भदोही के छह केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा संपन्न:कुल 408 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, केंद्रों पर पुलिस बल तैनात
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जिले में रविवार को छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में बीएड प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कुल 408 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 4954 परीक्षार्थी इसमें शामिल हुए।
परीक्षा की पहली पाली में कुल 2681 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 203 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 2681 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 205 ने परीक्षा नहीं दी। इस प्रकार, दोनों पालियों को मिलाकर कुल 408 परीक्षार्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा प्रत्येक परीक्षार्थी की विधिवत जांच की गई। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था।
बीएड परीक्षा के जिला समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि जिले के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया और परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। उन्होंने यह भी बताया कि ज्ञानपुर में चार और भदोही में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
नो तंबाकू दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने ली शपथ:सीएमओ ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को तंबाकू छोड़ने का संकल्प दिलाया

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। रविवार को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में अंतर्राष्ट्रीय तंबाकू दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस के चक की अध्यक्षता शपथ दिलाया गया। इस अवसर पर  उपस्थित सभी स्वास्थ्य  कर्मी व चिकित्सकों ने तंबाकू ना खाने का शपथ लेते हुए संकल्प लिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतोष चक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय तंबाकू दिवस पर सभी जनपद वासियों से मेरा वहां है कि बीड़ी सिगरेट गुटका पान से दूरी बनाए रखें जिससे स्वस्थ शरीर बना रहे उन्होंने कहा कि तंबाकू से आए दिन लोगों की मौत की सूचना मिलती है जिसको रोकना हम लोगों को जागरूक होने के साथ ही दूसरे को जागरूक करना है उन्होंने कहा कि आज के दिन से ही सभी जनपद वशी तंबाकू जैसे स्वीट प्वाइजन को छोड़े और अपने स्वस्थ शरीर पर ध्यान दें स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ा धन होता है। जिसमें डॉक्टर पीके सिंह महाराजा चेतसिंह सिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर में मौजूद रहे
भदोही में दो उपनिरीक्षक अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त: पुलिस लाइन में विदाई समारोह आयोजित, सुखमय जीवन की कामना की गई
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में रविवार को दो उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) अपनी अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और लगन से कार्य किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानपुर में उनके सम्मान में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई समारोह में पुलिस उपाधीक्षक विश्वज्योति राय ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट किए। उन्होंने उनके आगामी सुखमय और समृद्ध जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस विदाई कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस श्री हरवंश सिंह और उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस श्री सरफराज अहमद सिद्दीकी शामिल हैं, जो जनपद भदोही में नियुक्त थे।
ग्लूकोमा का लक्षण तो कराएं इलाज

नितेश श्रीवास्तव

भदोही । हर मौसम में आंख के प्रति विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। ग्लूकोमा का लक्षण दिखे तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेते हुए उचित इलाज कराएं। आंख की सुरक्षा में क्या सावधनी बरतें व किस स्थान पर क्या परहेज करें इसपर चर्चा की गई।
सीएमाओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि काला मोतिया (ग्लूकोमा) आंखों की एक गंभीर समस्या है जो पांच प्रकार का होता है। प्राथमिक क्रानिक या ओपन एंगुल ग्लूकोमा काला मोतिया का सबसे सामान्य प्रकार है। इसमें आखों से तरल पदार्थों को बाहर निकालने वाली नालियां ब्लाक हो जाती है। इससे आंख के तरल पदार्थ उचित मात्रा में बाहर नहीं निकल पाते जिससे आंख में दबाव या इंट्रा आक्युलर प्रेशर बढ़ने लगता है। कहा कि आंखों में हल्की परेशानी होती है तो नियमित रुप से इलाज कराएं। योगा व व्यायाम से भी आंख को स्वस्थ रखा जा सकता है।
धोखाधड़ी मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार:प्रॉफिट बॉन्ड से रुपए दोगुना करने का लालच देकर ठगी

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने 'प्रॉफिट बॉन्ड' के माध्यम से लोगों को ठगने वाले एक गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी असम प्रांत से की गई। अभियुक्तों पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को उनकी गाढ़ी कमाई दोगुना करने का लालच देकर धोखाधड़ी की। गोपीगंज थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, अभियुक्तों ने 5 दिसंबर 2022 को शिकायतकर्ता को कम समय में पैसे दोगुना करने का झांसा दिया था। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने एक फर्जी एग्रीमेंट और 'प्रॉफिट बॉन्ड' तैयार कर पीड़ित को दिया और बड़ी रकम हड़प ली।
निर्धारित समय पूरा होने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो अभियुक्तों ने रकम देने से इनकार कर दिया और धमकी दी। इस संबंध में गोपीगंज थाने में मु0अ0सं0 502/2025 धारा 419, 420, 467, 468, 406, 504, 506 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के निर्देशन में गोपीगंज पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की। टीम ने शातिर अभियुक्त सद्दीक अहमद पुत्र फकरूद्दीन भडभुईया को असम के हेलाकादी जिले से गिरफ्तार किया। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष है और वह अल्लाई चेरा पार्ट 04, पोस्ट- काटली चेरा का निवासी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पारसनाथ यादव और आरक्षी उपेंद्र सिंह शामिल थे। भदोही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई को दोगुना करने का लालच देने वाले अज्ञात या संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति को अपनी धनराशि देने से पहले संबंधित संस्था की मान्यता और दस्तावेजों की सत्यता की जांच अवश्य कर लें।
दूषित खाने से लोग हो रहे संक्रमित

नितेश श्रीवास्तव
भदोही। दूषित स्थानों पर बिक रहा नाश्ता और भोजन लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। लगातार बाहर का भोजन और नाश्ता करने वाले लोग पेट संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। नगर पंचायत ज्ञानपुर समेत जिले के कई स्थानों पर खुले नालों के किनारे नाश्ता, भोजन, मीट और सब्जियों की बिक्री हो रही है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। दूषित खाद्य पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों की सुबह पेट दर्द से शुरू हो रही है, जबकि रात गैस, जलन और अपच जैसी समस्याओं के साथ बीत रही है। संक्रामक बीमारियों का खतरा अब सामान्य होता जा रहा है।
अस्पतालों की ओपीडी में डायरिया, एसिडिटी, अल्सर, कब्ज, कोलाइटिस और पेट संक्रमण के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि अब सामान्य पेट संक्रमण भी कई मामलों में दवाओं से आसानी से नियंत्रित नहीं हो पा रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि नालों और सीवर के पानी में ऐसे बैक्टीरिया मिल रहे हैं, जिन पर सामान्य दवाओं का असर भी कम हो रहा है। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक के अनुसार दूषित पानी लगातार पीने से पाचन तंत्र पर सीधा असर पड़ता है। भारी तत्वों वाला पानी आंतों की अंदरूनी परत को प्रभावित करता है, जिससे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इरिटेशन, कब्ज की समस्याएं बनी रहती हैं।
पत्रकारिता लोकतंत्र की चेतना और समाज का दर्पण : सुनील सिंह
*निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : विधायक विपुल दुबे*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शनिवार को जिला पंचायत सभागार में हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशाल गोष्ठी और अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न राष्ट्रीय पत्रकार संगठनों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी और ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के पत्रकारिता विभाग के डॉ. सुनील सिंह ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की चेतना और समाज का दर्पण है। उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश में पत्रकारों की जिम्मेदारी बढ़ने पर जोर दिया और सत्य, निष्पक्षता तथा जनहित की भावना को पत्रकारिता की वास्तविक पहचान बताया।
ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों को समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया और पत्रकारिता के मूल्यों को बचाए रखने को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में पत्रकारों के योगदान की सराहना की और हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार रामाश्रय सिंह, आशुतोष जायसवाल और सुमित जायसवाल ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और डिजिटल युग की चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुणेंद्र चौबे ने की, संचालन वीरेंद्र चतुर्वेदी ने किया और संयोजन राजीव गोयल ने किया। समारोह में जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भदोही में 11 पुलिस अधिकारियों का तबादला: एसपी अभिनव त्यागी ने शांति व्यवस्था के लिए किए फेरबदल


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 11 निरीक्षक और उप-निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है। इन तबादलों में विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।

