जनशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की प्रवासी फाउंडेशन के कार्य योजना की सराहना

लखनऊ। पूर्वांचल में रोजगार के बेहतर संसाधन मुहैया कराने और महानगरों की ओर हो रहे पलायन को रोकने के लिए स्थापित प्रवासी फाउंडेशन की कार्य योजना से उत्तर प्रदेश सरकार को अवगत कराने के क्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को सविस्तार जानकारी दी गई।
राजधानी स्थित कैबिनेट मंत्री के आवास पर प्रवासी फाउंडेशन की ओर से अभिज्ञान और पवन उपाध्याय ने सरकार द्वारा मिले सहयोग के लिए उन्हें आभार पत्र भेंट किया।

इस दौरान अभिज्ञान उपाध्याय द्वारा जलशक्ति मंत्री को मुंगरा बादशाहपुर में संपन्न प्रवासी सम्मेलन और उसके बाद की योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आगामी समय में रोजगार मेले का आयोजन जगह-जगह किया जायेगा और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की योजना है। इस पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, उनकी सरकार पूर्वांचल को औद्योगिक रूप से समृद्ध करने की योजना को निरंतर आगे बढ़ा रही है। वो दिन दूर नहीं, जब स्थानीय युवाओं को कहीं भी बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने जिले में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

जलशक्ति मंत्री ने अभिज्ञान उपाध्याय से कहा कि प्रवासी फाउंडेशन युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जिस तरह से जागरूक कर रहा है, यह सराहनीय प्रयास है। इस कार्य में प्रवासी फाउंडेशन को यथा संभव सहयोग किया जायेगा।
सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मचा कोहराम
लखनऊ, सहारनपुर । सहारनपुर में एक परिवार के 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार एक बाइक पर सवार था तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार चारों लोग सड़क से 10 फीट दूर नीचे गड्ढे में जा गिरे। कार भी पलटी खाते हुए नीचे जा गिरी।

आसपास के लोग चारों घायलों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा शनिवार दोपहर 12:00 बजे बेहट थानाक्षेत्र के गांव धौलाकुआं के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार नाबालिग चला रहा था। पुलिस गाड़ी नंबर से इस दावे की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में मलकपुर निवासी लविश उर्फ फग्गू (26), उसकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और तीन साल की बेटी रूही की मौत हो गई।

मृतक लविश के चाचा अंकित ने बताया कि लविश, उसकी मां, बहन और बेटी रूही के साथ कोठड़ी स्थित ससुराल गया था। वहां से बाइक पर अपने गांव मलकपुर लौट रहा था जब यह हादसा हुआ। लविश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।

लविश की शादी 2022 में हुई थी। घर पर उसकी गर्भवती पत्नी और एक 2 साल का छोटा बेटा है। हादसे में जान गंवाने वाली रूही बड़ी बेटी थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कार कोठड़ी बहलोलपुर में रहने वाले ताहिर का नाबालिग बेटा चला रहा था। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। वाहन ताहिर के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी है।
यूपी चुनाव पर अखिलेश यादव की चेतावनी, कहा- निष्पक्षता से समझौता हुआ तो लोकतंत्र को होगा नुकसान

- सपा प्रमुख ने पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों का किया जिक्र, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और चुनावी निष्पक्षता पर उठाए सवाल

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर चिंता जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों के दौरान जिन परिस्थितियों और आरोपों की चर्चा हुई, यदि वैसी ही स्थिति उत्तर प्रदेश में भी दोहराई गई तो यह प्रदेश का "आखिरी चुनाव" साबित हो सकता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मतदान और चुनावी प्रक्रिया पर उसका भरोसा होता है। यदि चुनावों की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठते रहे तो लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति लोगों का विश्वास प्रभावित हो सकता है।
सपा प्रमुख के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों के बीच चुनावी पारदर्शिता, निष्पक्ष मतदान और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है। अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं और सभी दल अपनी-अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं।
अमेठी में यूपी-112 की त्वरित कार्रवाई से फांसी लगाने का प्रयास कर रहे व्यक्ति की बची जान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में यूपी 112 के पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बच गई। मामला थाना जगदीशपुर के अंतर्गत ग्राम सरेसर का है, जहां 12 जून को दोपहर करीब 1:36 बजे पुलिस को एक घरेलू विवाद की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही पीआरवी 5344 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि एक व्यक्ति ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया है और वह दरवाजा नहीं खोल रहा है। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और पड़ोसी की छत के रास्ते घर के भीतर प्रवेश किया।

