जमीन के अधिकार के संरक्षण हेतु "जन सत्याग्रह" का शंखनाद: अमलैया आशामंद में किसानों ने किया संकल्प

फर्रुखाबाद l रविवार को अमलैया आशामंद में 'किसान आंदोलन' के बैनर तले एक विशाल किसान सम्मेलन संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में औद्योगिक गलियारे के नाम पर प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का पुरजोर विरोध करते हुए इसे किसानों के साथ बड़ा धोखा करार दिया गया। हजारों की संख्या में एकत्रित किसानों ने एक स्वर में अपनी उपजाऊ भूमि को न सौंपने का संकल्प लिया।

प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने अपने संबोधन में कहा कि "वर्ष 1978 में संविधान संशोधन द्वारा संपत्ति के अधिकार को मौलिक अधिकार से हटाकर केवल कानूनी अधिकार बना दिया गया। इसके बाद से 1894 के कानून का दुरुपयोग कर देश भर में लाखों एकड़ जमीन जबरन अधिग्रहित की गई और किसानों को उचित मुआवजा तक नहीं मिला। वर्तमान सरकार को चाहिए कि वह संविधान में पुन: संशोधन कर संपत्ति के अधिकार को मूल अधिकार बनाए।"

उन्होंने कहा कि कानूनी बारीकियों पर चर्चा करते हुए कहा कि, "किसानों के संघर्ष के बाद 2013 में नया भूमि अधिग्रहण कानून बना, लेकिन बाद में उसमें संशोधन करके किसानों के हितों से खिलवाड़ किया गया। यहाँ तक कि सर्वोच्च न्यायालय के माध्यम से नए कानून की धारा 24(2) के प्रावधानों को भी बदल दिया गया। सरकार को संसद का विशेष सत्र बुलाकर या अध्यादेश लाकर नए कानून को उसके मूल स्वरूप में बहाल करना चाहिए।" उन्होंने 2015 के शासनादेश पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सीधे खरीद की आड़ में सरकार किसानों को पुनर्वास, पुनर्स्थापन और उपजाऊ जमीन की सुरक्षा के लाभ से वंचित कर रही है, जो कि सरासर अन्याय है। उन्होंने उपस्थित किसानों से शपथ पत्र के माध्यम से अपनी असहमति जिलाधिकारी को सौंपने का आह्वान किया

प्रदेश प्रभारी अशोक कटियार (एडवोकेट) ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "औद्योगिक गलियारे के लिए यह अधिग्रहण प्रस्ताव पूरी तरह मनमाना है। सरकार उपजाऊ बहुफसली भूमि को उजाड़ने के बजाय पहले से अधिग्रहित बंजर भूमि का उपयोग करे। हम किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं होने देंगे।"

उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के निवासियों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में 300 यूनिट बिजली मुफ्त, महिलाओं को 3,000 रुपये प्रति माह सम्मान राशि और बेरोजगार युवाओं को 4,000 रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने की मांग की। उन्होंने घोषणा की कि इन मांगों और जमीन के हक के लिए गांव-गांव 'जन सत्याग्रह' की अलख जगाई जाएगी।

आंदोलन की आगामी रणनीति स्पष्ट करते हुए नेताओं ने बताया कि 27 जून को ढाई घर स्थित गंगा तट पर किसान माँ गंगा का आशीर्वाद लेकर पूर्णतः अहिंसक सत्याग्रह की शुरुआत करेंगे। सम्मेलन में जिला प्रचार मंत्री देवेश चतुर्वेदी, आकाश कटियार ( अध्यक्ष ग्राम सुधार समिति ), राजीव यादव, राजवीर कठेरिया , मोनू कटियार, अरविंद राजपूत, प्रमोद गंगवार, मृदुल गंगवार, अभिनंदन गंगवार, प्रभाकर पाण्डेय, आर्येष पटेल, हर्ष गंगवार, वीरेंद्र आर्य , दीपू राठौर , राजाराम शर्मा , गुड्डू शाक्य , राजीव शाक्य , नीरज पाल , रविन्द्र पाल, साहबेज अली समेत क्षेत्र के समस्त प्रधान और हजारों किसान मौजूद रहे।

