गोमती में मछलियों की मौत पर गौ रक्षा वाहिनी ने उठाई आवाज,दोषियों पर कार्रवाई व जलीय जीवों की सुरक्षा की मांग
सुल्तानपुर। पवित्र श्री सीताकुण्ड धाम स्थित आदि गंगा माँ गोमती में बड़ी संख्या में मछलियों के मृत मिलने की घटना पर गौ रक्षा वाहिनी ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है। संगठन के प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने इसे पर्यावरण, जलीय जैव विविधता और जनआस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि माँ गोमती केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। नदी में सैकड़ों मछलियों का मृत पाया जाना इस बात का संकेत है कि जल प्रदूषण, रासायनिक अपशिष्ट अथवा ऑक्सीजन की कमी जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसकी जांच और रोकथाम नहीं की गई तो नदी के अन्य जलीय जीवों का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है।
गौ रक्षा वाहिनी के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मत्स्य विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गोमती नदी के जल का तत्काल नमूना लेकर वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए तथा मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए। यदि किसी व्यक्ति, संस्था अथवा उद्योग द्वारा नदी में प्रदूषित अथवा जहरीले पदार्थ छोड़े गए हैं तो उनके विरुद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाए।

प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने जलीय जीवों के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने मांग की कि नदी में नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए, प्रदूषण फैलाने वाले नालों और स्रोतों की पहचान कर उन्हें बंद किया जाए, नदी तटों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा मत्स्य विभाग द्वारा जलीय जीवों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी दल गठित किया जाए। साथ ही नदी में ऑक्सीजन स्तर बनाए रखने और पारिस्थितिक संतुलन की रक्षा के लिए विशेषज्ञों की सलाह पर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48(क) एवं 51(क)(ग) के अनुसार पर्यावरण और वन्य जीवों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक और सरकार की जिम्मेदारी है। इसलिए माँ गोमती और उसमें रहने वाले जलीय जीवों की रक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना चाहिए।

गौ रक्षा वाहिनी ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तथा मछलियों एवं अन्य जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो संगठन विधिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनहित में व्यापक अभियान चलाने को बाध्य होगा। संगठन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नदी में कचरा, प्लास्टिक या अन्य प्रदूषक पदार्थ न डालें और माँ गोमती को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें।
ज्येष्ठ मास के बड़े मंगलवार 9 जून को अलीगंज के प्राचीन शिव मंदिर में होगा विशाल भंडारा*
भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय के संयोजन में होगा धार्मिक आयोजन,श्रद्धालुओं में उत्साह।