अंदर पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि वह व्यक्ति गमछे का फंदा बनाकर फांसी पर लटक चुका था। पीआरवी कर्मियों ने बिना समय गंवाए तुरंत तत्परता दिखाते हुए गमछे को काटा और व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा, जिससे उसकी जान बच गई।



इस साहसिक और उत्कृष्ट कार्य के लिए यूपी 112 के पुलिस महानिदेशक  विनोद कुमार सिंह ने पीआरवी 5344 की टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया है। सम्मानित होने वाले कर्मियों में कमांडर हरिओम उपाध्याय, सब कमांडर प्रमिला तिवारी, कौशिक सिंह और पायलट पवन कुमार सरोज शामिल हैं। महानिदेशक ने अपने संदेश में कहा कि पीआरवी कर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग का मान बढ़ा है।
अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग व स्वच्छता से गूंजेगा प्रदेश
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनभागीदारी से होंगे विशेष आयोजन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर व्यापक जनभागीदारी के साथ सामूहिक योग के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों पर आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि अमृत सरोवर स्थलों पर सामूहिक योग सत्र, एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय समुदाय, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, आजीविका मिशन से जुड़ी दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
श्री मौर्य ने कहा कि अमृत सरोवर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इन स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूहों, स्वयं सहायता समूहों, पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, युवा समूहों, शिक्षण संस्थानों तथा जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों से जोड़ते हुए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में ‘सरोवर संवाद’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को वीबी- जी राम जी योजना के प्रावधानों एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी.एस. प्रियदर्शी ने सभी जनपदों को निर्देश दिए हैं कि आयोजित कार्यक्रमों की फोटोग्राफ एवं गतिविधियों का विवरण मिशन अमृत सरोवर पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा कार्यक्रम सम्पन्न होने के दो दिवस के भीतर राज्य मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
मुजफ्फरनगर: 10.68 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी में बड़ी कार्रवाई, ईओडब्ल्यू ने वांछित आरोपी जुनैद सैफी को किया गिरफ्तार
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आर्थिक अपराधों और टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 'आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन' (EOW) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ईओडब्ल्यू की मेरठ सेक्टर टीम ने मुजफ्फरनगर जिले से करीब 10.68 करोड़ रुपये की जीएसटी (GST) और सेल टैक्स चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त जुनैद सैफी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का चूना लगाने का आरोप है।

सोची-समझी साजिश के तहत बनाई फर्जी फर्म

मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त जुनैद सैफी, पुत्र नासिर सैफी, मुजफ्फरनगर के सुजडू चुंगी (जहांगीर पट्टी) का रहने वाला है। वह मुजफ्फरनगर के जी.टी. रोड पर स्थित 'सर्वश्री राजकमल ट्रेडर्स' नाम की फर्म का स्वामी था।आरोप है कि जुनैद सैफी ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर एक योजनाबद्ध आपराधिक षड्यंत्र रचा था। इन लोगों ने टैक्स चोरी (करापवंचन) करने के उद्देश्य से फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लिया और कपटपूर्ण तरीके से 'श्री राजकमल ट्रेडर्स' नाम की फर्म का रजिस्ट्रेशन कराया।

ऐसे दिया अरबों के वित्तीय घोटाले को अंजाम

ईओडब्ल्यू (EOW) द्वारा की गई जांच में सामने आया कि आरोपी जुनैद ने न सिर्फ कागजों पर फर्जी फर्म खड़ी की, बल्कि बड़े पैमाने पर सेल टैक्स की चोरी भी की। इस फर्जीवाड़े के जरिए उसने अपनी फर्म से जुड़ी अन्य अनुवर्ती (आगे की) फर्मों को अवैध रूप से करोड़ों रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ पहुंचाया। इस पूरी हेराफेरी के माध्यम से आरोपियों ने सरकार को सीधे तौर पर 10,68,00,000 रुपये (दस करोड़ अड़सठ लाख रुपये) की जीएसटी की चपत लगाई और खुद अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमाया।

दर्ज मामले और पुलिस की कार्रवाई

इस धोखाधड़ी को लेकर मुजफ्फरनगर के थाना मन्सूरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 77/21 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच (विवेचना संख्या-22/23) ईओडब्ल्यू मेरठ सेक्टर को सौंपी गई थी। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 419, 409, 420, 467, 468, 471, 120बी के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 66सी और जीएसटी एक्ट की धारा 35(i) के तहत केस दर्ज है।

आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था

मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। ईओडब्ल्यू लखनऊ के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक (EOW मेरठ सेक्टर) के पर्यवेक्षण में टीम का गठन किया गया। ईओडब्ल्यू की टीम ने जाल बिछाकर 12 जून 2026 को आरोपी जुनैद सैफी को मुजफ्फरनगर से धर दबोचा। पुलिस अब इस सिंडिकेट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रुपये दोगुना करने का लालच देकर लूटपाट करने वाला गिरोह गिरफ्तार, एक आरक्षी समेत चार गिरफ्तार

लखनऊ। कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाने और फिर फर्जी पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का लखनऊ पुलिस ने खुलासा किया है। सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरक्षी सहित चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.25 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो कारें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार थाना चिनहट में दर्ज मुकदमा संख्या 314/2026 की जांच के दौरान इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ। शिकायतकर्ता प्रभाकर सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनके भाई और उसके मित्र को एक कंपनी में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया। इसके बाद उन्हें बुलाकर फर्जी तरीके से डराया-धमकाया गया और उनके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने हरदाशी खेड़ा नहर पुलिया के पास से जावेद हुसैन, आसिफ, प्रवेश त्रिपाठी और पूरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। गिरोह लोगों को निवेश पर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी होने का लालच देकर बुलाता था। इसके बाद खुद को पुलिस या अन्य जांच एजेंसियों से जुड़ा बताकर पीड़ितों को डराता-धमकाता और उनसे नकदी वसूलता था। कई मामलों में लूटपाट भी की जाती थी।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल पूरन सिंह एक आरक्षी है। मामले में उसकी संलिप्तता पाए जाने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

घटना में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद हुई

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1,25,000 रुपये नकद तथा घटना में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद हुई हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है और अन्य जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।
आज गोरखपुर और आजमगढ़ को विकास की बड़ी सौगात देंगे मुख्यमंत्री योगी

1,250 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

गोरखपुर में 319 और आजमगढ़ में 39 विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

* सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा पर रहेगा फोकस

लखनऊ/गोरखपुर/आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूर्वांचल के दो प्रमुख जनपदों गोरखपुर और आजमगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 1,250 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कुल 358 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर प्रदेश के विकास अभियान को नई गति देंगे।

गोरखपुर में 295 करोड़ रुपये की 319 परियोजनाओं का शुभारंभ

मुख्यमंत्री गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित गांधी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में शाहपुर-बेलघाट मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही राप्ती और सरयू नदी तट विकास तथा कटान रोधी कार्यों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री बड़हलगंज में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में नए बुनियादी ढांचे के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे।

सड़क, शिक्षा, पर्यटन, कौशल विकास और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

आजमगढ़ को 955 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 955 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। विश्वविद्यालय परिसर की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी।

तमसा नदी तट विकास, शहरी आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा क्षेत्रीय एवं जिला ग्राम्य विकास संस्थान की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे। दौरे के दौरान वह विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

चंद्रशेखर का बड़ा ऐलान, यूपी में अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी

* सांसद चंद्रशेखर खुद करेंगे प्रत्याशियों का चयन, शराबबंदी और न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का किया वादा


लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संगठन की चुनावी तैयारियों को गति देते हुए टिकट दावेदारों के साक्षात्कार कार्यक्रम की घोषणा की है।
पार्टी के अनुसार 13 जून से 18 जून तक मंडलवार टिकट के इच्छुक दावेदारों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इन साक्षात्कारों में स्वयं सांसद चंद्रशेखर आजाद शामिल होकर संभावित उम्मीदवारों की योग्यता, जनाधार और संगठनात्मक सक्रियता का आकलन करेंगे।
पार्टी ने प्रदेश की जनता के सामने शराबबंदी लागू करने तथा न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने जैसे प्रमुख वादे रखे हैं। नेतृत्व का कहना है कि आम जनता, श्रमिकों, युवाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को लेकर पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती से मैदान में उतरेगी।
आजाद समाज पार्टी का दावा है कि वह प्रदेश में स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प के रूप में चुनाव लड़ेगी और सभी मंडलों में संगठन को मजबूत करने के साथ योग्य उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।
बाल श्रम मुक्त जनपद हमारा संकल्प, 12 से 17 जून तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

अयोध्या। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर श्रम विभाग (अयोध्या मंडल) एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक कृषि भवन में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य विषय "बाल श्रम मुक्त जनपद- हमारा संकल्प" रहा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से 12 जून से 17 जून तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं आम नागरिकों को बाल श्रम के दुष्परिणामों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, विनोद श्रीवास्तव, श्याम सुंदर कसेरा, विकास मोदनवाल, रसकुंज सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि एवं श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बाल श्रम उन्मूलन को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा बाल श्रम के विरुद्ध जनजागरूकता ही इस दिशा में सबसे प्रभावी कदम साबित होगी।