जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं/विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक हुई
*जिलाधिकारी द्वारा विलंबित चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं में कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने के दिये गये निर्देश।

सुलतानपुर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं/ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित की गई। उक्त बैठक में सीएमआईएस पोर्टल पर चल रही विलंबित परियोजनाओं की गहन समीक्षा की गयी।
       
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सेतु निगम,पीडब्ल्यूडी व अन्य विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं जैसे- सीएलडीएफ, उ0प्र0 राज्य पर्यटन विकास निगम, राजकीय निर्माण निगम, यूपीपीसीएल सहित कई अन्य परियोजनाएं जो विलंबित चल रही हैं, के सम्बन्ध में सभी के विरूद्ध कड़ी फटकार लगाते हुए कठोर कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने सीएलडीएफ व यूपीएसटीडीसी के ए.ई. व एपीएम के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी अपनी कार्य पूर्ण करने की तिथि को पोर्टल पर अवश्य अपडेट करायें।
       
उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं का साप्ताहिक निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या से अवगत करायेंगे। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन कार्य को गुणवत्तापूर्ण व ससमय कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा सभी निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का क्रमशः निरीक्षण किया जायेगा। यदि कहीं गुणवत्ता में कमी पायी गयी तो उस कार्य को पुनः कराना होगा।
        
जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं, कॉन्टैक्टर व सम्बन्धित विभागाध्यक्ष को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय बनाते हुए एकीकृत प्रयास कर सभी परियोजनाओं को ससमय से पूर्ण करायें। उन्होंने सीएलडीएफ के ए.ई. दिवाकर के विरूद्ध कार्यवाही हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने और उसकी एक कॉपी सीएम ऑफिस को प्रेषित करने निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो निर्माणाधीन परियोजनाएं विलंब से चल रही हैं उन सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का एक दिन का वेतन रोकने हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। 
         
जिलाधिकारी द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा निर्माणाधीन लघु सेतु के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान न दिये जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उसे सुधारने व कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन कार्यदायी संस्थाओं का कार्य विलंब से चल रहा है, वे सभी प्रतिदिन शाम को 06 बजे अपनी प्रगति से हमें अवगत करायेंगे।    
        
जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों का अवलोकन करते हुए बी. व सी. श्रेणी रैकिंग वाले विभागों की प्रगति समीक्षा की गयी। मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा नमामि गंगे, फेमिली आईडी, युवा कल्याण विभाग, पीडब्ल्यूडी, सीएम युवा उद्यमी योजना, जननी सुरक्षा योजना, आईसीडीएस पोषण अभियान, नई सड़कों का निर्माण, उद्यमी विकास अभियान आदि के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों के साथ गहन समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग अपने-अपने डाटा को सही फीड करायें तथा कार्य में प्रगति लाते हुए रैंकिंग में सुधार लायें। उन्होंने युवा कल्याण अधिकारी को गलत डाटा फीडिंग हेतु कड़ी फटकार लगायी। उन्होंने निर्देशित किया कि इस माह डाटा को अवश्य अपडेट करा लें।    
        
जिलाधिकारी द्वारा परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों में आ रही बाधाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों से चर्चा की तथा उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है, उनमें तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।
        
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
केन्द्र सरकार के विश्वास,विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्राकृतिक खेती कार्यशाला,प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन*
प्रगतिशील कृषकों को किया गया सम्मानित, विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की दी गई जानकारी।

