गोंड समाज के साथ नहीं होने देंगे अन्याय, दिलाएंगे हक – बैजनाथ रावत अध्यक्ष एससी-एसटी आयोग उ०प्र०
महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर कहरवा नृत्य के साथ निकली भव्य झांकी

उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। भाजपा अनुसूचित जनजाति एवं गोंड युवा छात्र संघ आजमगढ़ के तत्वाधान में भाजपा कार्यालय पर शौर्य और वीरता की प्रतीक वीरांगना महारानी दुर्गावती को नमन करते हुए उनके दिवस को 'बलिदान दिवस के रूप में मनाया गया। गोष्ठी से पूर्व भाजपा कार्यालय से लेकर कलेक्ट्रेट तक पारंपरिक वेशभूषा में कहरवा नृत्य और घोड़े पर सवार वीरांगना महारानी दुर्गावती की जीवंत झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। कार्यक्रम का सफल आयोजन जिलाध्यक्ष भीम प्रसाद गोंड एवं जिला उपाध्यक्ष नंदलाल गोंड के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, आयोग के सदस्य तिजाराम और विशिष्ट अतिथि मुन्ना खरवार प्रदेश महामंत्री और विनय कुमार द्वारा महारानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने महारानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा: देश की रक्षा के लिए महारानी दुर्गावती का बलिदान आज की महिलाओं और युवाओं के लिए अत्यंत अनुकरणीय है। वर्तमान भाजपा सरकार गोंड जनजाति के उत्थान और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अध्यक्ष ने गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र का हक दिलाने के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर समाज के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर सत्येंद्र गोंड, ध्रुव सिंह, दीपचंद गोंड, फूलचंद गोंड, शिवचंद गोंड, पप्पू गोंड, कुलदीप गोंड, उदित नारायण गोंड, सोनू गोंड, सहातम गोंड, राजकुमार गोंड उपस्थित रहे।
निजी अस्पताल के डॉक्टर पर कर्मचारी को बंधक बनाकर पीटने का आरोप, बचाने आई मां लापता!

उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। जिले से एक बेहद हैरान और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शहर के मुकेरीगंज स्थित नामचीन और प्राचीन निजी अस्पताल के संचालक डॉक्टर पर अपने ही कर्मचारी व उसकी मां को बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के दलसिंगार निवासी एक पीड़ित परिवार ने हॉस्पिटल' के संचालक डॉक्टर पर अपने भाई और मां को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और गाड़ियां-मोबाइल हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से पीड़ित की मां लापता है। डरे सहमे पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता नीतू चौधरी और सपना चौधरी के मुताबिक उसका भाई संतोष चौधरी आनन्द अस्पताल में कर्मचारी है। विवाद के कारण सोमवार को जब वह काम पर नहीं गया, तो डॉक्टर ने कर्मचारी भेजकर उसे जबरन बुलवा लिया और शराब के नशे में उसकी बेरहमी से पिटाई की। देर रात मां को भी अस्पताल बुलाकर अभद्रता की गई और उनका मंगलसूत्र व मोबाइल छीन लिया गया, जिसके बाद से मां मंजू चौधरी लापता हैं। वहीं, मौके पर पहुंचीं दोनों बहनों के साथ भी बदसलूकी के साथ वीडियो बनाने पर उनकी मोबाइल भी छिन ली गई। पीड़ित बहनों का आरोप है कि भाई को छोड़ने के एवज में डॉक्टर ने उनकी कार, स्कूटी और मोबाइल भी जबरन अपने कब्जे में ले लिए। हद तो तब हो गई जब मौके पर पहुंचे पहाड़पुर चौकी इंचार्ज ने भी डॉक्टर के रसूख के आगे घुटने टेक दिए और निष्पक्ष कार्रवाई करने की बजाय भाई संतोष को लात जूतों से पीटने लगे। पीड़ित बहनों ने एसपी से मिलकर डॉक्टर के कब्जे से अपना सामान छुड़ाने सहित भाई की रिहाई और लापता मां की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
विकास और जनसमस्याओं को लेकर निजामाबाद में लालू मिश्रा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़: जनपद के निजामाबाद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अरुण कुमार मिश्रा उर्फ़ लालू मिश्रा ने सोमवार को शेरपुर तिराहा स्थित अंबेडकर पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के पहले दिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और मंच से अपनी समस्याएं व सुझाव रखे।
आंदोलन में मुख्य रूप से निजामाबाद-भद्दुली व रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बिजली, सार्वजनिक शौचालय और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई गई। धरने का नेतृत्व कर रहे लालू मिश्रा ने कहा कि जब तक इन मांगों पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान निजामाबाद से भद्दुली पुल तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर समर्थन दिया।
दावों की खुली पोल: जब भाजपाई ही रोने लगे बिजली का रोना

