विकसित भारत प्रदर्शनी में केंद्र-प्रदेश सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित: जनप्रतिनिधियों ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की उपलब्धियां गिनाईं

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर के विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में विकसित भारत प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और सूचना विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों तथा प्रदेश सरकार की विकासपरक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

प्रदर्शनी के तीसरे दिन का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजय बिन्द और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलताएं हासिल की हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

वक्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। इन योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़े हैं। इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है। वहीं, विधायक दीनानाथ भास्कर ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए योजनाएं चला रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और विद्युत जैसी आधारभूत सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में संगठन और प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने नागरिकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करने का आह्वान किया।
ऑपरेशन दहन: विशेष लोक अभियोजक माया मोहन पाण्डेय सम्मानित: भदोही पुलिस अधीक्षक ने मादक पदार्थ निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया प्रशस्ति पत

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विशेष लोक अभियोजक (एनडीपीएस एक्ट) माया मोहन पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें 'ऑपरेशन दहन' अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के विधिसम्मत विनष्टीकरण और निस्तारण में उनकी उत्कृष्ट भूमिका के लिए दिया गया।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार 1 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक 'ऑपरेशन दहन' नामक विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान के अंतर्गत भदोही पुलिस ने जनपद में जब्त किए गए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों के कानूनी निस्तारण की कार्यवाही सफलतापूर्वक पूरी की।
श्री माया मोहन पाण्डेय ने इस महत्वपूर्ण विधिक प्रक्रिया में प्रभावी पैरवी की। उन्होंने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 52ए और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत न्यायालय में कुशलता से पक्ष रखा, जिसके परिणामस्वरूप आवश्यक आदेश और अनुमतियां प्राप्त हुईं।
उनकी विधिक दक्षता के कारण जनपद भदोही के विभिन्न मुकदमों से संबंधित निम्नलिखित मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण सुनिश्चित हो सका:
गांजा: लगभग 2132.93 किलोग्राम
डायजेपाम गोलियां: 65 गोलियां
अन्य मादक पदार्थ: 0.065 किलोग्राम
पुलिस अधीक्षक भदोही, अभिनव त्यागी ने विशेष लोक अभियोजक माया मोहन पाण्डेय की विधिक दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की।
जल निकासी को 25 लाख स्वीकृत:जिला अस्पताल मोड़ से लालानगर मार्ग पर बनेगी 400 मीटर ओपन नाली


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिला अस्पताल मोड़ से पुरानी बाजार होते हुए लालानगर मार्ग पर बांध तक लगभग 400 मीटर लंबी ओपन नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने 25 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस नाली के निर्माण से बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी।

नगर के दुर्गागंज, पुरानी बाजार, मुखर्जी पार्क के पास और जिला अस्पताल के सामने सहित कई स्थानों पर हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता है। इससे राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नगर में कुल 11 वार्ड हैं, जहां लगभग 25 हजार की आबादी निवास करती है। वर्तमान में छोटी-बड़ी मिलाकर कुल 45 नालियां मौजूद हैं। अब एक और नई नाली का निर्माण होने जा रहा है।

दुर्गागंज त्रिमुहानी से पुरानी बाजार तक बरसात के मौसम में जलभराव के कारण राहगीरों को विशेष दिक्कत होती है, जहां पानी लगभग एक फीट तक जमा हो जाता है। पूर्व में बनी एक भूमिगत नाली में चैंबर के पास कचरा फंसने से पानी का बहाव बाधित हो जाता है, जिससे जलभराव की स्थिति बन जाती है। नई ओपन नाली बनने से बारिश के पानी का बहाव तेजी से होगा।

चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल मोड़ से लालानगर मार्ग पर बांध तक करीब 400 मीटर नाले का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि इससे बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
गंगा नदी पर निर्मित पान्टून पुल 15 जून से यातायात हेतु बंद, नागरिक वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग: जिलाधिकारी

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों को सूचित किया है कि ग्राम पंचायत गौरा परमानपुर एवं सेमराध नाथ धाम के मध्य गंगा नदी पर निर्मित पान्टून पुल को वर्षा ऋतु के दृष्टिगत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हटाने (डिस्मेटलिंग) का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।

         उन्होंने बताया कि उक्त पान्टून पुल का निर्माण कराया गया था। कार्यालय प्रमुख अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने से पूर्व, 15 जून तक पान्टून पुलों को हटाने की कार्यवाही की जाती है।