प्रगतिशील कृषकों द्वारा 4 दिवसीय विकास प्रदर्शनी का किया गया अवलोकन। सुलतानपुर,केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पं० राम नरेश त्रिपाठी सभागार परिसर में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला एवं स्टॉल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मा० जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी श्री सुशील त्रिपाठी द्वारा मुख्य विकास अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियन्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ, वरिष्ठ कृषि रक्षा सहायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं सम्मानित कृषक भाईयों की उपस्थित में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मा० जिलाध्यक्ष भाजपा द्वारा कृषि विभाग से सम्बन्धित विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में कृषि रक्षा अनुभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, इफको, कृभको, मत्स्य विभाग, गन्ना विभाग, जल जीवन मिशन, दूध एवं दुग्ध उत्पाद तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कृषकों के हित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक खेती को अपनाकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील कृषको - श्री प्रशान्त वर्मा (कादीपुर), श्री राजेन्द्र सिंह (जजरही), श्री बब्बन यादव (बीबीपुर रेहती), श्री संतप्रसाद तिवारी (बबुरी) तथा श्री अशोक वर्मा (परशुरामपुर) सहित अन्य कृषकों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा अपने सम्बोधन में प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए किसानों से रसायनमुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल खेती को अपनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र के सतत विकास हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाया जाना आवश्यक है। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती से जुड़े प्रगतिशील कृषकों द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों एवं व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। कृषि रक्षा विभाग, उद्यान विभाग, गन्ना विभाग, डेयरी विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, नलकूप विभाग एवं विद्युत विभाग द्वारा किसानों के हितार्थ संचालित योजनाओं, अनुदानों एवं तकनीकी सुविधाओं के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकार श्री जय नारायण एवं उनकी टीम तथा श्री हरिप्रसाद एवं उनकी टीम द्वारा लोकगीतों एवं कृषि विकास गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। लोकगीतों के माध्यम से केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को उपस्थित जनसमुदाय द्वारा अत्यंत सराहा गया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगायी गयी 4 दिवसीय प्रदर्शनी का उपस्थित प्रगतिशील कृषकों द्वारा अवलोकन कर सरहना की गयी। मा0 प्रधानमंत्री जी के साथ सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केन्द्र रहा तथा प्रगतिशील कृषकों द्वारा सेल्फी लिया गया। कार्यक्रम में कृषकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही तथा प्राकृतिक खेती एवं कृषि विकास से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।
जलसा शोहदा-ए-इस्लाम के 20वें वर्ष का हुआ शानदार आगाज़
जामिया इस्लामिया में शुरू हुआ जलसा शोहदा-ए-इस्लाम, मौलाना अब्दुल अली फारूकी ने किया संबोधित


सुल्तानपुर, 17 जून। जामिया इस्लामिया सुल्तानपुर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध दीनी कार्यक्रम "जलसा शोहदा-ए-इस्लाम" के 20वें वर्ष का बुधवार को भव्य एवं रूहानी माहौल में शुभारंभ हुआ। दो दशकों से लगातार आयोजित हो रहा यह जलसा क्षेत्र में दीनी, तालीमी और सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ आलिम-ए-दीन मौलाना मोहम्मद उस्मान कासमी ने की। जलसे में जनपद सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों तथा उलेमा-ए-किराम ने शिरकत की।
पहली नशिस्त में मुख्य वक्ता के रूप में मौलाना अब्दुल अली फारूकी ने कुरआन, सीरत-ए-नबी और सहाबा-ए-किराम की शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कुरआन इंसानियत के लिए मुकम्मल मार्गदर्शक है और इसकी शिक्षाओं पर अमल कर ही दुनिया और आखिरत में कामयाबी हासिल की जा सकती है।

उन्होंने सहाबा-ए-किराम की जीवनशैली को आदर्श बताते हुए कहा कि अल्लाह और उसके रसूल से सच्ची मोहब्बत का तकाजा है कि इंसान उनके बताए हुए रास्ते पर चले। अपने संबोधन में उन्होंने हजरत उमर फारूक (रजि.) के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता तथा इस्लाम के लिए उनके योगदान का भी उल्लेख किया।

मुहर्रम के महीने के संदर्भ में मौलाना फारूकी ने कहा कि नए इस्लामी वर्ष की शुरुआत आपसी भाईचारे, अमन, खुशहाली और नेक कार्यों के संकल्प के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से समाज में प्रेम, सद्भाव और इंसानियत के मूल्यों को बढ़ावा देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में मौलाना अब्दुल अली फारूकी ने देश में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और मानवता की भलाई के लिए विशेष दुआ कराई।
जलसे के सफल आयोजन में जामिया इस्लामिया प्रबंधन समिति, स्थानीय उलेमा तथा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम की लाइव कवरेज और सोशल मीडिया प्रसारण की जिम्मेदारी सोशल मीडिया इंचार्ज अलकमा नोमान ने संभाली, जिसके माध्यम से देश-विदेश में मौजूद लोग भी जलसे की गतिविधियों से जुड़े रहे।

