गोरहर थाना का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के निष्पादन का दिया निर्देश

हजारीबाग, 19 मई 2026: हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन द्वारा मंगलवार को गोरहर थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की सुरक्षा व्यवस्था, लंबित मामलों, वारंट एवं कुर्की मामलों की समीक्षा की गई और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अमित आनंद, बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अजीत कुमार विमल, पुलिस उपाधीक्षक श्री प्रशांत कुमार एवं श्री अनुभव भारद्वाज, बरकट्ठा पुलिस निरीक्षक इमदाद अंसारी, गोरहर थाना प्रभारी पु0अ0नि0 रवि रंजन कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए थाना में संधारित सभी पंजियों का अवलोकन किया। इस दौरान लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इसके साथ ही थाना क्षेत्र में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा विधि व्यवस्था को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आमजन और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

हजारीबाग में विशेष वाहन चेकिंग अभियान, 150 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई

हजारीबाग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 18 मई 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान हजारीबाग पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), मोटर यान निरीक्षक (MVI) एवं यातायात थाना प्रभारी के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान वाहन चेकिंग के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

पहले अभियान में पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में पु0नि0 सह यातायात थाना प्रभारी सहित 05 पुलिस पदाधिकारी एवं 10 गृहरक्षकों की टीम गठित की गई। टीम द्वारा चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 99 वाहन चालकों का चालान काटा गया। वहीं ट्रिपल लोड में चल रहे 32 वाहनों, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चला रहे 06 चालकों तथा बिना इंश्योरेंस वाले 13 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के निर्देश पर बिना हेलमेट के पकड़े गए 39 वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाकर छोड़ा गया।

वहीं दूसरे अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) एवं पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट मोड में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में DTO, MVI, यातायात थाना प्रभारी, बाहर से आए पर्वतारोही मित्र, 05 पुलिस पदाधिकारी एवं 15 गिरीरक्षकों की टीम शामिल रही। टीम द्वारा 55 वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

हजारीबाग पुलिस ने बताया कि आगे भी जिले में इसी प्रकार वाहन चेकिंग एवं यातायात जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा।

सीसीएल की मनमानी के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में हजारों लोगों ने किया महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव

गिद्दी/अरगडा: सीसीएल अरगडा क्षेत्र में व्याप्त बिजली-पानी की घोर किल्लत, गिद्दी-ए अस्पताल की लचर व्यवस्था, सीसीएल कॉलोनियों की बदहाली और सीसीएल अधिकारियों की लालफीताशाही एवं मनमानी सहित अन्य जनसमस्याओं के खिलाफ मंगलवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक धरना-प्रदर्शन सह महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया गया। सांसद मनीष जायसवाल के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में अरगडा, सिरका, गिद्दी-ए, गिद्दी-सी, रेलीगढ़ा और गिद्दी वाश री क्षेत्र के कुल 14 पंचायतों से हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सड़कों पर उतर आए। धरना-प्रदर्शन में उमड़े जनसैलाब में जनता के आक्रोश को देखते हुए सीसीएल प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। विदित हो कि इस क्षेत्र की लगभग एक लाख से अधिक की आबादी बुनियादी सुविधाओं के लिए सीसीएल पर निर्भर है और पिछले करीब 25 दिनों से क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप्प होने से जनता त्राहिमाम कर रही थी। स्थानीय लोगों के इस दर्द को समझते हुए क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने दो दिन पूर्व इस महाआंदोलन का बिगुल फूंका था, जो आज एक ऐतिहासिक प्रदर्शन में तब्दील हो गया।

