मजिस्ट्रेट संग अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक शामित,2973 अभ्यर्थी होंगे शामिल

प्रवक्ता परीक्षा: 14 जून को एक पाली में होगी परीक्षा,एन‌आईसी की कंट्रोल रूम से रहेगी निगरानी


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में 14 जून सात केंद्रों पर होने वाली प्रवक्ता परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में है। पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए हर केंद्र पर दो- दो मजिस्ट्रेट और दो केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई गई है। नामित अफसरों को केंद्रों पर जरुरी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा में कुल 2973 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बीएड प्रवेश परीक्षा, टीजीटी और पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद अब प्रवक्ता परीक्षा को सकुशल कराने में प्रशासन और शिक्षा विभाग जुटा है।

14 जून को होने वाली परीक्षा के लिए विभूति नारायण इंटर कॉलेज ज्ञानपुर,जिला पंचायत इंटर कॉलेज ज्ञानपुर,गुलाबधर मिश्रा इंटर कॉलेज, गोपीगंज,इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज भदोही,एम‌ए समद इंटर कॉलेज भदोही,काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय ब्लॉक ए और ब्लॉक बी को केंद्र बनाया गया है।

पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक परीक्षा होगी। डीएम शैलेश कुमार के निर्देश पर सभी केंद्रों पर एक सेक्टर , एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, एक केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई गई है। नामित अफसरों की मौजूदगी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा को सकुशल कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी ली गई है। सुबह आठ बजे से ही जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। एन‌आईसी के कंट्रोल रुम से सभी केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
जिले के सरकारी अस्पतालों में 35 रक्तदाताओं की लगेगी सूची
*दफ्तर, डॉक्टर के चेंबर के सामने होगी चस्पा, जरुरतमंद सीधे करेंगे फोन*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अब खून के लिए मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। तीमारदारों को ब्लड बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जरूरतमंद व्यक्ति सीधे रक्तदाताओं से बातकर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एक नई पहल की शुरूआत की है। जिला अस्पताल सहित 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर अब रक्तदाताओं की सूची चस्पा की जाएगी। जिले में कुल 35 डोनर हैं, जो नियमित रूप से समय समय पर रक्तदान करते हैं। इसके अलावा पांच संस्था हैं, जो किसी विशेष डे पर कैंप लगवाती हैं। अक्सर मरीज को जरूरत पर खून नहीं मिलता है। इससे मरीज, तीमारदारों को परेशान होना पड़ता है।‌ महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही, सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल और भानीपुर, डीघ, गोपीगंज, औराई, भदोही, सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 20 प्राथमिक स्वास्थ केंद्रों पर डोनरों की सूची चस्पा की जाएगी। रक्तदाता का नाम, मोबाइल नंबर, ब्लाॅक, ब्लड ग्रुप लिखा रहेगा : जिसमें रक्तदाता का नाम, मोबाइल नंबर, ब्लाॅक, ब्लड ग्रुप होगा। इससे जरूरत मंद मरीज, तीमारदार सीधे डोनर से बातचीत कर सकते हैं। ब्लड ग्रुप मैच करने पर डोनर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक आएंगे और रक्तदान करेंगे। सारी प्रकिया पूरी करने के बाद मरीज को दिया जाएगा। अस्पताल के ब्लड बैंक में हमेशा खून का टोटा रहता है। इसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता की कमी है। आज भी लोग रक्तदान करने से पहले सोचते हैं। जबकि चिकित्सकों का मानना है कि रक्तदान करने से शरीर स्वास्थ्य रहती है।
खतरे की इमारतें सलामत, कार्रवाई का सिस्टम जर्जर
5 साल पहले घोषित तुलसी सिनेमा के सामने जर्जर भवन को अब तक नहीं गिराया


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के निकायों में कई भवन जर्जर हो चुके हैं। बारिश के दौरान ये भवन कभी भी गिर सकते हैं। सुरियावां, ज्ञानपुर, खमरिया समेत अन्य निकायों में कुल 45 से अधिक भवन जर्जर बताए जा रहे हैं, लेकिन सुरियावां में 32, ज्ञानपुर में दो और खमरिया में एक भवन के अलावा अन्य किसी भी निकाय प्रशासन के पास जर्जर भवनों का आंकड़ा नहीं है।