महिला की मौत पर चार आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

अमृतपुर फर्रुखाबाद 14 जून। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर जिठैली में मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।जानकारी के अनुसार ग्राम पूरनपुर जिठोली निवासी गंगा देवी 45 वर्ष पत्नी रामबाबू ने 15 मई 2026 को राजेपुर थाने में तहरीर देकर गांव के ही श्याम मोहन पुत्र संजू,अमरदीप पुत्र संजू, सुमन पत्नी संजू तथा संजू पुत्र उदयपाल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।गंगा देवी ने अपनी शिकायत में बताया था कि 15 मई की शाम करीब 7 बजे वह अपने दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान श्याम मोहन मोटरसाइकिल लेकर आया और उनकी चारपाई मे जोरदार टक्कर मार दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उनके तथा उनके पुत्रों के साथ मारपीट की। घटना में गंगा देवी और उनके पुत्र रामस्वरूप घायल हो गए थे।घायल रामस्वरूप ने बताया कि उनका इलाज जिला लोहिया अस्पताल में कराया गया था, जबकि उनकी मां का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। तीन दिन पूर्व ही उन्हें घर लाया गया था। शनिवार देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और घर पर ही मौत हो गई।महिला की मौत की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है तथा आरोपियों का शांति भंग की कार्रवाई में चालान किया जा चुका है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बहुजन क्रान्ति पार्टी के पदाधिकारियों ने बेरोजगार युवकों के लिए मांगी भीख
फर्रुखाबाद। बहुजन क्रांति के पार्टी के दर्जनों पदाधिकारी में रविवार को ओवरब्रिज से भोलेपुर क्रासिंग तक
युवा ही देश को आने वाले आर्थिक संकट से बचा सकता है। जब वह ही बेरोजगार रहेगा तो आर्थिक संकट देश के सामने खड़ा होगा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को युवाओ से कहा कि रोजगार माँगने के लिए भीख मांगने का काम शुरु कर दे।
पार्टी ने भोलेपुर फ्लाई ओवर पुल के नीचे भिक्षा  कार्यक्रम चलाया और देश पर आने वाले भयानक आर्थिक संकट से आगाह करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश की महा कर्ज मे डुबो दिया है । उन्होंने कहा कि आज प्रत्यक भारतीय पर 4,8०००० का कजी कर दिया है इस अचानक कर्ज के कारण देश पर आर्थिक संकट आने वाला है इसको लेकर IMF लगातार चेतावनी दे रहा है विश्वबैंक (अमेरिका) जापान को गारत का GDP से 12%, के रुपए की अदायगी की जा रही है ऐशिया बैंक (चीन) को इतना ही रुपया देना पड रहा है।
प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा , लाभार्थियों में वितरित किए स्वीकृति पत्र एवं सहायता सामग्री
फर्रुखाबाद l उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र एवं अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
कृषि विभाग द्वारा एक कृषक को 60 हजार रुपये की अनुदानित धनराशि से रोटावेटर, एक कृषक को सरकार द्वारा 5 लाख रुपये के अनुदान सहित किसान ड्रोन तथा एक अन्य कृषक को 75 हजार रुपये के अनुदान से स्ट्रॉ रीपर उपलब्ध कराया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड के रूप में कुल 13.15 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विकास खंड शमशाबाद की ग्राम पंचायत रम्पुरा निवासी लाभार्थी श्रीदेवी पत्नी तीसराम को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पांच लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड योजना के लाभार्थी मुकेश कुमार को चेक प्रदान किया गया। श्रम विभाग की कन्या विवाह योजना के एक तथा शिशु हित लाभ योजना के तीन लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को श्रवण यंत्र (कान की मशीन) प्रदान किए गए।
राजस्व विभाग की मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए तथा पांच लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब रैंकिंग पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन करने वाली योजनाओं का परीक्षण किया। जननी सुरक्षा योजना की निम्न रैंकिंग पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए नव तैनात मुख्य चिकित्साधिकारी को आगामी माह में स्थिति में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाया जाए।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर दिए आवश्यक निर्देश
अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने संकिसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवाल निर्माण एवं एमबीबीएस चिकित्सक की नियुक्ति की मांग उठाई, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने आवास विकास क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़कों की खुदाई के बाद रेस्टोरेशन कार्य लंबित होने की शिकायत की। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 20 दिनों बाद स्वयं विधायक से संपर्क कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन की गुणवत्ता की होगी जांच
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर कार्यदायी संस्थाओं द्वारा ग्राम प्रधानों से रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण हुए बिना ही कंप्लीशन सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर करा लिए जाते हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि टीम गठित कर स्थलीय जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि रेस्टोरेशन कार्य वास्तव में पूर्ण हुआ है।
सड़क, निर्माण एवं आधारभूत परियोजनाओं पर विशेष जोर
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जनपद में निर्माणाधीन नई सड़कों की सूची जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने तथा सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए।
बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी की जांच में पाई गई कमियों को 30 जून तक दूर करने का आश्वासन परियोजना प्रबंधक द्वारा दिया गया, जिस पर प्रभारी मंत्री ने 30 जून के बाद जिलाधिकारी को टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। वहीं बेवर से इटावा मार्ग पर मझोला नहर के निकट दो किलोमीटर अधूरे मार्ग को एक माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैंकों के निष्क्रिय खातों की होगी केवाईसी
प्रभारी मंत्री ने प्रभारी एलडीएम को निर्देशित किया कि नए एलडीएम की नियुक्ति तक वे स्वयं समीक्षा बैठकों में उपस्थित रहें। उन्होंने विगत दस वर्षों से निष्क्रिय बैंक खातों में जमा धनराशि लाभार्थियों तक पहुंचाने हेतु सूची उपलब्ध कराने तथा बीडीओ, तहसीलदार एवं ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की सहायता से संबंधित व्यक्तियों की केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।
विद्युत, पर्यटन एवं स्वास्थ्य परियोजनाओं की समीक्षा
विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर नई कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएं। पांचाल घाट द्वितीय चरण परियोजना का कार्य टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 1 जुलाई से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।
लोहिया चिकित्सालय में निर्मित ट्रॉमा सेंटर को अगले सप्ताह तक सभी आवश्यक एनओसी प्राप्त कर स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सकों एवं स्टाफ की मांग शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। स्थायी नियुक्ति होने तक स्थानीय स्टाफ से संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं रखरखाव पर रहेगा विशेष ध्यान
प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, औचक निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। नलकूप विभाग द्वारा स्थापित किए जा रहे नलकूपों की बोरिंग की गहराई की जांच कराने को भी कहा गया। पर्यटन विभाग की योजनाओं के हस्तांतरण के बाद उनके समुचित रखरखाव की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए।
कायमगंज विधायक की शिकायत पर गठवाया में निर्माणाधीन कस्तूरबा विद्यालय की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मंडी परिषद, गन्ना विभाग, जिला पंचायत एवं अन्य विभागों की क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए।
विधानसभावार विकास कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभावार विकास कार्यों की अद्यतन सूची तैयार कर संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे विकास योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत,  अमृतपुर, भोजपुर,सदर एवं कायमगंज के विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पैतृक भूमि को लेकर एक परिवार आमरण अनशन व भूख हड़ताल पर बैठा
