काशी नरेश विश्वविद्यालय में कुलपति की सक्रियता बढ़ी: विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों संग की बैठक

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नव स्थापित काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही की कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में उन्होंने आज विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों से मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान कुलपति ने सभी शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने उनके कार्यक्षेत्र, अकादमिक रुचियों और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रोफेसर श्रीवास्तव ने संस्कृत, अंग्रेजी, भूगोल, प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, गृहविज्ञान और गणित विभाग के शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी के समन्वित और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार को केंद्र में रखकर विश्वविद्यालय को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के समग्र विकास और विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा के लिए शेष विभागों के साथ भी आगामी एक-दो दिनों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की समर्थ पोर्टल समिति, वेबसाइट संयोजक, प्रवेश समिति और सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया सहित विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। विश्व
पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण: पुलिस कैंटीन और आवासों की व्यवस्थाएं जांचीं

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद में पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पुलिस लाइन परिसर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन, सरपतहा स्थित पुलिस कैंटीन और पुलिस आवासों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने कैंटीन में उपलब्ध सुविधाओं, खाद्य एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और पुलिस आवासों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
पाए गए कमियों और त्रुटियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें इन समस्याओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने तथा परिसर की नियमित निगरानी एवं रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालवाटिका : बच्चों को भाषा में दक्ष बनाएंगी कदम और कलांकुर
*प्री- नर्सरी के बच्चों को जुलाई में मिलेगी शासन से मिली नई पुस्तिका*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के परिषदीय स्कूलों में संचालित बालवाटिका में बच्चों को भाषा, अंक और कला दक्षता बढ़ाने के लिए नई अभ्यास पुस्तिकाएं मिलेंगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अब कदम, कलांकुर और चहक नाम की पुस्तिकाएं जिले में भेजनी शुरू कर दी हैं। इसको एक जुलाई से बच्चों को उपलब्ध कराई जाएगी। जिले में तीन से छह साल के बच्चों के लिए 1496 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें परिषदीय विद्यालयों में 725 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनको को-लोकेटेड आंगनबाड़ी या बालवाटिका के रूप में विकसित किया गया है। इनमें करीब 50 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। इन केंद्रों में पंजीकृत 5-6 साल के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा से पूर्व की शिक्षा के लिए तैयार करने की पहल की गई है। बच्चों को सीखने के बेहतर और सरल विकल्प देने के लिए चहक, कदम और कलांकुर नाम की अभ्यास पुस्तिकाएं तैयार की गई हैं।
तीन से छह साल के बच्चों के लिए इन पुस्तिकाओं के साथ-साथ 12 प्रकार की बड़ी पुस्तकें और समग्र प्रगति रिपोर्ट भी शामिल की गई हैं।
इसका उद्देश्य है कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में और रचनात्मक तरीकों से भाषा (बोलना और समझना), गणितीय ज्ञान (अंक) और कला में निपुण बनाना है। इसकी आपूर्ति शासन स्तर से शुरू कर दी गई है।
एक जुलाई से इनको बालवाटिका में भेजी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि बाल वाटिका के लिए पुस्तकों की आपूर्ति हो रही है। एक जुलाई से इसको भेजा जाएगा।
भदोही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई: फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।

जनसुनवाई के दौरान, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों और शिकायतों का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पीड़ित व्यक्तियों को न्याय दिलाने में पूर्ण संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भदोही पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सौ शय्या अस्पताल में 2.40 करोड़ से लगेगा फायर हाईड्रेंट सिस्टम: छह बिल्डिंग में बिछेगी पाइपलाइन, एक साल में होगा पूरा

नितेश श्रीवास्तव

सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में 2.40 करोड़ रुपये की लागत से फायर हाईड्रेंट सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसके तहत अस्पताल की सभी छह बिल्डिंगों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
कार्यदायी संस्था द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए रूट मैप तैयार किया जाएगा। जून माह के पहले सप्ताह से इस काम में तेजी आने की उम्मीद है। कार्यदायी संस्था को यह परियोजना एक साल के भीतर पूरी करनी है। इस सिस्टम के तहत हर बिल्डिंग के कमरे से कनेक्टिविटी करते हुए पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
वर्तमान में, सौ बेड के इस अस्पताल में रोजाना लगभग 500 मरीजों की ओपीडी होती है, जबकि लैब में 700 लोगों की जांच की जाती है। मरीज और उनके तीमारदारों को मिलाकर प्रतिदिन लगभग 1200 लोग अस्पताल आते हैं। इसके अतिरिक्त, अस्पताल परिसर में बर्न यूनिट, टीबी अस्पताल और डायलिसिस यूनिट भी संचालित हैं, जिससे भीड़ और बढ़ जाती है।
सौ शय्या अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके पासवान ने बताया कि फायर हाईड्रेंट सिस्टम का कार्य अस्पताल में किया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि इसके लिए परिसर में पाइप गिराई गई है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा
भदोही में बकरीद की नमाज अदा:56 ईदगाह, 125 मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया पर्व, पुलिस बल तैनात

