भरत तिवारी की मौत को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में उबाल
उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। बिहार में भरत तिवारी की मौत को लेकर आजमगढ़ में भी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में आक्रोश देखने को मिला। जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह एवं जिला महामंत्री ओंकार पाठक सोनू के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से भरत तिवारी के परिजनों को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर हत्या का मुकदमा कायम करते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इस अवसर पर जिला महामंत्री ओंकार पाठक सोनू ने कहा कि भरत तिवारी एक समाजसेवी, बाढ़ व कटान पडि़तों की समस्या को लेकर संघर्ष कर रहे थे और जन समस्यायों का निदान हेतु सक्षम अधिकारियों के साथ संघर्ष भी करते थे। उसके बावजूद भी फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उनको चार गोली मारी गई, जो लोकतंत्र की हत्या है। यदि समय रहते राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संगठन पुन: आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सडक़ पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए तैयार है। ज्ञापन देने वालों में संजय मिश्रा, एडवोकेट दीपक मिश्रा, एडवोकेट विनोद मिश्रा, निखिल राय, अजय राय आदि उपस्थित रहे।
सराफा व्यापारियों के लिए सबक, वीडियो वायरल
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। शहर के सराफा मंडी में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक युवक के पीछे दौड़ रहे हैं। थोड़ी देर बाद वे उसे पकड़कर बाइक पर बैठाकर वापस लाते हैं और बाइक से उतारते ही सरेराह उसकी पिटाई शुरू कर देते हैं। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों और सराफा व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित बद्री कटरा के सामने का है। बताया जा रहा है कि यह हाईवोल्टेज ड्रामा शायद होटल कालिका घराने में हुई एक चोरी की घटना से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने घर से आभूषण चोरी करने के बाद बद्री कटरा के एक सराफा दुकानदार को बेच दिए थे।

जब पीड़ित पक्ष को घर में हुई चोरी और जेवर बेचे जाने की जानकारी हुई, तो वे आरोपी युवक को पकड़कर उस सराफा दुकानदार की पहचान कराने के लिए बद्री कटरा लाए थे, जिसने चोरी के जेवर खरीदे थे। इसी पूछताछ के दौरान आरोपी युवक अचानक पीड़ित पक्ष के चंगुल से छूटकर भागने लगा।

आरोपी को भागता देख पीड़ित पक्ष के लोगों ने उसे दौड़ाया और कुछ दूरी पर जाकर फिर से दबोच लिया। इसके बाद उसे वापस लाकर सरेराह उसकी धुनाई शुरू कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान पीड़ित पक्ष के साथ कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

सड़क पर हंगामा और मारपीट होते देख धीरे-धीरे वहां स्थानीय सराफा व्यापारियों का जमावड़ा जुटने लगा। माहौल को भांपते हुए पीड़ित पक्ष का गुस्साया परिवार वहां से निकल गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद वे पुलिस बल को अपने साथ लेकर वापस बद्री कटरा पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और दुकानदार से पूछताछ की और फिर वहां से रवाना हो गई।

इस घटना ने सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा और उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारों का कहना है कि यदि कोई भी सराफा व्यवसायी किसी अनजान व्यक्ति से आभूषण खरीदता है, तो उसे खरीदने से पहले ग्राहक के पहचान पत्र और आभूषण के बिल की पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर लेनी चाहिए, ताकि इस तरह के विवादों और कानूनी पचड़ों से बचा जा सके।

फिलहाल, यह पूरा मामला अब बदरका पुलिस चौकी तक पहुंच चुका है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या रुख अपनाती है।
मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इसी भावना को चरितार्थ करता


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़::भारत विकास परिषद की इलीट शाखा द्वारा नगर के मुख्य चौक पर स्थित दक्षिणमुखी देवी मंदिर के बाहर भव्य सेवार्थ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जेठ मास के सातवें बड़े मंगल पर महिला सदस्य पूजा अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत भीषण गर्मी और धूप में आने-जाने वाले सैकड़ों राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए प्रसाद स्वरूप खिचड़ी और ठंडे शर्बत का वितरण किया गया।