अमृतपुर - फर्रुखाबाद l थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम अंबरपुर की मढ़ैया में पैतृक भूमि विवाद को लेकर एक परिवार शुक्रवार को आमरण अनशन एवं भूख हड़ताल पर बैठ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।ग्राम अंबरपुर की मढ़ैया निवासी गिरीश चंद्र मिश्रा शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे अपनी पत्नी गायत्री देवी, पुत्री सुमन, पुत्र देवेश तथा बहू गंगा देवी के साथ आमरण अनशन पर बैठ गए। गिरीश चंद्र मिश्रा का आरोप है कि लगभग 7 डिसमिल भूमि पर पिछले 40 वर्षों से उनका कब्जा चला आ रहा है, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उक्त भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किया है।उन्होंने बताया कि वह इस भूमि पर अपने पूर्वज बाबू कल्याण सिंह की स्मृति में एक पार्क का निर्माण कराना चाहते हैं। न्याय की मांग को लेकर उन्होंने परिवार सहित भूख हड़ताल शुरू कर दी है।वहीं दूसरे पक्ष के रमाकांत का कहना है कि अंबरपुर मोड़ के निकट गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए उन्होंने लगभग 14 डिसमिल भूमि दी थी, जिसके बदले में उन्हें यह भूमि आवंटित हुई है। इसलिए वह भूमि पर अपना वैध अधिकार बताते हैं।उल्लेखनीय है कि रमाकांत ने इससे पूर्व 17 मार्च 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना में अधिग्रहित हो रही अपनी भूमि एवं मकान के मुआवजे को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ग्राम सभा अंबरपुर की गाटा संख्या 202 एवं 203 में स्थित उनके मकान का सही मूल्यांकन नहीं किया गया है, जबकि मकान के निर्माण में लगभग 25 लाख रुपये खर्च हुए हैं।रमाकांत ने जिलाधिकारी से मांग की थी कि उनके मकान का पुनः निरीक्षण उनकी उपस्थिति में कराया जाए तथा निष्पक्ष मूल्यांकन के बाद ही उचित मुआवजा निर्धारित किया जाए। उनका कहना था कि जब तक दोबारा सर्वे और निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक वह अपनी भूमि और मकान परियोजना के लिए देने को तैयार नहीं हैं।भूमि विवाद और अनशन की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस तथा थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक जगदीश वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी ली। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है तथा मामले की जानकारी राजस्व विभाग को भी दे दी गई है। राजस्व विभाग द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीण क्षेत्र में इस विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।
खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने पर राशन दुकान के खिलाफ़ रिपोर्ट दर्ज
फर्रुखाबाद l
विकासखण्ड कमालगंज की ग्राम पंचायत हुसैनपुर नौखण्डा के उचित दर विक्रेता  माया देवी के विरुद्ध आई०जी०आर०एस० पोर्टल के माध्यमों से प्राप्त शिकायत के आधार पर पूर्ति निरीक्षक कमालगंज के द्वारा मौके पर जाकर जॉच की गयी। विक्रेता माया देवी द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के द्वारा अनुदानित खाद्यान्न गेहूँ, 105.922 कु०, चावल 157.038 कु०, बाजरा 103.79 कु० एवं चीनी 63 किलो० आदि की नफा नाजायज कमाये जाने के उद्देश्य से कालाबाजारी / डायवर्जन कर लिये जाने एवं 1.50 कु0 मक्का (अखाद्य) स्टॉक में अधिक पाये जाने व अन्य अनियमितताओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी के अनुमोदन आदेश 11 जून 2026 के अनुपालन में विकासखण्ड कमालगंज की ग्राम पंचायत हुसैनपुर नौखण्डा के उचित दर विक्रेता माया देवी की उचित दर दुकान का अनुबंध पत्र निरस्त करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अन्तर्गत थाना कोतवाली फतेहगढ़ में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गयी।
जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया जाता है कि राशनकार्डधारकों को नियमानुसार आवश्यक वस्तुओं का वितरण करना सुनिश्चित करें। यदि किसी उचित दर विक्रेता के विरूद्ध खाद्यान्न वितरण के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही की जायेगी।
गंगा की धारा स्वच्छ और निर्मल रहे इसको लेकर, पांचाल घाट से खंडित मूर्तियां हटाई गई