भदोही, गोपीगंज, घोसिया और नई बाजार जैसे निकायों में तीन से चार भवन जर्जर बताए गए हैं। नगरों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्थित ये भवन मानसून सीजन में हादसों को न्योता दे सकते हैं।  शनिवार को ने जिले के सात निकायों—भदोही, गोपीगंज पालिका, ज्ञानपुर, सुरियावां, नई बाजार, खमरिया और घोसिया—में जर्जर भवनों की पड़ताल की। विभाग के मुताबिक, तीन निकायों में कुल 35 भवन जर्जर हैं। इनमें सबसे अधिक 32 भवन सुरियावां में हैं। पड़ताल के दौरान इससे अधिक जर्जर भवन नजर आए। ये भवन बाजार के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्थित हैं, जो बारिश में गिर सकते हैं। भदोही में लिप्पन तिराहा तथा ज्ञानपुर में तुलसी टॉकिज के सामने जैसे व्यस्त इलाकों में भवन जर्जर हैं। तुलसी टॉकिज के सामने स्थित भवन को वर्ष 2021 में ही ध्वस्त करने का आदेश दिया गया था। हर वर्ष मानसून से पहले प्रशासन जर्जर मकानों का चिह्नांकन कर ध्वस्तीकरण के लिए नोटिस जारी करता है, लेकिन कार्रवाई केवल नोटिस तक सीमित रह जाती है।



सिर्फ सुरियावां प्रशासन ने जारी किया है नोटिस
इस वर्ष केवल सुरियावां निकाय प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। इसके अलावा अन्य किसी भी निकाय में जर्जर भवनों का चिह्नांकन नहीं किया गया है। निकाय प्रशासन के अनुसार, 80-90 वर्ष पुराने मकान जर्जर श्रेणी में पहुंच जाते हैं। नियमानुसार जर्जर भवन को मालिक स्वयं ध्वस्त करा सकते हैं। इसके अलावा निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद प्रशासन भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करता है। शुल्क भवन की स्थिति के आधार पर तय किया जाता है। सुरियावां के ईओ सुजीत कुमार ने बताया कि 32 भवन जर्जर श्रेणी में हैं, जिन्हें नोटिस जारी किया गया है।


*ये भवन हैं जर्जर विभाग को नहीं सूचना*

जर्जर भवनों में न सिर्फ लोग रह रहे हैं, बल्कि कुछ सरकारी कार्यालय भी संचालित हो रहे हैं। ज्ञानपुर के मिश्रा मार्केट के बगल में स्थित अल्पसंख्यक एवं सेवायोजन विभाग और मत्स्य विभाग के कार्यालय ऐसे भवन में संचालित हैं। वहां कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी भय में रहते हैं। गोपीगंज नगर पालिका का कार्यालय स्वयं जर्जर है। तुलसी सिनेमा के सामने एक भवन जर्जर है। भदोही के लिप्पन चौराहे के पास स्थित तीन मंजिला भवन तथा खमरिया मुख्य बाजार में बस्ती के बीच दो मंजिला भवन भी जर्जर हैं। इसकी सूचना निकाय प्रशासन के पास नहीं है।

