निजामाबाद के विकास के लिए अरुण मिश्र 'लालू' ने खोला मोर्चा, दी अनशन की चेतावनी


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़: ऐतिहासिक कस्बा
निजामाबाद की बदहाली और उपेक्षा के खिलाफ समाजसेवी व डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र 'लालू' ने निर्णायक लड़ाई शुरू कर दी है। उन्होंने गुरुवार को जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर चेताया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेंगे।

ज्ञापन में भदुली-निजामाबाद और रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण, तहसील परिसर में पेयजल व आधुनिक शौचालय की व्यवस्था, तथा क्षेत्र की प्रसिद्ध 'ब्लैक पॉटरी' कला के संरक्षण के लिए स्थायी शिल्प हाट व विपणन केंद्र बनाने की प्रमुख मांगें शामिल हैं।

अरुण मिश्र 'लालू' ने निजामाबाद को मॉडल हेरिटेज टाउन घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि यह लड़ाई क्षेत्र के सम्मान और भविष्य की है, जिसके लिए वे जनता के साथ मिलकर हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। इस पहल के बाद क्षेत्र में विकास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य  को लेकर सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति को ग्रापए ने किया सम्मानित

उपेन्द्र कुमार पांडेय



आजमगढ़::ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्व0 बाबू बालेश्वर लाल जी  की 39वीं पुण्यतिथि पर महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के कुलपति प्रोफेसर डॉ 0 संजीव कुमार जी को शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए बाबू बालेश्वर लाल सम्मान पत्र दिया गया । ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के ज़िला अध्यक्ष बृजभूषण उपाध्याय, तहसील अध्यक्ष सदर संतोष कुमार उपाध्याय व एसोसिएशन के सदस्य एवं दैनिक देवल के कार्यकारी संपादक द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर
सुहेल देव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के पत्रकारिता एवं जनसंपर्क विभाग के  प्रोफेसर डॉ विजय प्रकाश उपाध्याय उपस्थित रहें।
संतों की महिमा अपार : विजय बहादुर पाठक
विशाल भंडारे के साथ हरिहरात्मक यज्ञ संपन्न
 


उपेन्द्र कुमार पांडेय

      आजमगढ़। दुर्वासा धाम पर ब्रह्मलीन सिद्ध संत दुर्वासा महामण्डलेश्वर मौनी बाबा के ध्वजवाहक श्री श्री 108  शुभम दास जी महाराज के मार्गदर्शन में  चल रहे 7 दिवसीय हरिहरात्मक यज्ञ के समापन पर रविवार को देर रात तक विशाल भंडारा चला।
     भंडारे में शामिल एम एल सी विजय बहादुर पाठक ने  कहा  कि संतों की महिमा अपार है। यज्ञ से मन व वायु मंडल शुद्ध होता है और संत दर्शन, आशीर्वाद से मिलने वाला पुण्य अनेक यज्ञों के समान है।
        कार्यक्रम में साहित्यकार पं. सुभाष चन्द्र  तिवारी कुन्दन, दैवज्ञ दुर्वासा मंडल मुन्ना बाबा, जयराम उपाध्याय, राममिलन सिंह,लक्ष्मण दुबे, रासबिहारी सिंह प्रधान, हाकिम बाबा, हरिद्वार सिंह , सुभाष शास्त्री, शिशिर दुबे , कुलबुल सिंह, प्रेमचंद गिरी, कृष्णा पाठक , जनार्दन सिंह, उमेश सिंह, आशुतोष सिंह, प्रदीप यादव, रामकवल तिवारी , नीरज गिरि सहित भारी संख्या में लोग शामिल थे।
जनगणना ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी से मारपीट, मुकदमा दर्ज


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र में सरकारी कार्य पर निकली एक महिला कर्मचारी के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। हाफिजपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में अनुचर और वर्तमान में जनगणना (मकान सूचीकरण) कार्य में प्रगणक के रूप में तैनात उर्फी फातमा के साथ एक किराएदार ने अभद्रता की।

पीड़िता के अनुसार, जब वह हाफिजपुर क्षेत्र के मकान सूचिकारण ब्लॉक संख्या 1459 के मकान नंबर 102 में जनगणना के लिए ऊपरी मंजिल पर गईं, तो वहां रहने वाले किराएदार ओंकार नाथ यादव ने बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने महिला कर्मचारी के साथ लात-घूसों से मारपीट की और उन्हें सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया।