        इसी क्रम में 15 जून 2026 से पान्टून पुल के डिस्मेटलिंग का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है तथा पुल पर आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि अपनी सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए उक्त पान्टून पुल का उपयोग न करें तथा आवागमन हेतु निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि क्षेत्र में आवश्यक सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा आमजन को समय रहते जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे।
भीषण गर्मी को देखते हुए भदोही के आंगनबाड़ी केन्द्रों में 24 जून तक अवकाश घोषित, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
जिलाधिकारी के निर्देश पर आंगनबाड़ी केन्द्र 24 जून तक रहेंगे बंद, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश के क्रम में ग्रीष्मकालीन सत्र में तेज धूप, प्रचण्ड गर्मी एवं लू के प्रकोप से आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के बचाव हेतु जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन  20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक बन्द किया गया था।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में 16 जून 2026 के द्वारा उ० प्र० बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 जून तक बढ़ा दिया गया है। आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चे प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों से भी छोटे होते हैं, के क्रम में उक्त के दृष्टिगत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दिनांक 24 जून 2026 तक अवकाश घोषित किया जाता है।

         उक्त अवकाश अवधि में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका द्वारा लाभार्थियों को अनुपूरक पुष्टाहार का वितरण, वजन, गृह भ्रमण, पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन, वी०एच०एस०एन०डी० सत्र एवं आर०बी०एस०के० टीम द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य जाँच व संदर्भन के साथ-साथ अन्य शासकीय / विभागीय कार्य नियमित रूप से सम्पादित किया जायेगा तथा उक्त अवकाश अवधि में बिना सक्षम स्तर पर अवकाश स्वीकृत कराये आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका केन्द्र / मुख्यालय से बाहर नहीं जायेंगी।
रानी लक्ष्मीबाई की मनाई गई पुण्यतिथि

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बृहस्पतिवार को को नगर स्थित शहीद पार्क में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि मनाकर जय बाबा बर्फानी ग्रुप लोगों ने वीरता का गुणगान किया।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और स्थान पर पहुंच कर जय बाबा बर्फानी ग्रुप के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि वीरांगना से पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं को प्रेरणा लेकर अपनी रक्षा व आन-बान, शान की अस्मितता को अक्षुण रखना होगा। इस मौके पर ब्रम्हा मोदनवाल, राकेश महाराज, आकाश सिंह महेंद्र मिस्त्री रवि माली भैरव आदि उपस्थित रहे।
114 गैंग पंजीकृत, दो अरब की प्रॉपर्टी जब्त

123 जेल में,16 की पुलिस कर रही तलाश,352 जमानत पर

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। प्रदेश सरकार के जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों की कमर तोड़ने का काम कालीन नगरी की पुलिस कर रही है। सूबे के सबसे छोटे जनपद में 114 गैंग पंजीकृत हैं। जिनकी दो अरब 51 करोड़ 38 लाख तीन हजार 923 रुपये की प्रॉपर्टी को जब्त किया गया। पूर्व विधायक ज्ञानपुर विजय मिश्रा समेत कुल 421 लोगों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लगातार अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। 114 पंजीकृत गैंग है, जिसमें लीडर सहित सदस्यों की संख्या 491 है। इसमें 128 हिस्ट्रीशीट, पांच पर एनएसए, 78 पर गुंडा एक्ट तथा 421 पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की गई है। 14 (1) गैंगेस्टर अधिनियम के तहत दो अरब 51 करोड़ 38 लाख तीन हजार 923 रुपये जब्तीकरण किया गया। इसमें पूर्व विधायक ज्ञानपुर विजय मिश्र एवं उसके गैंग के सदस्यों पर भी कार्रवाई हुई है। दावा किया कि शांति में खलल एवं भू माफियाओं पर भी अब पुलिस की नजर है। किसी को भी कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। पीड़ितों की मदद को अब राजस्व एवं पुलिस की टीमें एक साथ पहुंच कर न्याय दिलाने का काम करेंगी।


27 के शस्त्र निरस्त, 16 हैं फरार

भदोही। एसपी ने बताया कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कराने का काम पुलिस तेजी से कर रही है। करीब एक साल में 27 के शस्त्र लाइसेंस को रिपोर्ट भेजकर निरस्त कराया गया। गैंगेस्टर के 123 आरोपित जेल में है, 352 को न्यायालय से जमानत मिली है, लेकिन उन पर पुलिस की पैनी नजर है। 16 फरार आरोपितों की तलाश को टीमों को लगाया गया है।
आर्ची गोयल ने सीए परीक्षा उत्तीर्ण की:भदोही की बेटी ने परिवार और जनपद का मान बढ़ाया