सुल्तानपुर,अलीगंज में ज्येष्ठ मास के पावन बड़े मंगलवार के अवसर पर इसौली विधानसभा क्षेत्र के अलीगंज स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। यह धार्मिक आयोजन भाजपा नेत्री एवं समाज सेविका मनीषा पांडेय के संयोजन में संपन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाली इसौली विधान सभा क्षेत्र के भंडरा परशुरामपुर के चंद्रकला गांव निवासी भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, भक्ति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। मिली जानकारी के मुताबिक आगामी 9 जून बड़े मंगलवार के दिन शाम 5:30 बजे से विशाल भंडारा प्रारंभ होगा जो कि हनुमान जी की इच्छा तक निरंतर चलता रहेगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण,पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इस दौरान भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव सेवा,संस्कार और समाज हित की भावना के साथ कार्य करती रहीं हैं। धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में भाई-चारा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े मंगलवार का यह पावन अवसर भगवान हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने के साथ समाज सेवा का भी माध्यम है। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
आदि गंगा माँ गोमती में सैंकड़ों मछलियों की मौत से हड़कंप,केमिकल या प्रदूषण की आशंका पर भड़के श्रद्धालु*
सुल्तानपुर,धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी सुल्तानपुर के प्रमुख आस्था केंद्र श्री सीताकुण्ड धाम पर उस समय हड़कंप मच गया जब आदि गंगा माँ गोमती के आंचल में सैंकड़ों की तादाद में मरी हुई मछलियां तैरती पाई गईं। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर सुबह घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। आशंका जताई जा रही है कि नदी के पानी में किसी घातक केमिकल का रिसाव हुआ है या फिर जल प्रदूषण का स्तर अचानक खतरनाक सीमा तक बढ़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही तट पर सक्रिय रहने वाले गोमती मित्र मण्डल के पदाधिकारी और सदस्य मौके पर एकत्र हो गए। गोमती मित्र मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह,प्रबंधक राजेंद्र शर्मा,मुन्ना सोनी,राजेश पाठक, आलोक तिवारी,दिनकर सिंह,अजय वर्मा, रामु सोनी समेत वहां मौजूद तमाम श्रद्धालुओं ने इस स्थिति पर गहरा दुख और कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि माँ गोमती को स्वच्छ और अविरल रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन इस तरह की घटनाएं पर्यावरण और जलीय जीवों के लिए एक बड़ा संकट है। तट पर मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों और गोमती मित्रों ने स्थानीय प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मत्स्य विभाग से तत्काल इस मामले का संज्ञान लेने की मांग करते हुये कहा की नदी के पानी का सैंपल लेकर तत्काल लैब टेस्टिंग कराई जाए ताकि मौत की सही वजह (केमिकल या ऑक्सीजन की कमी) साफ हो सके और यदि यह किसी फैक्ट्री,गंदे नाले या शरारती तत्वों द्वारा नदी में जहरीला पदार्थ बहाया गया है,तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। श्रद्धालुओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की गुणवत्ता में सुधार और इस घटना की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो पर्यावरण प्रेमी और आम जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। पवित्र सीताकुण्ड घाट पर इस तरह की लापरवाही आस्था और पर्यावरण दोनों के साथ खिलवाड़ है।
विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने दिया क्षेत्रवासियों को 39 करोड़ की सौगात*
सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह जी ने क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। मार्गों की उच्चीकरण के नए कार्यों हेतु एकमुश्त व्यवस्था योजनांतर्गत उन्होंने करीब 11 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का उन्होंने बहरौली के गोपाला बाबा मंदिर के पास इसका भूमिपूजन कर शिलान्यास कर दिया। करीब 39 करोड़ की लागत से बनने वाली ये सड़क अयोध्या प्रयागराज हाईवे के पकड़ी, बहरौली, गौहानी से होते हुए ये सड़क लौहर दक्खिन गांव में जाकर मिलेगी, जिससे क्षेत्र के करीब 15 गांव के लाखों लोगों और राहगीरों का आवागमन सुलभ हो जाएगा। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने इस कार्य की जनता को बधाई दी। उन्होंने इस कार्य योजना के लिए सीएम मुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देश में पांच प्रदेशों में विधान चुनाव हुआ। बंगाल में टीएमसी का क्या हश्र हुआ, आज वहां ममता बनर्जी अकेली पड़ गई है। आज उनके सांसद घर से निकलना बंद कर दिया है। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह की रणनीति की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टीएमसी के समय में लाखों घुसपैठियों को यहां लाया गया। वहां हिंदू परिवारों की मां बहन के साथ अत्याचार किया गया। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं होती थी। लेकिन पीएम मोदी, अमित साह और सीएम योगी ने बंगाल में वो कर दिखाया जिसे वहां के लोगों सपने में भी नहीं सोचा था। उन्होंने कहा कि आज बुलडोजर बाबा हर जगह गरज रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह की अगुवाई में बीजेपी ने बंगाल से टीएमसी को जड़ से उखाड़ फेंका है। उन्होंने योगी जी की तारीफ करते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के उनका दरवाजा खुला हुआ है, मैंने अपने क्षेत्र के लोगों की बिना किसी भेदभाव और बिना किसी का जातिधर्म देखे चिकित्सा में मदद की और क्षेत्र के करीब करीब हर गांव में विकास किया। पहलगाम का जिक्र करते हुए विनोद सिंह ने कहा कि वहां हिंदुओं की जघन्य हत्या हुई लेकिन किसी भी मुस्लिम भाई ने उसकी आलोचना नहीं की। पहले हम डर और भय के चलते नहीं बोलते थे, लेकिन मोदी और योगी जी ने उस डर को खत्म किया। हर मुसलमान आतंकी नहीं है, लेकिन हर आतंकवादी मुस्लिम ही क्यों है। ये लोग चाहते हैं कि योगी और मोदी खत्म हो जाएं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अनूप संडा के विधायक रहते 57 गांव बल्दीराय तहसील में चले गए, वे कुछ नहीं कर पाए लेकिन योगी जी के आशीर्वाद से इन 57 गांव को पुनः सदर तहसील में जोड़ा गया। इसके साथ ही कटका से मायंग की सड़क उनके लिए बड़ी चुनौती थी लेकिन आपसब के सहयोग से हमने उसे भी पूरा कर दिया। विनोद सिंह ने योगी आदित्यनाथ के नारे को कोड करते हुए कहा कि हम बटेंगे तो कटेंगे इस पर लोगों से ध्यान देने दीजिए। उन्होंने कहा कि हमें बंटना नहीं है और आने वाल चुनाव में हमे इस बात का ख्याल रखना है।
स्वदेशी जागरण मंच के प्रांतीय विचार वर्ग में स्वावलंबी भारत का रोडमैप तैयार, नई जिम्मेदारियों की घोषणा* :- *धर्मेंद्र को मिली बड़ी जिम्मेदारी*
सुल्तानपुर:-5 और 6 जून को स्वदेशी जागरण मंच काशी प्रांत एवं 'स्वावलंबी भारत अभियान' के संयुक्त तत्वावधान मे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सेवा योजन भवन सभागार में दो दिवसीय प्रांतीय विचार वर्ग"भारत माता एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी की प्रतिमा के समकक्ष दीप प्रज्वलित कर अत्यंत गरिमापूर्ण एवं उत्साहजनक शुभारंभ हुआ।

