मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मण्डल के प्रथम विश्वविद्यालय माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय व रिंग रोड परियोजना का किया निरीक्षण
निर्माणाधीन विश्वविद्यालय और रिंग रोड देखने पहुंची मंडलायुक्त, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से रिंग रोड तक, मंडलायुक्त ने परखा निर्माण कार्यों का स्तर
गोण्डा /बलरामपुर -। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के साथ बलरामपुर में निर्माणाधीन माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय एवं निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक एवं एकेडमिक ब्लॉक, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ आवास, फैकल्टी आवास, लाइब्रेरी भवन, लिफ्ट इंस्टॉलेशन, इलेक्ट्रिकल वर्क, पेंटिंग कार्य, पेयजल व्यवस्था, सीवर सिस्टम, सड़क एवं परिसर विकास कार्य, अग्निशमन एवं आपदा सुरक्षा व्यवस्थाओं सहित विभिन्न निर्माणाधीन सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, भवनों की संरचनात्मक मजबूती तथा तकनीकी मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय व रिंगरोड के निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, निर्धारित समयसीमा एवं लक्ष्य के अनुरूप कार्यों की स्थिति, कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली तथा स्वीकृत मानचित्र एवं डीपीआर के अनुसार कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं, लंबित कार्यों एवं अन्य प्रशासनिक एवं तकनीकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के शैक्षणिक विकास से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। यह मण्डल का प्रथम विश्वविद्यालय है। इसलिए सभी कार्य उच्च गुणवत्ता एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने भवनों की छतों की प्रभावी वाटर प्रूफिंग कराने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन एवं आपदा सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने, छात्रावास एवं आवासीय परिसरों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्युत एवं सीवर कार्यों को मानक गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराने को कहा।
इसके बाद मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, मिट्टी भराई, बेस निर्माण, जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य तकनीकी कार्यों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था से परियोजना की वर्तमान प्रगति, निर्धारित समयसीमा एवं लक्ष्य के अनुरूप कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि रिंग रोड निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, तकनीकी मानकों का पालन करने एवं कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रिंग रोड परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आवागमन को सुगम बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्माण कार्य में आने वाली किसी भी बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी बलरामपुर, संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
58 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1