सभी निकायों को तीन दिन का समय दिया गया है। ईओ को निर्देशित कर भवन को चिन्हित किया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शुभांगी शुक्ला एडीएम, वित्त एवं राजस्व
सीतामढ़ी मंदिर के आसपास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। सीतामढ़ी। जिले के धार्मिक और पर्यटन स्थल सीतामढ़ी की सड़कों पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। नए मंदिर से महर्षि वाल्मीकि आश्रम तक और आसपास के क्षेत्र में लगीं स्ट्रीट लाइटें लगभग खराब हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से धर्म स्थल पर लगवाई गईं स्ट्रीट लाइटें करीब 20 दिन से खराब हैं। दुकानदारों ने बताया तेज आंधी के दौरान स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई थी। इससे शाम से ही सीतामढ़ी में अंधेरा छा जाता है। हनुमान मंदिर से लेकर महर्षि वाल्मीकि आश्रम एवं पार्किंग मोड तक की स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। इससे पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। अंधेरा होने के श्रद्धाल गंगा दर्शन और महर्षि वाल्मीकि आश्रम जाने से परहेज करते हैं। स्थानीय दुकानदार नागेंद्र पांडेय, पवन मिश्रा, आशीष तिवारी आदि ने का कहना है कि ई बार शिकायत करने के बावजूद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। कोई सुनने वाला तक नहीं है।
डॉ. प्रदीप नारायण डोंगरे को प्रोफेसर पदनाम मिला: प्राचार्य पद पर रहते हुए यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले व्यक्ति

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर के पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रदीप नारायण डोंगरे को प्रोफेसर पदनाम प्रदान किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने उन्हें यह पदनाम उनके विषय वनस्पति विज्ञान में उनकी शैक्षणिक और शोध विशेषज्ञता के आधार पर दिया है।
डॉ. डोंगरे ने इस पद के लिए पहली बार वर्ष 2022 में आवेदन किया था। हालांकि, वांछित आदेश जारी नहीं हुए। इसके बाद, उन्होंने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत अनुमति प्राप्त करने के बाद वर्ष 2025 में पुनः आवेदन किया। लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी आदेश प्राप्त न होने पर डॉ. डोंगरे ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। वे प्राचार्य पद पर चयन के उपरांत संबंधित विषय में प्रोफेसर पदनाम प्राप्त करने वाले प्रदेश के पहले और एकमात्र प्राचार्य हैं।
20 से 25 जून के बीच दस्तक देगा मानसून


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में दक्षिण - पश्चिम मानसून के 20 से 25 जून के बीच दस्तक देने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में प्री- मानसून गतिविधियां तेज होंगी, जिससे बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि 19-20 जून के आसपास क्षेत्र में प्री- मानसून हलचल बढ़ेगी, जिससे तेजी गर्मी से राहत लगेगी। लगातार बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को उसम भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
548 ग्राम अवैध गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार :कोइरौना पुलिस ने भदोही में गांजा तस्करी करते पकड़ा

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने शुक्रवार को कोइरौना थाना क्षेत्र से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से प्लास्टिक के झोले में 548 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रशेखर उर्फ राज सिंह (22) पुत्र विकास सिंह के रूप में हुई है, जो गजाधरपुर गांव का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में कोइरौना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गजाधरपुर गांव से चंद्रशेखर उर्फ राज सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 548 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ कोइरौना थाने में मु0अ0सं0-110/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे कानूनी कार्यवाही के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक काशीनाथ यादव, हेड कांस्टेबल विनय यादव, हेड कांस्टेबल पीयूषाकान्त यादव, कांस्टेबल जितेंद्र पटेल और कांस्टेबल विकास सिंह शामिल थे।
ज्ञानपुर में 8 करोड़ से सड़कें, लाइटें लगेंगी : स्मार्ट सिटी की तर्ज पर होगा विकास, नवयुग पालिका योजना में चयन*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर पंचायत का चयन 'नवयुग पालिका योजना' के तहत किया गया है। इस योजना के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों में स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के लिए 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें सड़कें, नालियां, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और एक नए कार्यालय का निर्माण शामिल है।

योजना के तहत डिजिटल गवर्नेन्स, ई-सेवाओं और तकनीकी समाधानों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य निकाय में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसमें सड़कों, जल निकासी, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

शासन के निर्देश पर प्रदेश के 58 जिला मुख्यालयों वाले नगरीय निकायों का चयन एक महीने पहले इस योजना में किया गया है। जिला मुख्यालयों को विकसित करने से विभिन्न विभागों के बीच विकास की असमानताओं को कम करने में मदद मिलेगी। ज्ञानपुर नगर में कुल 11 वार्ड हैं, जहां लगभग 25 से 30 हजार की आबादी निवास करती है।