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर के पुराने कलेक्ट्री के पीछे निवासी आलोक गोयल की बेटी आर्ची गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। बृहस्पतिवार को घोषित परिणामों में मिली इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। आर्ची ने अपनी पूरी शिक्षा भदोही से ही ग्रहण की है। आर्ची गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि माता-पिता के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से ही उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ है। आर्ची ने प्रतिदिन 15 घंटे पढ़ाई की और कड़ी मेहनत के बाद यह उपलब्धि प्राप्त की है। अब वह आगे सीए के रूप में काम करेंगी।
बेटी की इस उपलब्धि पर पिता आलोक गोयल ने कहा कि आर्ची प्रारंभिक शिक्षा से ही मेधावी छात्रा रही है। उन्होंने बताया कि सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर से हाई स्कूल की परीक्षा में आर्ची ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे, जबकि इंटरमीडिएट में उन्हें 92 प्रतिशत अंक मिले थे। आलोक गोयल ने जनपद के अन्य बच्चों से भी आह्वान किया कि वे मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने परिवार और जनपद का गौरव बढ़ाएं। आर्ची की सफलता पर मोहल्लेवासियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आशीष चौरसिया, सुशील कुमार, नितेश, रविंद्र सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
दुर्गागंज पुलिस ने ₹5000 के इनामी अभियुक्त को किया गिरफ्तार: जानलेवा हमले और सड़क दुर्घटना मामले में था वांछित

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद की दुर्गागंज पुलिस ने जानलेवा हमले और सड़क दुर्घटना के मामले में फरार चल रहे ₹5000 के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को उसके घर से पकड़ा गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर आपराधिक साजिश रचकर लापरवाही से वाहन चलाते हुए वादी को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारने का आरोप है। इस घटना के बाद से ही अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था और अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में दुर्गागंज पुलिस टीम ने इस मामले में कार्रवाई की। अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय सिंह उर्फ विजय सिंह पुत्र स्व० चेतनरायण सिंह, निवासी ग्राम वरना, थाना सरायममरेज, जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 136/25 धारा 109, 281, 125(a), 125(b), 61(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।


*पुलिस टीम:-*
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उ0नि0 राजेश सिंह व हे0का0 नन्दलाल गौड़ व हे0का0 दीपक कुमार मिश्रा हे0का0 बीरेन्द्र कुमार भारती व का0 सत्यान्शु सिंह, का0 रामप्रवेश गोश्वामी, रि०यू०टी० आदित्य कुमार, रि०यू०टी० प्रकाश, रि०यू०टी० राजकुमार म0का0 प्रजा प्रजापति, म0का0 ख़ुशबू सिंह अगर दुर्गागंज जनपद भदोही।
भदोही में 'विकसित भारत प्रदर्शनी' का शुभारंभ:केंद्र-प्रदेश सरकार के 12 और 9 वर्ष पूरे होने पर आयोजन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद भदोही में ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ का भव्य शुभारंभ किया गया। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर के मैदान में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी,  भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सरकार की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं भविष्य के विकसित भारत के संकल्प से अवगत कराया गया। इस अवसर परविभिन्न विभागों द्वारा विकासपरक योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। प्रदर्शनी में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, बाल विकास परियोजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, उद्योग विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा तभी पूर्ण होगी, जब समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि अधिकाधिक संख्या में  21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनसामान्य को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित हस्तनिर्मित उत्पादों की भी सराहना की गई। प्रदर्शनी में योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, प्रचार सामग्री, मॉडल एवं डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से आमजन को जानकारी उपलब्ध कराई गई।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के निदेशक विशाल सिंह के निर्देशों के क्रम में आयोजित ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी चित्रों एवं फोटोग्राफ के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन योजनाओं की उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया। प्रदेश में विकसित हो रहे यातायात नेटवर्क, आधारभूत संरचना, पुलिस व्यवस्था तथा जनपद भदोही में कराए गए विकास कार्यों को भी विस्तार से दर्शाया गया।  इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की समग्र जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा है।
      इस अवसर पर बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थियों को नवीन रेसिपी आधारित पुष्टाहार वितरण किया गया साथी उद्योग विभाग द्वारा लाभार्थियों को टूल किट का भी वितरण किया गया।   
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, जिससे अधिक से अधिक लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समृद्ध बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों एवं लोक गायकों द्वारा गीत-संगीत के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को उत्सवमय स्वरूप प्रदान किया।
          उल्लेखनीय है कि चार  दिवसीय ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ 20 जून 2026 तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकसित भारत के संकल्प तथा प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित होंगे।
          इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, जिला परियोजना अधिकारी आदित्य कुमार, जिला प्रोवेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण/ जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।