जलसा शुहदा-ए-इस्लाम के पांचवें इजलास में सहाबा-ए-किराम की अज़मत पर रोशनी
सुल्तानपुर,जामिया इस्लामिया सुल्तानपुर में जारी दस दिवसीय "जलसा शुहदा-ए-इस्लाम" के पांचवें इजलास का आयोजन जामिया के नाज़िम-ए -आला मौलाना मुहम्मद उस्मान कासमी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता मौलाना मुहम्मद आसिफ आज़मी ने सहाबा-ए-किराम के मक़ाम, फज़ीलत और खिलाफत-ए-राशिदा के विषय पर विस्तार से संबोधित किया।
अपने बयान में मौलाना आसिफ आज़मी ने कहा कि नबी-ए-करीम ﷺ के बाद मक़ाम और मर्तबे के लिहाज से हज़रत अबू बक्र सिद्दीक़ (रज़ि.), हज़रत उमर फ़ारूक़ (रज़ि.), हज़रत उस्मान ग़नी (रज़ि.) और हज़रत अली अल-मुर्तज़ा (रज़ि.) का दर्जा क्रमवार सबसे ऊंचा है। उन्होंने कहा कि खुलफ़ा-ए-राशिदीन की वर्तमान तरतीब ही तरतीब-ए-बरहक़ है और यही अहल-ए-सुन्नत का मान्य दृष्टिकोण रहा है।
मौलाना ने अपने संबोधन में कहा कि सहाबा-ए-किराम इस्लाम में हक़ और मार्गदर्शन का पैमाना हैं तथा उनके सम्मान और तक़द्दुस की हिफाज़त हर मुसलमान की जिम्मेदारी है। उन्होंने वाक़िया-ए-ग़दीर-ए-ख़ुम का उल्लेख करते हुए कहा कि उसका संदर्भ और पृष्ठभूमि अलग थी तथा उसे खिलाफत के मसले से जोड़कर देखना सही नहीं है।
कार्यक्रम में मौलाना मुहम्मद मुख़्तार कासमी ने भी सहाबा-ए-किराम की अज़मत और उनके दीन के लिए किए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जलसे का शुभारंभ जामिया के छात्र मुहम्मद ज़ाहिद की तिलावत-ए-कुरआन से हुआ। इसके बाद अरबी सोम के छात्र मुहम्मद अजमल ने "सीरत-ए-अली" विषय पर प्रभावशाली तकरीर प्रस्तुत की। वहीं मौलाना मुहम्मद अराफात कासमी तथा छात्र मुहम्मद सरफराज ने नात व मनकबत पेश कर माहौल को रूहानी रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उलेमा, तलबा और आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन मौलाना मुहम्मद आसिफ आज़मी की दुआ के साथ हुआ। जलसा शुहदा-ए-इस्लाम का यह पांचवां इजलास अत्यंत शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नफरत फैलाने वालों को सत्ता का संरक्षण,न्याय नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन : राणा*
चांदा कांड पर कांग्रेस का हमला तेज, आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की मांग*

सुल्तानपुर। चांदा थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवकों के साथ हुई कथित मारपीट, लूटपाट एवं (धर्म परिवर्तन) धार्मिक नारे लगाने के प्रयास के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह 'राणा' एवं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि 4 जून 2026 को चांदा थाना क्षेत्र के बहरिया गांव स्थित साहब बंदगी आश्रम के पास मुस्लिम युवकों के साथ कथित रूप से मारपीट, लूटपाट तथा धार्मिक उन्माद फैलाने की घटना हुई थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़ित परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। पार्टी ने मांग की कि घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित युवकों को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाए। कांग्रेस ने समाज में भय और तनाव फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी मानसिकता के लोग खुलेआम सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। राणा ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। भाजपा सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और निर्दोष लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं। समाज में नफरत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई न होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है और इससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पार्टी के शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि यह मामला केवल एक समुदाय का नहीं बल्कि पूरे समाज की एकता और भाईचारे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जो लोग धर्म और नफरत के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है। अंसारी ने कहा कि दोषियों को बचाने की किसी भी कोशिश को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई कर यह संदेश देना होगा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिला/शहर कांग्रेस कमेटी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी,जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह सलूजा, सुब्रत सिंह सनी, वरिष्ठ नेता मो जफर खान,सलाउद्दीन हाशमी,हामिद राईनी, विजयपाल,कमर खान,ममनून आलम,देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव,मोहसिन सलीम,नंदलाल मौर्य, इमरान अहमद,अबरार अहमद, इकरार खान,जीशान अहमद,जसीम अहमद आदि लोग प्रतिनिधि मंडल में शामिल रहे। भवदीय अभिषेक सिंह राणा अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सुल्तानपुर
