ0सं0 275/26 धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में गोपीगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धीरज बिन्द पुत्र लक्ष्मन बिन्द, निवासी लखमापुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर (उम्र करीब 19 वर्ष) को चोरी की साइकिल के साथ पकड़ा।

पूछताछ में अभियुक्त धीरज बिन्द ने स्वीकार किया कि उसने 1 जुलाई 2026 को अमवामाफी रेलवे क्रॉसिंग के पास से साइकिल चोरी की थी। वह उसे बेचने के लिए गोपीगंज ले जा रहा था। पुलिस ने अग्रसेन होंडा कंपनी की 20 इंच की लाल और काले रंग की साइकिल बरामद की है। बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बनारसी यादव और मुख्य आरक्षी काशीनाथ यादव शामिल थे।
चौरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर को पकड़ा:लंबे समय से फरार वांछित अभियुक्त जग्गू साहनी गिरफ्तार
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। चौरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त जग्गू साहनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को रेलवे स्टेशन छिवकी से पकड़ा। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन में की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चौरी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। जग्गू साहनी वाराणसी के मलहिया टोला रमना, थाना लंका का निवासी है और उसकी उम्र 24 वर्ष है। वह अवैध गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का सदस्य है और उसके खिलाफ मु0अ0सं0 202/2025 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस व 8/20/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के दो सदस्यों को पहले 27 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उस समय उनके कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक Kia Carens कार से कुल 1 क्विंटल 880 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये है। साथ ही, चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए गए थे।

अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक रामसरीख गौतम, उपनिरीक्षक परवेश राय, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह यादव, कांस्टेबल अजय सिंह, कांस्टेबल अरविंद कुमार, कांस्टेबल सुजीत कुमार और रिजर्व कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल थे।
डॉ योगेश दुबे ने की स्किल डेवलपमेंट सेंटर, छात्रावास और चिल्ड्रन होम बनाने की घोषणा


भदोही। क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास और निराश्रित बच्चों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित और भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता  डॉ. योगेश दुबे ने सुरियावां और कुसौड़ा क्षेत्र के विकास के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।  घनश्याम दुबे महाविद्यालय सेवाश्रम महाविद्यालय के आस-पास की सभी दुकानों को तत्काल प्रभाव से खाली कराकर वहाँ एक आधुनिक छात्रावास (Hostel) और युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर (Skill Development Center)  स्व रोजगार केंद्र का निर्माण करने का प्रस्ताव दिया है l वे इस बाबत स्थानीय जनप्रतिनिधियों से  और विद्यालय प्रबंध समिति से सहयोग  देने के लिए बात करेंगे । उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित क्षेत्र पर पहले से दुकानें स्थापित हैं जिसका इंफ्रास्ट्रक्चर तत्काल शैक्षणिक प्रयोग में लाया जा सकता है ।

डॉ दुबे ने कहा कि दुकानों को खाली करवाने के लिए नियमपूर्वक कानूनी नोटिस देंगे ,किरायेदारों की संयुक्त बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की आवश्यकता पर ज़ोर देंगे ,और आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन का सहयोग लेंगे ।
क्षेत्र में लंबे समय से एक छात्रवास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। दूर-दराज के क्षेत्रों से सेवाश्रम इंटर कॉलेज आने वाले छात्रों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. योगेश दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि "स्किल डेवलपमेंट ही भारत का भविष्य है।" इस केंद्र के बनने से सुरियावां के युवाओं को सीधे लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

डॉ. योगेश दुबे ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक और बड़ी घोषणा की। उनके माता-पिता (स्व.घनश्याम दुबे एवं पूज्य माता श्रीमती हीरा देवी) द्वारा बनवाए गए 'हीरा देवी पैलेस' (कुसौड़ा, सुरियावां) को अब बच्चों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया जाएगा । इस संपत्ति पर भदोही जिले का पहला अत्याधुनिक 'चिल्ड्रन होम' (Children Home) बनाया जाएगा।

डॉ. दुबे ने कहा कि भदोही जिले में फिलहाल एक भी स्तरीय चिल्ड्रन होम नहीं है, जिसके कारण निराश्रित बच्चे कठिन परिस्थितियों में है। इस चिल्ड्रन होम में ५ वर्ष से लेकर १८ वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित माहौल और छत मिलेगी। यहाँ उनके लिए रहने की उत्तम व्यवस्था, पौष्टिक भोजन और प्रारंभिक शिक्षा का पूरा प्रबंध किया जाएगा । प्रशासनिक सहयोग: डॉ. दुबे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए जल्द ही जिलाधिकारी (DM भदोही) प्रमुख सचिव महिला और बाल विकास मंत्रालय से मुलाकात कर विस्तृत बातचीत करेंगे।

डॉ. योगेश दुबे पूर्व में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए कई उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य कर चुके हैं। इस नई घोषणा से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को एक नई और सकारात्मक दिशा मिलेगी।