ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई तक, बनी असमंजस की स्थिति*

*अभी तक उनका कार्यकाल बढ़ाने का आदेश शासन की तरफ से नहीं मिला है*

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में 546 ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो जाएगा। इसमें मात्र एक सप्ताह का समय बचा है। अभी तक शासन स्तर से प्रशासक की तैनाती का कोई आदेश भी जारी नहीं हुआ है। इसको लेकर असमंजश की स्थिति बनी हुई है।
ऐसे में ग्राम पंचायतों में होने वाले लाखों के विकास कार्य को समय से पूर्ण करा पाना विभाग के लिए बड़ी चुनौती होगी। जिले में कुल 546 ग्राम पंचायतें हैं। जिसमें हर साल 15वें वित्त, राज्य वित्त, टाइड, अनटाइड फंड संग स्वच्छ भारत मिशन से बजट शासन से जारी होता है। राज्य वित्त और 15वें वित्त के बजट से खड़ंजा, इंटरलाॅकिंग,जैसी सुविधाएं दी जाती है जबकि टाइड फंड सशर्त अनुदान है, जो प्रधान को केवल विशिष्ट कार्यों के लिए दिया जाता है।
इसका 50 फीसदी हिस्सा पेयजल आपूर्ति, जल संचयन और पुनर्चक्रण के लिए, जबकि शेष 50 फीसदी स्वच्छता और ओडीएफ स्थिति के रखरखाव के लिए अनिवार्य रूप से खर्च करना होता है। 2021 में निर्वाचित ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो जाएगा।



26 म‌ई को प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। अभी तक उनका कार्यकाल बढ़ाने का आदेश शासन की तरफ से नहीं मिला है। ग्राम पंचायतों के संचालन के लिए प्रशासक नियुक्त होने की संभावना है। दो से तीन में शासन से इससे संबंधित पत्र मिल सकता है। जिसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

ज्ञान प्रकाश,प्रभारी डीपीआरओ भदोही
604 किलो गांजा बरामद, 4 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार:भदोही पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा पकड़ा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 604.20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में कोईरौना थाना पुलिस टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। आरोपियों को रैयापुर, भावापुर नहर पुलिया के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से एक क्रेटा कार और एक ट्रक कंटेनर से कुल 604.20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 88/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और 207 मोटर अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा प्रांत से लेकर आए थे। उनका मकसद इसे भदोही और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचना था। उन्होंने बताया कि उनके गिरोह का सरगना त्रिशूल जायसवाल है, जिसके कहने पर वे ओडिशा से गांजा ला रहे थे। गांजे की बिक्री से होने वाले मुनाफे को वे आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान त्रिशूल जायसवाल (64 वर्ष, निवासी टिकरी, थाना मांडा, प्रयागराज), बाबू राम मौर्या (60 वर्ष, निवासी मुतकल्ली, थाना पवई, आजमगढ़), सुरेन धरई (24 वर्ष, निवासी कादो पाड़ा, थाना रियामल, देवगढ़, ओडिशा) और मोंटू साहू (18 वर्ष, निवासी कादो पाड़ा, थाना रियामल, देवगढ़, ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस गिरोह के अन्य वांछित सदस्यों की तलाश कर रही है।



*गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम-*
*टीम -1* टीम - 1
प्रभारी निरीक्षक रामनगीना यादव, उ0नि0 संतोष कुमार सिंह चौकी प्रभारी कोईरौना, उ0नि0 अनिल कुमार सिंह चौकी सीतामढी व उ0नि0 प्रमोद कुमार राय, हे0का0 शैलेन्द्र सिंह यादव (चालक), का0 प्रवेश कुमार, का0 रामानन्द, का0 नीरज कुमार थाना कोईरौना जनपद भदोही।
*टीम - 2* उ0नि0 राजकुमार पाण्डेय प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल, हे0कां0 राधेश्याम कुशवाहा, हे0कां0 धीरेन्द्र श्रीवास्तव, हे0कां0 बृजेश सूर्यवंशी,हे0कां0 नागेन्द्र यादव, कां0 गोपाल खरवार, कां0 नीरज यादव, कां0 राघवेन्द्र कुशवाहा,कां0 मन्नू सिंह, कां0 सुनील पाल, कां0 सुनील कन्नौजिया,कां0 हिमांशु सिंह, कां0 दीपक यादव, कां0 प्रत्युष पाठक समस्त सर्विलांस/स्वाट टीम।
ईंट भट्ठों और मुसहर समाज के बच्चों का नामांकन:जिलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान, 260 बच्चों को मिला प्रवेश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक विशेष नामांकन अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), ज्ञानपुर में आयोजित इस अभियान में ईंट भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिक परिवारों और मुसहर समाज के 260 बच्चों का नामांकन कर उन्हें विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया।