सड़क किनारे भारत निर्वाचन आयोग के भरे हुए मतदाता पंजीकरण फॉर्म झाड़ियों में पड़े मिलने से मचा हड़कम्प, डीएम ने दिए जाँच के आदेश*
सुल्तानपुर में आज उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे भारत निर्वाचन आयोग के भरे हुए मतदाता पंजीकरण फॉर्म झाड़ियों में पड़े मिले। इतना ही फॉर्म में नाम पते,मोबाइल नंबर के साथ साथ आधार कार्ड की फोटो कॉपी सहित तमाम जरूरी कागजात भी लगे हुए थे। स्थानीय लोगों ने जब इस बात की जानकारी आलाधिकारियों को दी तो उनके होश उड़ गए। फिलहाल जानकारी लगते ही जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने फॉर्म को जब्त करवा कर जांच के आदेश दे दिए हैं और कड़ी कार्यवाही की बात कह रहे हैं। दरअसल ये मामला है लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दियरा मार्ग का। यहीं पर सड़क किनारे झाड़ियों में कुछ कागजात पड़े दिखाई पड़े तो ग्रामीणों को कुछ शक हुआ। ग्रामीण वहां पहुंचे तो वहां भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता फॉर्म 6 भरे पड़े हुए थे। साथ में उनके नाम, पते,मोबाइल नंबर के साथ आधार कार्ड सहित तमाम निजता के डाक्यूमेंट्स भी लगे हुए थे। इस बात की जानकारी लगते ही ग्रामीण अचंभित हो गए और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। वहीं किसान नेता प्रभात सिंह ने इस मामले में प्रशासन को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कागजात के साथ साथ आम आदमी के जरूरी कागजात सड़कों पर पड़ा मिलना कहीं न कही घोर लापरवाही उजागर कर रहा है। प्रभात सिंह ने इसकी भारत निर्वाचन आयोग सहित जिलाधिकारी से मामले की जांच करवाने का अनुरोध किया है ताकि जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा सके। फिलहाल जानकारी लगते ही सुल्तानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने एसडीएम हुआ और सीओ लंभुआ को भेज कर सारे कागजात जप्त करवा लिए है। उनकी माने तो जो फॉर्म झाड़ियों में फेंके गए थे वो फॉर्म-6,2017-18 के हैं साथ ही आर सी फॉर्म भी मिले हैं, फिलहाल ये फार्म तहसील में सीसीटीवी की निगरानी में रहते हैं,वहां का ताला कैसे तोड़ा गया,फॉर्म कैसे वहां निकले और बाहर गए,इसकी जांच करवाई जा रही है, साथ ही एफआईआर दर्ज गंभीरता से जांच करवाई जाएगी और जो भी दोषी है उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करवाई जाएगी।
सुल्तानपुर में भरत तिवारी की हत्या के विरोध में निकाला कैंडिल मार्च, न्यायिक व्यवस्था पर उठाए सवाल*
सुल्तानपुर,स्वर्गीय भरत तिवारी की बिहार पुलिस द्वारा कथित निर्मम हत्या और "सड़ चुकी न्यायिक/प्रशासनिक व्यवस्था" के विरोध में शुक्रवार को सुल्तानपुर के युवाओं ने कैंडिल मार्च निकाला। भगवान परशुराम युवा वाहिनी एवं समस्त युवा सुल्तानपुर के बैनर तले आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर भरत तिवारी की तस्वीर वाले पोस्टर और काले बैनर के साथ नारेबाजी की। बैनर पर लिखा था: _"स्वर्गीय भरत तिवारी जी की बिहार पुलिस द्वारा निर्मम हत्या एवं सड़ चुकी न्यायिक/प्रशासनिक व्यवस्था के विरोध में 'कैंडिल मार्च'"_। मार्च के दौरान युवाओं ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिसिया बर्बरता और न्याय में हो रही देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
बिहार के सामाजिक कार्यकर्ता भरत तिवारी की स्मृति में गुप्तारगंज स्थित गायत्री मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया
सुल्तानपुर,कटका क्लब सामाजिक संस्था की ओर से बिहार के सामाजिक कार्यकर्ता भरत तिवारी की स्मृति में गुप्तारगंज स्थित गायत्री मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