जलसे का सिलसिला आगामी सत्रों में भी जारी रहेगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले उलेमा-ए-किराम अपने विचार रखेंगे।
क्षत्रिय एजूकेशनल एसोशिएशन  का चुनाव आज,पर्यवेक्षकों की निगरानी में प्रक्रिया सम्पन्न होगी


सुल्तानपुर। क्षत्रिय एजूकेशनल एसोशिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज 19 जून को क्षत्रिय भवन में समय 11 बजे आहूत की गयी है। क्षत्रिय एजूकेशनल एसोशिएशन वर्ष 1944 में श्रध्देय बाबू बेंचू वकील के द्वारा अपने सहयोगियों के साथ स्थापित की गई। वर्ष 1944 में प्रथम विद्यालय महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल के नाम से दरियापुर मोहल्ले में किराये के भवन में संचालित की गई, वर्ष 1952 में वर्तमान समय मे जहां पर महात्मा गांधी स्मारक इंटर कालेज स्थापित है स्थान्तरित हुआ।

1971 मे स्वर्गीय बाबू बेंचू सिंह ने महाविद्यालय खोलने हेतु समस्त औपचारिकताएं पूर्ण की किंतु दुर्भाग्यवश 6 फरवरी 1971 को बाबू बेंचू सिंह नेपथ्य से कूच कर गये। उत्तराधिकारी के रूप में बाबू रामसहाय सिंह ने महाविद्यालय की देखरेख  1980 तक की। वर्ष 1980 से बाबू धनंजय सिंह ने वर्ष 1999 तक महाविद्यालय को पुष्पित पल्लवित करने में अप्रतिम सहयोग दिया। वर्ष 1999 से वर्तमान अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित होते रहे हैं। वर्तमान अध्यक्ष ने दो अन्य संस्थाएं श्री धनंजय सिंह मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल, एवं राणा प्रताप विधि महाविद्यालय कूरेभार में स्थापित किया। वर्तमान में क्षत्रिय एजूकेशनल एसोशिएशन द्वारा चार संस्थाएं संचालित हैं।

क्षत्रिय एजूकेशनल एसोशिएशन निकट भविष्य में धंमौर में एक नवीन संस्था खोलने हेतु संकल्पित है। क्षत्रिय एजुकेशनल एसोशिएशन का उद्देश्य इस बाजारीकरण के दौर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा न्यूनतम शुल्क में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को उपलब्ध कराना है। संस्था के समस्त सदस्यगण मनसा, वाचा, कर्मणा अपने पूर्वजों के दिखाए गए मार्ग का अनुशरण करने के लिए कृत संकल्पित है। 19 जून 2026 को चारों संस्थाओं के पदाधिकारी का निर्वाचन कार्यक्रम आहूत है।

डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. दिवाकर त्रिपाठी को नामित किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पर्यवेक्षक के रूप में आनंद कुमार मौर्य प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज बुआपुर को पर्यवेक्षक के रूप में नामित किया है। इनकी देखरेख में निर्वाचन की संपूर्ण कार्यवाही संपन्न होगी
सुल्तानपुर में ट्रांसफर नीति बनी मजाक वर्षों से जमे कर्मचारी-अधिकारी, विभागों में स्थानांतरण पर उठे सवाल
कहीं सिर्फ पटल बदलकर खानापूर्ति, कहीं तबादले शून्य;

प्रभावशाली लोगों के नाम पर स्थानांतरण रोकने के आरोप

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता लाना तथा लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों एवं अधिकारियों का कार्यक्षेत्र परिवर्तन करना है। लेकिन सुल्तानपुर जनपद में यह नीति महज कागजों तक सीमित नजर आ रही है। आरोप है कि कई विभागों में स्थानांतरण नीति का पालन नहीं किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर केवल पटल परिवर्तन कर नियमों की खानापूर्ति कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार जिले के अनेक विभागों में कर्मचारी और अधिकारी वर्षों से एक ही स्थान और एक ही पटल पर जमे हुए हैं। शासन की मंशा तीन वर्ष से अधिक समय तक एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र बदलने की है, लेकिन जनपद में कई विभाग इस व्यवस्था से अछूते दिखाई दे रहे हैं।

बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कई बाबू वर्षों से एक ही पटल पर कार्यरत बताए जाते हैं। आरोप है कि न तो उनका स्थानांतरण किया जाता है और न ही उन्हें अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग में भी कई बाबू, डॉक्टर, एएनएम, जीएनएम तथा अन्य कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), वन विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्राम विकास विभाग तथा मनरेगा में भी स्थानांतरण नीति के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वन विभाग में कई कर्मचारी दो-दो दशक से एक ही जनपद में तैनात बताए जाते हैं। वहीं ग्राम विकास विभाग में कई ग्राम विकास अधिकारी और सचिव वर्षों से एक ही विकासखंड में कार्यरत हैं।

विभागीय स्तर पर यह तर्क दिया जाता है कि स्थानांतरण नीति के तहत सीमित संख्या में ही कर्मचारियों का तबादला किया जा सकता है। लेकिन आरोप है कि प्रभावशाली संपर्कों, विभागीय सेटिंग और कथित लेन-देन के चलते कुछ कर्मचारी हर वर्ष स्थानांतरण सूची से बाहर रह जाते हैं। कुछ मामलों में तबादला होने के बाद कर्मचारियों को कुछ ही महीनों में पुनः उनकी पसंदीदा तैनाती पर वापस भेजे जाने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं।
राजस्व विभाग में भी लेखपाल, कानूनगो, पेशकार और अन्य कर्मचारियों की लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनाती चर्चा का विषय बनी हुई है।

आरोप है कि कुछ कर्मचारी प्रभावशाली लोगों के संपर्कों का लाभ उठाकर अपने स्थानांतरण रुकवाने में सफल रहते हैं। इससे प्रशासनिक निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों, एएनएम, जीएनएम और बाबुओं के स्थानांतरण की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हो पाती। मीडिया कर्मियों को अक्सर स्थानांतरण सूची नहीं मिलती, जिससे पारदर्शिता को लेकर संदेह पैदा होता है।

गौरतलब है कि प्रदेश स्तर पर अधिकांश विभागों के स्थानांतरण आदेश सार्वजनिक किए जाते हैं और उनकी जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित होती है। लेकिन सुल्तानपुर में कई विभागों द्वारा स्थानांतरण संबंधी सूचनाएं सूचना विभाग तक नहीं पहुंचाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शासन की स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू है तो विभिन्न विभागों में वर्षों से जमे कर्मचारियों और अधिकारियों का कार्यक्षेत्र परिवर्तन क्यों नहीं हो रहा? क्या स्थानांतरण नीति का पूरी तरह पालन किया जा रहा है या फिर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है? जनपद में इन सवालों को लेकर चर्चा तेज है और लोग प्रशासन से पारदर्शी व्यवस्था की अपेक्षा कर रहे हैं।
सवालों के घेरे में ये विभाग
• बेसिक शिक्षा विभाग
• माध्यमिक शिक्षा विभाग
• स्वास्थ्य विभाग
• लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी)
• वन विभाग
• पंचायती राज विभाग
• ग्राम विकास विभाग/मनरेगा
• राजस्व विभाग
प्रमुख सवाल
• वर्षों से जमे कर्मचारियों का स्थानांतरण क्यों नहीं?
• क्या सिर्फ पटल बदलकर की जा रही खानापूर्ति?
• स्थानांतरण सूची सार्वजनिक क्यों नहीं होती?
• क्या प्रभावशाली लोगों के नाम पर रुक रहे तबादले?
• क्या जिलाधिकारी को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा रहा है?
अखबार के लिए दमदार हेड
"सुल्तानपुर में ट्रांसफर नीति पर सवाल: वर्षों से जमे कर्मचारी-अधिकारी, तबादलों में पारदर्शिता पर उठे प्रश्न"
आबकारी विभाग को मिली सफलता।