इस कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और उनकी टीम, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा असिस्टेंट प्रोफेसर रमेश उपस्थित रहे। विभिन्न बस्तियों से 250 अभिभावकों के साथ बच्चों को बसों द्वारा नामांकन स्थल तक लाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं आकांक्षा, मनीषा और विशाल नामक तीन बच्चों का प्रवेश पंजिका में अंकन किया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के बच्चों को विद्यालयों से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना और यह सुनिश्चित करना था कि 'कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे'। जिलाधिकारी ने मुसहर समाज और ईंट भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन का निर्देश दिया। भदोही जनपद बच्चों के नामांकन में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, भदोही ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में ईंट भट्ठों पर कार्यरत श्रमिक परिवारों और मुसहर समाज के बच्चों की पहचान कर विशेष प्रयासों से उन्हें नामांकित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) और अन्य शैक्षिक सुविधाएं डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को ईंट भट्ठों, मुसहर बस्तियों और अन्य वंचित क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि शिक्षा ही समाज के कमजोर वर्गों के बच्चों को सम्मानजनक भविष्य प्रदान कर सकती है।
पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि, NEET घोटाले पर कांग्रेस का प्रदर्शन:भदोही कलेक्ट्रेट पर धरना, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही।‌भदोही जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पेट्रोल - डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों, महंगाई तथा नीट परीक्षा घोटाले के विरोध में आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में केंद्र सरकार से आम जनता, किसानों, मजदूरों छात्रों और मध्यम वर्ग पर पड़े रहे महंगाई के बोझ से तत्काल राहत देने की मांग की गई। कांग्रेस ने बढ़ती मंहगाई को गंभीर मुद्दा बताया और सरकार से इस पर ध्यान देने का आग्रह किया।‌ज्ञापन में प्रमुख रूप से पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत कम करने, बढ़ती मंहगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने और पेट्रोलियम पदार्थों पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स को घटाने की मांग की गई। नीट परीक्षा घोटाले और पेपर लीक मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की भी मांग की गई। इसके अतिरिक्त केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र के इस्तीफे और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को तत्काल भंग कर एक न‌ई , पारदर्शी एवं जवाबदेही परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई।
इस अवसर पर जिला वसीम अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल - डीजल पर टैक्स बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने बताया कि मंहगाई चरम पर है, जिससे अधिक प्रभावित है। अंसारी ने आरोप लगाया है कि सरकार ने पिछले वर्षों में पेट्रोलियम पदार्थों से भारी टैक्स वसूला है, फिर भी आप जनता को कोई राहत नहीं दी जा रही है। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र कुमार दूबे राजन ने नीट परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटना ने देश के लाखों का भविष्य संकट में डाल दिया है और परीक्षा प्रणाली से छात्रों व अभिभावकों का विश्वास उठ रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों को सजा और NIT को भंग कर पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।‌इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश चंद्र मिश्रा,  किसान कांग्रेस प्रदेश कोऑर्डिनेटर दिलीप मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय, मुशीर इकबाल, सुरेश गौतम, सुबुकतगीन अंसारी,  राजेन्द्र प्रसाद मौर्य,नाजिम अली, सुरेश चौहान,शिव पूजन मिश्रा, सवालेह अंसारी, शमशीर अहमद,  अशोक मिश्रा पाराशर, विष्णु जी उपाध्याय, सुमित शुक्ला, शक्ति मिश्रा, राकेश पाल,  विशाल गौतम , अजय प्रजापति,  गुलाब धर प्रजापति, मोनीश अंसारी,  नरेश पाल,  जनार्दन पाल इत्यादि लोग उपस्थित रहें.
भीषण गर्मी एवं लू को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
*जनपद में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना, सावधानी बरतने की अपील*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क एवं सक्रिय है। आमजन को लू (हीट स्ट्रोक) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश एवं एडवाइजरी जारी की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विगत दिनों से जनपद का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है तथा आगामी दिनों में इसके 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि लू लगने की स्थिति में शरीर का अत्यधिक गर्म एवं लाल हो जाना, त्वचा का शुष्क होना, तेज नाड़ी चलना, सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, थकान तथा पसीना कम या बंद हो जाना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हीट वेव एवं लू प्रकोप से बचाव एवं राहत कार्यों के लिए अपने-अपने विभागीय दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि भीषण गर्मी एवं लू के प्रभाव को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें, अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से बचाए ₹10,000: पीड़ित सचिन सिंह के खाते में वापस कराई गई राशि

