114 गैंग पंजीकृत, दो अरब की प्रॉपर्टी जब्त

123 जेल में,16 की पुलिस कर रही तलाश,352 जमानत पर

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। प्रदेश सरकार के जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों की कमर तोड़ने का काम कालीन नगरी की पुलिस कर रही है। सूबे के सबसे छोटे जनपद में 114 गैंग पंजीकृत हैं। जिनकी दो अरब 51 करोड़ 38 लाख तीन हजार 923 रुपये की प्रॉपर्टी को जब्त किया गया। पूर्व विधायक ज्ञानपुर विजय मिश्रा समेत कुल 421 लोगों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लगातार अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। 114 पंजीकृत गैंग है, जिसमें लीडर सहित सदस्यों की संख्या 491 है। इसमें 128 हिस्ट्रीशीट, पांच पर एनएसए, 78 पर गुंडा एक्ट तथा 421 पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की गई है। 14 (1) गैंगेस्टर अधिनियम के तहत दो अरब 51 करोड़ 38 लाख तीन हजार 923 रुपये जब्तीकरण किया गया। इसमें पूर्व विधायक ज्ञानपुर विजय मिश्र एवं उसके गैंग के सदस्यों पर भी कार्रवाई हुई है। दावा किया कि शांति में खलल एवं भू माफियाओं पर भी अब पुलिस की नजर है। किसी को भी कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। पीड़ितों की मदद को अब राजस्व एवं पुलिस की टीमें एक साथ पहुंच कर न्याय दिलाने का काम करेंगी।


27 के शस्त्र निरस्त, 16 हैं फरार

भदोही। एसपी ने बताया कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कराने का काम पुलिस तेजी से कर रही है। करीब एक साल में 27 के शस्त्र लाइसेंस को रिपोर्ट भेजकर निरस्त कराया गया। गैंगेस्टर के 123 आरोपित जेल में है, 352 को न्यायालय से जमानत मिली है, लेकिन उन पर पुलिस की पैनी नजर है। 16 फरार आरोपितों की तलाश को टीमों को लगाया गया है।
आर्ची गोयल ने सीए परीक्षा उत्तीर्ण की:भदोही की बेटी ने परिवार और जनपद का मान बढ़ाया


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर के पुराने कलेक्ट्री के पीछे निवासी आलोक गोयल की बेटी आर्ची गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। बृहस्पतिवार को घोषित परिणामों में मिली इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। आर्ची ने अपनी पूरी शिक्षा भदोही से ही ग्रहण की है। आर्ची गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि माता-पिता के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से ही उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ है। आर्ची ने प्रतिदिन 15 घंटे पढ़ाई की और कड़ी मेहनत के बाद यह उपलब्धि प्राप्त की है। अब वह आगे सीए के रूप में काम करेंगी।
बेटी की इस उपलब्धि पर पिता आलोक गोयल ने कहा कि आर्ची प्रारंभिक शिक्षा से ही मेधावी छात्रा रही है। उन्होंने बताया कि सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर से हाई स्कूल की परीक्षा में आर्ची ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे, जबकि इंटरमीडिएट में उन्हें 92 प्रतिशत अंक मिले थे। आलोक गोयल ने जनपद के अन्य बच्चों से भी आह्वान किया कि वे मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने परिवार और जनपद का गौरव बढ़ाएं। आर्ची की सफलता पर मोहल्लेवासियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आशीष चौरसिया, सुशील कुमार, नितेश, रविंद्र सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
दुर्गागंज पुलिस ने ₹5000 के इनामी अभियुक्त को किया गिरफ्तार: जानलेवा हमले और सड़क दुर्घटना मामले में था वांछित