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जिले में बृहस्पतिवार को बकरीद का त्यौहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।जिले के कुल 56 ईदगाह और 125 मस्जिदों में सुबह 7.30 बजे से बकरीद की नमाज अदा की गई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह से ही निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक - दुसरे को गले मिलकर बकरीद की बधाई दी।
त्योहार के मद्देनजर जिले भर के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। भदोही नगर में जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने ईदगाहों व मस्जिदों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं भी दी। जिले के भदोही, ज्ञानपुर,औराई,घोसिया, गोपीगंज, सुरियावां, दुर्गागंज, कोइरौना सहित कई अन्य स्थानों पर भी बकरीद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों के मौलानाओं द्वारा पूर्व निर्धारित समय पर नमाज अदा कराई गई। नमाजियों के अमन- चैन और देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
गर्मी बढ़ी, ओवरलोड के कारण 24 घंटे में फुक जा रहे ट्रांसफार्मर

*कहीं 13 दिन, कहीं एक सप्ताह बाद भी नहीं बदले गए ट्रांसफार्मर, दोगुना हो गई है बिजली की खपत*

-‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के अधिकतर ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण फुंक रहे हैं। वर्कशॉप जेई मनोज यादव ने बताया कि गांवों में कनेक्शन के अनुसार उतनी ही क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, लेकिन अब तक तमाम लोग कम वाट का कनेक्शन लेकर अधिक बिजली खपत कर रहे हैं। इसके अलावा तमाम बिजली चोरी की भी शिकायतें आती हैं। जिसका लोड वहां की ट्रांसफार्मरों पर पड़ रहा है। इसके अलावा गर्मी के बीच ट्रांसफार्मर अधिक हीट होने से भी तकनीकी दिक्कत आ रही है। वर्कशाप अधिकारियों का दावा है कि आंधी-पानी के दौरान जिले में करीब 30 ट्रांसफार्मर ध्वस्त हो गए थे। जिसे दुरूस्त करा दिया गया है लेकिन अब भी नौ गांवों में गिरे ट्रांसफाॅर्मर दुरूस्त नहीं किए गए हैं। इसमें चौबेपुर, चुरौली, समेत तमाम गांवों में अब भी ट्रांसफार्मर खड़े नहीं हो सके हैं। बीते 13 दिनों से यहां की करीब आठ से 10 हजार की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
छह केंद्रो पर होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, 2976 अभ्यर्थी होंगे शामिल
*15 दिनों के अंदर बीएड, टीजीटी और पुलिस भर्ती की होगी परीक्षाएं*


नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिले में तीन दिनों तक होने वाली यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। आगामी दिनों में होने वाली तीन प्रमुख परीक्षाओं के लिए नोडल अधिकारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती कर दी गई है। सीसीटीवी निगरानी में होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में 2976 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा छह पालियों में कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही और गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज गोपीगंज को केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात रहेंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को फोटो पहचान पत्र सहित अन्य जांच प्रक्रिया के लिए परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। पहली पाली के लिए जांच सुबह आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि 31 मई से 10 जून तक तीन प्रमुख परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा, तीन जून को टीजीटी-पीजीटी परीक्षा तथा 8 से 10 जून तक पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। सभी परीक्षाओं के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।

परीक्षा केंद्र पर सिर्फ ये ले जाएं

-एडमिट कार्ड की स्पष्ट प्रिंटेड कॉपी

-एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी)

-हाल ही का दो पासपोर्ट साइज फोटो

-पारदर्शी पेन (यदि निर्देशित हो)


इन पर प्रतिबंध

-मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित होंगे।
भदोही में शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक: शैक्षिक गुणवत्ता, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर जनपद भदोही की जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बाल गोविंद शुक्ल ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन, विद्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने किया। बैठक में विभागीय योजनाओं, नामांकन अभियान, विद्यालय निरीक्षण, निर्माण कार्यों तथा शिक्षण गुणवत्ता से संबंधित बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि कंपोजिट ग्रांट के माध्यम से जनपद के कम से कम 50 विद्यालयों में सोलर पैनल स्थापित कराए जाएं, जिससे विद्यालयों में विद्युत व्यवस्था बेहतर हो सके। सीडीओ ने विद्यालयों में संचालित क्लासरूम टाइल्स एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हाल ही में आए आंधी-तूफान से विद्यालयों में हुई क्षति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं।
शादी अनुदान योजना: 37 पात्र आवेदकों को मिली स्वीकृति: जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों के समयबद्ध सत्यापन के दिए निर्देश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। बुधवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में शादी अनुदान योजना की जिला स्तरीय स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इस बैठक में पिछड़ा वर्ग के 37 पात्र आवेदकों को शादी अनुदान प्रदान करने की स्वीकृति दी गई।
यह योजना पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति और सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों के विवाह के लिए संचालित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने सदस्य/सचिव, सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को लंबित आवेदन पत्रों का शीघ्र सत्यापन और जांच कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य पात्र आवेदनों को समय पर अग्रसारित करना है, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की पुत्रियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
औराई के विधायक दीनानाथ भास्कर ने भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ मिलना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।