घटना से आक्रोशित शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने खंड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार वर्मा व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल
के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने देर रात कोल बाज बहादुर निवासीनी पीड़िता उर्फी फातिमा की तहरीर के आधार पर आरोपी ओंकार नाथ यादव के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस दौरान पंकज सिंह, राजन शुक्ला, रवि पाठक, विकास राय, डॉक्टर सुरेंद्र यादव, संगम सिंह, निखिल उपाध्याय, सुशील, आशुतोष राय, राणा राघवेंद्र प्रताप सिंह, सुजीत सिंह, हेमंत श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार यादव आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
दुर्वासा धाम में हरिहरात्मक यज्ञ की पूर्णाहुति
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। जनपद में प्रसिद्ध तीर्थ स्थल दुर्वासा धाम पर चल रहे सात दिवसीय 'हरिहरात्मक यज्ञ' का रविवार को भव्य पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। यह धार्मिक अनुष्ठान 25 मई से मौनी बाबा आश्रम के महंत व महामंडलेश्वर श्री श्री 108 शुभम दास महाराज के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा था। रविवार को मुख्य यज्ञाचार्य पंडित हरिकेश चौबे के नेतृत्व में विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञाधीश शुभम महाराज के हाथों पूर्णाहुति की प्रक्रिया संपन्न कराई।  बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और संतों ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया और महाप्रसाद ग्रहण किया।

इस दिव्य अवसर पर मध्य प्रदेश से पधारे ओंकार पीठाधीश्वर योगी रामानंद दास महाराज ने कहा कि "यज्ञ की आहुति से न केवल वायुमंडल शुद्ध होता है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। मानव जीवन का मूल उद्देश्य आत्मकल्याण है, इसलिए सांसारिक व्यस्तताओं के बीच जितना भी समय मिले, उसे भगवत भक्ति में अवश्य लगाना चाहिए।"

वहीं, श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी रामकृष्ण दास महाराज ने कहा, "महान तपस्वी महर्षि दुर्वासा की इस सिद्ध स्थली पर बाद में ब्रह्मर्षि मौनी बाबा रामलाल दास महाराज ने भी कठिन तपस्या कर इस स्थान की महिमा को और बढ़ा दिया।"

इस अवसर पर पं. सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन, दैवज्ञ दुर्वासा मंडल मुन्ना बाबा, राममिलन सिंह, लक्ष्मण दुबे, रासबिहारी सिंह प्रधान, हाकिम बाबा, हरिद्वार सिंह, सुभाष शास्त्री, शिशिर दुबे, कुलबुल सिंह, प्रेमचंद गिरी, कृष्णा पाठक, जनार्दन सिंह, उमेश सिंह, आशुतोष सिंह, प्रदीप यादव, रामकवल तिवारी, नीरज गिरि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
एडीएम ने खत्म कराया आमरण अनशन

उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। जिले के सरकारी तंत्र में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आज़ाद अधिकार सेना का मोर्चा आखिरकार रंग लाया। पिछले 19 दिनों से कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन जब रिक्शा स्टैंड पहुंचा, तो जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने आमरण अनशन का बिगुल फूंक दिया।

जिसके बाद प्रशासनिक गलियारों में मचे हड़कंप के बीच, अनशन के दूसरे दिन ही एडीएम गंभीर सिंह को खुद मौके पर दौड़ना पड़ा। एडीएम ने धरनार्थियों को साफ आश्वस्त किया कि IGRS और RTI मामलों में हो रहे कथित भ्रष्टाचार की गहन जांच होगी, दोषियों पर सख्त गाज गिरेगी और पीड़ितों को त्वरित न्याय मिलेगा। इसके बाद एडीएम ने खुद जिलाध्यक्ष अशोक सिंह को मीठा और जल पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया। जिलाध्यक्ष अशोक ने कहा कि यह आंदोलन भले ही रुक गया हो, लेकिन अब सबकी नजरें प्रशासन के इस 'एक्शन' वाले वादे पर टिकी हैं।

इस धरने में सुनील चौधरी, नन्दसेन सिंह, किरन देवी, प्रीति सरोज, विपिन राय, शीला देवी, फूलमती देवी, बादामी देवी, सुजीत दुबे, प्रशांत सिंह, बरखू पासवान, बद्री सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।
संस्कृत और संस्कृति की रक्षा करें ब्राह्मण: सत्यव्रत ब्रह्मचारी
ज्ञान, तप के प्रतीक ब्राह्मणों ने सदैव राष्ट्र को किया मजबूत: विजय बहादुर पाठक

गहजी में सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक विद्वान ब्राह्मणों का हुआ भव्य सम्मान


