समाज को बांटना और तोड़ना, कांग्रेस की फितरत, यह षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे : बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और झामुमो पर आदिवासी समाज को बांटने और तोड़ने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया है। आदिवासी समागम का विरोध करने को लेकर श्री मरांडी ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने इन दलों को चेताते हुए कहा कि समाज को बांटने और मूल आदिवासी अधिकारों को कमजोर करने की उनकी साजिश कतई सफल नहीं होगी। श्री मरांडी भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

श्री मरांडी ने कहा कि सरना, सनातन और हिंदू में कोई अंतर नहीं है। बल्कि इनमें समानता है। ये प्रकृति की पूजा करते हैं और पेड़, पहाड़, पत्थर, जल, धरती माता की भी पूजा करते हैं। सरना, सनातन और हिंदू में ही जाति व्यवस्था है। यहां जातियों की अनेकों समूह हैं। यहां 36 कोटि देवी देवता हैं। आदिवासी समाज में देश के अंदर 700 से अधिक जातियां हैं, झारखंड में भी 32-33 जातियां हैं। अपने गांव घरों में इनकी अपनी अपनी देवी देवता हैं। यह जो विविधता में एकता है, इसका समावेश सनातन, हिंदू, सरना में है। जहां इतनी अधिक समानता है वहां पर कांग्रेस और jmm के लोग कहते हैं कि इन्हें हिंदू बनाया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि हिंदू बनाने का कहीं कोई परंपरा ही नहीं है। बनाए तो क्रिश्चन और मुसलमान जाते हैं। सरना, सनातन और हिंदू तो पैदाइशी होते हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास सभी को पता है। कांग्रेस का गठन करने वाले अंग्रेज रहे हैं। 1857 के सिपाही विद्रोह के बाद ही अंग्रेजों को लगने लगा कि अब देश को संभालना होगा तो एक सेफ्टी वाल्ब के रूप में कांग्रेस पार्टी का गठन किया गया। अंग्रेज ने समाज को विभाजित और तोड़कर, लोगों को आपस में लड़ा कर इस देश पर राज किया। कांग्रेस पार्टी तो उन्हीं के एक मानस पुत्र रहे हैं। इसलिए जब देश स्वतंत्र हुआ तो महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी को खत्म कर देनी चाहिए परंतु कांग्रेस ने गांधी जी की बातों को अनसुना कर दिया। अंग्रेजों की "फूट डालो और राज करो" की संस्कृति पर ही कांग्रेस देश में लंबे वर्षों तक कार्य करती रही। अब जब देश से कांग्रेस की विदाई हो रही है तो यह पार्टी समाज को तोड़ने का नया-नया हथकंडा अपना रही है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा भाजपा व आरएसएस पर आदिवासियों को हिंदू बनाने का लगाया गया आरोप उसी हथकंडा का एक हिस्सा है। समाज को तोड़ना और कुर्सी प्राप्त करना तो कांग्रेस की फितरत है।

श्री मरांडी ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो वोट बैंक की राजनीति के लिए आदिवासी समाज में विभाजन पैदा करने का काम कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा पेसा कानून की नियमावली में आदिवासी परंपराओं और रूढ़िगत व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया गया है। जो लोग आदिवासी संस्कृति, आस्था और परंपराओं को बदलने का काम करते हैं, उन पर ये दल मौन रहते हैं। इसलिए कांग्रेस और झामुमो के मुँह से आदिवासी हित की बात शोभा नहीं देती।

श्री मरांडी ने कहा कि जहां 32वां या सुदृढ़ीकरण कर आदिवासियों को क्रिश्चियन बनाया जा रहा है, कलमा पढ़ाकर किसी को मुसलमान बनाया जाता है, लोगों की संस्कृति, परंपरा, विश्वास, आस्था को मिटाने का काम किया जा रहा है, उस मुद्दे पर कांग्रेस और झामुमो के लोग कुछ नहीं बोलते हैं। वोट बैंक की राजनीति के लिए यहां के आदिवासी, जनजाति जो मूल समाज है उनको कैसे समाज से अलग किया जाए, उनमें अलगाव पैदा किया जाए, इसके लिए षड्यंत्र किया जा रहा है, इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। सत्ता में बैठे कांग्रेस और jmm के लोग समाज को सिर्फ बांटने तोड़ने का काम कर रहे हैं। इस प्रकार की नीतियां बहुत दिनों तक नहीं चलेगी। बहुत दिनों तक इन दलों ने बरगलाकर समाज को गुमराह किया। अब समाज जागरूक हो चुका है। समाज की अपनी मूल पहचान है, इसे समाज पहचान चुका है।