विचार वर्ग में अखिल भारतीय राष्ट्रीय सह संगठक माननीय सतीश जी,अखिल भारतीय सह संयोजक डा राजीव जी,अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डा विजय कुमार सिंह जी,क्षेत्र संयोजक व क्षेत्र समन्वयक अनुपम जी तथा प्रांत संयोजक डॉ अखिलेश त्रिपाठी जी का उद्बोधन प्राप्त हुआ। प्रांतीय विचार वर्ग के प्रथम दिन विभिन्न सत्रों के माध्यम से स्वरोजगार और एम.एस.एम.ई.की स्थापना को लेकर व्यापक रोडमैप तैयार किया गया।
इस दो दिवसीय वैचारिक अनुष्ठान का मूल उद्देश्य "स्वावलंबी भारत की ओर" बढ़ते हुए स्वदेशी, स्वाभिमान, ग्राम विकास और राष्ट्र निर्माण के पावन संकल्प को सुदृढ़ करना है।

उद्घाटन सत्र के पश्चात विचार वर्ग के प्रथम दिन का मुख्य वैचारिक सत्र लेते हुए मुख्य अतिथि *कुलपति वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रोफ़ेसर वंदना सिंह* ने महिला कार्य युवा कार्य एवं वरिष्ठ नागरिक आयाम ,विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किये।
*अखिल भारतीय राष्ट्रीय सह संगठक माननीय सतीश जी* ने अपने ओजस्वी और दिशा-निर्देशक संबोधन में कहा कि विकसित भारत कि आधारशिला स्वदेशी और स्वावलंबन है उन्होंने कहा कि केवल सरकारी नौकरियों के माध्यम से देश के सभी युवाओं को औसर उपलब्ध नहीं कराये जा सकते इसलिए युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की ओर बढ़ना होगा।
*अखिल भारतीय सह संयोजक श्री राजीव जी* ने अपने संबोधन में  स्थानीय उत्पादों कुटीर उद्योगों,कृषि आधारित उद्यमो तथा भारतीय तकनीक को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा की आज के युवाओं को नौकरी तलाशते वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनने का संकल्प लेना चाहिए।
*प्रांत संयोजक डॉ अखिलेश त्रिपाठी जी* ने अपने संबोधन में कहा की भारत की वास्तविक शक्ति उसकी आत्मनिर्भरता और स्वदेशी मूल्यों में निहित है। उन्होंने कहा, *"हमारी वर्तमान शिक्षा प्रणाली और युवा ऊर्जा को इस प्रकार समन्वित होना होगा कि वे केवल रोजगार की कतार में खड़े न हों, बल्कि स्वयं नए रोजगारों के सृजक (जॉब प्रोवाइडर) बनें।वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जैसे देश के हर अग्रणी संस्थान युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप की व्यावहारिक राह दिखाकर सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
*क्षेत्र संयोजक व क्षेत्र समन्वयक अनुपम  श्रीवास्तव जी* कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वावलंबी भारत अभियान आज देश के प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर बनाने का एक महायज्ञ है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऋण लेने और उद्योग स्थापित करने की प्रक्रियाओं से डरे बिना सरकार की कल्याणकारी और उद्यम-हितैषी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।साथ में अनुपम श्रीवास्तव ने विचार वर्ग के समापन सत्र के दौरान कार्यकर्ताओं के दायित्व की घोषणा अखिल भारतीय राष्ट्रीय सह संगठक माननीय सतीश जी,अखिल भारतीय सह संयोजक डा राजीव जी,अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डा विजय कुमार सिंह जी तथा प्रांत संयोजक डॉ अखिलेश त्रिपाठी की मौजूदगी में किया जिसमें *धर्मेंद्र द्विवेदी* प्रांत की जिम्मेदारी देते हुए सह प्रांत प्रचार विभाग प्रमुख एवं *नीलम त्रिपाठी* को विभाग महिला प्रमुख से प्रांत सह समन्वयक महिल की जिम्मेदारी दिया गया। सुल्तानपुर विभाग में *राजीव त्रिपाठी* को विभाग संयोजक, *सुश्री सुधा