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद की दुर्गागंज पुलिस ने जानलेवा हमले और सड़क दुर्घटना के मामले में फरार चल रहे ₹5000 के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को उसके घर से पकड़ा गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर आपराधिक साजिश रचकर लापरवाही से वाहन चलाते हुए वादी को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारने का आरोप है। इस घटना के बाद से ही अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था और अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में दुर्गागंज पुलिस टीम ने इस मामले में कार्रवाई की। अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय सिंह उर्फ विजय सिंह पुत्र स्व० चेतनरायण सिंह, निवासी ग्राम वरना, थाना सरायममरेज, जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 136/25 धारा 109, 281, 125(a), 125(b), 61(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।


*पुलिस टीम:-*
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उ0नि0 राजेश सिंह व हे0का0 नन्दलाल गौड़ व हे0का0 दीपक कुमार मिश्रा हे0का0 बीरेन्द्र कुमार भारती व का0 सत्यान्शु सिंह, का0 रामप्रवेश गोश्वामी, रि०यू०टी० आदित्य कुमार, रि०यू०टी० प्रकाश, रि०यू०टी० राजकुमार म0का0 प्रजा प्रजापति, म0का0 ख़ुशबू सिंह अगर दुर्गागंज जनपद भदोही।
भदोही में 'विकसित भारत प्रदर्शनी' का शुभारंभ:केंद्र-प्रदेश सरकार के 12 और 9 वर्ष पूरे होने पर आयोजन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद भदोही में ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ का भव्य शुभारंभ किया गया। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर के मैदान में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी,  भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सरकार की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं भविष्य के विकसित भारत के संकल्प से अवगत कराया गया। इस अवसर परविभिन्न विभागों द्वारा विकासपरक योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। प्रदर्शनी में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, बाल विकास परियोजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, उद्योग विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा तभी पूर्ण होगी, जब समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि अधिकाधिक संख्या में  21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनसामान्य को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित हस्तनिर्मित उत्पादों की भी सराहना की गई। प्रदर्शनी में योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, प्रचार सामग्री, मॉडल एवं डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से आमजन को जानकारी उपलब्ध कराई गई।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के निदेशक विशाल सिंह के निर्देशों के क्रम में आयोजित ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी चित्रों एवं फोटोग्राफ के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन योजनाओं की उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया। प्रदेश में विकसित हो रहे यातायात नेटवर्क, आधारभूत संरचना, पुलिस व्यवस्था तथा जनपद भदोही में कराए गए विकास कार्यों को भी विस्तार से दर्शाया गया।  इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की समग्र जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा है।
      इस अवसर पर बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थियों को नवीन रेसिपी आधारित पुष्टाहार वितरण किया गया साथी उद्योग विभाग द्वारा लाभार्थियों को टूल किट का भी वितरण किया गया।   
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, जिससे अधिक से अधिक लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समृद्ध बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों एवं लोक गायकों द्वारा गीत-संगीत के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को उत्सवमय स्वरूप प्रदान किया।
          उल्लेखनीय है कि चार  दिवसीय ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ 20 जून 2026 तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकसित भारत के संकल्प तथा प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित होंगे।
          इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, जिला परियोजना अधिकारी आदित्य कुमार, जिला प्रोवेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण/ जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
भदोही साइबर क्राइम थाना एवं साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई 50 करोड़ के साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक भदोही  शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में साइबर क्राइम थाना/साइबर सेल भदोही की टीम को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी ट्रेडिंग एवं इनवेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को  ग्राम सभा बनकट जमीने छनौरा थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही  से गिरफ्तार  करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है । यह संगठित गिरोह फर्जी वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर ठगी करता था। गिरोह के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से 100 से अधिक NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) शिकायतें दर्ज हैं तथा इनके द्वारा 50 से अधिक म्यूल (Mule) बैंक खातों का उपयोग कर अवैध धनराशि प्राप्त एवं स्थानांतरित की जाती थी। साइबर पुलिस टीम द्वारा त्वरित वित्तीय कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में ₹30 लाख से अधिक की धनराशि फ्रीज कराई गई है ।