सुल्तानपुर । छापेमारी के दौरान 45 लीटर कच्ची शराब और 750 किलोग्राम लहन बरामद।

आबकारी विभाग ने लहन करवाया नष्ट।

चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज।

मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी विभाग कार्यवाही में जुटा।

सदर तहसील के बल्लीपुर और मायंग गांव में चलाया गया अभियान।

निरीक्षण के दौरान आबकारी विभाग की दुकानों का भी निरीक्षण।

गुप्त रूप से दुकानों पर करवाया गया टेस्ट परचेज।

कबाड़ी की दुकानों और ईंट भट्टों का निरीक्षण कर कच्ची शराब से होने वाली हानियों को लेकर किया गया जागरूक।

नगर इंस्पेक्टर रणविजय सिंह की अगुवाई में चलाया अभियान।
भाजपा को 2027 में मिलेंगी 2017 से बड़ी जीत - गोविन्द नारायन शुक्ल
सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास को समर्पित :गोविन्द नारायन शुक्ल

योजनाओं से देश के विकास को मिली नई दिशा - गोविन्द नारायन शुक्ल

विकसित भारत के संकल्प को बनाए जन आंदोलन : डॉ. संगीता यादव

भाजपा ने विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में प्रबुद्धवर्ग का किया स्वागत


सुलतानपुर। नगर के पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में बुधवार को आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायन शुक्ल तथा मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता यादव रहीं। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने की।गोविन्द नारायन शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने आंकड़ों के साथ बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना,पीएम किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया, जैसी तमाम योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।इन योजनाओं से देश के विकास को नई दिशा मिली हैं।उन्होंने पत्रकारों के सवाल कि ब्राह्मण नाराज हैं के सवालों का जवाब देते हुए कहा भाजपा सर्वसमाज की पार्टी है।सबके हित के लिए काम करतीं हैं।

भाजपा से कोई भी नाराज नहीं हैं।2027 में हमें 2017 से बड़ी जीत मिलेंगी।मुख्य वक्ता डॉ. संगीता यादव ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने उपस्थित अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काट कर शुभारंभ एवं अवलोकन मुख्य अतिथि गोविन्द नारायन शुक्ल, राज्यसभा डॉ. संगीता यादव, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी तथा जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह आदि ने किया।भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन आलोक आर्य ने तथा समापन सुमन सिंह ने किया।

इस अवसर पर एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय,पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी,पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश नारायन सिंह,डॉ सीताशरण त्रिपाठी, कार्यक्रम के जिला संयोजक विजय त्रिपाठी,बार अध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल,डॉ. राधेश्याम सिंह, डॉ वेद प्रकाश सिंह,पूर्व सीएमएस डॉ.एस.के. गोयल, सीए सौरभ कांत श्रीवास्तव, गुलाब चंद बरनवाल, विजय सिंह रघुवंशी, डॉ. प्रीति प्रकाश डॉ.अनुराग पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,उद्यमी, डाक्टर्स, समाजसेवी,अधिवक्ता एवं प्रबुद्धवर्ग के लोग शामिल रहे।
समाजवादी पार्टी ने सरकारी नौकरियों में आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार की आलोचना की

सुल्तानपुर ,समाजवादी पार्टी ने सरकारी नौकरियों में आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार की आलोचना की है। मंगलवार को सुल्तानपुर में जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने कहा कि पिछड़े वर्ग, दलित और आदिवासी समाज के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई सरकारी भर्तियों में आरक्षण के नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इससे पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती और अन्य चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्ग को पूरा लाभ नहीं मिला।

सपा नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार पर उनका भरोसा कम हो रहा है।

आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अरुण वर्मा ने कहा कि स्थायी नौकरियों की जगह ठेके के आधार पर भर्तियां की जा रही हैं। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था में आरक्षण का लाभ ठीक से नहीं मिल पा रहा है, जिससे आरक्षित वर्ग के युवाओं के अवसर कम हो रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने अपना दल एस की नेता और कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि अनुप्रिया पटेल परिवारवाद को बढ़ावा देना चाहती हैं।
राम मंदिर में चंदा चोरी के मुद्दे पर पत्रकारों को जवाब देते हुए सपा नेता अरुण वर्मा ने कहा कि भाजपा के लोग भगवान से भी नहीं डरते, वे लोग चंदा चोरी में संलिप्त हैं।

प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आरक्षण, रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दों की जानकारी देंगे। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी, भर्ती में गड़बड़ी और आरक्षण के मुद्दे आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रमुख विषय बनेंगे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जेष्ठ माह के बडे मंगल पर गनपत सहाय महाविद्यालय में हुआ शरबत वितरण*
आज दिनांक 16 जून 2026 के पावन ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार को महाविद्यालय के प्रबंधक आदरणीय डॉ.ओम प्रकाश पाण्डेय”बजरंगी”की प्रेरणा और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.अंग्रेज सिंह”राणा”के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के पयागीपुर परिसर में शरबत वितरण का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में राहगीरों के साथ-साथ परीक्षा देने आये परीक्षार्थी एवं उनके अभिभावकों को शीतल शरबत का वितरण किया गया। महाविद्यालय प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य,बजरंग बली के अनन्य भक्त मा.आशीष पाण्डेय"शनी "ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सभी का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर प्रो.मो.शाहिद, प्रो.राजीव कुमार श्रीवास्तव,प्रो.शक्ति सिंह,प्रो.नीलम तिवारी,प्रो.मनोज मिश्र, डॅा.भोलानाथ,डॅा.सन्ध्या श्रीवास्तव,डा.अजय मिश्र,डा.आशीष दूबे,डॅा.गनेश मिश्र,डॅा. दिनेशचन्द्र द्विवेदी। डॅा.वेदप्रकाश मिश्र,डॅा.विष्णुशंकर अग्रहरि, आशुतोष श्रीवास्तव, लक्ष्मी नारायण शुक्ल, राजकुमार पाण्डेय, डॅा.कुंवर दिनकर प्रताप सिंह,हरीराम,अंशू श्रीवास्तव,जयेन्द्र त्रिपाठी, नन्दलाल विश्वकर्मा,दिनेश दूबे,ज्ञानेश्वर प्रसाद तिवारी,अरुण मिश्र,अजय प्रताप सिंह,रविकान्त तिवारी,आशुतोष सिंह सहित महाविद्यालय के दर्जनों प्राध्यापकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम में विशेष रुप से रामअचल पाल, रवि प्रकाश सिंह,बाबूराम यादव, सुरेश,पंचम इत्यादि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समाजवादी पार्टी ने सरकारी नौकरियों में आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार की आलोचना की*
सुल्तानपुर समाजवादी पार्टी ने सरकारी नौकरियों में आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार की आलोचना की है। मंगलवार को सुल्तानपुर में जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने कहा कि पिछड़े वर्ग, दलित और आदिवासी समाज के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई सरकारी भर्तियों में आरक्षण के नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इससे पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती और अन्य चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्ग को पूरा लाभ नहीं मिला। सपा नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार पर उनका भरोसा कम हो रहा है। आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अरुण वर्मा ने कहा कि स्थायी नौकरियों की जगह ठेके के आधार पर भर्तियां की जा रही हैं। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था में आरक्षण का लाभ ठीक से नहीं मिल पा रहा है, जिससे आरक्षित वर्ग के युवाओं के अवसर कम हो रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपना दल एस की नेता और कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि अनुप्रिया पटेल परिवारवाद को बढ़ावा देना चाहती हैं। राम मंदिर में चंदा चोरी के मुद्दे पर पत्रकारों को जवाब देते हुए सपा नेता अरुण वर्मा ने कहा कि भाजपा के लोग भगवान से भी नहीं डरते, वे लोग चंदा चोरी में संलिप्त हैं। प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आरक्षण, रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दों की जानकारी देंगे। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी, भर्ती में गड़बड़ी और आरक्षण के मुद्दे आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रमुख विषय बनेंगे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।