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। गहजी स्थित माँ शारदा स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक विद्वत्ब्राह्मणों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुमुक्षु आश्रम अम्बेडकर नगर के महंत सत्यव्रत ब्रह्मचारी, मौनी बाबा आश्रम के महंत शुभम दास महाराज और मुख्य अतिथि एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक फौजदार सिंह, निदेशक संजय सिंह, सौरभ सिंह, प्राचार्य डा. दिवाकर सिंह और राममिलन सिंह ने मंचासीन अतिथियों सहित सैकड़ों ब्राह्मणों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन और राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय कुमार पांडेय सरस ने फौजदार सिंह को उनके प्रशंसनीय धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए सम्मान पत्र भेंट किया। इसी क्रम में ब्राह्मण समाज कल्याण परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष ब्रजेश नंदन पांडेय ने भी पुनीत कार्य की सराहना करते हुए आयोजक को पत्र सौंपा।
मुख्य अतिथि एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि ज्ञान और तप का प्रतीक ब्राह्मण कभी अपने मूल से नहीं हटा, यही कारण है कि अपने विरुद्ध अनेक आरोपों को सहते हुए भी वह आज समाज में सर्वाेच्च सम्मान पा रहा है। ब्राह्मणों ने सदैव समाज का सही मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्र को मजबूत बनाने का कार्य किया है। उन्होंने इस अनूठे आयोजन के लिए प्रबंधक फौजदार सिंह की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
वही अध्यक्षीय संबोधन में महंत सत्यव्रत ब्रह्मचारी ने कहा कि संस्कृत और संस्कृति की रक्षा करना ब्राह्मणों का परम कर्तव्य है। शास्त्रों में ब्राह्मणों को केवल मनुष्य नहीं, बल्कि पृथ्वी का देवता कहा गया है, इसलिए ब्राह्मणों को अपने इस ब्राह्मणत्व को पहचानना चाहिए। उन्होंने आयोजक फौजदार सिंह के इस कार्य को राजर्षि जैसा महान कार्य बताया।
इस अवसर पर भाजपा नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू, कवि प्रभुनारायण पांडेय प्रेमी, साहित्यकार सुभाष चंद्र तिवारी कुन्दन, ब्रजेश नंदन पांडेय, कवि संजय कुमार पांडेय सरस, मुन्ना बाबा, डा.दीपक पांडेय, डा. ए.के. मिश्र, डा.शरद कुमार मिश्र और अशोक कुमार पांडेय ने वक्तव्य के माध्यम से सनातन संस्कृति, संस्कार एवं समाज के सशक्तिकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक फौजदार सिंह ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। 
इस मौके पर भाजपा नेता मनीष मिश्र, बसपा नेता अरूण पाठक, तारकेश्वर मिश्र, अरविंद पाठक, अशोक पाठक, रामबली पांडेय, सत्यम गुरु, हरिनाथ तिवारी शास्त्री, सुभाष शास्त्री, शिवम तिवारी, हरीश तिवारी, जयराम उपाध्याय, मनोज त्रिपाठी, हरीश पाठक, दीनानाथ मिश्र, वेदप्रकाश पाठक, आनंद मणि चतुर्वेदी, पंचदेव पांडेय सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन दिवाकर सिंह एड. ने किया।
सत्ताधारी दल के लोग भी प्रताड़ित, धरने के 9वा दिन प्रशासन की बेरुखी से आक्रोश
आजमगढ़। कलेक्ट्रेट भवन के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में आजाद अधिकार सेना का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता और आमजन सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, जनसुनवाई की विफलता और RTI/IGRS निस्तारण में हो रही लीपापोती के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिले की तहसीलों, थानों और अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है। आज स्थिति यह है कि जनसुनवाई के नाम पर जनता के साथ 'जनठगई' की जा रही है। IGRS और RTI के माध्यम से जो शिकायतें की जाती हैं, उनका निस्तारण धरातल पर शून्य है। अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति कर रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि इस धरने में केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि सत्ताधारी दल भाजपा से जुड़े कई लोग भी अपनी पीड़ा लेकर शामिल हुए हैं। जिलाध्यक्ष ने इसे सरकार के प्रशासनिक तंत्र की विफलता बताते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता ही खुद को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं, तो आम आदमी की सुध कौन लेगा? यह साफ दर्शाता है कि अपनी ही सरकार के तंत्र पर अब कार्यकर्ताओं का भरोसा खत्म हो चुका है। चार दिन बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन का कोई आलाधिकारी आंदोलनकारियों से वार्ता करने या उनकी सुध लेने नहीं पहुँचा है। प्रियंश  कुमार पांडेय ने इस पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों की यह संवेदनहीनता उनके अहंकार को दर्शाती है। अशोक सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा, "यदि प्रशासन ने हमारी मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया और औचक निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।