फर्रुखाबाद l
जिला गंगा समिति के तत्वाधान में गंगा को स्वच्छ अविरल निर्मल बनाने हेतु साप्ताहिक गंगा स्वच्छता अभियान का आयोजन गंगा घाट पांचाल घाट पर किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी संस्थाएं,गंगा योद्धा एवं अन्य स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भारी मात्रा में गंगा तट से खंडित मूर्ति,प्लास्टिक,पॉलिथीन,कांच, कपड़े इत्यादि अपशिष्ट सामग्री हटाई गई। इस दौरान लगभग दो कुंतल कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया।जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि लोग अज्ञानता वश गंगा के तट पर अपशिष्ट सामग्री छोड़ जाते हैं जिसकी वजह से गंगा का जल दूषित होता है।कई बार भारी मात्रा में कांच भी मिलती है जिससे कई बार दुर्घटना भी हो जाती है।प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि गंगा के तट पर किसी भी प्रकार की सामग्री विसर्जित ना करें इससे न सिर्फ धर्म का अपमान होता है बल्कि पर्यावरण भी दूषित होता है। जितना हो सके अपने घर पर ही अपशिष्ट सामग्री का निस्तारण करना चाहिए। नमामि गंगे के प्रशिक्षक रोहित दीक्षित ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को यह समझना चाहिए कि हम जिस तरह से अपने घर को स्वच्छ रखते हैं उसी तरह से हमें गंगा तट को भी स्वच्छ रखना चाहिए। लोग स्वयं को पवित्र करने के लिए गंगा स्नान करते हैं परंतु बदले में गंगा के जल में अपशिष्ट सामग्री छोड़ जाते हैं जिससे गंगा नदी का अपमान होता है। योगाचार्य प्रदीप नारायण शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को यह समझना चाहिए कि यदि प्रतिदिन हम इसी तरह से गंगा नदी में अपशिष्ट सामग्री छोड़ जाएंगे तो एक दिन गंगा में शुद्ध जल के स्थान पर सिर्फ अपशिष्ट सामग्री ही बचेगी। इस मौके पर उपस्थित नावकों,पंडा पुजारी, दुकानदारों आदि को भी गंगा स्वच्छता के लिए जागरूक किया गया। इस अभियान में गंगा योद्धा दीक्षा, पल्लवी, विवेक,अश्मित एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचाए – सांसद मुकेश राजपूत
फर्रुखाबाद l
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, डॉ. पल्लव सोमवंशी, ब्लॉक प्रमुख राजेपुर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पिछली दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए विभिन्न विकास विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद एवं विधायक द्वारा जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सुझाव एवं निर्देश दिए गए।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत 19 तालाबों की गाद निकालकर कराई गई सफाई के संबंध में विस्तृत सूची पुनः उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों जैसे डिजाइनर चूड़ी, रेडीमेड शर्ट, पूजा सामग्री, सजावटी वस्तुएं एवं हवाई चप्पलों के विपणन हेतु उपलब्ध कराए गए विभिन्न प्लेटफार्मों एवं बाजारों की समीक्षा की गई। सांसद ने स्वयं सहायता समूहों की आय में और अधिक वृद्धि हेतु प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए तथा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के निकट समूहों के लिए दुकानें विकसित कर उनकी आय बढ़ाने की संभावनाओं पर कार्य करने को कहा।
स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए  सांसद  द्वारा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। इस पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम आमिलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु स्थापित मशीनरी एवं प्लांट का संचालन प्रारंभ हो चुका है।
भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए माननीय सांसद एवं विधायक अमृतपुर द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार रिबोर कराए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी गौवंश आश्रय स्थलों में हरे चारे, छायादार व्यवस्था एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर निराश्रित गौवंशों को निकटतम गौआश्रय स्थलों में भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय सांसद द्वारा सरकारी विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों के संबंध में जानकारी ली गई। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि 70 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को हटाया जा चुका है तथा शेष 05 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को भी इसी माह में हटाने की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सरकारी चिकित्सालयों में उपयोग की जा रही दवाओं की एक्सपायरी तिथि की नियमित समीक्षा की जाए तथा किसी भी स्थिति में एक्सपायर्ड दवाओं का उपयोग न होने पाए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों को आवश्यकता के अनुसार विटामिन, कैल्शियम एवं आयरन की दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उनके स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित हो सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। माननीय सांसद महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, अपर जिलाधिकारी (राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
फोन से बात न करने पर युवक ने युवती के घर घुसकर गोली मारी, युवती गंभीर रूप से घायल, भर्ती
फर्रुखाबाद l प्रेम दीवाने युवक ने फोन पर युवती के बात ना करने पर युवक ने घर जाकर युवती को गोली मार दी, गोली लगने से घायल हो गई , परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है l पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है। बीती रात  थाना मऊदरवाजा के निकट मोहल्ला अस्तबल तराई में रहने वाले विशंभर कश्यप के बेटे का विशाल का काफ़ी समय से विवेक मौर्य के घर आना-जाना था। इस बीच विशाल से विवेक की पुत्री से फोन पर बातचीत होने लगी। इस दौरान किसी बात को लेकर युवती ने विशाल से बात करना बंद कर दिया। इस बात से नाराज होकर विशाल ने रात में युवती के घर जाकर जान से मारने के लिए तमंचे से फायरिंग की, गोली पैर में लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई ।