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'सीसीएल महाप्रबंधक हाय-हाय', 'बिजली-पानी देना होगा' और 'सांसद मनीष जायसवाल जिंदाबाद' के गगनभेदी नारे खूब लगाए और प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस धरने की अध्यक्षता स्थानीय डाडी भाजपा मंडल अध्यक्ष राजदीप प्रसाद ने की, जबकि संचालन रंजीत पांडेय व पुरुषोत्तम पाण्डेय ने किया। धरनास्थल पर उपस्थित विशाल भीड़ को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने सीसीएल प्रबंधन पर तीखे बाण चलाए और चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, लेकिन पिछले 25 दिनों से आपूर्ति बंद करके आम जनता को दूषित पानी पीने पर मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन के कुछ निरंकुश अधिकारी अपने दमनकारी नीति के तहत अपनी मनमानी से जनता को प्रताड़ित कर यहाँ की खनिज संपदा को लूटने में लगे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।

सांसद मनीष जायसवाल ने प्रबंधन के दोहरे चरित्र को उजागर करते हुए कहा कि अपने अधिकारियों के लिए अलग और आम जनता के लिए अलग नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कई बहाने बनाकर आम लोगों को बिजली और पानी देने से मना किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की बदहाली का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए कहा कि गिद्दी-ए सीसीएल अस्पताल में 5 डॉक्टर पदस्थापित हैं, लेकिन पूरी डिस्पेंसरी में मात्र एक बीपी मशीन है, जिससे यहाँ स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह लचर हो चुकी है। इसके अलावा हमलोग के बड़ी मशक्कत के बाद पास हुआ गिद्दी पुल का निर्माण कार्य भी अब तक शुरू नहीं हो सका है। सीसीएल क्वार्टर और कॉलोनियों की हालत इतनी दयनीय है कि निचले तबके के कर्मचारी नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन सालों से सीएसआर की राशि खर्च कर रहा है, लेकिन धरातल पर विकास शून्य है और जनजीवन बेहाल है। सांसद मनीष जायसवाल ने इस धरने को अंतिम चेतावनी बताते हुए कहा कि प्रबंधन समय रहते सुधर जाए, अन्यथा अगली बार जनता इनका बोरिया-बिस्तर बंधवा देगी।

सांसद मनीष जायसवाल के इस कड़े रुख और जनता के भारी आक्रोश के आगे आखिरकार सीसीएल प्रबंधन को घुटने टेकने पड़े। अरगडा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार अन्य आला अधिकारियों के साथ खुद धरना स्थल पर पहुंचे और सांसद मनीष जायसवाल की मांगों को जायज ठहराते हुए उन्हें जल्द सुधार करते हुए जनहित में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि क्षेत्र में बिजली और पानी की स्थिति को आज से ही सुधार लिया जा रहा है और आने वाले 10 महीनों के भीतर एक आधुनिक फिल्टरेशन प्लांट का निर्माण कराकर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सीसीएल क्वार्टर और कॉलोनियों की दयनीय स्थिति में भी जल्द सुधार करने की बात कही। महाप्रबंधक द्वारा मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा दिए जाने के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने एक ज्ञापन सौंपने के साथ इस ऐतिहासिक धरने को समाप्त करने की घोषणा की लेकिन उन्हें चेताते हुए कहा कि जनता को अपना मालिक समझें और जन-जरूरतों को पूरा करने में अपनी सकारात्मक ऊर्जा खपाएं अन्यथा जनता उग्र हुई तो कुर्सी में बैठने लायक नहीं रहिएगा ।

