एक जून को 21 मेधावी छात्र होंगे सम्मानित:कलेक्ट्रेट सभागार में मिलेगा मेडल, टैबलेट और नकद पुरस्कार

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जिले की टॉप टेन सूची में स्थान बनाने वाले 21 मेधावी छात्रों को एक जून को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह कलेक्ट्रेट के एनआईसी सभागार में आयोजित होगा। इन छात्रों को सरकार की ओर से 21-21 हजार रुपये के चेक, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी को शुरू होकर 9 मार्च को समाप्त हुई थीं। कॉपियों के मूल्यांकन के बाद परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल को जारी किया गया था। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 55 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से लगभग 50 हजार सफल हुए। इस दौरान करीब 30 छात्र-छात्राओं ने जिले की टॉप टेन सूची में जगह बनाई थी।
शासन स्तर से अब इन मेधावियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। इसमें हाईस्कूल के 10 और इंटरमीडिएट के 11 होनहार विद्यार्थी शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को पहली जून को कलेक्ट्रेट के एनआईसी सभागार में सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ में एक जून को होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री प्रदेश के टॉप टेन में स्थान पाने वाले होनहारों को पुरस्कृत करेंगे, जबकि अन्य मेधावियों को जिला स्तर पर ही सम्मानित किया जाएगा। जिले के 21 मेधावी विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये का चेक, एक टैबलेट, एक मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। हाईस्कूल में सम्मानित होने वाले मेधावियों में अन्नू मौर्य, अन्नू, आस्था पांडेय, आरव कुमार, कलश पांडेय, निहाल सिंह, शिवांशी यादव, अनुराग यादव, सुनीता विश्वकर्मा और यशी शामिल हैं। इंटरमीडिएट में सौरभ साहू, अर्पिता यादव, धरणीधर मिश्रा, विनम्र पांडेय, अंकुश कुमार चौबे, स्वप्निल तिवारी, आंचल, लाली यादव, नीतेश गुप्ता, अंकिता और हिमांशी तिवारी को सम्मानित किया जाएगा।
सुरियावां में शातिर चोर गिरफ्तार:4 मोबाइल, 2 पैजनी और 500 रुपये नकद बरामद

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने चोरी की घटनाओं के अनावरण में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में, सुरियावां थाना पुलिस ने एक शातिर चोर पवन बिन्द को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन, दो चांदी की पैजनी और 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह गिरफ्तारी 28 मई 2026 की रात हुई, जब सुरियावां थाना क्षेत्र के बबई गांव निवासी चंद्रशेखर बिन्द के घर में घुसकर पवन बिन्द चोरी कर रहा था। रात करीब 3:30 बजे चंद्रशेखर बिन्द और स्थानीय जनता ने उसे 500 रुपये चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सुरियावां थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। इस संबंध में थाना सुरियावां में मुकदमा संख्या 161/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमिलहरा, सुरियावां निवासी पवन बिन्द (उम्र 27 वर्ष) पुत्र भोलानाथ बिन्द के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अन्य स्थानों पर भी चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद सामान में OPPO काली IMEI 867932087508434, Vivo स्लेटी IMEI 861520066333878, POCO स्लेटी स्क्रीन फूटी IMEI 868331070534466, Vivo गहरा नीला IMEI 862659068348911/65 सहित चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन, दो सफेद धातु की पैजनी और 500 रुपये नकद शामिल हैं। पंजीकृत अभियोग में बाद में धारा 317(2) और 317(4) बी.एन.एस. की बढ़ोतरी करते हुए विधिक कार्यवाही की गई। इस गिरफ्तारी और बरामदगी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द राय, उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक भीमराय, कांस्टेबल विकास यादव, कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह और महिला कांस्टेबल सोना शामिल थीं।
जांच अभियान दो अस्पतालों की जांच, एक अस्पताल को कराया बंद

