छात्रों को फर्श से अर्श पर पहुंचाने का निःशुल्क नीट कोचिंग देते हैं डॉ मिथिलेश कुमार बिंद
भदोही। ग्राम सभा हरिचंद पुर भीटी हंडिया प्रयागराज के रहने वाले डॉ मिथिलेश कुमार बिंद चर्म रोग विशेषज्ञ स्वरूप रानी हॉस्पिटल प्रयागराज में कार्यरत है।इस समय पूरे भदोही में चर्चा का विषय बने हुए हैं इनकी सोच हर वर्ष लगभग 100 बच्चों को ममता चैरिटेबल ट्रस्ट एंड स्किन केयर हॉस्पिटल सुभाष नगर भदोही के प्रांगण में एक सुपर 25 क्लासेस खोलकर निशुल्क नीट की तैयारी स्वयं और प्रशिक्षित प्रोफेसर डॉक्टर्स से नीट  विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देते हैं।बी एस वी एस न्यूज़ के साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य है कि जौनपुर, प्रयागराज, भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर ,जैसे शहरों में सुपर 25 प्रशिक्षण केंद्र खोलकर बच्चों के भविष्य का निर्माण करें।बच्चों के भविष्य और देश के निर्माण में सहायक महान समाजसेवी डॉ मिथिलेश कुमार बिंद को बहुचर्चित संगठन बिंद समाज विकास संघ ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर बच्चों को मेडल और डॉ मिथिलेश कुमार बिंद  को, संघ का स्मृति चिन्ह दीवाल घड़ी से सम्मानित किया।शुभकामना देते हुए संघ ने कहा कि जिस तरह से घड़ी निरंतर चलती रहती है समय के महत्व को समझती है इस तरह आप हमेशा रुके  ना ,थके ना ,हिम्मत ना हारे और बच्चों के भविष्य को निरंतर निर्माण करते रहे।मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ शेषधर बिंद सहित,सूरत गुजरात प्रदेश अध्यक्ष फूलचंद बिंद, सूरत महासचिव दीनानाथ बिंद, सूरत प्रवक्ता गुलाब चंद्र बिंद, सूरत युवसेना अध्यक्ष सुरेश कुमार बिंद, बी एस वी एस न्यूज रिपोर्टर अरविंद बिंद,भदोही जिला अध्यक्ष डॉ रमाशंकर बिंद,जिला भदोही सलाहकार डॉ हरिश्चंद्र बिंद,जिला भदोही संगठन मंत्री मोहनलाल बिंद, युवासेना संगठन मंत्री राज बिहारी बिंद,उदल कुमार बिंद, बसंत लाल मौर्य,सुभाष बिंद, गोरेलाल बिंद मौजूद रहे।
गर्मी से पशु - पक्षी बेहाल

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गर्मी के कारण पशु और पक्षी बेहाल है। जानवरों को भी दिक्कतें हो रही है। रविवार को पशुओं के नाद में भरे गए पानी में बैठकर गर्मी से बचने का प्रयास किया।
भदोही में अतिक्रमण हटाओ अभियान, राजपुरा चौराहा पर कार्रवाई: सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन सख्त, होगी कार्रवाई

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जनपद भदोही में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रविवार को एक संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में यह अभियान थाना भदोही क्षेत्र के राजपुरा चौराहा, तहसील रोड और आसपास के इलाकों में उपजिलाधिकारी अरुण गिरी व क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्रा के नेतृत्व में चला।
अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया गया। दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। प्रशासन ने अतिक्रमित स्थलों पर लाल निशान लगाए और स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी व्यापारी एवं दुकानदार लाल निशान के पीछे ही अपने प्रतिष्ठान संचालित करें।
अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को आगामी मंगलवार तक स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आदेशों का अनुपालन न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।
इस दौरान पुलिस प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा राजपुरा चौराहा एवं तहसील रोड को जाम मुक्त रखने में सहयोग की अपील की। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
गंगा दशहरा: बाबा बड़े शिव धाम में विशेष आयोजन: पंचामृत अभिषेक, भव्य श्रृंगार और महाआरती होगी


