सुनार को घायल कर करोड़ों का सामान लूटने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार
इनके कब्जे से डेढ़ करोड़ रुपये का माल, पिस्टल मय कारतूस बरामद

ज्वैलर्स की दुकान के आस—पास व उनके आने—जाने के समय की करते थे रैकी

लुटेरे अपने पास रखते थे चोरी की मोटर साइकिल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में बीते दिनों सुनार के साथ हुई लूट की घटना का सफल अनावरण किया गया। लूट में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को साेमवार की भाेर में गिरफ्तार किया है। इनके पास से डेढ़ करोड़ रुपये का माल, पिस्टल मय कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने साेमवार काे प्रेसवार्ता कर बताया कि पचवन टोला बंग्ला वार्ड अमेठी निवासी सचिन कुमार वर्मा ने 23 जून को मुकदमा दर्ज कर बताया कि उनकी मुन्शीगंज राम बाग रोड पर ज्वैलर्स की दुकान है। प्रति दिन की भांति वह अपनी दुकान व अपने भाई मनीष सोनी की दुकान का सोने चांदी के जेवरात बैग में रख कर अपनी स्कूटी से दुकान से घर जा रहा था कि रात 08.30 बजे बंग्ला भवानी मन्दिर के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने स्कूटी रोककर स्कूटी व बैग लूटने की कोशिश करने लगे। जब वादी ने शोर मचाया तो अभियुक्तों ने वादी के पैर में गोली मार कर स्कूटी व बैग में रखे आभूषण लूट कर भाग गए।

इस घटना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की चार टीमें लगाई गईं। टीम की ओर से करीब 600 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को देखा गया तथा सर्विलांस सेल द्वारा इलेक्ट्रानिक साक्ष्य एकत्रित किया गया। इसके बाद कार्रवाई करते सोमवार भोर के समय पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को दहेरामऊ एण्डरपास थाना गोसाईगंज से गिरफ्तार कर लिया। उन लोगों के पास से लूट का माल भी बरामद हुआ।

डीसीपी ने बताया कि पकड़े गये अभियुक्तों में जौनपुर जिले के शिवम यादव उर्फ कुंदन और अंकुल यादव उर्फ गोले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है। एक अन्य अभियुक्त सोनू यादव की गिरफ्तारी शीघ्र की जायेगी।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकारा कि अपने सामान्य उद्देश्य व जरूरतों को पूरा करने के लिए ज्वैलर्स की दुकान के आस—पास व उनके आने—जाने के समय की रैकी करते हैं और अपने साथ चोरी की ही मोटर साइकिल रखते हैं। उसके बाद घटना को अंजाम देते हैं। यदि आसानी से सामान नहीं मिलता है तो गोली मारकर घायल कर लूटपाट कर भाग जाते हैं। 23 जून को सुनार के साथ हुई घटना को भी उन लोगों ने अंजाम दिया था। इसके अलावा हजरतगंज में बाइक चोरी, रायबरेली, चंदौली जिले में भी सुनार को गोली मारकर लूट की घटना घटित की थी।
लखनऊ में मासूम की हत्या में आरोपित युवक गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक बच्चे की मारपीट कर हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सोमवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके पास हत्या में इस्तेमाल किया गया घरेलू का उपयोग होने वाला पलटा बरामद किया। इस हत्या में बच्चे की मां भी आरोपित है,जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।

मड़ियाव थाना प्रभारी शिवानन्द मिश्र ने बताया कि उन्नाव जिले के रहने वाले दिनेश ने पांच साल के बेटे की हत्या की तहरीर दी थी। उसने यह आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी और प्रशांत उर्फ गौरव सिंह ने उसके बेटे की मारपीट कर हत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बच्चें को कही जगह चोटों के निशान पाए गए थे। मामला दर्ज कर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर आरोपित प्रशांत को मड़ियांव पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया है। वह कहीं भागने की फिराक में था, तभी धर दबोचा। पुलिस का दावा है कि प्रेम संबंध में बाधक बनने पर पूनम और उसके प्रेमी प्रशांत ने बेटे अहम की हत्या की है। फिलहाल पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
सपा सरकार के कामों को आज भी अपना काम बताकर भाजपा सरकार कर रही उद्घाटन : अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों का ये भाजपा सरकार आज भी उद्घाटन कर रही है। सपा सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनवाया। लखनऊ मेट्रो जितनी बनी थी उतनी है, वो आगे नहीं बढ़ पाई।