योजना के अंतर्गत नगर के सभी तिराहे और चौराहों का सुंदरीकरण किया जाएगा। यहां हाईमास्ट लाइटें, बेंच और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। यह मुख्यालय की नगर पंचायत है और भविष्य में इसे पालिका बनाने की योजना भी चल रही है।

वर्तमान में नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जल निकासी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाता। 'नवयुग पालिका योजना' के तहत होने वाले कार्यों से इन समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। इन सभी कार्यों की निगरानी सीधे लखनऊ से की जाएगी।

ज्ञानपुर नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता ने बताया, "नवयुग पालिका योजना में ज्ञानपुर नगर का चयन हुआ है। 8 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार करके जिला प्रशासन को भेजा गया है, जो वहां से शासन को भेजा जाएगा। बजट मिलते ही विभिन्न विकास कार्यों को कराया जाएगा।"
साइबर ठगी के शिकार को 42.182 वापस मिले: भदोही पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने की त्वरित कार्रवाई
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पीड़िता को ₹42,182.13 वापस दिलाए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर ऊंज थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
यह मामला ऊंज थाना क्षेत्र के सोबरी निवासी एक आवेदिका से जुड़ा है। एक अज्ञात व्यक्ति ने आधार कार्ड और पैन कार्ड अपडेट कराने के बहाने उनसे साइबर धोखाधड़ी की थी, जिसके परिणामस्वरूप उनके खाते से पैसे निकाल लिए गए थे। घटना के बाद, पीड़िता ने ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होने पर, ऊंज थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर उपलब्ध विवरणों का अवलोकन किया। इसके बाद, डेस्क ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप धोखाधड़ी की गई पूरी धनराशि ₹42,182.13 पीड़िता के खाते में सफलतापूर्वक वापस आ गई। अपने खाते में धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने भदोही पुलिस, विशेषकर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और ऊंज थाने की साइबर हेल्प डेस्क के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भदोही पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
जिले में अगले सप्ताह आएंगे सीएम
अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। कालीन नगरी में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ का आगमन आगामी सप्ताह संभावित है। अभी तक प्रोटोकॉल नहीं आया है। लेकिन अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। फाइलों को दुरुस्त करने के साथ ही सुरक्षा पर कार्य किया जा रहा है। सीएम जिले को करोड़ों रुपये की सौगात दे सकते हैं। बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीन नगरी के विकास को दिल खोलकर धन दिया है।

विकास कार्यों की गति को परखने के लिए अगले सप्ताह किसी भी दिन आ सकते हैं। उधर, उनके आगमन की भनक लगने के बाद सुबह से लेकर देर रात तक निरीक्षण का दौर चलता रहा। कार्यों को पूरा कराने के साथ ही फाइलों को दुरुस्त करने में अफसर एवं कर्मी जमकर पसीना बहाने का काम कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि सीएम के आने की सूचना आला अफसरों से मिली हैं। उसके बाद पुलिस लाइन हेलीपैड समेत अन्य सुरक्षा पर कार्य किया जा रहा है। अभी तक प्रोटोकॉल नहीं आया है।

शासन स्तर से निर्देश के बाद तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम हो रहा है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे। आशा है कि उनका उड़न खटोला पुलिस लाइन में ही उतरेगा। केएनपीजी विश्वविद्यालय समेत करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मुख्यमंत्री जिले को एक बार फिर देंगे


छठवीं बार आने वाले पहले सीएम
भदोही। कालीन नगरी में अब तक बतौर सीएम योगी आदित्यनाथ पांच बार आ चुके हैं। अगले सप्ताह वह छठवीं बार आएंगे। इतनी बार आने वाले वे पहले सीएम होंगे। बता दें कि तीन जून 2018 को वह कारपेट एक्सपो मार्ट में आए थे। 24 अक्तूबर 2021 को वीएनजीआईसी ज्ञानपुर में, 30 दिसंबर 2020 को कारपेट एक्सपो मार्ट में तथा नौ अक्तूबर 2023 को ही मार्ट में आकर कालीन मेले का उद्घाटन किया था। उसके बाद गत वर्ष 23 जून को ज्ञानपुर में आए थे।