इस सेवा कार्य के संबंध में जानकारी देते हुए प्रमुख सदस्य पूजा अग्रवाल ने बताया कि संगठन द्वारा सामाजिक और धार्मिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य किए जाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भूखे-प्यासे राहगीरों को राहत पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनीत कार्यों के माध्यम से न केवल लोगों की सेवा होती है, बल्कि एक बड़ा धर्मकाज भी संपन्न होता है, जिससे मन को असीम संतुष्टि मिलती है।

आयोजन के दौरान योगिता, पूजा, लतिका, श्रुति, महिला सहभागिता मनीला अग्रवाल सहित ओम अग्रवाल, रमेश अग्रवाल और गौरव मित्तल ने अपनी सेवाएं दीं।

कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में इलीट शाखा के सचिव पंकज अग्रवाल और अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति और विशेष योगदान रहा। राहगीरों ने भी परिषद के इस सेवा भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
राष्ट्र जागरण, सामाजिक समरसता और चुनौतियों के दृढ़ मुकाबले से ही भारत का उत्थान संभव: विश्व हिंदू परिषद


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। पिछले १० दिनों से भदुली स्थित साईं इंटरनेशनल स्कूल में प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न सत्रों में केंद्रीय और क्षेत्रीय अधिकारियों ने अपने विचार रखे। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस १० दिवसीय प्रांतीय 'शिक्षा वर्ग' में राष्ट्र रक्षा, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक इतिहास पर गहन मंथन हुआ।

कार्यक्रम में विहिप के केंद्रीय सह मंत्री मनोज, क्षेत्र सत्संग प्रमुख दिवाकर, विधि प्रकोष्ठ के क्षेत्र संयोजक बृजेन्द्र सिंह और क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख (लखनऊ क्षेत्र) प्रदीप ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि हिंदू संस्कृति अनादि और पूर्णतः वैज्ञानिक है, जो 'कण-कण में भगवान' के भाव पर आधारित है। हमारे सभी व्रत-त्यौहार पर्यावरण के अनुकूल हैं। विधिक सत्र में कार्यकर्ताओं को गोरक्षा और अवैध धर्मान्तरण विरोधी कानूनों की बारीकियों से अवगत कराते हुए 'लव जिहाद', 'लैंड जिहाद' व 'व्यवसाय जिहाद' के खिलाफ सजग रहने और पीड़ित बहनों की सुरक्षा हेतु दुर्गावाहिनी और बजरंग दल को सक्रिय करने का आह्वान किया गया।

विशेष बौद्धिक सत्र में प्रदीप ने बताया कि हिंदुओं के धर्मान्तरण को रोकने और समाज को सशक्त करने हेतु श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सन् १९६४ को मुंबई के पवई में विहिप की स्थापना हुई। १९६६ के प्रयाग कुंभ में प्रथम हिंदू सम्मेलन के मंच पर चारों शंकराचार्यों ने 'हिन्दवः सोदराः सर्वे' का अमर उद्घोष किया। वर्तमान में परिषद के माध्यम से ५७ हजार सेवा केंद्र संचालित हैं। प्रदीप ने साम्यवाद, अलगाववाद और आतंकवाद जैसी चुनौतियों पर सचेत करते हुए बताया कि ईसाई मिशनरियों द्वारा बड़े बजट के साथ धर्मान्तरण का खेल खेला जा रहा है, वहीं कश्मीर में आतंकवाद और देश में नक्सलवाद के जरिए युवाओं को भटकाया गया।

समाज को एकजुट होकर इन देशविरोधी ताकतों का पूर्ण बहिष्कार करना होगा। सत्र अंत में वक्ताओं ने जोर दिया कि जब तक सभी हिंदू जातियां 'संगत से पंगत तक' एक साथ नहीं बैठेंगी, तब तक वास्तविक समरसता नहीं आएगी। इस वर्ग का मुख्य उद्देश्य जातिगत भेदभाव मिटाकर राष्ट्र रक्षा के लिए युवाओं को प्रेरित करना है। वर्ग के समापन सत्र में मुख्य रूप से प्रांत अध्यक्ष सह संरक्षक नागेंद्र ने आह्वान किया कि "अनुशासन ही वह नींव है जिस पर एक कुशल चरित्र और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है। आप अनुशासन और कर्तव्य का पालन करते हुए आगे बढ़ें।" इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिया गया कि वे स्वच्छ मन से समाज के बीच जाकर कार्य करें और भारत को पुनः हिंदू राष्ट्र बनाने में अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