यह आरोप समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लगाए। वे सोमवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में बना अमूल का प्लांट है, पराग का प्लांट है, एचसीएल है, आईआईआईटी है, डायल 100 है, पुलिस का हेडक्वार्टर, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम इकाना हमारी सरकार में बनवाया गया। मेदांता हम लोग लेकर आए थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया डेवलप किया। ग्रीन काॅरीडाेर लखनऊ का हम लोगों ने बढ़ाया, रिवरफ्रंट बनाया। लेकिन उसे भी इस सरकार ने बर्बाद कर दिया।

डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उप्र में किसान बाजार, आम के लिए विशेष मंडी बनाई गई, किसानों के रुकने की जगह-जगह थ्री स्टार होटल बनाए। हरदोई के संडीला में पेप्सी का सबसे बड़ा प्लांट लगा था, सबसे बेहतर सस्ता कैंसर अस्पताल इलाज के लिए बनाया था, शिल्प ग्राम भाजपा सरकार की अनदेखी के चलते जर्जर और बर्बाद हो गईं। देश में सबसे ज्यादा इंजीनियरिंग कॉलेज कहीं बंद हुए हैं तो उत्तर प्रदेश में हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सपा सरकार में बने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) को बर्बाद कर दिया है। इतना बड़ा पार्क देश में नहीं देखने को मिलेगा, जितना जनेश्वर मिश्र पार्क था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को महापुरुष के नाम पर बने जेपीएनआईसी से नफरत है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गठन हुआ था, तो उन्होंने तय किया था कि उनका रास्ता समाजवादी होगा, सेक्युलर होगा। उन्होंने कहा कि जो लखनऊ में भाजपा के विधायक है वो क्षेत्र बदलने की तैयारी में हैं। हम लोग क्षेत्र नहीं बदलने देंगे, विधायक बदल देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में अन्याय, अत्याचार हर सीमा को लांघ गया है, इस सरकार का यही तो मॉडल है। उन्होंने कहा कि मौजूदा में जितना भी हमारे ख़िलाफ़ झूठा प्रचार हो रहा, उस पर हमारी पार्टी के लोग एफआईआर दर्ज करायेंगे।

चढ़ावा प्रकरण से जुड़े लोग जनाक्रोश का नहीं कर पा रहे

अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जो कुछ अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर में हुआ और हो रहा है, उसे संपूर्ण विश्व के राम भक्त, साधु संत, अयोध्या के लोग, सुप्रीम कोर्ट, लोकसभा अध्यक्ष और समस्त पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) संज्ञान लें। उन्होंने कहा कि इस मामले में एक बड़ी सच्चाई तो ये है कि चढ़ावा प्रकरण में उससे जुड़े लोग जनाक्रोश का सामना नहीं कर पा रहे हैं।