सिंह* जी को विभाग महिला समन्वयक, *डॉ अशोक मिश्रा जी* को विचार विभाग प्रमुख,  *विजय प्रधान जी* विभाग संपर्क प्रमुख एवं जिला संरक्षक,*सुरेश जी (एस राज ज्वैलर्स)* सह विचार विभाग प्रमुख,नवरंग सिंह एवं अधिवक्ता आशीष तिवारी को सह विभाग संयोजक, जिला वरिष्ठ आयाम प्रमुख अधिवक्ता सुरेंद्र जी,*गंगा सरण जिला संयोजक सुल्तानपुर*, जिला सहसंयोजक अजय सिंह एवं दीपक मिश्रा,*शालिनी त्रिपाठी* जिला महिला प्रमुख, जिला सह महिला प्रमुख हेमलता एवं शशि द्विवेदी, *रश्मि शुक्ला* जिला महिला समन्वयक,  *उर्मिला शर्मा* कादीपुर जिला महिला प्रमुख,  *पूजा श्रीवास्तव* जिला महिला समन्वयक , युवा उद्यमी प्रमुख ऋचा मालवीय, *जनार्दन यादव को जिला सह संपर्क प्रमुख*,जिला महिला संपर्क प्रमुख पूजा यादव एवं सह महिला संपर्क प्रमुख रुचि श्रीवास्तव, जिला विचार महिला प्रमुख दीपा मिश्रा ज्योतिषाचार्य एवं जिला सह विचार महिला प्रमुख सुनीता सिंह,जिला पर्यावरण विभाग महिला अनुराधा सोनी जिला सह पर्यावरण विभाग महिला गुंजन श्रीवास्तव, जिला प्रचार विभाग प्रमुख ईश्वर दत्त पांडे जिला सह प्रचार विभाग प्रमुख संजय मिश्रा (मिश्रा ढाबा),सुल्तानपुर के स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई
कार्यक्रम में काशी प्रांत एवं सुल्तानपुर विभाग के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वदेशी, स्वावलंबी एवं विकसित भारत के निर्माण हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।।कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् गीत से किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में योग सप्ताह 2026 एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक हुई आयोजित
         
सुलतानपुर,मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में योग सप्ताह 2026 (15 जून से 21 जून, 2026) एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून, 2026) के सफल आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
      
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा बताया गया कि जनपद स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून, 2026 को पर्यावरण पार्क, सीताकुण्ड के निकट आयोजित किया जाएगा। इसके पूर्व 15 जून, 2026 से जनपद में योग सप्ताह का शुभारम्भ किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम *“Yoga for Healthy Ageing”*  निर्धारित है।
     
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि उनके अधीन संचालित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग सप्ताह के दौरान नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को अधीनस्थ विद्यालयों में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह मनाए जाने के निर्देश दिए। 14 दिवसीय योग अभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु विशेष लिंक https://mo.habit.yoga/red=uttarpradesh
एवं समर्पित टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 के माध्यम से पंजीकरण एवं योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित है। योग सप्ताह के दौरान आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रमों तथा परिवार के साथ किए गए योग के छायाचित्र एवं वीडियो ‘आयुष कवच’ ऐप पर अपलोड कर प्रतिभागिता दर्ज कराई जा सकती है।
         
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक लोगों को योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों से जोड़ने का आह्वान किया।
       
बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रबंधक (आयुष), क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, मास्टर ट्रेनर सुनील दत्त तिवारी, चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी सहित पतंजलि योग संस्थान, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी एवं अन्य योग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सुल्तानपुर के लोगों को बड़ी सौगात,3895.35 लाख से 11.765 किमी सड़क का होगा कायाकल्प,विधायक ने किया भूमिपूजन-बोले बटोगे तो कटोगे*
सुल्तानपुर जिले के दूबेपुर ब्लॉक का बहरौली गांव प्रधान एवं पूर्व मंत्री व विधायक सुल्तानपुर द्वारा बड़ी सौगात आज मिल रही है। लंबे समय से जर्जर सड़कों से परेशान क्षेत्रवासियों को अब जल्द ही राहत मिलेगी। आज सोमवार को ग्राम बहरौली में 11.765 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। जिसकी कुल लागत 3895.35 लाख रुपये स्वीकृत है जिसकी कुल लंबाई 11.765 किलोमीटर कि योजना है जिसमें इस प्रकार से सड़कें शामिल है। NH-330 के किमी 66 पकड़ी बाजार से NH-128 के किमी 73 बनकेपुर तक - पकड़ी-भाई-महेशरगंज मार्ग-बहरौली- लौहर पश्चिम-बनकेपुर मार्ग। इन सड़कों को डेढ़ लेन में चौडीकरण और मजबूत किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह विधायक की गरिमामयी उपस्थिति रही। अब ग्रामवासियों का आवागमन आसान होगा। जों पकड़ी बाजार,बनकेपुर,बहरौली, लौहर पश्चिम के हजारों लोगों को रोजाना टूटी सड़कों और जाम से छुटकारा मिलेगा। NH-330 और NH-128 को जोड़ने वाला ये मार्ग किसानों और व्यापारियों के लिए माल ढुलाई के लिए भी आसान करेगा। यह सड़क चौड़ी होने से यात्रा का समय घटेगा और सड़क हादसों में भी कमी आएगी। स्थानीय लोगों ने इस कदम का जोरदार स्वागत किया है। विधायक विनोद सिंह ने मंच से बोले बटोगे तो कटोगे। ग्रामीणों का कहना है कि सालों से इस सड़क की मांग की जा रही थी। अब काम शुरू होने से क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी। जिसका भूमिपूजन आज सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह द्वारा संपन्न हुआ है। निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर तय समय में पूरा होने की बात कही जा रही है।
ग्रेट निकोबार बचाओ अभियान अंतर्गत कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, केंद्र सरकार पर कसा तंज

*प्रकृति के विनाश की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं : अभिषेक सिंह राणा*

सुल्तानपुर,जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी  के तत्वावधान में सोमवार को विकास भवन गेट के सामने स्थित राजीव गांधी तिकोनिया पार्क के बाहर *ग्रेट निकोबार बचाओ* हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों ने भाग लेकर अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत की प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता और आदिवासी संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए पर्यावरणीय नियमों को दरकिनार कर रही है और देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर को विनाश के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। राणा ने कहा कि हजारों हेक्टेयर जंगलों की कटाई, दुर्लभ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का विनाश और स्थानीय समुदायों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रही है, जबकि वास्तविक विकास वही है जो पर्यावरण संरक्षण और जनहित के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि आज ग्रेट निकोबार संकट में है, कल देश के अन्य वन क्षेत्र और प्राकृतिक संसाधन भी इसी तरह के खतरों का सामना करेंगे। यह लड़ाई केवल एक द्वीप को बचाने की नहीं, बल्कि देश के पर्यावरण, जलवायु, जंगल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर प्राकृतिक संसाधनों की लूट और पर्यावरण के विनाश को स्वीकार नहीं करेगी। यदि सरकार ने अपनी नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़क से लेकर सदन तक व्यापक जनांदोलन चलाने को बाध्य होगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि ग्रेट निकोबार केवल एक द्वीप नहीं, बल्कि देश की प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली योजनाओं पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए तथा विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना समय की मांग है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर कर ग्रेट निकोबार के संरक्षण के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। कांग्रेसियों ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है। इस अवसर कृष्ण कुमार मिश्रा हरीश त्रिपाठी ओम प्रकाश सिंह पवन गौतम आवेश अहमद रणजीत सिंह सलूजा सलाहुद्दीन हाशमी संतोष वर्मा आर बी पांडे अपरबल सिंह अवधेश गौतम सोहेल अहमद श्याम लगन कोरी राम किशोर धर्मराज मिश्रा देवेंद्र तिवारी इन्द्रकेश शर्मा देवेंद्र श्रीवास्तव अरविंद त्रिलोकचंदी मोहसिन सलीम समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
साप्ताहिक स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया

सुलतानपुर ,आज प्रातः 06:00 से 09:00 बजे तक कुशभवनपुर (सुलतानपुर)के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक सीताकुण्ड धाम पर गोमती मित्र मण्डल समिति के सेवाभावी सदस्यों द्वारा एक बार फिर साप्ताहिक स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया।
प्रत्येक रविवार की भांति इस रविवार भी समिति के सदस्यों ने आराम करने के बजाय माँ गोमती की सेवा और पर्यावरण संरक्षण के नाम समर्पित किया।
अक्सर यहाँ आने जाने वालों के द्वारा पॉलीथिन,पूजा-सामग्री के कारण घाट पर गंदगी जमा हो जाती है। जिसकी सफाई के लिए आज सुबह-सुबह गोमती मित्र मण्डल की टीम पूरे उत्साह और आवश्यक उपकरणों (झाड़ू, कैरेट, फावड़े,बेल्चे) के साथ धाम पर एकत्र हुई।
समिति के सदस्यों ने
माँ गोमती के पावन तट नदी के किनारे जमा प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, सड़े-गले फूल और अन्य कचरे को निकाल कर तट को बिल्कुल साफ किया साथ ही समिति द्वारा सीताकुण्ड धाम मंदिर के मुख्य परिसर, सीढ़ियों और आसपास के रास्तों पर व्यापक झाड़ू लगाई गई और बिखरे हुए कूड़े को डस्टबिन तक पहुंचाया गया।
समिति के सदस्यों ने धाम पर मौजूद स्थानीय दुकानदार, पुरोहित और आने वाले श्रद्धालुओं से बातचीत की। उन्होंने सभी से विनम्र अपील की कि पूजन की बची हुई सामग्री या कोई भी प्लास्टिक, पक्का कलश,पक्की मूर्तियां इत्यादि सीधे माँ गोमती के जल में न प्रवाहित करें बल्कि धाम पर बने हवन,पूजन सामग्री कुण्ड में ही डाले।
समिति द्वारा आयोजित इस साप्ताहिक स्वच्छता श्रमदान में
रुद्र प्रताप सिंह मदन,राकेश सिंह ददू,दाऊ जी, अजय प्रताप सिंह,डॉ.कुंवर दिनकर प्रताप सिंह,मुन्ना सोनी,सौरभ कसौधन
अभय,रामू सोनी,
अर्जुन यादव,अरुण अग्रहरि आदि सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
लोकप्रिय चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल की 35वीं वैवाहिक वर्षगांठ और विश्व पर्यावरण दिवस पर पौध वितरण कर लगाने और सुरक्षा का संकल्प दिलाया*
सुल्तानपुर,लोकप्रिय चेयरमैन श्री प्रवीण कुमार अग्रवाल की 35वीं वैवाहिक वर्षगांठ और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर "पौध वितरण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पंचमुखी हनुमान मंदिर डाक घर चौराहा के पास नगर पालिका परिषद के सभी सभासदों ने मिलकर यह आयोजन किया। दरअसल इस आयोजन में सार्वजनिक रूप से 1500 पौधे लोगों में बांटे गए। हर व्यक्ति से यह अपील की गई कि पौधा लेकर जाएं लगाएं और फिर उसकी देखभाल करें।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहाकि " पेड़" हर व्यक्ति को लगाना चाहिए। जो देखभाल कर सके वही यह पौधा ले जाकर लगाने का हकदार है, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने निवेदन करते हुए पर्यावरण प्रेमियों से कहाकि एक वृक्ष जरूर लगाएं और उसकी देखभाल भी करें। वैवाहिक वर्षगांठ जैसे मौके को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का यह सन्देश रहा। लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना और सिर्फ पौधा देना ही नहीं,बल्कि उसकी अच्छे से जिम्मेदारी लेने का संकल्प लेना। नगरक्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा नेता व नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल की 35वीं वर्षगांठ को समाजसेवा से जोड़कर 1500 पौधे वितरण किए गए और लोगों से एक-एक पेड़ लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।