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। भाजपा सरकार और सत्ताधारी दल के बड़े-बड़े सूरमा मंचों से चीख-चीखकर दावा करते नहीं थकते कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पहले से चकाचक है, बिजली का संकट इतिहास बन चुका है और जनता 24 घंटे रोशनी में नहा रही है।

लेकिन हकीकत कुछ और ही है जहां भाजपा नेता और कार्यकर्ता ख़ुद बिजली व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है।

भाजपाई खुद बदहाल बिजली व्यवस्था के आगे घुटने टेकने पर मजबूर हो गए। नगर सहित पूरे आजमगढ़ जनपद में पिछले दो-तीन दिनों से बिजली कटौती ने त्राहि-त्राहि मचा रखी है। भीषण उमस और गर्मी के बीच जब जनता का सब्र टूटा, तो भाजपा नेताओं को भी अपनी साख बचाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।

सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अखिलेश कुमार मिश्र ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता रामबाबू के दफ्तर जा धमका।

नेताओं के तेवर देख मुख्य अभियंता ने भी इन्हें वही घिसा-पिटा 'आश्वासन का लॉलीपॉप' थमा दिया।

उन्होंने जल्द बिजली व्यस्था दुरुस्त करने के साथ जर्जर तारों का स्टीमेट बनाकर कार्रवाई करने की बात भी कही।

अपनी ही सरकार के खिलाफ एक तरह से मोर्चा खोलने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री पवन सिंह मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष अवनीश मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर, मंडल अध्यक्ष शशिकांत विश्वकर्मा, बाबूराम चौहान, नगर महामंत्री नीरज सिंह, सभासद अवनीश चतुर्वेदी, सभासद पुरुषोत्तम सिंह, अभिषेक गुप्ता और मुंशी निषाद आदि शामिल रहे।
रोटरी क्लब ने किया कारागार मंत्री का आभार
जेल की जमीन पर अतिक्रमण बरदाश्त नहीं : दारा सिंह चौहान

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। शहर के मध्य में स्थित जर्जर और खाली पड़ी पुरानी जेल की भूमि के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का रोटरी क्लब आजमगढ़ द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

नगर के पुरानी कोतवाली स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित इस समारोह में अपने काफिले के साथ पहुंचे कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल और सचिव रवि शंकर प्रजापति के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर, अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। क्लब के सदस्यों ने आजमगढ़ जनपद को विकास की एक नई दिशा देने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रोटरी क्लब की ओर से सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक स्थाई कार्यालय की भी मांग की गई।

स्वागत से अभिभूत होकर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा, रोटरी क्लब हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए तत्पर रहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि रोटरी क्लब इसी सेवा भावना के साथ सरकार के साथ मिलकर आजमगढ़ के विकास में चार चांद लगाने का काम करेगा। पुरानी जेल की भूमि के भविष्य पर बोलते हुए कारागार मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि जेल की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कोई अतिक्रमण होगा तो उसे तुरंत हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बहुमूल्य जमीन का उपयोग केवल और केवल विकास कार्यों के लिए ही किया जाएगा। इसके कायाकल्प के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा इस परियोजना का भव्य शिलान्यास कराया जाएगा।