मन्नू सिंह निवासी नन्दापुर, ओमप्रकाश गौतम निवासी चकसिखारी अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


गिरफ्तार साइबर अपराधियों के   बैंक खातों एवं साइबर ठगी नेटवर्क के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों केरल,हरियाणा, दिल्ली ,तेलंगाना, बिहार  इत्यादि से कुल 50 से अधिक एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त मन्नू सिंह द्वारा बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी खातों का संचालन कराया जाता था तथा नेट बैंकिंग आईडी एवं पासवर्ड गिरोह के अन्य सदस्यों को उपलब्ध कराए जाते थे।
भदोही साइबर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े खातों में उपलब्ध ₹30 लाख से अधिक धनराशि को फ्रीज कराया गया है।


*गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम*
- निरीक्षक विजय कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक, साइबर क्राइम थाना, भदोही
- निरीक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव
- हे0का0 देवानन्द सिंह
- का0 कन्हैया कुमार सिंह
- का0 प्रभात चन्द्र त्रिपाठी
ओवरलोड रोकने के लिए टोल के पास लगेगी पोर्टेबल वेइंग मशीन

*हर दिन हाईवे से गुजरने वाले आठ हजार वाहनों में 60 फीसदी भारी वाहन, जमीन की भी तलाश*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे से होकर गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए लालानगर टोल प्लाजा के पास पोर्टेबल वेइंग मशीन लगाई जाएगी। टोल के पास वे-ब्रिज (धर्मकांटा), जुर्माना न जमा करने वाले वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग व सामानों को लोड-अनलोड की व्यवस्था होगी। हाईवे प्राधिकरण की ओर से इसका प्रस्ताव बनाया जा रहा है। प्रस्ताव लगभग अंतिम चरण में है। जमीन मिलते ही इसे आगे बढ़ाया जाएगा। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे देश के सबसे व्यस्ततम हाईवे में से एक है। हाईवे पर लालानगर में टोल प्लाजा बनाया गया है। टोल के आंकड़ों के अनुसार हर दिन यहां से सात से आठ हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। जिसमें लगभग 40 फीसदी चार पहिया वाहन होते हैं। वहीं 60 फीसदी मल्टी व्हीकल वाहन होते हैं। परिवहन मानकों के अनुसार हाईवे या सड़कों पर निर्धारित लोडिंग के वाहन ही चल सकते हैं, लेकिन तमाम वाहन ऐसे हैं, जो मानक के विपरीत ओवरलोड लेकर चलते हैं। परिवहन व यातायात विभाग की टीम अक्सर छोटे माल गाड़ियों पर तो कार्रवाई करते हैं, लेकिन बड़े वाहनों को लेकर उनका अंदाजा नहीं मिल पाता। जिसके कारण ओवरलोड को लेकर बड़े वाहनों पर कार्रवाई नहीं हो पाती। ऐसे में हाईवे से गुजरने वाले भारी ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए लालानगर टोल के पास पोर्टेबल वेइंग मशीन लगाई जाएगी। हाईवे प्राधिकरण की ओर से यह कार्य कराया जाएगा। इसके लिए हाईवे की रखरखाव संस्था की ओर से कार्ययोजना बनाई जा रही है। जिसके बाद आवश्यक जमीन की जरूरतों को देखते हुए कार्ययोजना आगे बढ़ाई जाएगी।


हाईवे से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों की जांच के लिए टोल प्लाजा पर यह प्रस्ताव बनाया जा रहा है। इसके लिए जमीन की भी जरूरत होगी। प्रस्ताव के आधार पर ही जमीन की जरूरतों को देखा जाएगा।