कार्यक्रम का नेतृत्व नरेंद्र देव तिवारी ने किया। इस अवसर पर कटका क्लब के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ऋषभदेव शुक्ला ने कहा कि भरत तिवारी ने निस्वार्थ भाव से समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा की। ऐसे व्यक्तित्व का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार और सेवा कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
वहीं कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र 'विनम्र' ने कहा कि समाज सेवा केवल एक कार्य नहीं बल्कि जीवन जीने का सर्वोत्तम माध्यम है, जिसका उदाहरण भरत तिवारी थे। उन्होंने कहा कि संस्था उनके अधूरे सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेती है।
इस मौके पर धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिनेत्र पांडेय एवं भाजपा नेता प्रदीप मिश्र 'सरकार' ने संयुक्त रूप से कहा कि भरत तिवारी का सरल स्वभाव, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे समाजसेवी कभी वास्तव में विदा नहीं होते, बल्कि अपने कार्यों और आदर्शों के माध्यम से हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं। इस मौके पर कौशल दुबे, संतोष मिश्र, सोनू तिवारी बरौला, सौम्य शुक्ला, मोनू तिवारी, बृजेंद्र मिश्र, मनीष पांडेय, हर गोविंद पांडेय, गौरव, सचिन, शिवम शुक्ला, दर्जनों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। ।
संजय सिंह एडवोकेट निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित पर्यवेक्षकों की निगरानी में सम्पन्न हुआ क्षत्रिय एजूकेशनल एसोसिएशन का चुनाव*
सुल्तानपुर,संजय सिंह एडवोकेट निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित पर्यवेक्षकों की निगरानी में सम्पन्न हुआ क्षत्रिय एजूकेशनल एसोसिएशन का चुनाव सुल्तानपुर। क्षत्रिय एजूकेशनल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक एवं निर्वाचन कार्यक्रम क्षत्रिय भवन में नामित पर्यवेक्षकों की देखरेख में सम्पन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया के उपरांत सदन ने सर्वसम्मति से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सिंह एडवोकेट को पुनः संस्था का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। उल्लेखनीय है कि संजय सिंह वर्ष 1999 से लगातार क्षत्रिय एजूकेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से निर्वाचित होते आ रहे हैं। वर्ष 2026 में उनका दसवाँ कार्यकाल प्रारम्भ हुआ है, जो संस्थाओं के प्रति उनके समर्पण, सदस्यों के अटूट विश्वास तथा उनके सफल नेतृत्व का प्रमाण है। निर्वाचन में उपाध्यक्ष पद पर डॉ. आर.पी. सिंह, मंत्री/सचिव पद पर रमेश सिंह, सह सचिव पद पर अमरेंद्र प्रताप सिंह, संप्रेक्षक पद पर पवन कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद पर अमर बहादुर सिंह निर्वाचित घोषित किए गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में संजय प्रताप सिंह, अनिल प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह, महेश नारायण सिंह, राणा संदीप सिंह, राम गोविंद पाल, उत्कर्ष सिंह एवं गौरव सिंह का चयन किया गया। सदन के सदस्यों ने अध्यक्ष संजय सिंह को महात्मा गांधी स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रबंध समिति हेतु सदस्यों के चयन का अधिकार प्रदान किया। अध्यक्ष ने प्रो. विनोद कुमार सिंह, बृजभान सिंह, राम बहादुर सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, अजय कुमार सिंह, रामेश्वर प्रसाद सिंह तथा धनंजय सिंह के नाम सदस्य के रूप में घोषित किए। इसी क्रम में राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रबंध समिति हेतु शुभ नारायण सिंह, बजरंग बहादुर सिंह, धनंजय प्रताप सिंह, शिव प्रसाद सिंह, बाल चंद्र सिंह, अरुण कुमार सिंह, सुरेंद्रनाथ सिंह एवं सूर्यभान सिंह के नाम घोषित किए गए। राणा प्रताप विधि महाविद्यालय, कूरेभार की प्रबंध समिति हेतु ठाकुर प्रसाद सिंह, योगेश प्रताप सिंह, देवांश सिंह, सुनील कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह, सूर्य प्रताप सिंह एवं पशुपतिनाथ सिंह को सदस्य नामित किया गया। गौरतलब है कि क्षत्रिय एजूकेशनल एसोसिएशन की स्थापना वर्ष 1944 में श्रद्धेय बाबू बेंचू सिंह वकील ने अपने सहयोगियों के साथ की थी। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा डॉ. दिवाकर त्रिपाठी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा आनंद कुमार मौर्य, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज, बुआपुर को पर्यवेक्षक नामित किया गया था। उनकी देखरेख में सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह एडवोकेट ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षत्रिय एजूकेशनल एसोसिएशन अपने पूर्वजों के आदर्शों एवं उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी।