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पीड़ित सचिन सिंह को उनके ₹10,000 वापस दिलाए हैं। सचिन सिंह के साथ 4 मई 2026 को बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी की गई थी, जिसमें उनसे मोटरसाइकिल की बकाया ईएमआई जमा करने के बहाने पैसे ठगे गए थे।
पुलिस अधीक्षक भदोही, अभिनव त्यागी ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर क्राइम थाना/हेल्प डेस्क को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में, ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के महरभा निवासी सचिन सिंह पुत्र हंसराज ने ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई थी।
ज्ञानपुर स्थित साइबर हेल्प डेस्क ने सचिन सिंह के प्रार्थना पत्र और एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन किया। पुलिस के सहयोग और आपसी समन्वय से धोखाधड़ी की गई ₹10,000 की धनराशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
अपनी धनराशि वापस पाकर पीड़ित सचिन सिंह ने भदोही पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क थाना ज्ञानपुर के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस की प्रशंसा की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामधनी यादव, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, कांस्टेबल कौशल कुमार यादव, कांस्टेबल मारुति नंदन दूबे और कांस्टेबल रोहित यादव शामिल थे।
भदोही एसपी ने जनता दर्शन में सुनीं शिकायतें: अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने मंगलवार को जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। यह जनसुनवाई प्रतिदिन की जा रही सुनवाई का हिस्सा थी।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सचेत किया कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को अधिक प्रभावी बनाया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पीड़ित या शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से अपने थाने से पुलिस कार्यालय न आना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर हो सकता है, उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर थाना स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में, जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण और थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने कार्यालयों और थानों पर जनसुनवाई करते हुए प्राप्त जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है।
पुलिस मुठभेड़ में शामिल फरार पशु तस्कर गिरफ्तार: सुरियावां पुलिस ने गौ तस्करी मामले में वांछित को पकड़ा
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने गौ तस्करी के एक फरार वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सुरियावां थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हुई। गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार सरोज उर्फ बड़कू एक पुलिस मुठभेड़ में भी शामिल था।
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में पशु तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपदीय पुलिस पशु तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है। दिनांक 01 मार्च 2026 को शाम 6 बजे, सुरियावां पुलिस टीम ने गौ तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए। सर्विलांस की सहायता से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद औचक दबिश देकर अभियुक्त को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार सरोज उर्फ बड़कू पुत्र किशोरी लाल सरोज, निवासी अमिलहरा, थाना सुरियावां, जनपद भदोही, उम्र लगभग 55 वर्ष है। वह थाना सुरियावां में पंजीकृत मु0अ0स0 57/2026 धारा 3/5A/8 उ0प्र0 गोवध निवारण अधि०, 109 (1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले में वांछित था। उसे एकौनी मोड़, दुर्गागंज रोड से सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, उपनिरीक्षक सुरेश यादव, उपनिरीक्षक मो० शकील अहमद और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल थे।
मानदेय न मिलने पर चिकित्सकों ने जताया विरोध:भदोही में काली पट्टी बांधकर काम किया, 21 से पूर्ण बहिष्कार की चेतावनी
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। प्रदेश कार्यकारिणी के आवाहन पर सोमवार को सीएचसी भदोही के NHM कर्मचारियों ने पिछले तीन माह
से मानदेय न मिलने पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। यह विरोध प्रदर्शन 18, 19 और 20 तारीख तक चलेगा, जिसमें कर्मचारी काली पट्टी बांधकर ही काम करेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 तारीख तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो 21 तारीख से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
जिला अस्पताल के एचएम उपाध्यक्ष महेंद्र पाल ने बताया कि तीन माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को घर-परिवार चलाने और बच्चों की स्कूल फीस भरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि काम करने के बाद भी भुगतान न मिलने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो जाता है।
जिले भर में 500 से अधिक चिकित्सक और कर्मचारी इस संगठन में शामिल हैं। सभी सीएचसी और पीएससी पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए अपना कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों ने दोहराया कि यदि 21 तारीख तक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ, तो पूर्ण बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
भीषण गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

नितेश श्रीवास्तव

भदोही । जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। आमजन को लू (हीट स्ट्रोक) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश एवं एडवाइजरी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि विगत दिनों से जनपद का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है तथा आगामी दिनों में इसके 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि लू लगने की स्थिति में शरीर का अत्यधिक गर्म एवं लाल हो जाना, त्वचा का शुष्क होना, तेज नाड़ी चलना, सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, थकान तथा पसीना कम या बंद हो जाना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना आवश्यक है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना अत्यंत आवश्यक हो तो हल्के रंग in के ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें तथा सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा शरीर में जल की कमी न होने दें। ओआरएस घोल, नमक-चीनी का घोल एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन लाभकारी रहेगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, सरपतहा के लू वार्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में तीन अस्पताल 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लू वार्ड बनाए गए हैं सभी केदो पर 24 घंटे डॉक्टरों की टीम भी लगाई गई है लू वार्ड की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी कार्यालयों सार्वजनिक स्थलों एवं पशु पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कराई गई है।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा महाराजा चेतसिंह चिकित्सालय, ज्ञानपुर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एनआरसी, डेंगू वार्ड एवं लू वार्ड की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से संचालित मिलीं। जिलाधिकारी ने अस्पताल में मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल, आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी मरीजों को समयबद्ध, समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उपचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों आम जनमानस से अपील की है कि गर्मी एवं लू के प्रभाव को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें, स्वयं को सुरक्षित रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।