शेषनाथ यादव आर‌ई हाइवे रखरखाव
गोपीगंज के बाबा बड़े शिव धाम में उमड़ी भीड़: सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, सुख-समृद्धि की कामना*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज स्थित प्राचीन बाबा बड़े शिव धाम में सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्त मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते रहे। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।सोमवती अमावस्या के विशेष महत्व को देखते हुए दूर-दराज के गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे। भक्तों ने भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान कई महिलाओं ने भी व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की।मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन-पूजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति के पदाधिकारी और सदस्य लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।सेवा समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू ने समिति से जुड़े सदस्यों के साथ मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, कतारबद्ध दर्शन और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। समिति के सदस्यों ने भक्तों को सुगमता से दर्शन कराने में सक्रिय सहयोग दिया।श्रद्धालुओं का मानना है कि सोमवती अमावस्या पर भगवान शिव के दर्शन और पूजन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन के कष्ट दूर होते हैं। देर शाम तक मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा और पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आया।
दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार:औराई पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में, औराई पुलिस ने 15 जून 2026 को दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

थाना औराई पुलिस टीम रात्रि में सघन चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर चोर चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने सोमवार को देर रात 01:20 बजे कोठरा तिराहा के पास घेराबंदी कर पीछा किया और मोटरसाइकिल पर सवार दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय दूबे उर्फ सागर दूबे (22 वर्ष), पुत्र जयप्रकाश दूबे, निवासी तुलापुर, थाना औराई, जनपद भदोही, और अभिषेक सिंह (21 वर्ष), पुत्र अशोक सिंह, निवासी गहरवारी भीटी, थाना चील्ह, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके खिलाफ मु0अ0सं0 246/26 धारा 318(4), 345(3), 317(2) बीएनएस के तहत थाना औराई, जिला भदोही में मामला दर्ज किया है। अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक श्रेतांशु शेखर पंकज के साथ कांस्टेबल रंजीत सिंह, कांस्टेबल शेषनाथ, कांस्टेबल पवनेश राय, रिजर्व कांस्टेबल रामजी और रिजर्व कांस्टेबल शिवम शामिल थे।
26 वां राज्य काॅलेज बना केएनपीजी विवि

संयुक्त सचिव शकील अहमद ने कुलपति को लिखा पत्र, विद्यार्थियों को मिलेंगी सुविधाएं

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। प्रदेश सरकार द्वारा सूबे का 26वां राज्य विश्वविद्यालय केएनपीजी कालेज को बनाया गया है। इससे 20 महाविद्यालय जोड़ने का ऐलान किया है। उधर, प्रदेश सरकार के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी ने कुल सचिव काशी नरेश विश्व विद्यालय को आठ जून को पत्र भेजा। जिसमें नव सृजित विश्विद्यालय के संचालन का आदेश दिया गया है। बता दें कि काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूबे का 26वां राज्य विश्वविद्यालय बन गया है। गत माह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने इसका अनुमोदन किया था।

विधान मंडल के दोनों सदनों से प्रक्रिया पूरी करने के बाद विश्वविद्यालय बना दिया गया था। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को लंबे समय से विश्वविद्यालय बनाने की मांग हो रही थी। एक अगस्त 1951 को स्थापित इस महाविद्यालय ने 75 साल में उच्च शिक्षा में मानकों को स्थापित किया है। बीते दिनों जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50 एकड़ जमीन की उपलब्धता होने पर महाविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने का वादा किया था। उन्होंने जिला प्रशासन को जमीन की तलाश करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद डीएम शैलेष कुमार ने स्थानीय स्तर पर जमीन की तलाश कराई। जिसके बाद राजस्व टीम की ओर से केएनपीजी की जमीन की पैमाइश कराई गई। महाविद्यालय के पास खुद की लगभग 63 एकड़ जमीन है। जमीन की उपलब्धता के बाद जिलाधिकारी ने शासन को रिपोर्ट भेजी और उसके बाद सौगात मिली।