श्री मरांडी ने कहा कि जितनी भी जनजातियों की पूजा स्थल है, उसको संरक्षित, सुरक्षित और विकसित करने की जरूरत है। जगह-जगह पर सरना मसना, पहनाई की जमीन जमीन बर्बाद हो रही है, माफियाओं के चंगुल में जा रहा है। इसको बचाने और संरक्षित करने की जरूरत है, तभी संस्कृति बचेगी। जब झारखंड बना और हमारी सरकार बनी तो हमने ही जाहेरथान की घेराबंदी शुरू करवाई, मांझी थान बनवाने का काम शुरू हुआ। रघुवर दास की सरकार ने इस काम को आगे बढ़ाया।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित रही।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सभी अधिकारियों को आदेश दिए।

रांची:- मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी , प्रखंड विकास पदाधिकारी,पंचायत प्रतिनिधियों को निदेश दिया है कि सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर, एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करें, ताकि राहगीरों एवं आम लोगों को राहत मिल सके।

किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो - यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने सभी उपायुक्त यह भी सुनिश्चित करने का निदेश दिया है कि जहाँ कहीं भी जल संकट की स्थिति हो, वहाँ तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करें साथ ही चापाकलों की मरम्मत एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएँ की जाएँ। किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो - यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने एक्स के माध्यम से कहा है कि जनहित सर्वोपरि है। भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करें ।

पीवीयूएनएल में “गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन 2026” का शुभारंभ 50 बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य हेतु विशेष पहल

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल), पतरातू द्वारा 22 मई 2026 को “गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (GEM) 2026” कार्यक्रम का शुभारंभ township me किया गया। इस विशेष पहल के अंतर्गत आसपास के विद्यालयों की 50 बालिकाओं का पंजीकरण किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें भविष्य के लिए आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाना है।

सायंकाल आयोजित उद्घाटन समारोह में पिछले वर्ष की GEM प्रतिभागी बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं तथा अपने अनुभव साझा करते हुए नई प्रतिभागियों को प्रेरित किया। उन्होंने कार्यशाला से प्राप्त सीख, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के बारे में बताया तथा आगामी बैच की छात्राओं को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पीवीयूएनएल के सीईओ श्री ए.के. सहगल एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेनू सहगल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीवीयूएनएल परिवार के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं बच्चे भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बैग, यूनिफॉर्म, जूते, किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। पीवीयूएनएल द्वारा GEM 2026 के माध्यम से बालिकाओं को नई चीजें सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत एवं रोल मॉडल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

पीवीयूएनएल, पतरातू से प्रथम फ्लाई ऐश रेक रवाना : हरित एवं सतत भविष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL), पतरातू ने 22 मई 2026 को 4000 टन फ्लाई ऐश की पहली ऐश रेक को मि./ स्टार सीमेंट, टेटेलिया, असम के लिए रवाना किया। यह गंतव्य पतरातू से लगभग 1243 किलोमीटर दूर स्थित है। विशेष बात यह रही कि पीवीयूएनएल में प्राप्त कोयला रेक को ही बैक-लोडिंग के माध्यम से फ्लाई ऐश परिवहन हेतु उपयोग में लाया गया, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हुआ।

इस ऐतिहासिक अवसर पर रेक को पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ए.के. सहगल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री अनुपम मुखर्जी, सीजीएम (प्रोजेक्ट), श्री मनीष खेतरपाल, जीएम (ओ एंड एम), श्री ओम प्रकाश सोलंकी, जीएम (मेंटेनेंस एवं एडमिनिस्ट्रेशन), पीवीयूएनएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं मि./ स्टार सीमेंट के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