आजमगढ़:-15 से 22 मई तक लगेंगे ‘वाणिज्यिक मेगा कैम्प’, बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निर्देश पर जनपद के फूलपुर विद्युत वितरण खण्डों में 15, 16, 18, 19, 20, 21 एवं 22 मई 2026 को ‘वाणिज्यिक मेगा कैम्प’ आयोजित किए जाएंगे। अधीक्षण अभियन्ता गौरव तिवारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार यह कैम्प विद्युत वितरण खण्ड फूलपुर, सठियांव एवं कप्तानगंज सहित अन्य क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। अधिशासी अभियंता फूलपुर हरीश प्रजापति व उपखंड अधिकारी फूलपुर भूप सिंह और अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेगा कैम्प के दौरान उपभोक्ता अपने बिजली बिल जमा कर सकेंगे, बिल संशोधन करा सकेंगे, नए विद्युत संयोजन प्राप्त कर सकेंगे, लोड वृद्धि, मीटर परिवर्तन तथा अन्य वाणिज्यिक समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जाएगा। कैम्प का संचालन संबंधित अधिशासी अभियन्ता (वितरण) के नेतृत्व में किया जाएगा।
विभाग द्वारा कैम्प स्थलों के चयन के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।
राजेश विक्रांत की पुस्तक का विमोचन, साहित्यिक परिचर्चा और काव्य गोष्ठी संपन्न
आजमगढ़ । मुंबई के ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार एवं लेखक राजेश विक्रांत द्वारा संपादित पुस्तक "जितेन्द्र पाण्डेय: व्यक्तित्व और सृजन" लोगों को खास तौर से नई पीढ़ी को साहित्य सेवा के लिए प्रेरित करेगी, यह उद्गार साहित्यकार डॉ श्याम वृक्ष मौर्य ने रविवार 10 मई को मारवाड़ी धर्मशाला, आज़मगढ़ में  संपन्न एक विशेष कार्यक्रम में व्यक्त किए। तमसा काव्य मंच और हिंदी शोध एवं संवर्धन अकादमी, आज़मगढ़ ईकाई के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन, साहित्यिक परिचर्चा के साथ काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ। डॉ मौर्य ने इसमें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण का आवाहन भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंचस्थ अतिथियों साहित्यकार हरिहर पाठक, परमहंस सिंह, कवि सोहन लाल गुप्त 'स्नेहिल', शिक्षक बरुन कुमार पांडेय द्वारा सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। संयोजक कवि लाल बहादुर चौरसिया 'लाल' एवं कवि राकेश पाण्डेय 'सागर' ने अतिथियों का स्वागत किया। कवयित्री सरोज यादव ने सरस्वती वंदना की- हे जननी तार ह्रदय के खोल। महुआ सुर संग्राम विजेता भोजपुरी गायक व रचनाकार वीरेंद्र भारती ने स्वागत गीत पेश किया- श्रीमन जो पधारे हैं, महक उठा घर आंगन।
डॉ श्याम वृक्ष मौर्य को आयोजन समिति द्वारा श्याम नारायण पाण्डेय सम्मान से सम्मानित किया गया। "जितेन्द्र पाण्डेय व्यक्तित्व और सृजन" के संपादक राजेश विक्रांत ने पुस्तक की रचना प्रक्रिया साझा करने से पहले आजमगढ़ की साहित्य उर्वरा मिट्टी को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि "अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध, श्याम नारायण पाण्डेय,  मौलाना शिबली नोमानी, कैफ़ी आज़मी की धरती से प्रेरणा लेने की जरूरत है और डॉ जितेन्द्र पाण्डेय के जीवन और रचना कर्म पर देश के प्रतिष्ठित रचनाकारों एवं संपादकों के लेखों व संस्मरणों से सजी यह पुस्तक सभी पढ़ें और जीवन में सत्कर्मों की खुशबू महसूस करें।" समारोह के मुख्य वक्तागण बरुण कुमार पाण्डेय, मंगलदेव तिवारी राज, संतोष कुमार सिंह और डॉ ईश्वर चन्द्र त्रिपाठी रहे। आभार प्रदर्शन में डॉ जितेंद्र पाण्डेय ने कहा कि "लेखन, शिक्षा व व्यवहार में भारतीय परंपराओं को शामिल कर देश का रचनात्मक पुनर्निर्माण किया जा सकता है।"इसके बाद सुप्रसिद्ध कवि, साहित्यकार व मोटिवेशनल स्पीकर डॉ तारकेश्वर मिश्र 'जिज्ञासु' के संचालन में कवि गोष्ठी के संबंध में  अनुपम पाण्डेय 'अनहद', रवि प्रकाश, महेंद्र मृदुल, आदित्य आजमी, महेंद्र मौर्य, सतेंद्र गौतम, संजय कुमार 'स्नेही', संदीप गांधी 'नेहाल', रोहित राही, घनश्याम यादव, कौशल किशोर राय,राकेश पाण्डेय 'सागर' आदि ने काव्य पाठ किया।