मौके पर विशेषरूप से हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, हजारीबाग भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बबला, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, सीसीएल कोयलांचल के सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा, हजारीबाग भाजपा जिला महामंत्री जयनारायण प्रसाद, रामगढ़ जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, पुरुषोत्तम पाण्डेय, करुण सिंह,जुगनू सिंह, सुशांत पाण्डेय, उमेश दांगी, विजय जायसवाल, राजू रंजन पांडेय, प्रो.संजय सिंह, अनमोल सिंह, शिबू मेहता, विजय यादव, भागीरथ ठाकुर, रीमा कुमार, योगेश कुशवाहा, महेंद्र सिंह, जवाहर प्रसाद, प्रमोद कुमार दास, भीम प्रजापति, मनोज गिरी, शंकर करमाली, सुरेंद्र करमाली, रूपा कुमारी, धनंजय कुमार पुटूस, दिलीप सिंह, अजय पासवान, विशाल वाल्मीकि, अजय पांडेय, पवन गुप्ता, विक्रमादित्य, शिव कुमार महतो, राजदीप प्रसाद, रंजन फौजी, बसंत प्रजापति, सिंकी पासवान, सेतराज पासवान, रामप्रसाद मल्लिक, लक्ष्मी देवी, भागीरथ ठाकुर, अशोक सोनी, विवेक गुप्ता, रेखा देवी, राजीव कुशवाहा, सतीश मोहन मिश्रा, गुंजन साव, दिनेश यादव, फलेंद्र राम, गुलशन साव, चंदन सिंह, गिरिजा सिंह, वृजकिशोर पाठक, रामसहाय वेदिया, ललन साव, विनोद सिंह, मिंटू सोनी, संतोष शर्मा, मीनू भगत, उत्तम सिन्हा, बिहारी प्रजापति, ऋषि कुमार, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।

उपायुक्त ने बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) का किया औचक निरीक्षण

उपायुक्त हेमन्त सती ने आज 18 मई को बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की देखरेख एवं उपलब्ध सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाल कैदियों से मुलाकात एवं संवाद कर उनका हालचाल जाना।

उपायुक्त ने रसोईघर का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा साफ-सफाई एवं पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही बच्चों के छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्था का आकलन किया और बच्चों को नियमित पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। मौके पर उपस्थित काउंसलर को निर्देश दिया कि बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई कराएं तथा हिंदी भाषा में महापुरुषों की प्रेरणादायक कहानियों की पुस्तकें उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ने हेतु प्रोत्साहित करें। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा दसवीं के बाल कैदियों को प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने के लिए कड़ी मेहनत करने का सुझाव दिया।

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में बाल सुधार गृह में कुल 68 बच्चे आवासित हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रतिनियुक्त जिला पुलिस बल को सख्त निर्देश दिया कि संप्रेक्षण गृह अधीक्षक की अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में अवकाश पर न जाएं।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों के समुचित विकास, शिक्षा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

हजारीबाग झील क्षेत्र में यातायात एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर उपायुक्त का निरीक्षण

उपायुक्त हेमन्त सती ने आज 18 मई को हजारीबाग झील के निकट प्रतिदिन लगने वाली भीड़-भाड़ एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता भी उपस्थित थे।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि झील क्षेत्र में आने वाले आगंतुकों द्वारा यत्र-तत्र वाहनों की पार्किंग किए जाने से विशेषकर शाम के समय अत्यधिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को झील के समीप उपलब्ध खाली स्थान को विकसित कर व्यवस्थित पार्किंग जोन के रूप में उपयोग में लाने का निर्देश दिया, ताकि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने झील के समीप सड़क किनारे अनियमित रूप से लगने वाली मछली दुकानों को चिन्हित कर उन्हें निर्धारित फेंसिंग क्षेत्र के भीतर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया, जिससे सड़क किनारे अव्यवस्था एवं जाम की समस्या को कम किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि हजारीबाग झील क्षेत्र शहर का प्रमुख स्थल है,अतः यहां सुव्यवस्थित यातायात एवं साफ-सुथरा वातावरण सुनिश्चित होना चाहिए,उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करते हुए आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

वट सावित्री पूजा के दौरान चेन छिनतई करने वाले 2 अपराधी गिरफ्तार, हजारीबाग पुलिस को मिली बड़ी सफलता