बदलाव चाहती है जनता

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सच्चाई ये है कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है, खाद नहीं है, डीएपी नहीं है। पूरा मक्का भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने खरीदकर रेट ले लिया, किसानों को सही रेट नहीं मिला। उन्होंने चुटकी भरे अंदाज में कहा कि आम लोगों में ये शिकायत आ रही कि इथेनॉल मिलाने से उनकी गाड़ी का मेंटेनेंस और माइलेज खराब हो रहा है।
मुंबई में जनजीवन और स्थिति पूरी तरह नियंत्रित : मंगल प्रभात लोढा
मुंबई। पिछले दो-तीन दिनों से मुंबई में हो रही भारी बारिश के बीच मुंबई में जनजीवन और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। संकट के इस समय में मुंबईकरों द्वारा प्रशासन को दिया गया सहयोग अत्यंत बहुमूल्य है, यह प्रतिपादन मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने आज किया। वे मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष (Disaster Management Center) का प्रत्यक्ष दौरा कर स्थिति की समीक्षा करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। इस अवसर पर सदन के नेता गणेश खणकर, महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिडे (IAS), अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) श्रीमती प्राजक्ता वर्मा - लवंगारे (IAS), अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्वी उपनगर) अविनाश ढाकणे (IAS), उपायुक्त (स्वास्थ्य) श्री शरद उघडे और महानगरपालिका के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जैसा कि माननीय मुख्यमंत्री ने विधानसभा में उल्लेख किया था, यह प्रकृति का एक बड़ा प्रकोप है और यह एक अभूतपूर्व स्थिति है। शहर में एक ही दिन में ३५० से अधिक पेड़ों के उखड़ने की घटना हुई। हालांकि, ऐसी कठिन परिस्थितियों में भी महानगरपालिका का आपदा प्रबंधन विभाग और सरकारी तंत्र अत्यंत तीव्र गति से और युद्ध स्तर पर सड़कों से पेड़ हटाने और जलभराव को दूर करने के काम में जुटा हुआ है। नागरिकों, विशेषकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने अत्यंत सतर्कता के साथ कदम उठाए हैं। एक आवश्यक एहतियाती उपाय के रूप में सुबह के सत्र में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई और उसके बाद दोपहर के सत्र में सरकारी कार्यालयों को भी छुट्टी दे दी गई, ताकि यात्री सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें। मंत्री लोढा ने अत्यंत सकारात्मकता व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े संकट के बाद भी मुंबई कहीं भी थमी नहीं है। एहतियाती उपायों के कारण लोकल ट्रेनों की गति थोड़ी धीमी जरूर है, लेकिन रेल यातायात पूरी तरह से चालू है। सड़कों पर जमा पानी और गिरे हुए पेड़ों को पूरी तरह से साफ कर दिया गया है और सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
पिछले तीन दिनों से महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात एक कर ऑन-फील्ड काम कर रहे हैं। संकट के समय में राजनीति न करते हुए हम सभी को प्रशासन के साथ खड़ा होना चाहिए और उनके इस निरंतर परिश्रम की सराहना (Appreciation) करनी चाहिए," ऐसा आह्वान मंत्री लोढा ने इस अवसर पर किया। उन्होंने आगे कहा कि ९० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी को व्हाट्सएप के माध्यम से सतर्कता के संदेश भेज दिए गए हैं, और आगामी किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह तैयार है।
वाराणसी: रूपापुर में खड़ी ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकराई, युवक की मौत; फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
लखनऊ /वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर स्थित वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत प्रयागराज की ओर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पांडेयपुर निवासी विजय कुमार पाल (30), पुत्र राजेंद्र पाल, के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, विजय कुमार पाल रविवार शाम एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। देर रात लौटते समय रूपापुर के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि विजय की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और वेल्डिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिर्जामुराद पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन काशी में गंगा आरती देख अभिभूत हुए
—गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में लिखा,भगवती मां गंगा के आशीर्वाद की अनुभूति हुई

लखनऊ /वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी)में आए बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने अपनी पत्नी सबिहा हसनैन के साथ मां गंगा का विधि विधान से पूजा अर्चना की। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू)में सोमवार से आयोजित “21वीं सदी के लिए शैक्षिक सुधार: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विरासत के आलोक में शिक्षा का पुनर्परिकल्पन” विषयक सम्मेलन में भाग लेने आए राज्यपाल मां गंगा की आरती देख अभिभूत नजर आए। सम्मेलन में भाग लेने के पूर्व राज्यपाल ने रविवार शाम

दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती में हाजिरी लगाई। मां गंगा की आरती से पूर्व रामजन्म योगी ने 7 मिनट 58 सेकेंड की शंखनाद किया। यह देख राज्यपाल सय्यद अता हसनैन आश्चर्यचकित दिखे । उन्होंने राम जन्म योगी को माला पहना कर अभिनंदन किया ओर उनके इस शंखनाद की प्रशंसा भी की। गंगा आरती देखने के बाद राज्यपाल ने गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में लिखा कि 'एक अद्भुत अनुभव रहा' इस विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का। हमनें पहले सिर्फ सुना था आरती के बारे में लेकिन आज आरती के दर्शन करके अद्भुत अनुभव हुआ। भगवती मां गंगा के आशीर्वाद की अनुभूति हुई। इस अवसर पर

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह, सचिव हनुमान यादव ने राज्यपाल को अंगवस्त्र, प्रसाद व मोमेंटो देकर स्वागत किया। सुशांत मिश्र ने बताया कि मां गंगा की आरती से पूर्व ही राज्यपाल दशाश्वमेध घाट आ गए थे। लगभग् एक घंटे से भी ज्यादा समय तक वह घाट पर मौजूद रहे। वह काशी की इस अध्यात्मिक विरासत को समझने और महसूस करने के लिए जिज्ञासु रहे। इसके पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन अपनी पत्नी के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस से वाराणसी आए। कड़ी सुरक्षा के बीच वे घाट पर गंगा आरती देखने आए।
’मैदान की मिट्टी जीत-हार नहीं, उठना सिखाती है': सीएम योगी
- यूपी खेलों में भी नंबर-1 बनने की ओर अग्रसर, खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, प्रशिक्षण और रोजगार देने पर सरकार का फोकस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेल संस्कृति के तेजी से हो रहे विकास और खिलाड़ियों की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि "मैदान की मिट्टी जीत-हार नहीं, बल्कि हर बार गिरकर फिर से उठना सिखाती है।" उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के साथ-साथ अब खेलों के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी अपनी पाती में कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर देश-विदेश में प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। हाल ही में 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम पहली बार राष्ट्रीय चैंपियन बनी और 20 पदक जीतकर नया इतिहास रचा। वहीं, अंडर-18 हॉकी एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों दीप्ति शर्मा, प्रवीण कुमार, अन्नू रानी, सिमरन शर्मा और वंशिका अग्रवाल सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि चैंपियन एक दिन में नहीं बनते और खेल संस्कृति भी रातों-रात विकसित नहीं होती। इसके लिए लगातार प्रयास, मजबूत खेल ढांचा और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान और प्रत्येक विकास खंड में मिनी स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। हर जनपद में आधुनिक स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, जबकि मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय अंतिम चरण में है। इसके अलावा प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश के युवा खेलों में अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकें।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को कभी न रोकें। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की सबसे प्रभावी शक्ति भी हैं। खेल अनुशासन, समर्पण, सकारात्मक सोच और टीम भावना का संस्कार देते हैं तथा विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोबा में भीषण सड़क हादसा :  राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक और कार की भिड़ंत में चाचा-भतीजी की मौत