स्थानांतरित होने वालों में प्रभारी निरीक्षक ऊंज अरविंद कुमार चौहान को पुलिस लाइन्स भेजा गया है, जबकि प्रभारी आयोग सेल श्यामबहादुर यादव को ऊंज का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। कोईरौना के प्रभारी निरीक्षक रामनगीना यादव को भी पुलिस लाइन्स स्थानांतरित किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक औराई अश्वनी कुमार त्रिपाठी को सुरियावां का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, वहीं थानाध्यक्ष सुरियावां मनीष द्विवेदी को कोईरौना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पुलिस लाइन्स से राजेश कुमार सिंह को औराई का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

भदोही के प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडे को गोपीगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि गोपीगंज के प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय अब भदोही थाने की कमान संभालेंगे। साइबर क्राइम थाना/साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह को गोपीगंज थाने का निरीक्षक अपराध बनाया गया है।

गोपीगंज थाने के निरीक्षक अपराध अजय विक्रम सिंह यादव को साइबर थाना भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, साइबर क्राइम थाना से विजय कुमार गुप्ता को प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना/साइबर सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह फेरबदल जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।
जिलाधिकारी-पुलिस अधीक्षक ने ज्ञानपुर जेल का किया निरीक्षण:बंदियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया, समय पर सुविधा देने के निर्देश


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से ज्ञानपुर स्थित जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में बंद कैदियों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जेल अधीक्षक को सभी आवश्यक सुविधाएं बंदियों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने रसोई घर, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक और किशोर बैरक का दौरा किया। उन्होंने जेल परिसर में संचालित डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से महिला बैरक में जाकर बंदियों से बातचीत की। उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और सुनिश्चित करने को कहा कि सभी सरकारी सुविधाएं उन्हें समय पर मिलती रहें।अधिकारियों ने पेयजल व्यवस्था, शौचालयों और साफ-सफाई का भी गहन निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मुलाकाती पंजिका का अवलोकन कर रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान कारागार अधीक्षक ने अधिकारियों को पूरे कारागार का अवलोकन कराया।
एक जून को 21 मेधावी छात्र होंगे सम्मानित:कलेक्ट्रेट सभागार में मिलेगा मेडल, टैबलेट और नकद पुरस्कार

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जिले की टॉप टेन सूची में स्थान बनाने वाले 21 मेधावी छात्रों को एक जून को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह कलेक्ट्रेट के एनआईसी सभागार में आयोजित होगा। इन छात्रों को सरकार की ओर से 21-21 हजार रुपये के चेक, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी को शुरू होकर 9 मार्च को समाप्त हुई थीं। कॉपियों के मूल्यांकन के बाद परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल को जारी किया गया था। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 55 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से लगभग 50 हजार सफल हुए। इस दौरान करीब 30 छात्र-छात्राओं ने जिले की टॉप टेन सूची में जगह बनाई थी।
शासन स्तर से अब इन मेधावियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। इसमें हाईस्कूल के 10 और इंटरमीडिएट के 11 होनहार विद्यार्थी शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को पहली जून को कलेक्ट्रेट के एनआईसी सभागार में सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ में एक जून को होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री प्रदेश के टॉप टेन में स्थान पाने वाले होनहारों को पुरस्कृत करेंगे, जबकि अन्य मेधावियों को जिला स्तर पर ही सम्मानित किया जाएगा। जिले के 21 मेधावी विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये का चेक, एक टैबलेट, एक मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। हाईस्कूल में सम्मानित होने वाले मेधावियों में अन्नू मौर्य, अन्नू, आस्था पांडेय, आरव कुमार, कलश पांडेय, निहाल सिंह, शिवांशी यादव, अनुराग यादव, सुनीता विश्वकर्मा और यशी शामिल हैं। इंटरमीडिएट में सौरभ साहू, अर्पिता यादव, धरणीधर मिश्रा, विनम्र पांडेय, अंकुश कुमार चौबे, स्वप्निल तिवारी, आंचल, लाली यादव, नीतेश गुप्ता, अंकिता और हिमांशी तिवारी को सम्मानित किया जाएगा।