उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मेडिकल कॉलेज में योग कक्ष का किया शुभारम्भ, विकास भवन में प्रदर्शनी का उद्घाटन ।
देवरिया,  M N पाण्डेय, 17 जून 2026।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद देवरिया के एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री  सूर्य प्रताप शाही के साथ महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में वृक्षारोपण किया तथा योग कक्ष का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इसके उपरांत उन्होंने मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य एवं अन्य चिकित्साधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण एवं योग कक्ष के शुभारम्भ के पश्चात कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्र भारत के ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने जनकल्याण, लोककल्याण और देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज विशेष अभियान के माध्यम से उन लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है जो अब तक किसी कारणवश लाभ से वंचित रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता मिली है। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि जब तक प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को आवास एवं जीवन की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक योजनाएं निरंतर संचालित होती रहेंगी।
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश ।
मेडिकल कॉलेज में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की फैकल्टियों में रिक्त पदों को भरने का अधिकार प्राचार्य को प्रदान किया गया है। शासन स्तर पर केवल नियुक्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान का सफल संचालन प्राचार्य की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि इन्फ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की आधारभूत आवश्यकताओं के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। रोगी कल्याण समिति में उपलब्ध धनराशि का समुचित उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कोई भी फैकल्टी रिक्त न रहे। सीसीटीवी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर के कुछ भवनों में फिनिशिंग एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
विकास एवं जनकल्याण आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन ।
उप मुख्यमंत्री ने विकास भवन परिसर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘‘12 साल विश्वास, विकास एवं जनकल्याण’’ विषयक प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा देवराहा बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आईसीडीएस विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रम के तहत बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा 05 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। प्रदर्शनी में लगाए गए एक स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने झालमुड़ी का स्वाद भी लिया तथा प्रदर्शनी की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित यह प्रदर्शनी आमजन तक उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनका लाभ उठाने की अपील की।
प्रदर्शनी में कृषि, पर्यटन, पुलिस, स्वास्थ्य, उद्योग, आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, आईटीआई, पीएम सूर्य घर योजना, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, यूपी सिडको, यूपी सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, यूपीपीसीएल, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, बाढ़ खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय), सेतु निगम तथा ओडीओपी सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे।
          उप मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को महर्षि देवराहा बाबा का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा, डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, डॉ. एस.एस. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
देवरिया में 31 केंद्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परिक्षा जारी , STF और SOG की पैनी नजर ।

देवरिया M N पाण्डेय 31 मई ।
उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को देवरिया जिले में कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है। परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।
जिले में इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए कुल 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए है, जहां कुल 13,892 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए हर केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के नेतृत्व में सचल दलों (फ्लाइंग स्क्वायड) ने लगातार विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, पेपर लीक या सॉल्वर गैंग की सक्रियता को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्थानीय SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। खुफिया तंत्र और लोकल पुलिस की सोशल मीडिया से लेकर परीक्षा केंद्रों के बाहर तक पैनी निगरानी है, जिससे पूरी परीक्षा बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो सके।
केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। बायोमेट्रिक उपस्थिति और कड़ी सुरक्षा घेरे के बाद ही परीक्षार्थियों को कक्षा में जाने की अनुमति मिली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया देवरिया में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास l