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज स्थित बाबा बड़े शिव धाम में गंगा दशहरा के अवसर पर 26 मई, मंगलवार को विशेष आयोजन किया जाएगा। बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अनंत कोटि ब्रह्मांड नायक देवों के देव महादेव बाबा बड़े शिव महाराज का पंचामृत एवं पंच द्रव्य से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न सुगंधित पुष्पों से बाबा का भव्य श्रृंगार कर महाआरती संपन्न होगी। आरती के उपरांत भक्तों में प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू ने बताया कि मां गंगा के अवतरण दिवस, भगवान रामेश्वरम के स्थापना दिवस और बटुक भैरव के जन्म दिवस के पावन अवसर पर इस वर्ष गंगा दशहरा 26 मई को मनाया जाएगा। पौराणिक मान्यता के अनुसार, ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि, वृषभ लग्न और हस्त नक्षत्र में अभिजीत मुहूर्त में मां गंगा का अवतरण हुआ था। इस वर्ष अधिक मास होने के कारण यह पावन तिथि 26 मई को पड़ रही है।
इस दिन हर्ष योग, रवि योग, व्यतिपात योग, सिद्धि योग, ध्वज योग और धाता योग का निर्माण हो रहा है। इसके अतिरिक्त, वृषभ राशि में बुध और सूर्य के संयोग से बुधादित्य राजयोग तथा शुक्र के स्वराशि में होने से मालव्य राजयोग भी बन रहा है, जिससे यह दिन अत्यंत शुभ फलदायी होगा।
समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तों से अनुरोध किया है कि वे गंगा दशहरा के इस पवित्र अवसर पर बाबा बड़े शिव धाम पहुंचकर आशुतोष अवघड़दानी बाबा बड़े शिव महाराज का दर्शन-पूजन करें, दीपदान कर प्रसाद ग्रहण करें और अपने जीवन को सुख, समृद्धि एवं मंगलमय बनाएं। पुरुषोत्तम मास या अधिक मास में किया गया पूजन-पाठ, दान-पुण्य कई गुना अधिक फलदायी माना गया है, अतः इस दुर्लभ संयोग में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
हीट वेव का अलर्ट, भदोही जिलाधिकारी ने जारी की एडवाइजरी: भीषण गर्मी से बचाव हेतु आमजन व पशुपालकों के लिए विशेष निर्देश जारी

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही के जिला मजिस्ट्रेट/जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शैलेष कुमार ने भीषण गर्मी और हीट वेव के मद्देनजर जनपदवासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उत्तर प्रदेश शासन की चेतावनी के अनुसार, आगामी 24 घंटों में भदोही सहित बांदा, चंदौली, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज और वाराणसी जनपदों में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की संभावना है। यह चेतावनी 24 मई दोपहर 2 बजे से 25 मई दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। उन्होंने हल्के रंग के ढीले एवं सूती वस्त्र पहनने, घरों को ठंडा रखने तथा धूप में कार्य करने वालों को अतिरिक्त पानी एवं विश्राम देने की सलाह दी है।
बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों को यह भी चेताया है कि बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ें, नंगे पैर बाहर न निकलें तथा सूखे पत्तों को जलाने से बचें।
पशुपालकों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मवेशियों को छायादार स्थान पर रखने, स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराने तथा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच उनसे कार्य न लेने की सलाह दी गई है। शेड में पंखे, वाटर स्प्रे एवं फॉगर्स का प्रयोग करने तथा समय-समय पर पानी का छिड़काव करने को कहा गया है।
पशुओं को खनिज मिश्रण, नमक एवं प्रोटीन युक्त पूरक आहार देने की भी सलाह दी गई है।
चक्कर आने अथवा अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन सहायता हेतु जिला प्रशासन द्वारा टोल फ्री नंबर 1077 जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सतर्कता एवं सावधानी ही हीट वेव से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
भारी वाहनों पर ₹2.32 लाख का जुर्माना: भदोही में यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और अवैध रूप से संचालित डंपर/ट्रकों पर कुल 2,32,700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के सक्रिय पर्यवेक्षण में चलाया गया। इसमें उप जिलाधिकारी अरुण गिरी, एआरटीओ राम सिंह और क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में भदोही पुलिस और प्रशासनिक टीम शामिल थी।
अभियान के दौरान गलत नंबर प्लेट, बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न, टैक्स, फिटनेस, परमिट और ओवरलोडिंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे डंपर व ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई रात्रि में भदोही थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर की गई।
थाना समाधान दिवस में 22 पुलिस शिकायतें निस्तारित:कुल 132 आवेदन मिले, राजस्व मामलों पर दिए गए निर्देश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को 'थाना समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 132 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पुलिस विभाग से संबंधित सभी 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। यह आयोजन शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से किया गया था। भदोही के जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में समस्याओं को सुना गया। समाधान दिवस में प्रशासनिक और पुलिस टीमों ने मिलकर जनता की समस्याओं को सुना। प्राप्त 132 प्रार्थना पत्रों में से 92 राजस्व विभाग से संबंधित थे, जबकि 22 पुलिस विभाग से जुड़े थे। पुलिस विभाग से संबंधित सभी 22 शिकायतों का तत्काल मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, राजस्व विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जन सुनवाई के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि जमीन से संबंधित सभी मामलों में पुलिस और राजस्व की टीमें संयुक्त रूप से कार्यवाही करें। इसका उद्देश्य फरियादियों को अलग-अलग भटकने से बचाना और मामलों का त्वरित एवं न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। राजस्व के लंबित प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की तीन संयुक्त टीमें भी गठित की गई हैं।
नौतपा के दौरान पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। इस बार पारा 47 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है