इस समापन अवसर पर क्षेत्र संयोजक बजरंग दल माननीय पूर्णेन्दु, प्रांत संगठन मंत्री दीपेश, संयुक्त विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु, प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख श्री राम कृष्ण मिश्रा, विभाग मंत्री गोपाल, विभाग सहमंत्री विनोद व मनोज शाही, विभाग संयोजक दिनेश, जिला कार्याध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्षा सोमिता श्रीवास्तव, विभाग सहमंत्री विनोद सोनकर व मनोज शाही, जिला मंत्री अभिषेक सिंह “उधम”, जिला सहमंत्री डॉ राहुल राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही।
होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ने किया राजकीय मेडिकल कॉलेज की नवागत प्राचार्या डॉ. हेमलता का स्वागत

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। राजकीय श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नवागत प्राचार्या डॉ. हेमलता के पदभार ग्रहण करने पर होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन, आजमगढ़ द्वारा एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नवागत प्राचार्या को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया और उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि डॉ. हेमलता के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा, शोध और जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

स्वागत से अभिभूत होकर प्राचार्या डॉ. हेमलता ने एसोसिएशन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि संस्थान के सर्वांगीण विकास, उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी निष्ठा के साथ प्रयास करेंगी।

इस दौरान मुख्य रूप से डॉ. राजकुमार राय, डॉ. सी. जी. मौर्य, डॉ. सिद्धांत चित्रांश, डॉ. मनोज मिश्रा और आरटीआई कार्यकर्ता पतरू राम विश्वकर्मा सहित कई चिकित्सा विशेषज्ञ व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? आजमगढ़ के हीरापट्टी में मानसून से पहले नारकीय स्थिति, 'धान रोपाई' को मजबूर नागरिक

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। जनपद के शिवाजीनगर, हीरापट्टी (उदय मैरेज हाल मोड़ से हरिऔध नगर मुख्य गेट तक) के निवासी इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगभग 500 मीटर की इस मुख्य सड़क और नाली की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि हल्की बरसात में ही पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो जाता है। मोहल्ले वासियों के मुताबिक, "सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, यह खोज का विषय बन चुका है और आगामी मानसून में स्थिति ऐसी होने वाली है कि लोग इस मुख्य मार्ग पर आवागमन करने के बजाय धान की रोपाई करने को मजबूर हो जाएंगे।"

खराब रास्ते के कारण हाल ही में एक स्थानीय नागरिक दुर्घटनाग्रस्त होकर अस्पताल में भर्ती हो चुका है। मोहल्ले वासियों ने चिंता जताई है कि जल्द ही स्कूल खुलने वाले हैं, ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों के चोटिल होने का खतरा और बढ़ जाएगा। इसके अलावा, नालियां ध्वस्त होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है।
पूर्व में कई बार जिलाधिकारी से मिले ठोस आश्वासन के बाद भी धरातल पर कोई सुधार न होने से नाराज नागरिकों ने अब 'जियो टैगिंग फोटो' के साथ उच्चाधिकारियों को दोबारा स्मरण-पत्र भेजा है। इस दौरान दयानंद पाठक, अमित पाठक, राहुल, संजय, निखिल, अखिलेश कुमार, श्रवण, डब्बू दुबे आदि मौजूद रहे।
विधवा महिला ने जेठ-जेठानी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, पहुंची एसपी दरबार लगाई न्याय की गुहार


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़::शहर कोतवाली क्षेत्र के दलसिंगार मोहल्ले की एक विधवा महिला रागिनी गौड़ ने अपने जेठ और जेठानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायती पत्रक सौंपा है।

पीड़िता के अनुसार, अक्टूबर 2023 में उनके पति की मृत्यु के बाद से वह अपनी दो बेटियों के साथ रह रही हैं। आरोप है कि बीते 6 जून को उनके जेठ-जेठानी ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें घर से निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर उनकी बेटी को उठाकर बाहर फेंक दिया गया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों का कहना है कि पैतृक मकान में महिला का कोई हिस्सा नहीं है।