M N पाण्डेय

देवरिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार, 22 मई 2026 को  देवरिया  जनपद में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:05 बजे से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 10:25 बजे कार्य गोरखपुरक्रम स्थल भीमपुर गौरा स्थित हेलीपैड पर पहुंचें।इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जिसमें देवरिया कसया फोरलेन, देवरिया हाटा टू लेन का काम प्रमुख हैं l
1 मई से 30 जून तक न्यायालयों का कार्य अब सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक l
देवरिया, 30 अप्रैल M N Pandey l
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने बताया कि जनपद न्यायाधीश, देवरिया के प्रशासनिक आदेश एवं माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में, सचिव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, देवरिया के प्रस्ताव के आधार पर जनपद की न्यायालयों एवं संबंधित कार्यालयों के कार्य समय में परिवर्तन किया गया है।
  1 मई से 30 जून तक जनपद देवरिया की समस्त न्यायालयों का कार्य समय प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। न्यायालयों में लंच का समय प्रातः 10:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार संबंधित कार्यालयों का कार्य समय प्रातः 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा, जिसमें लंच का समय भी प्रातः 10:30 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त अवधि में जनपद के समस्त राजस्व, चकबंदी एवं फौजदारी न्यायालयों सहित संबंधित अभिलेखागार का संचालन भी प्रातः 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा, जबकि अन्य सभी कार्यालय पूर्ववत प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संचालित रहेंगे।
21 मई तक स्वगणना, 22 मई से घर-घर सर्वे; लापरवाही पर होगी FIR
देवरिया 25 अप्रैल।जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में 7 से 21 मई तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान संचालित किया जाएगा। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) का कार्य शुरू होगा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं और व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
डीएम ने बताया कि स्वगणना के तहत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने एवं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले भर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, विद्यालयों व महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें। आमजन को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। इसके साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर व पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षकों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीएम ने बताया कि स्वगणना चरण के बाद 22 मई से शुरू होने वाले घर-घर सर्वेक्षण में गणनाकर्मी प्रत्येक मकान पर जाकर उसका विवरण दर्ज करेंगे। इस दौरान पूरे अभियान की सतत निगरानी व समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
प्रशिक्षण में लापरवाही पर सख्ती, होगी FIR
जनगणना प्रशिक्षण को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रगणक एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कराई जाएगी। इस धारा के तहत दोषी को तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
प्रशासन के अनुसार, सबसे पहले अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी लापरवाही या कार्य से इनकार की स्थिति में संबंधित के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा
देवरिया जिले के बरहज SDM विपिन द्विवेदी निलंबित

देवरिया । बरहज तहसील के उपजिलाधिकारी (SDM) विपिन द्विवेदी को नलकूप जमीन विवाद मामले में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नलकूप की जमीन से जुड़े विवाद में प्रशासनिक स्तर पर अनियमितता और लापरवाही की शिकायतें सामने आई थीं। जांच के बाद यह पाया गया कि SDM स्तर पर सही कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते मामला और गंभीर हो गया।
SDM विपिन द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर  राजस्व परिषद से संबद्ध किया गया है
उनके ऊपर विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी ।
नाली निर्माण मे भ्रष्टाचार चरम पर,  जिम्मेदार गांधारी बने
        
देवरिया,  M N Pandey l.        देवरिया के उमा नगर मे राजेंद्र चौक के पास नाली का निमार्ण कार्य  नगर पालिका  द्वारा कराया जा रहा है । जिसमे ठेकेदार द्वारा दोयम दर्जे का काम कराया जा रहा है ।  नाली निर्माण  मे मानक के विपरीत घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है जिसपर अस्थानिय लोगो मे भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है ।  जब इस विषय मे ई ओ नगर पालिका से बात करने का प्रयास हुआ तो ई ओ नगरपालिका द्वारा नम्बर ब्लाक कर दिया गया ।
चैत्र नवरात्रि पर देवरिया में भव्य ‘भक्ति संध्या’ व लेजर शो का आयोजन 23 मार्च को

देवरिया। 19 मार्च। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को सुदृढ़ करने हेतु 23 मार्च (सोमवार) को भव्य ‘भक्ति संध्या’ एवं ‘लेजर शो’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सायं 06:30 बजे से माँ देवरही माता मंदिर परिसर में आयोजित होगा।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने समस्त जनपदवासियों को चैत्र नवरात्रि एवं नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए इस विशेष आयोजन में सपरिवार सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम के अंतर्गत सुप्रसिद्ध गायिका अंजलि शुक्ला एवं उनकी टीम द्वारा भक्ति संध्या व देवी जागरण प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें माता के भजनों से वातावरण भक्तिमय होगा। इसके साथ ही विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

विशेष रूप से आयोजित ‘लेजर शो’ में देवरिया के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं सभ्यता की झलक आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी, जिससे दर्शकों को जनपद की विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि देवरिया की मिट्टी में संस्कृति और इतिहास की गहरी जड़ें हैं, जिन्हें संरक्षित एवं प्रसारित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की ।
आग की चपेट में कई घर और झोपड़ियां आ गईं, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक .
देवरिया ।घटना भाटपार रानी तहसील के कुकुरघाटी विशंभरपुर टोले की है जहा बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हाई वोल्टेज तार टूटकर गिरने से गांव में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में कई घर और झोपड़ियां आ गईं, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन समय पर दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंचीं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान  नही आया है
जाति प्रमाण पत्र के लिए घूस मांगने के आरोप में मुंशी गिरफ्तार

देवरिया। 27 फरवरी  सलेमपुर  तहसील मे एक मुंशी को जाति प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव के निर्देश पर आरोपी मुंशी को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
लेखपाल अमरेश मौर्या के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है, क्योंकि उसने मुंशी से आठ सौ रुपये की मांग की थी।