यह पहल पीवीयूएनएल की सतत विकास एवं कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करती है। रेल रेक के माध्यम से 4000 टन फ्लाई ऐश के परिवहन से लगभग 15,000 लीटर डीजल की बचत हुई है, जो सामान्यतः ऐश को डिस्पोजल साइट तक पहुँचाने में प्रयुक्त होता। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ऊर्जा संसाधनों की भी महत्वपूर्ण बचत सुनिश्चित होगी।

पलामू में भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ: आदित्य साहू बोले- विचारों की मजबूती ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति

पलामू महाराजा पैलेस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में दोनों नेताओं द्वारा अपने सम्बोधन से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रहित के संकल्प को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और स्वाभाविक रूप से हमारा दायित्व भी उतना ही व्यापक है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति निष्ठा, वैचारिक स्पष्टता, सेवा भाव एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को और अधिक सशक्त बनाते हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ केवल एक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह संगठन की विचारधारा, सेवा और राष्ट्र समर्पण को मजबूत करने का अभियान है। प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ता न केवल संगठन की विचारधारा, बल्कि व्यावहारिक कार्ययोजना से भी अवगत होते हैं।

वहीं #जिलाप्रशिक्षणवर्ग के द्वितीय सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, सेवा भाव और जनसंपर्क के प्रति अधिक जागरूक एवं सक्रिय बनाने का सशक्त माध्यम है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का विचार आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता को जनहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। विचारों की मजबूती ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होती है।

इस अवसर पर महामंत्री संगठन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक द्वय आलोक चौरसिया एवं शशिभूषण मेहता, पूर्व विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, पुष्पा देवी, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की बड़ी घोषणा; 23 मई से हर बूथ पर दिखेगी 'अन-मैप्ड' सूची, बीएलओ से संपर्क कर तुरंत कराएं मैपिंग

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने झारखण्ड के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर 23 मई से जाकर अन मैप्ड मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्रों पर 23 मई से अगले 2 हफ्ते तक यह सूची प्रदर्शित की जाएगी। इस सूची में अन मैप्ड मतदाता के साथ साथ उनके बीएलओ का नाम एवं फोन नंबर भी उपलब्ध रहेगा।

श्री के. रवि कुमार ने कहा है कि वर्तमान मतदाता सूची के मतदाताओं का विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से मैपिंग करना मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग हो जाती है, उन्हें एसआईआर के प्रक्रिया में किसी प्रकार के अन्य दस्तावेज नहीं देनें होंगे। उन्होंने कहा कि अन मैप्ड मतदाता सूची के प्रकाशन के क्रम में सभी बीएलओ अपने मतदान केंद्रों के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए से अवश्य बैठक कर लें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदाता अपने मतदान केंद्रों पर अवश्य जाएं एवं अन मैप्ड मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। जिनकी इस सूची में नाम हो अपने बीएलओ से संपर्क कर अपने नाम की मैपिंग करा लें।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्व० दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, कहा - उनके संघर्ष से मिला अलग झारखंड

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय दुर्गा सोरेन जी की पुण्यतिथि पर लोवाडीह, नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए स्व० दुर्गा सोरेन जी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व० दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति आज हम सभी लोग यहां एकत्रित होकर स्व० दुर्गा सोरेन जी को याद करते है। स्व० दुर्गा सोरेन एक दूरदर्शी, संघर्षील एवं जनभावनाओं से जुड़े हुए नेता थे, उनका जीवन जन कल्याण के प्रति समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि स्व० दुर्गा सोरेन के विचार एवं आदर्श सदैव हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। स्व० दुर्गा सोरेन जैसे मार्गदर्शक और संघर्षील लोगों के शहादत एवं संघर्ष के बदौलत बहुत बड़ी मंजिल मिली, अलग राज्य मिला। बड़े भाई स्व० दुर्गा सोरेन जैसे कर्मठ एवं युवा नेताओं पर हम सभी को गर्व है। स्व० दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर उन्हें शत शत नमन!