हजारीबाग: वट सावित्री पूजा 2026 के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हजारीबाग पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत कोर्रा थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले 2 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 16 मई 2026 को विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के पास स्कूटी संख्या JH-02BT-4669 पर सवार दो अपराधियों ने चलती स्कूटी पर बैठे पति-पत्नी में पीछे बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया था। घटना के दौरान होली क्रॉस स्कूल के पास पुलिस चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, जिसके कारण अपराधी भागने में सफल नहीं हो सके। ट्रैफिक पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलने के बाद कोर्रा थाना की गश्ती टीम वहां पहुंची और पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अरवाज खान, पिता सहजाद खान, निवासी पगमिल, थाना लोहसिंघना बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया मंगलसूत्र बरामद किया गया। आगे की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी उसके दोस्त अहमद रजा उर्फ आर्यन की है और वह अपने 2-3 साथियों के साथ मिलकर चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी अब्दुल रहमान, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, पगमिल, थाना लोहसिंघना को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से टूटा हुआ सोने जैसा मंगलसूत्र एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।

37 डिग्री की तपिश में भी जारी रहा सांसद मनीष जायसवाल का जनसंवाद अभियान, खिरगांव में लोगों की समस्याएं सुनी

हजारीबाग -37 डिग्री सेल्सियस के बढ़ते पारे और प्रचंड धूप के बीच हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल का जनसंवाद अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार की सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 31 और 32 के विभिन्न इलाकों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया।

सांसद मनीष जायसवाल जैसे ही निगम क्षेत्र के खिरगांव श्रीराम चौक पहुंचे, वहां पहले से मौजूद भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने गाजे-बाजे और ढोल-ताशों के साथ उनका फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सांसद मनीष जायसवाल स्थानीय नागरिकों के साथ खिरगांव माली टोला, भुइयां टोली और पाल मोहल्ला होते हुए खिरगांव देवी मंडप प्रांगण स्थित धर्मशाला पहुंचे, जहां स्थानीय कमिटी और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।

धर्मशाला में आयोजित बैठक में स्थानीय लोगों ने एक-एक कर अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से सांसद मनीष जायसवाल को अवगत कराया। जनसमस्या सुनने के पश्चात उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने पेयजल संकट पर कहा कि हजारीबाग में जलापूर्ति के लिए कोनार डैम से पेयजलापूर्ति की स्कीम पूरी तरह तैयार है। लेकिन दुर्भाग्यवश, राज्य सरकार की उदासीनता के कारण फिल्टर प्लांट के लिए अब तक जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है। यह योजना लगभग अंतिम चरण में है, जैसे ही फिल्टर प्लांट का निर्माण होगा, लोगों को घरों तक कोनार डैम से शुद्ध पानी मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि केवल बोरिंग कराना जलापूर्ति का स्थाई समाधान नहीं है। हमें जल संरक्षण की दिशा में खुद भी जागरूक होना होगा। केंद्र सरकार की योजनाएं लगातार धरातल पर चल रही हैं, जबकि राज्य सरकार की योजनाएं अधर में लटकी हैं। उन्होंने कहा कि आपके कलौदी तालाब में सामुदायिक शौचालय, बेलाही तालाब में देवी मंडप के समीप सामुदायिक भवन और तालाब में गार्डवाल निर्माण की स्वीकृति उनके तत्कालीन विधायक कार्यकाल में विधायक निधि की राशि से दी है। इस संबंध में सांसद मनीष जायसवाल ने संबंधित संवेदक समूहों के लोगों कहा कि इन योजनाओं को समय पर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि यह मेरा ही विचार था कि सामुदायिक भवन के ऊपरी तल्ले का निर्माण कराया जाए ताकि इस क्षेत्र के लोगों को सामाजिक कार्य में यह सामुदायिक भवन लाभांवित साबित हो। उन्होंने कहा कि जब तक आप नीचे का काम पूरा नहीं करेंगे, हम ऊपर काम कैसे शुरू करा सकते हैं? आप नीचे का काम पूर्ण करिए, हम ऊपर चार कमरों का हॉल जरूर बनवाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में कराई गई बोरिंग अगर खराब है, तो उसे ठीक कराने में वे हरसंभव मदद करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि श्मशान घाट के आगे छठ घाट निर्माण का कार्य प्रगति पर है।