इस अवसर पर अनूप अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, मनीष रत्न अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, रित्विक जायसवाल, प्रवीन सिंह, अजेंद्र राय, गगन अग्रवाल, आनन्द बरनवाल, राकेश अग्रवाल, रितेश गोयल, अमन गर्ग आदि उपस्थित रहे।
शहर के पहाड़पुर गौशाला प्रांगण में 12वा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को नगर के पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला प्रांगण में 'योग करो, निरोग रहो' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पतंजलि योगपीठ एवं श्रीकृष्ण गौशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में गौशाला अध्यक्ष अनूप अग्रवाल और श्रेय अग्रवाल के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जे.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन और योग संचालक अरुण कुमार के नेतृत्व में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग सिर्फ एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन जीने का वास्तविक आधार है। उन्होंने समाज और जनपद के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने देश के विकास में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री के साल 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध होना चाहिए। यह गौशाला असहायों, चोटिल, बाझींन और बूढ़ी गायों के सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
भरत तिवारी की मौत को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में उबाल
उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। बिहार में भरत तिवारी की मौत को लेकर आजमगढ़ में भी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में आक्रोश देखने को मिला। जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह एवं जिला महामंत्री ओंकार पाठक सोनू के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से भरत तिवारी के परिजनों को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर हत्या का मुकदमा कायम करते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इस अवसर पर जिला महामंत्री ओंकार पाठक सोनू ने कहा कि भरत तिवारी एक समाजसेवी, बाढ़ व कटान पडि़तों की समस्या को लेकर संघर्ष कर रहे थे और जन समस्यायों का निदान हेतु सक्षम अधिकारियों के साथ संघर्ष भी करते थे। उसके बावजूद भी फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उनको चार गोली मारी गई, जो लोकतंत्र की हत्या है। यदि समय रहते राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संगठन पुन: आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सडक़ पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए तैयार है। ज्ञापन देने वालों में संजय मिश्रा, एडवोकेट दीपक मिश्रा, एडवोकेट विनोद मिश्रा, निखिल राय, अजय राय आदि उपस्थित रहे।
सराफा व्यापारियों के लिए सबक, वीडियो वायरल
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। शहर के सराफा मंडी में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक युवक के पीछे दौड़ रहे हैं। थोड़ी देर बाद वे उसे पकड़कर बाइक पर बैठाकर वापस लाते हैं और बाइक से उतारते ही सरेराह उसकी पिटाई शुरू कर देते हैं। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों और सराफा व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित बद्री कटरा के सामने का है। बताया जा रहा है कि यह हाईवोल्टेज ड्रामा शायद होटल कालिका घराने में हुई एक चोरी की घटना से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने घर से आभूषण चोरी करने के बाद बद्री कटरा के एक सराफा दुकानदार को बेच दिए थे।

जब पीड़ित पक्ष को घर में हुई चोरी और जेवर बेचे जाने की जानकारी हुई, तो वे आरोपी युवक को पकड़कर उस सराफा दुकानदार की पहचान कराने के लिए बद्री कटरा लाए थे, जिसने चोरी के जेवर खरीदे थे। इसी पूछताछ के दौरान आरोपी युवक अचानक पीड़ित पक्ष के चंगुल से छूटकर भागने लगा।

आरोपी को भागता देख पीड़ित पक्ष के लोगों ने उसे दौड़ाया और कुछ दूरी पर जाकर फिर से दबोच लिया। इसके बाद उसे वापस लाकर सरेराह उसकी धुनाई शुरू कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान पीड़ित पक्ष के साथ कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

सड़क पर हंगामा और मारपीट होते देख धीरे-धीरे वहां स्थानीय सराफा व्यापारियों का जमावड़ा जुटने लगा। माहौल को भांपते हुए पीड़ित पक्ष का गुस्साया परिवार वहां से निकल गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद वे पुलिस बल को अपने साथ लेकर वापस बद्री कटरा पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और दुकानदार से पूछताछ की और फिर वहां से रवाना हो गई।

इस घटना ने सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा और उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारों का कहना है कि यदि कोई भी सराफा व्यवसायी किसी अनजान व्यक्ति से आभूषण खरीदता है, तो उसे खरीदने से पहले ग्राहक के पहचान पत्र और आभूषण के बिल की पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर लेनी चाहिए, ताकि इस तरह के विवादों और कानूनी पचड़ों से बचा जा सके।

फिलहाल, यह पूरा मामला अब बदरका पुलिस चौकी तक पहुंच चुका है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या रुख अपनाती है।
मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इसी भावना को चरितार्थ करता


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़::भारत विकास परिषद की इलीट शाखा द्वारा नगर के मुख्य चौक पर स्थित दक्षिणमुखी देवी मंदिर के बाहर भव्य सेवार्थ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जेठ मास के सातवें बड़े मंगल पर महिला सदस्य पूजा अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत भीषण गर्मी और धूप में आने-जाने वाले सैकड़ों राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए प्रसाद स्वरूप खिचड़ी और ठंडे शर्बत का वितरण किया गया।

इस सेवा कार्य के संबंध में जानकारी देते हुए प्रमुख सदस्य पूजा अग्रवाल ने बताया कि संगठन द्वारा सामाजिक और धार्मिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य किए जाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भूखे-प्यासे राहगीरों को राहत पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनीत कार्यों के माध्यम से न केवल लोगों की सेवा होती है, बल्कि एक बड़ा धर्मकाज भी संपन्न होता है, जिससे मन को असीम संतुष्टि मिलती है।