दुर्गा सोरेन स्मारक स्थित उनकी प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

स्वच्छ भारत अभियान के तहत पीवीयूएनएल में विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित

पीवीयूएनएल, पतरातु द्वारा आज ऐश माउंड क्षेत्र में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत एक विशाल वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री ए.के. सहगल, सीईओ पीवीयूएनएल, श्री अनुपम मुखर्जी, सीजीएम प्रोजेक्ट, श्री मनीष खेतरपाल, जीएम (ओ एंड एम), श्री विष्णु दत्ता दास, जीएम प्रोजेक्ट तथा श्री जियाउल रहमान, हेड ऑफ एचआर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सहभागिता की।

वृक्षारोपण अभियान में आसपास के गांवों बलकुदरा, जयनगर एवं लबगा के मुखियाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छता के महत्व पर बल दिया गया। पीवीयूएनएल द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं।

रामगढ़ उपायुक्त श्री ऋतुराज (IAS) ने किया पीवीयूएनएल का दौरा, परियोजना प्रगति एवं विभिन्न मुद्दों की समीक्षा

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) में रामगढ़ के उपायुक्त श्री ऋतुराज का दौरा सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ए.के. सहगल ने अरन्या गेस्ट हाउस में उपायुक्त महोदय को पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पीवीयूएनएल के अन्य महाप्रबंधकगण भी उपस्थित रहे।

दौरे के क्रम में उपायुक्त महोदय ने परियोजना स्थल एवं यूनिट कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तथा संयंत्र की प्रगति, संचालन एवं विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों द्वारा उन्हें परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान भूमि से संबंधित विषयों एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। उपायुक्त महोदय ने सभी विषयों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए परियोजना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने हेतु प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की।

पीवीयूएनएल प्रबंधन ने उपायुक्त महोदय के दौरे को परियोजना के सुचारू एवं तीव्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

गृह एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर ही मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था: कल्पना सोरेन

गांडेय की विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विचारोत्तेजक पोस्ट साझा करते हुए “संघे शक्ति कलियुगे” की अवधारणा को रेखांकित किया। उन्होंने अपने संदेश में श्री महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़ के उदाहरण का उल्लेख करते हुए इसे महिलाओं की सामूहिक शक्ति, आत्मविश्वास और सहयोग का जीवंत प्रतीक बताया।

उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा है कि महिला एवं बाल विकास समिति, झारखण्ड विधानसभा के महाराष्ट्र एक्सपोज़र विजिट के दौरान बीते दिन मुंबई स्थित डब्बावाला इंटरनेशनल एक्सपीरियंस सेंटर जाने का अवसर मिला। लगभग 135 वर्षों से अपनी मेहनत, अनुशासन और समयबद्ध सेवा के लिए विश्वभर में पहचान बना चुके मुंबई के डब्बावालों की कार्यप्रणाली को नज़दीक से समझने का अवसर बेहद प्रेरणादायक रहा।

विदित हो कि गांडेय से विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति (Chairperson) हैं. झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो द्वारा राज्य की संसदीय समितियों के पुनर्गठन के दौरान उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि लिज्जत पापड़ केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सशक्त आंदोलन है, जिसने लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस प्रकार के सहकारी मॉडल समाज में आर्थिक और सामाजिक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं।

विधायक ने “डिस्ट्रिब्यूटेड प्रोडक्शन” यानी विकेन्द्रित उत्पादन प्रणाली को विशेष रूप से सराहा। उनके अनुसार, यह मॉडल महिलाओं को अपने घर या स्थानीय स्तर पर रहकर काम करने की सुविधा देता है, जिससे वे पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी सशक्त बन पाती हैं। साथ ही, यह स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देने का भी प्रभावी माध्यम है।

कल्पना सोरेन ने अपने संदेश में यह भी कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गृह एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि लिज्जत पापड़ जैसे सफल मॉडलों को अन्य क्षेत्रों—जैसे हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और लघु उद्योग—में भी लागू किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

उन्होंने सरकार, स्वयंसेवी संस्थाओं और निजी क्षेत्र से आह्वान किया कि वे इस दिशा में समन्वित प्रयास करें, जिससे ग्रामीण परिवारों को स्थायी और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध हो सके।

विधायक का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर एक नई बहस को जन्म दे रहा है।