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार व सीएचसी अधीक्षक ने अस्पतालों के विरुद्ध चलाया जांच अभियान दो अस्पतालों की जांच, एक अस्पताल को कराया बंद। शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार मनीष त्रिपाठी, सीएचसी अधीक्षक डॉ अरविंद बाजपेई व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तहसील मार्ग स्थित नव जीवन हॉस्पिटल की जांच की, जांच के दौरान अस्पताल पंजीकृत पाया गया लेकिन मौके पर एक सीजर व एक डिलीवरी के मरीज भर्ती मिले, टीम के द्वारा अस्पताल के पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें सीजर व डिलीवरी कराने की अनुमति नहीं पाई गई, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती मरीजों को छुट्टी दिलाकर अस्पताल को बंद कर ताला लगवा दिया गया। उसके उपरांत स्वास्थ्य विभाग की टीम  नगर के मोहल्ला छावनी स्थित मेडी केयर हॉस्पिटल पहुंची, जो मौके पर बंद मिला।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेई ने बताया कि नव जीवन हॉस्पिटल में सीजर व डिलीवरी के मरीज पाए गए थे जिसकी अनुमति नहीं थी, फिलहाल अस्पताल को बंद करा दिया गया है और पंजीकरण निरस्त करने की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है, आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की जाएगी, उन्होंने यह भी बताया कि, अवैध अस्पतालों व झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम की छापेमारी की सूचना मिलते ही नगर क्षेत्र में संचालित वैध व अवैध  अस्पतालों के शटर धड़ाधड़ गिर गए।
भदोही में 31 मई को होगी बीएड प्रवेश परीक्षा:छह केंद्रों पर 2884 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम, दो शिफ्ट में होगा पेपर

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई को छह केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 2884 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं। काशी नरेश विश्वविद्यालय के ब्लॉक ए में 500 और ब्लॉक बी में 500 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसके अलावा गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज गोपीगंज में 384, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में 500, इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में 500 और विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 500 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक चलेगी। परीक्षा को लेकर सभी केंद्र प्रभारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
काशी नरेश विश्वविद्यालय में कुलपति की सक्रियता बढ़ी: विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों संग की बैठक

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नव स्थापित काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही की कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में उन्होंने आज विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों से मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान कुलपति ने सभी शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने उनके कार्यक्षेत्र, अकादमिक रुचियों और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रोफेसर श्रीवास्तव ने संस्कृत, अंग्रेजी, भूगोल, प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, गृहविज्ञान और गणित विभाग के शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी के समन्वित और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार को केंद्र में रखकर विश्वविद्यालय को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के समग्र विकास और विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा के लिए शेष विभागों के साथ भी आगामी एक-दो दिनों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की समर्थ पोर्टल समिति, वेबसाइट संयोजक, प्रवेश समिति और सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया सहित विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। विश्व
पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण: पुलिस कैंटीन और आवासों की व्यवस्थाएं जांचीं