सुल्तानपुर गोमती मित्र मंडल ने तिकोनिया पार्क में आयोजित योग शिविर में हिस्सा लिया बाद में सीताकुंड धाम पर किया साप्ताहिक श्रमदान*
जोड़ता है योग,ख़त्म करता है रोग,समझ लीजिये इसे सभी लोग:-मदन सिंह*

सुल्तानपुर,"जोड़ता है योग,ख़त्म करता है रोग,समझ लीजिये इसे सभी लोग।" इस प्रेरक संदेश के साथ गोमती मित्र मंडल के सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य और सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया।रविवार सुबह शहर के तिकोनिया पार्क में आयोजित एक भव्य योग शिविर में भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। उसमें शामिल होने के तत्काल बाद हर रविवार आयोजित होने वाले साप्ताहिक श्रमदान के साथ पूरे सीताकुण्ड धाम की सफाई की। संरक्षक रतन कसौधन ने उपस्थित गोमती मित्रों व श्रद्धालुओं को योग के महत्व के प्रति जागरूक करते हुये कहा की योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है बल्कि यह मन,शरीर और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। नियमित योग करने से हम गंभीर से गंभीर रोगों से मुक्ति पा सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और स्वच्छ पर्यावरण से ही हमारा जीवन सुरक्षित रह सकता है। आज के दोहरे आयोजन का उद्देश्य भी यही था कि लोग स्वास्थ्य के साथ-साथ अपने सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों को भी समझें। दोनों ही कार्यक्रमों में संरक्षक रतन कसौधन,प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन,प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी,मुन्ना सोनी,राकेश सिंह दद्दू,राजीव कसौंधन, राजेश पाठक,डॅा.कुंवर दिनकर प्रताप सिंह,अजीत शर्मा,विकास शर्मा,आलोक तिवारी,सुनील कसौंधन,रामू सोनी,अर्जुन यादव,अभय पंडित आदि मौजूद रहे।
पांचवी मोहर्रम को गरीब सेवा समिति के अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर नसीब खान की अध्यक्षता में शरबत वितरण किया गया।*
सुल्तानपुर जनपद के गोसाईगंज बाजार में जामा मस्जिद के पास पांचवी मोहर्रम को गरीब सेवा समिति के प्रदेश अल्पसंख्यक अध्यक्ष डॉक्टर नसीब खान की अध्यक्षता मैं शरबत वितरण कार्यक्रम किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में लोगों में शरबत पिया, वहीं पर जिला पंचायत के भावी उम्मीदवार गुड्डू खान ने बताया की मोहर्रम के महीने में लोग ताजिया बनाते हैं,जुलूस निकालते हैं और सरकार इमाम हसन और हुसैन को याद करते हैं,उनके नाम से मजलिस करते हैं और गरीब यतीम की मदद करते हैं।
इस महीने में ज्यादातर नेक काम करना चाहिए गलत कामों से बचना चाहिए और अल्लाह पाक की इबादत करना चाहिए,इस मौके पर आबाद हाशमी,दिलशाद बाबा, कादरी दाउदपुर,कबीर अहमद,पप्पू भाई, दानिश अहमद,आदिल कुरैशी,मौलाना सोहेल साहब आदि सम्मानित लोग मौजूद रहे।
गनपत सहाय महाविद्यालय में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
आज दिनांक 21 जून 2026 को महाविद्यालय के पयागीपुर परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ.ओम प्रकाश पाण्डेय 'बजरंगी' की गरिमामयी उपस्थिति रही।मुख्य अतिथि ने योग को अपने जीवन शैली में नियमित रूप शामिल करने की सलाह दी और कहा कि प्रतिदिन नियमित रूप योग करने से हम सभी न केवल शारीरिक अपितु मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहेंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह”राणा”ने कहा कि वर्तमान समय में सभी को अपने व्यस्त समय से कुछ समय निकालकर योग करना चाहिए क्योंकि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए और ऊर्जावान बने रहने के लिए योग करते रहना चाहिए।कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.रवींद्र कुमार शुक्ला जी उपस्थिति रहे जिन्होने सभी को योगाभ्यास कराया एवं योग करने से हमें क्या क्या लाभ होगा उसके विषय में विस्तार से चर्चा की।कार्यक्रम संयोजक वाणिज्य विभाग के डॉ.विष्णु शंकर अग्रहरि ने आए हुए अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया है।इस अवसर पर प्रो.जयशनाथ मिश्र,प्रो. राजीव श्रीवास्तव,प्रो.मनोज मिश्र, डॉ.मो.शकील खान,डॉ.गणेश मिश्र,डॉ.देवेन्द्र नाथ मिश्र,डॉ.अजय कुमार मिश्र, डॉ.विनोद उपाध्याय,डॉ.अरविंद द्विवेदी, डॉ.विक्रमादित्य,डॉ.पवन पाण्डेय,डॉ.संतोष निगम,किशोर भटनागर, राजकुमार पाण्डेय,आशुतोष श्रीवास्तव, लक्ष्मी नारायण शुक्ला,लल्लन चौधरी, हरिराम,डॉ.कुँवर दिनकर प्रताप सिंह, नंदलाल विश्वकर्मा,अंशु श्रीवास्तव, अरुण मिश्र,भूपेंद्र श्रीवास्तव,श्याम तिवारी,श्यामाचरण एवं बड़ी संख्या में प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण उपस्थित रहे।अंत में सूक्ष्म जलपान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।
विधिवत मंत्रोच्चारण द्वारा पूजन अर्चन कर समारोहपूर्वक शुभारम्भ किया


आज नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा वार्ड शास्त्रीनगर  में भोले बाबा मन्दिर, पुलिस चौकी के निकट स्थित तालाब का कायाकल्प करते हुए जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की उपस्थिति में विधिवत मंत्रोच्चारण द्वारा पूजन अर्चन कर समारोहपूर्वक शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि यह काफी पुराना तालाब है, जो अत्यन्त जीर्णशीर्ण व दयनीय अवस्था में था, पूर्व सांसद मा0 श्रीमती मेनका संजय गॉंधी जी एवं स्थानीय लोगों द्वारा इसके जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण कराते हुए सरोवर व पार्क के स्वरूप में विकसित कराये जाने की बराबर मॉग की जा रही थी, जिसे देखते हुए  इस पूर्व में खुदाई कराकर भूगर्भ-जल संरक्षण हेतु विकसित किये गये कच्चे तालाब (30 मी0×30 मी0) को पालिका द्वारा नया स्वरूप देते हुए चारों तरफ कोटा स्टोन से पक्की सीढ़ियां, आर0सी0सी स्लैब पर ग्रेनाइट पत्थर युक्त 10 बेंच, बाउण्ड्रीवाल, फाउण्टेन का अधिष्ठापन, हार्टीकल्चर पौधरोपण, इन्टरलॉकिंग टाइल्स से 02 मी0 चौड़ा चारों तरफ पाथवे, सबमरसिबल पम्प, लोहे का गेट, प्रकाश व्यवस्था के तहत 12.50 मी0 ऊॅंचाई के हाईमास्ट का अधिष्ठापन आदि कार्य कराते हुए मूलभूत सुविधाओं से लैस कर जनता को समर्पित किया जायेगा, साथ ही अपने उद्बोधन में घोषणा की कि तालाब के निकट ही पेडस्टल का निर्माण कराते हुए पूर्व प्रधानमन्त्री भारत रत्न स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा का अधिष्ठापन भी शीघ्र कराया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि मेरे द्वारा भी पालिकाध्यक्ष को स्थानीय लोगों की मॉग पर व्यक्तिगत रूप से इस तालाब के जीर्णोद्धार व सौन्दर्यीकरण के कार्य हेतु सरोवर व पार्क के रूप में विकसित करने की मॉग की गयी थी, जिसे आज कार्य कराये जाने का शुभारम्भ किया जा रहा है, जिसके लिए पालिकाध्यक्ष को धन्यवाद व्यक्त किया व कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा वर्षाजल के संरक्षण एवं जगह-जगह पर आमजनमानस के स्वास्थ्य लाभ हेतु पार्कोें को विकसित किये जाने हेतु चलायी जा रही परियोजनाओं के तहत नगर पालिका नगर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विकास कार्य करा रही है, जो सराहनीय है। कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद श्रीमती रेनू सिंह व अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सहायक-अभियन्ता सन्तोष कुमार, सभासद रमेश सिंह टिन्नू, अखिलेश मिश्र, अरूण कुमार तिवारी, संजय कप्तान, दिनेश चौरसिया, गिरीश कुमार मिश्र, सन्दीप सोनकर, अफजल अंसारी व देवानन्द, मनीष जायसवाल, सुधीर तिवारी, मो0 अहमद भाई एवं जिला महामंत्री अयोध्या प्रसाद वर्मा, मंजू तिवारी, अरविन्द सिंह, रूद्रसेन सिंह, संजय सिंह सोमवंशी, विजयानन्द मिश्र, देवी प्रसाद तिवारी, लाल साहब पाण्डेय, ओपी त्रिपाठी, हनुमान त्रिपाठी, मिथिलेश सिंह, शीतला शंकर मिश्रा आदि भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों सहित भाजपा पदाधिकारीगण व अन्य गणमान्य बन्धु उपस्थित रहे।