लखनऊ / महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के झांसी मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की बीती रात बाइक और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजी की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां दो की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जनपद के महोबकंठ थाना क्षेत्र के गांव दुलारा निवासी देव प्रकाश अनुरागी (24) रविवार की रात अपने चचेरे भाई विनोद (26) , भाभी सीता (22) और भतीजी शिवांशी (1) को दिल्ली जाने के लिए बाइक से हरपालपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। रास्ते में झांसी मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में तेईया गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार चारों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी पनवाड़ी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने देव प्रकाश और उसकी भतीजी शिवांशी को मृत घोषित कर दिया। जबकि विनोद और उसकी पत्नी सीता को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, कार सवार दो भाई इकबाल और अफजाल भी दुर्घटना में घायल हो गए हैं। दोनों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। कार सवार रिश्तेदारी में महोबा आ रहे थे। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
मऊ : मोहम्मदाबाद गोहना सीट पर बसपा के प्रभारी प्रत्याशी जे.के. आजाद के ऐलान के बाद कार्यकर्ताओं में विरोध, पुलिस ने स्थिति संभाली
लखनऊ /मऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मऊ जिले की मोहम्मदाबाद गोहना (सुरक्षित) सीट पर बहुजन समाज पार्टी का एक फैसला चर्चा का विषय बन गया । पार्टी ने नए प्रभारी प्रत्याशी की घोषणा की, लेकिन इसके तुरंत बाद कार्यक्रम में मौजूद कई स्थानीय कार्यकर्ताओं ने खुलकर नाराजगी जताई। सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ टिकट को लेकर असंतोष है या फिर संगठन के भीतर गहराते मतभेदों का संकेत?

मऊ में आयोजित बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जैसे ही पार्टी नेतृत्व ने मोहम्मदाबाद गोहना सीट से जे.के. आजाद को प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया, कार्यक्रम का माहौल अचानक बदल गया। कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने फैसले का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और स्थानीय चेहरे को प्राथमिकता देने की मांग उठाई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय नेताओं और कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी चेहरे को जिम्मेदारी देना उचित नहीं है। उनका दावा था कि स्थानीय उम्मीदवार ही क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से समझ सकता है।

दूसरी ओर, पार्टी नेतृत्व ने इस विरोध को ज्यादा महत्व नहीं दिया। बसपा के वरिष्ठ पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी योग्य व्यक्ति को राज्य की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राजनीतिक दलों में भी अलग-अलग जिलों के नेताओं को विभिन्न सीटों से चुनाव लड़ाया जाता रहा है, इसलिए इसे मुद्दा बनाना उचित नहीं है।

नवनियुक्त प्रभारी प्रत्याशी जे.के. आजाद ने भी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व का निर्णय सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनावी तैयारियों में जुटेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बसपा संगठन पहले से अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच पहुंचेगा।

हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रत्याशी की घोषणा के तुरंत बाद सामने आया विरोध पार्टी के लिए चुनौती बन सकता है। यदि स्थानीय स्तर पर असंतोष को समय रहते दूर नहीं किया गया, तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक एकजुटता पर पड़ सकता है।

फिलहाल बसपा नेतृत्व अपने फैसले पर कायम है, जबकि कुछ स्थानीय कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े दिखाई दे रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले दिनों में पार्टी इस नाराजगी को किस तरह संभालती है और क्या सभी नेता-कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरते हैं या यह विवाद आगे भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना रहता है।
चेतगंज और रामनगर की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोचा,एक गोली से घायल
—रामनगर बंदरगाह रोड पर चली गोली ,घायल बदमाश ने सर्राफा व्यापारी से की थी लूटपाट

लखनऊ /वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद की चेतगंज और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात रामनगर के बंदरगाह रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आकाश सेठ और आशीष मौर्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घायल आकाश सेठ चेतगंज थाना क्षेत्र के तेलियाबाग में 27 जून की आधी रात सर्राफा व्यवसायी अमित कुमार से पांच लाख रुपये की लूट की वारदात में शामिल था।

लूट के दौरान व्यापारी से हुई छीना-झपटी में बदमाशों की बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर ही गिर गई थी। इसके बाद दोनों आरोपी वाहन छोड़कर पैदल फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली थी और तभी से उनकी तलाश की जा रही थी।

एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि रविवार रात चेतगंज थाना प्रभारी वी.के. शुक्ला को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल दोनों आरोपी रामनगर के भीटी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा को अवगत कराया गया और दोनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम तत्काल इलाके में पहुंच गई।

देर रात भीटी इलाके में पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बंदरगाह रोड की ओर से दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आकाश सेठ के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसका साथी आशीष मौर्या भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं। दोनों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।