माैसम विभाग के अनुसार, 25 मई से दो जून तक नौतपा रहेगा। इस दरम्यान सुबह नौ बजे से ही लू चलने लगती हैं। वहीं मौसम विभाग ने 24 मई तक रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इस बार कई नौतपा में कई सारे रिकाॅर्ड टूटने की आशंका है।


क्या है नौतपा


नौपता गर्मियों में पड़ने वाले साल के सबसे गर्म नौ दिन होते हैं। इस दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार,इस दौरान सूर्य और पृथ्वी की दूरी सबसे कम हो जाती है। जिससे अन्य दिनों की अपेक्षा गर्मी का असर अधिक रहता और लू चलती है। नौपता में गर्मी के असर से ही बारिश की स्थिति का पता चलता है।

नौतपा से तय होगी बारिश की रफ्तार


मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा के समय मैदानी इलाकों में तेज धूप और लू का असर बढ़ता है। नौतपा में पड़ने वाली भीषण गर्मी से उत्तर भारत में कम दबाव का क्षेत्र तैयार होता है। इसके कारण अरब और बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवा तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ती है। यह स्थिति मानसून को मजबूत और सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसा कहा जाता है कि नौतपा से जितनी अच्छी गर्मी पड़ती है, मानसून उतना ही बेहतर रहता है। इससे खेती और जल स्त्रोतों को फायदा मिलता है।
गोपीगंज में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने दी तीन दिन की मोहलत

नितेश श्रीवास्तव


गोपीगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नगर क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अचानक बिना पूर्व सूचना के पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क किनारे और प्रतिष्ठानों के सामने किए गए अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए गए। कार्रवाई के दौरान पूरे नगर में हड़कंप मच गया और कई लोग खुद ही अपना अतिक्रमण हटाते नजर आए।
अभियान के दौरान न्यायिक एसडीएम शिव प्रकाश यादव, एडिशनल एसपी शुभम अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, कोतवाल शैलेश राय चौकी प्रभारी  तथा लेखपाल राहुल चौधरी समेत राजस्व व पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन लोगों ने तीन दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। इसके बाद बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
प्रशासन ने खास तौर पर उन लोगों को भी चेताया है जो अपने मकान या प्रतिष्ठानों के सामने पैसे लेकर ठेला-खोमचा लगवाते हैं। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी ठोस कार्रवाई की जाएगी और सड़क किनारे अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों पर कई स्थानों पर लाल निशान लगाए गए। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
योग से स्वस्थ बनेंगे परिषदीय स्कूल के बच्चे*


*स्कूल खुलने पर प्रार्थना सभा में नियमित होगा योगाभ्यास*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को शारीरिक और मानसिक रुप से स्वस्थ बनाने के लिए अब प्रार्थना सभा के दौरान नियमित योगाभ्यास कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों को इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कुछ विद्यार्थियों में योग गतिविधियां पहले से संचालित है, जबकि शेष विद्यालयों में इसे प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया है। जिले में 885 प्राथमिकी,पूव माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित है। जिनमें 1.30 लाख से अधिक छात्र - छात्राएं पंजीकृत हैं। बेसिक शिक्षा विभाग शिक्षण कार्य के साथ-साथ सह- शौक्षिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहा है। पिछले वर्ष भी परिषद की ओर से विद्यालयों में योगाभ्यास कराने के निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन क‌ई स्कूलों में इसका नियमित पालन नहीं हो रहा था। इसे देखते हुए सचिव ने दोबारा पत्र जारी कर सभी विद्यालयों में योग गतिविधियां सुनिश्चित करने को कहा है। निर्देश के अनुसार प्रशिक्षित शिक्षक और अनुदेशक बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम का अभ्यास कराएंगे। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन,अनुलोम - विलोम और कपालभाति के साथ दौड़, स्ट्रेचिंग तथा सामान्य व्यायाम भी शामिल होंगे। इसके बच्चों की शारीरिक क्षमता बढ़ने के साथ उनकी एकाग्रता और मानसिक स्वास्थ्य में भी सुधार होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम् पांडेय ने बताया कि सभी विद्यालयों को नियमित योगाभ्यास कराने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। स्कूल खुलने के बाद इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा,ताकि छात्र - छात्राएं शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।