सांसद मनीष जायसवाल ने खिरगांव में भव्य देवी मंडप के निर्माण के लिए स्थानीय सनातनियों के एकजुट प्रयास की सराहना की और इसके लिए आभार जताया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मंदिर निर्माण के शेष कार्यों में वे अपनी ओर से यथासंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

उक्त अवसर पर विशेषरूप से स्थानीय वार्ड संख्या 31 की वार्ड पार्षद सुधा देवी, भाजपा नेता अनिल साव, अधिवक्ता सुनील पाण्डेय, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, भाजपा नेता लल्लू साव, गुडन पाण्डेय, लक्ष्मण पाण्डेय, राकेश वर्मा, किशुन पाण्डेय, उदय वर्मा, पुरुषोत्तम पाण्डेय, राहुल पाण्डेय, बीरबल पासवान, कृष्णा पाण्डेय, विजय पासवान, अजय वर्मा, सुनील यादव, शत्रुघन पांडेय, सुनील पाण्डेय, राहुल पाण्डेय, मनीष पांडेय, चंद्रिका साव, किशुन पाण्डेय, अशोक साव, पारसनाथ सोनी, उमेश पांडेय, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।

महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए हजारीबाग यूथ विंग ने शुरू किया ‘नारी सेवा अभियान’

हजारीबाग: महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हजारीबाग यूथ विंग ने “नारी सेवा अभियान” की शुरुआत की है। अभियान के प्रथम दिन रविवार को हजारीबाग गौशाला परिसर में कार्यरत महिला कर्मचारियों के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। इस दौरान महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।

कार्यक्रम में संस्था की महिला सदस्यों ने महिलाओं से संवाद कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने का संदेश दिया। संस्था की ओर से बताया गया कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों तक जागरूकता पहुंचाई जा सके।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के प्रथम चरण में 1500 सेनेटरी पैड मंगाए गए हैं, जिनका वितरण विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालन के लिए संस्था की ओर से सेजल सिंह, खुशी कुमारी एवं प्रज्ञा कुमारी को संयोजिका बनाया गया है।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य और स्वच्छता समाज की सबसे बड़ी जरूरत है। संस्था इसी सोच के साथ लगातार जागरूकता अभियान चलाने का कार्य कर रही है। वहीं अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य, सम्मान और जागरूकता एक सशक्त समाज की पहचान होती है। आज भी कई महिलाएं स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी जरूरी जानकारियों से वंचित हैं। हजारीबाग यूथ विंग का यह अभियान महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास है।

कार्यक्रम संयोजिका सेजल सिंह ने कहा कि अभियान के तहत महिलाओं को केवल सेनेटरी पैड उपलब्ध कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना भी प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में यह अभियान और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

केरेडारी में आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की

केरेडारी बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के केरेडारी प्रखंड स्थित ग्राम पचड़ा, सिझुवा में आयोजित पांच दिवसीय श्री श्री 1008 श्री शतचंडी महायज्ञ एवं शांकेश्वरी माता धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा सह महायज्ञ की पूर्णाहुति के क्रम में शनिवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यज्ञ मंडप और शांकेश्वरी माता धाम में प्राचीन मां शांकेश्वरी और बजरंगबली की प्रतिमा के समक्ष माथा टेककर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान यज्ञ समिति द्वारा सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य अतिथियों का भगवा पगड़ी, फूल माला एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। यज्ञ समिति और ग्रामीणों की ओर से स्थानीय मुखिया महेश साव ने मंदिर निर्माण में सहयोग के साथ स्थानीय चंद्रगुप्त कोल परियोजन में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं डीएमएफटी मद के तहत इस क्षेत्र में विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की मांग सांसद मनीष जायसवाल से की।