गंभीर रूप से घायल युवती को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर विवेक मौर्या के पुत्र अरुण ने विशाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसमें कहा है कि 18 वर्षीय बहन से विशाल कश्यप करीब पिछले एक वर्ष से बातचीत कर रही थी।  कुछ समय से बहन ने विशाल से
बात करना बन्द कर दिया था। विशाल बहन को बात करने का बराबर दबाव बना रहा था, और वह बात नही कर रही थी। इस बात को लेकर विशाल कश्यप गुरुवार की रात 9.45 बजे घर में तमंचा लेकर आया। उस समय मां प्रीति व बहन घर की छत पर बैठी थी। विशाल बहन को गाली देते हुए कहा तू अगर बात नही करेगी तो तुझे जिन्दा नही छोडूंगा।

विशाल ने जान से मारने की नियत से बहन के तमंचे से गोली मार दी। गोली युवती के दाहिने पैर में लगत ही विशाल तमंचा सहित मौके से फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि बजरिया चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह को जांच सौंप गई है।
ओमवीर हत्याकांड में फरार आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार पर हुई कार्यवाही


अमृतपुर फर्रुखाबाद 11 जून। थाना अमृतपुर क्षेत्र के चर्चित ओमवीर हत्याकांड में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। मामले में वांछित चल रहे आरोपी श्यामवीर पुत्र कन्हैयालाल ने फतेहगढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।थाना प्रभारी अमृतपुर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि ओमवीर हत्याकांड में वांछित आरोपी श्यामवीर ने न्यायालय में हाजिर होकर आत्मसमर्पण किया है, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
उधर, ग्राम गुजरपुर पमारान निवासी मृतक ओमवीर की पत्नी धर्मशीला ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रार्थना पत्र देकर मामले में न्याय की मांग की थी। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग उठाई है।धर्मशीला के अनुसार उनके पति ओमवीर 20 जुलाई 2025 को लापता हो गए थे। बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप पर मुकदमा दर्ज हुआ और जांच के दौरान ओमवीर का कंकाल कई महीनों बाद खेत में दबा बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में रामू यादव, सुरजीत यादव और देवेंद्र यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब श्यामवीर के आत्मसमर्पण के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़ गई है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ओमवीर हत्याकांड क्षेत्र में लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है और पीड़ित परिवार अब भी मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है।