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद में पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पुलिस लाइन परिसर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन, सरपतहा स्थित पुलिस कैंटीन और पुलिस आवासों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने कैंटीन में उपलब्ध सुविधाओं, खाद्य एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और पुलिस आवासों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
पाए गए कमियों और त्रुटियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें इन समस्याओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने तथा परिसर की नियमित निगरानी एवं रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालवाटिका : बच्चों को भाषा में दक्ष बनाएंगी कदम और कलांकुर
*प्री- नर्सरी के बच्चों को जुलाई में मिलेगी शासन से मिली नई पुस्तिका*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के परिषदीय स्कूलों में संचालित बालवाटिका में बच्चों को भाषा, अंक और कला दक्षता बढ़ाने के लिए नई अभ्यास पुस्तिकाएं मिलेंगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अब कदम, कलांकुर और चहक नाम की पुस्तिकाएं जिले में भेजनी शुरू कर दी हैं। इसको एक जुलाई से बच्चों को उपलब्ध कराई जाएगी। जिले में तीन से छह साल के बच्चों के लिए 1496 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें परिषदीय विद्यालयों में 725 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनको को-लोकेटेड आंगनबाड़ी या बालवाटिका के रूप में विकसित किया गया है। इनमें करीब 50 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। इन केंद्रों में पंजीकृत 5-6 साल के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा से पूर्व की शिक्षा के लिए तैयार करने की पहल की गई है। बच्चों को सीखने के बेहतर और सरल विकल्प देने के लिए चहक, कदम और कलांकुर नाम की अभ्यास पुस्तिकाएं तैयार की गई हैं।
तीन से छह साल के बच्चों के लिए इन पुस्तिकाओं के साथ-साथ 12 प्रकार की बड़ी पुस्तकें और समग्र प्रगति रिपोर्ट भी शामिल की गई हैं।
इसका उद्देश्य है कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में और रचनात्मक तरीकों से भाषा (बोलना और समझना), गणितीय ज्ञान (अंक) और कला में निपुण बनाना है। इसकी आपूर्ति शासन स्तर से शुरू कर दी गई है।
एक जुलाई से इनको बालवाटिका में भेजी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि बाल वाटिका के लिए पुस्तकों की आपूर्ति हो रही है। एक जुलाई से इसको भेजा जाएगा।
भदोही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई: फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।

जनसुनवाई के दौरान, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों और शिकायतों का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पीड़ित व्यक्तियों को न्याय दिलाने में पूर्ण संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भदोही पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सौ शय्या अस्पताल में 2.40 करोड़ से लगेगा फायर हाईड्रेंट सिस्टम: छह बिल्डिंग में बिछेगी पाइपलाइन, एक साल में होगा पूरा

नितेश श्रीवास्तव

सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में 2.40 करोड़ रुपये की लागत से फायर हाईड्रेंट सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसके तहत अस्पताल की सभी छह बिल्डिंगों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
कार्यदायी संस्था द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए रूट मैप तैयार किया जाएगा। जून माह के पहले सप्ताह से इस काम में तेजी आने की उम्मीद है। कार्यदायी संस्था को यह परियोजना एक साल के भीतर पूरी करनी है। इस सिस्टम के तहत हर बिल्डिंग के कमरे से कनेक्टिविटी करते हुए पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
वर्तमान में, सौ बेड के इस अस्पताल में रोजाना लगभग 500 मरीजों की ओपीडी होती है, जबकि लैब में 700 लोगों की जांच की जाती है। मरीज और उनके तीमारदारों को मिलाकर प्रतिदिन लगभग 1200 लोग अस्पताल आते हैं। इसके अतिरिक्त, अस्पताल परिसर में बर्न यूनिट, टीबी अस्पताल और डायलिसिस यूनिट भी संचालित हैं, जिससे भीड़ और बढ़ जाती है।
सौ शय्या अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके पासवान ने बताया कि फायर हाईड्रेंट सिस्टम का कार्य अस्पताल में किया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि इसके लिए परिसर में पाइप गिराई गई है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा
भदोही में बकरीद की नमाज अदा:56 ईदगाह, 125 मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया पर्व, पुलिस बल तैनात

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जिले में बृहस्पतिवार को बकरीद का त्यौहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।जिले के कुल 56 ईदगाह और 125 मस्जिदों में सुबह 7.30 बजे से बकरीद की नमाज अदा की गई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह से ही निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक - दुसरे को गले मिलकर बकरीद की बधाई दी।
त्योहार के मद्देनजर जिले भर के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। भदोही नगर में जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने ईदगाहों व मस्जिदों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं भी दी। जिले के भदोही, ज्ञानपुर,औराई,घोसिया, गोपीगंज, सुरियावां, दुर्गागंज, कोइरौना सहित कई अन्य स्थानों पर भी बकरीद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों के मौलानाओं द्वारा पूर्व निर्धारित समय पर नमाज अदा कराई गई। नमाजियों के अमन- चैन और देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।