यहां बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा की यज्ञ का सबसे बड़ा प्रसाद सुविचार होता है, जो सात्विक विचारधारा के लिए प्रेरित करता है और जिससे पूरे क्षेत्र में सुख, शांति व समृद्धि की प्राप्ति होती है। उन्होंने स्थानीय जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि हम आपकी सभी आधारभूत समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर हैं। सांसद मनीष जायसवाल ए यह भी कहा कि चंद्रगुप्त कोल परियोजना सहित आसपास के परियोजना के कंपनियों द्वारा स्थानीय लोगों को उचित सुविधा, मुआवजा व रोजगार मिले, इसको लेकर एक विशेष रणनीति बनाने की जरूरत है, जिसके लिए हम पूरी तरह आपके साथ खड़े हैं। उन्होंने पचड़ा ग्राम वासियों को आश्वस्त किया कि मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण हेतु टाइल्स जल्द उपलब्ध कराएंगे। 

सांसद मनीष जायसवाल का केरेडारी जाने के क्रम में बड़कागांव और केरेडारी में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंटकर और अंग-वस्त्र ओढ़ाकर नारा जयकारा लगाकर अभूतपूर्व स्वागत किया ।

केरेडारी प्रखंड के पचडा महायज्ञ के यज्ञाचार्य पंडित शक्ति शास्त्री जी महाराज, आचार्य पंडित कुंदन शास्त्री जी, मुख्य पुजारी रामचंद्र साव, प्रवचनकर्ता साध्वी अंजली गोस्वामी ने यज्ञ में महत्ती भूमिका निभाई और धर्म एवं यज्ञ की महत्ता की जानकारी श्रद्धालुओं की दी। यज्ञ समिति के अध्यक्ष दशरथ कुमार, सचिव संतोष साव और कोषाध्यक्ष दीपक कुमार सहित आयोजन समिति के लोगों ने यज्ञ के सफल आयोजन में सराहनीय भूमिका निभाई। 

उक्त अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल के साथ विशेषरूप से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह, हजारीबाग जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, भाजपा नेता महेंद्र सिंह, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, बड़कागांव भाजपा मंडल अध्यक्ष शिबू मेहता, मनीष पांडेय, पचडा मुखिया महेश साव, प्रकाश गुप्ता, नारायण साव, नकुल साव, राजेंद्र कुमार, बहादुर राम, सुनील ठाकुर, रूपन गंझू, राजू महतो, अशोक साव, संदीप यादव, सुमन गिरी, अवध किशोर कुमार, नर्सिंग प्रसाद, संजय विश्वकर्मा, हरिदास साव, मेवालाल नाग सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।

बेस गांव में युवाओं को खेल से जोड़ने की पहल, विक्की कुमार धान ने किया वॉलीबॉल एवं नेट का वितरण

हजारीबाग- पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह के निजी मीडिया प्रतिनिधि सह बेस पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी विक्की कुमार धान ने शनिवार को बेस पंचायत के बेस गांव में युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वॉलीबॉल एवं नेट का वितरण किया। इस अवसर पर गांव के युवाओं एवं ग्रामीणों के साथ आत्मीय मुलाकात कर खेल, शिक्षा, सामाजिक विकास तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान विक्की कुमार धान ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की मजबूत नींव है। खेल से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्ष करने की शक्ति एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जब गांव का युवा मैदान में मेहनत करता है, तो वह अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणा बनने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशा, गलत संगत एवं नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो गांव की प्रतिभाएं भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। गांव के युवा मेहनती, ऊर्जावान एवं संघर्षशील हैं, लेकिन कई बार संसाधनों के अभाव में उनकी प्रतिभा दबकर रह जाती है। इसी सोच के साथ लगातार छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान गांव के युवाओं में खेल के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास गांव के युवाओं को नई दिशा देने के साथ समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का काम करेंगे।