पीड़िता का आरोप है कि कोतवाली में शिकायत के बाद भी कोई बात नहीं बनी, जिसके कारण वह अपनी बेटियों के साथ घर के बाहर बरामदे में रहने को मजबूर हैं। पीड़ित महिला ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गैस टैंकर चालक को बेरहमी से पीटने का पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्रपानपुर पुलिस चौकी के सिपाहियों पर एक गैस टैंकर चालक के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने, उसका हाथ तोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ड्राइवर संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा; आंदोलन की चेतावनी देते हुए सोमवार को पीड़ित चालक रामप्रवेश राजभर के समर्थन में वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे कई जनपदों के आक्रोषित वाहन चालकों ने जिले के आलाधिकारियों सहित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एडीएम गंभीर सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

आरोप के मुताबिक, 3 जून को गोरखपुर से मथुरा जा रहे टैंकर चालक रामप्रवेश ने जब डीहा बाजार में गाड़ी खड़ी करने के एवज में सिपाहियों (अजय गौड़ व एक अन्य) को अवैध वसूली देने से मना किया, तो वे उसे जबरन चौकी ले गए। वहाँ लात-घूसों, डंडे और बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे चालक का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। सिपाहियों पर पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप है।

संगठन का कहना है कि घटना की शिकायत करने पर जहानागंज थानाध्यक्ष ने दोषी सिपाहियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित चालक के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। संगठन ने जिलाधिकारी से घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने, चालक पर दर्ज फर्जी केस निरस्त करने और दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने के साथ पीड़ित ड्राइवर को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री अरविंद यादव, जिलाध्यक्ष गुलाम गौस मंसूरी, जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव, प्रबंधक प्रदीप यादव, प्रदीप कुमार, अशोक सिंह, बबलू यादव, विजय यादव, राजेश यादव, विवेक कुमार, दिलीप कुमार, सुरेंद्र गौड़, दिनेश यादव, अजीत कुमार, मो० सलीम, कमलेश, गोविंद कुमार, संजय सिंह, अवधेश अग्रहरि, अमित यादव, राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे
भारत विकास परिषद ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस, किया वृक्षारोपण
उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़: भारत विकास परिषद शाखा आजमगढ़ द्वारा भोलाघाट पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों ने पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लेते हुए लोगों को जागरूक किया।

इस मौके पर प्रांतीय जिला समन्वयक बद्री प्रसाद गुप्त और प्रांतीय सहसंयोजक सीताराम पांडे ने लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। शाखा अध्यक्ष डॉ. देवेश दूबे ने पेड़-पौधों को जीवन का आधार बताते हुए प्रकृति के सम्मान की बात कही, वहीं डॉ. नेहा दूबे ने प्लास्टिक के बहिष्कार और जल-बिजली संरक्षण पर जोर दिया।

पर्यावरण गतिविधि संयोजक गोविंद दूबे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन कौशल कुमार राय ने किया। इस अवसर पर संगठन द्वारा लोगों को पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में पंकज पाठक, डॉ. आर.पी. पांडे, दीपशिखा पांडे, पवन अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
निजामाबाद के विकास के लिए अरुण मिश्र 'लालू' ने खोला मोर्चा, दी अनशन की चेतावनी


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़: ऐतिहासिक कस्बा
निजामाबाद की बदहाली और उपेक्षा के खिलाफ समाजसेवी व डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र 'लालू' ने निर्णायक लड़ाई शुरू कर दी है। उन्होंने गुरुवार को जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर चेताया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेंगे।

ज्ञापन में भदुली-निजामाबाद और रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण, तहसील परिसर में पेयजल व आधुनिक शौचालय की व्यवस्था, तथा क्षेत्र की प्रसिद्ध 'ब्लैक पॉटरी' कला के संरक्षण के लिए स्थायी शिल्प हाट व विपणन केंद्र बनाने की प्रमुख मांगें शामिल हैं।

अरुण मिश्र 'लालू' ने निजामाबाद को मॉडल हेरिटेज टाउन घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि यह लड़ाई क्षेत्र के सम्मान और भविष्य की है, जिसके लिए वे जनता के साथ मिलकर हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। इस पहल के बाद क्षेत्र में विकास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।