महाविद्यालय के पास है इतनी जमीन
भदोही। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास जोरई, वेदपुर, ददरहां महाविद्यालय के जीर्ण-शीर्ण भवन को मिलाकर 15.56 हेक्टेयर यानी 38.5 एकड़ भूमि है। महाविद्यालय का मुख्य एवं प्रशासनिक भवन 3.380 हेक्टेयर यानी 3.35 एकड़ और वेदपुर में ही 6.668 हेक्टेयर यानी 16.50 एकड़ महाविद्यालय की जमीन वेटरनरी कॉलेज के नाम से दर्ज है।


महाविद्यालय का सफरनामा
भदोही। एक अगस्त 1951 : काशी नरेश ने रखी थी आधारशिला। अब तक आगरा विश्वविद्यालय (1951-1959), गोरखपुर विश्वविद्यालय (1959-1988), पूर्वांचल विवि जौनपुर (1988-1995), काशी विद्यापीठ, वाराणसी (1995-2025) एवं विंध्याचल विवि (2025)। इसके अलावा छह हजार से ज्यादा विद्यार्थी हैं। नैक का बी ग्रेड प्राप्त है। करीब सवा सौ प्राध्यापक, करीब सौ तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। 19 विषयों की पढ़ाई होती है। उधर, स्मार्ट क्लास, मल्टीपरपज हॉल, लैब, पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी, आर्यभट्ट, भास्कर एवं ओबीसी छात्रावास हैं। खेल, एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स व स्काउट गाइड जैसी व्यवस्थाएं हैं।

निर्माण को मिले हैं 551.19 लाख रुपये
भदोही। संयुक्त सचिव ने पत्र में कहा कि सरकार ने 551.19 लाख रुपये का बजट स्वीकृति कर निर्माण की अनुमति दी है। 2021 से कृषि संज्ञान भवन बना है, उसे महाविद्यालय का अंग माना जाएगा। इसके अलावा 15 एकड़ जमीन प्रयोगात्मक कार्य को खरीदी जाएगी। कहा कि वेटनरी कालेल का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में उक्त जमीन वापस की जाएगी। महाविद्यालय के समस्त पदों को विश्व विद्यालय पद मान लिया जाएगा।
भदोही-प्रयागराज गंगा पुल का भूमि पूजन: 320 करोड़ की लागत से बनेगा, तीन दशक से थी मांग


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही और प्रयागराज जिलों की सीमा पर गंगा नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पक्के पुल का रविवार को भूमि पूजन किया गया। ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने तुलसीकला गंगा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। यह पुल लगभग 320 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। इसकी लंबाई करीब 1320 मीटर होगी और यह 13 पायों पर आधारित होगा। यह पुल भदोही के धनतुलसी घाट को प्रयागराज के डेंगुरपुर घाट से जोड़ेगा। इस पुल की मांग पिछले तीन दशकों से की जा रही थी। विशेष रूप से गंगा से तीनों ओर से घिरे डीघ-कोनिया क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पुल बनने से इस क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और कोनिया क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। पुल के निर्माण से भदोही से प्रयागराज की दूरी और यात्रा समय में कमी आएगी। इससे भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। मध्य प्रदेश की ओर आवागमन भी सुगम होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विधायक विपुल दुबे ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने सहित कई विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास का नया द्वार खोलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पुल बनने से भदोही की ऐतिहासिक और धार्मिक स्थली सीतामढ़ी, मां विंध्यवासिनी धाम और संगम नगरी प्रयागराज के बीच संपर्क बेहतर होगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और जानकारी दी कि कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्षेत्रीय लोग इस पुल के निर्माण की शुरुआत को विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात और ऐतिहासिक कदम मान रहे हैं, जिसकी मांग लगभग तीन दशकों से की जा रही थी।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। गायक अतुल मिश्रा, वशिष्ठ मिश्रा और गायिका एकता जायसवाल ने अपने गीतों से समां बांधा। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विधानचंद दुबे ने किया।इस अवसर पर प्रयागराज के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, सुरियावां नगर पंचायत अध्यक्ष विनय चौरसिया, ज्ञानपुर नगर पंचायत अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेश पाण्डेय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विमल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।