आयोजन के दौरान योगिता, पूजा, लतिका, श्रुति, महिला सहभागिता मनीला अग्रवाल सहित ओम अग्रवाल, रमेश अग्रवाल और गौरव मित्तल ने अपनी सेवाएं दीं।

कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में इलीट शाखा के सचिव पंकज अग्रवाल और अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति और विशेष योगदान रहा। राहगीरों ने भी परिषद के इस सेवा भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
राष्ट्र जागरण, सामाजिक समरसता और चुनौतियों के दृढ़ मुकाबले से ही भारत का उत्थान संभव: विश्व हिंदू परिषद


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। पिछले १० दिनों से भदुली स्थित साईं इंटरनेशनल स्कूल में प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न सत्रों में केंद्रीय और क्षेत्रीय अधिकारियों ने अपने विचार रखे। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस १० दिवसीय प्रांतीय 'शिक्षा वर्ग' में राष्ट्र रक्षा, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक इतिहास पर गहन मंथन हुआ।

कार्यक्रम में विहिप के केंद्रीय सह मंत्री मनोज, क्षेत्र सत्संग प्रमुख दिवाकर, विधि प्रकोष्ठ के क्षेत्र संयोजक बृजेन्द्र सिंह और क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख (लखनऊ क्षेत्र) प्रदीप ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि हिंदू संस्कृति अनादि और पूर्णतः वैज्ञानिक है, जो 'कण-कण में भगवान' के भाव पर आधारित है। हमारे सभी व्रत-त्यौहार पर्यावरण के अनुकूल हैं। विधिक सत्र में कार्यकर्ताओं को गोरक्षा और अवैध धर्मान्तरण विरोधी कानूनों की बारीकियों से अवगत कराते हुए 'लव जिहाद', 'लैंड जिहाद' व 'व्यवसाय जिहाद' के खिलाफ सजग रहने और पीड़ित बहनों की सुरक्षा हेतु दुर्गावाहिनी और बजरंग दल को सक्रिय करने का आह्वान किया गया।

विशेष बौद्धिक सत्र में प्रदीप ने बताया कि हिंदुओं के धर्मान्तरण को रोकने और समाज को सशक्त करने हेतु श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सन् १९६४ को मुंबई के पवई में विहिप की स्थापना हुई। १९६६ के प्रयाग कुंभ में प्रथम हिंदू सम्मेलन के मंच पर चारों शंकराचार्यों ने 'हिन्दवः सोदराः सर्वे' का अमर उद्घोष किया। वर्तमान में परिषद के माध्यम से ५७ हजार सेवा केंद्र संचालित हैं। प्रदीप ने साम्यवाद, अलगाववाद और आतंकवाद जैसी चुनौतियों पर सचेत करते हुए बताया कि ईसाई मिशनरियों द्वारा बड़े बजट के साथ धर्मान्तरण का खेल खेला जा रहा है, वहीं कश्मीर में आतंकवाद और देश में नक्सलवाद के जरिए युवाओं को भटकाया गया।

समाज को एकजुट होकर इन देशविरोधी ताकतों का पूर्ण बहिष्कार करना होगा। सत्र अंत में वक्ताओं ने जोर दिया कि जब तक सभी हिंदू जातियां 'संगत से पंगत तक' एक साथ नहीं बैठेंगी, तब तक वास्तविक समरसता नहीं आएगी। इस वर्ग का मुख्य उद्देश्य जातिगत भेदभाव मिटाकर राष्ट्र रक्षा के लिए युवाओं को प्रेरित करना है। वर्ग के समापन सत्र में मुख्य रूप से प्रांत अध्यक्ष सह संरक्षक नागेंद्र ने आह्वान किया कि "अनुशासन ही वह नींव है जिस पर एक कुशल चरित्र और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है। आप अनुशासन और कर्तव्य का पालन करते हुए आगे बढ़ें।" इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिया गया कि वे स्वच्छ मन से समाज के बीच जाकर कार्य करें और भारत को पुनः हिंदू राष्ट्र बनाने में अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

इस समापन अवसर पर क्षेत्र संयोजक बजरंग दल माननीय पूर्णेन्दु, प्रांत संगठन मंत्री दीपेश, संयुक्त विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु, प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख श्री राम कृष्ण मिश्रा, विभाग मंत्री गोपाल, विभाग सहमंत्री विनोद व मनोज शाही, विभाग संयोजक दिनेश, जिला कार्याध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्षा सोमिता श्रीवास्तव, विभाग सहमंत्री विनोद सोनकर व मनोज शाही, जिला मंत्री अभिषेक सिंह “उधम”, जिला सहमंत्री डॉ राहुल राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही।