स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत पीवीयूएनएल द्वारा कटिया मार्केट में स्वच्छता अभियान आयोजित

पतरातु, 19 मई 2026: स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आज Patratu Vidyut Utpadan Nigam Limited द्वारा कटिया मार्केट क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Shri A.K. Sehgal ने किया। इस अवसर पर श्री अनुपम मुखर्जी, सीजीएम (प्रोजेक्ट), श्री मनीष खेतरपाल, जीएम (ओ एंड एम), तथा श्री जियाउर रहमान, एचओएचआर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के दौरान कटिया मार्केट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। साथ ही लोगों के उपयोग हेतु विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन वितरित एवं स्थापित किए गए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा स्थानीय दुकानदारों एवं आमजन को कचरा प्रबंधन, सूखा एवं गीला कचरा पृथक्करण तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान Shri A.K. Sehgal ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

पेट्रोल-डीजल आज फिर हो गया महंगा, एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम

#petroldieselpriceshikedbyabout90paisea_litre

देश में आम आदमी पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को फिर से बढ़ोतरी कर दी गई। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। एक हफ्ते के भीतर ईंधन की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है।

19 मई को सुबह-सुबह नए रेट जारी कर दिए गए हैं। देश के कई शहरों में आज पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव हुआ है। ऐसे में दिल्ली से लेकर मुंबई, जयपुर, पटना और हैदराबाद तक कई शहरों में नई कीमतें लागू हो गई हैं।

तीन दिन पहले ही बढ़े थे दाम

इस नई बढ़ोतरी से ठीक तीन दिन पहले, शुक्रवार को ही केंद्र सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर का भारी इजाफा किया था। उस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये हो गया था। 

देश अलग-अलग शहरों में पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव

• दिल्ली में पेट्रोल ₹0.87 महंगा होकर ₹98.64 प्रति लीटर और डीजल ₹0.91 बढ़कर ₹91.58 प्रति लीटर हो गया है।

• मुंबई में पेट्रोल ₹0.91 बढ़कर ₹107.59 प्रति लीटर और डीजल ₹0.94 महंगा होकर ₹94.08 प्रति लीटर बिक रहा है।

• कोलकाता में पेट्रोल ₹1 बढ़कर ₹109.70 प्रति लीटर और डीजल ₹0.94 चढ़कर ₹96.07 प्रति लीटर पहुंच गया है।

• चेन्नई में पेट्रोल ₹0.79 महंगा होकर ₹104.46 प्रति लीटर और डीजल ₹0.86 बढ़कर ₹96.11 प्रति लीटर हो गया है।

• गुरुग्राम में पेट्रोल ₹0.82 बढ़कर ₹99.29 प्रति लीटर और डीजल ₹0.86 महंगा होकर ₹91.80 प्रति लीटर बिक रहा है।

• नोएडा में पेट्रोल ₹1.15 चढ़कर ₹98.91 प्रति लीटर और डीजल ₹1.22 बढ़कर ₹92.21 प्रति लीटर हो गया है।

• बेंगलुरु में पेट्रोल ₹0.95 महंगा होकर ₹107.12 प्रति लीटर और डीजल ₹0.94 बढ़कर ₹95.04 प्रति लीटर पहुंच गया है।

• भुवनेश्वर में पेट्रोल ₹0.52 बढ़कर ₹105.09 प्रति लीटर और डीजल ₹0.57 महंगा होकर ₹96.68 प्रति लीटर बिक रहा है।

• चंडीगढ़ में पेट्रोल ₹0.83 बढ़कर ₹98.10 प्रति लीटर और डीजल ₹0.84 चढ़कर ₹86.09 प्रति लीटर हो गया है।

• हैदराबाद में पेट्रोल ₹0.99 महंगा होकर ₹111.88 प्रति लीटर और डीजल ₹0.99 बढ़कर ₹99.95 प्रति लीटर पहुंच गया है.

• जयपुर में पेट्रोल ₹1.71 बढ़कर ₹109.32 प्रति लीटर और डीजल ₹1.60 महंगा होकर ₹94.50 प्रति लीटर बिक रहा है।

• लखनऊ में पेट्रोल ₹0.68 बढ़कर ₹98.40 प्रति लीटर और डीजल ₹0.72 चढ़कर ₹91.73 प्रति लीटर हो गया है।

• पटना में पेट्रोल ₹1.10 महंगा होकर ₹110.02 प्रति लीटर और डीजल ₹1.08 बढ़कर ₹96.05 प्रति लीटर पहुंच गया है।

पश्चिमी एशिया युद्ध के कारण दुनिया भर में ऊर्जा संकट

पेट्रोल और डीजल के दामों में इस तरह की लगातार बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण बहुत बड़ी वजह हैं। दरअसल, पश्चिमी एशिया के देशों में चल रहे संघर्ष और युद्ध के कारण दुनिया भर में ऊर्जा का बहुत बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस विवाद के कारण समुद्री व्यापार के सबसे अहम रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावट आ गई है। इसी साल 28 फरवरी से अमेरिका और इस्राइल का ईरान के साथ युद्ध शुरू हो गया था, जिसके बाद से ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास घूम रही है, हालांकि मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और ईरान इस इलाके में लंबे समय के युद्धविराम के लिए बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 333 शिक्षकों व पर्यवेक्षिकाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं योजनाएं


यह अवसर न केवल नव नियुक्त अभ्यर्थियों के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि राज्य के समग्र और समावेशी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य का एक बड़ा हिस्सा आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग बाहुल्य है, जो कई कारणों से विकास की गति में पीछे छूट गया था। नवनियुक्त कर्मी गाँव-गाँव और घर-घर जाकर सरकार के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करें। यह सिर्फ एक नौकरी नहीं है, बल्कि आपके माध्यम से सरकार गाँव-गाँव, घर-घर और हर व्यक्ति तक पहुँचना चाहती है।

खासकर महिलाओं और बच्चों तक, जिन्हें हमें आने वाले भविष्य के लिए तैयार करना है। सीमित दायरे में जीवन जीने वाले इन लोगों को बदलते परिवेश के अनुरूप आगे बढ़ाना, उनका सशक्तिकरण करना, यह बड़ी चुनौती आपके कंधों पर होगी। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कही। वे आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित नव नियुक्त इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों का नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह सभागार उत्साह, उमंग एवं गौरवपूर्ण माहौल से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राज्य के विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं, वहीं महिला पर्यवेक्षकाएं समाज में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बाल विकास योजना को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगातार नियुक्तियां की जा रही है।

पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया एवं शिक्षा व्यवस्था का हो रहा सुदृढ़ीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां देश के विभिन्न हिस्सों में पेपर लीक जैसी घटनाओं से नियुक्तियाँ बाधित हो रही हैं, वहीं झारखंड सरकार ने पिछले चार महीनों में शिक्षा विभाग में 9,000 से अधिक और विगत दो वर्षों में 16 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया है, जबकि पूर्व के कार्यकाल में सरकारी, अनुबंध एवं निजी संस्थानों में करीब दो लाख से अधिक नियुक्तियां की गईं है। वर्ष 2024 में वर्तमान सरकार के गठन के बाद से मानव संसाधन को सशक्त करने के लिए विभिन्न विभागों में लगातार नियुक्तियाँ की गई हैं, और यह प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी- कभी ऐसा भी होता है कि कुछ शिक्षक सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाने से कतराते हैं। ऐसी सोच के साथ समग्र विकास संभव नहीं है। यदि हम अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से कंधों पर लें, तभी बदलाव आएगा। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जैसी पहल इसीलिए की गई है, ताकि वर्षों से हमारी शिक्षा व्यवस्था पर लगे कलंक को मिटाया जा सके और बच्चों को बेहतर भविष्य दिया जा सके।

मंईयाँ सम्मान योजना का मिल रहा लाभ, बेटियां बन रही कलेक्टर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को मुख्यधारा में शामिल किए बिना राज्य का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। वर्तमान में राज्य की लगभग 60 लाख महिलाओं को झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयाँ सम्मान योजना के अंतर्गत प्रति माह वित्तीय सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा हो सकता है कि इस योजना का पाँच से दस प्रतिशत लोग गलत तरीक़े से लाभ ले रहें हों, लेकिन ऐसे लोगों को रोकने के लिए 90 प्रतिशत लोगों को प्रभावित नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें यह देखकर प्रसन्नता होती है कि इस योजना का लाभ लेने वाली बेटियाँ आज कलेक्टर जैसे पदों तक पहुँच रही हैं। महिलाओं को मुख्यधारा में लाने का कार्य भी निरंतर हो रहा है। अब वह समय बीत चुका है जब महिलाओं को चारदीवारी के भीतर सीमित रखा जाता था। आज उन्हें आगे आना है और समाज को भी उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लेना है।

दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों को तराशना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि आपको दुर्गम क्षेत्रों में जाना होगा और ऐसे बच्चों के साथ काम करना होगा, जिनकी परिस्थितियाँ चुनौतीपूर्ण होंगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बच्चे आपके हाथों में कच्ची मिट्टी की तरह होंगे। उन्हें तराशने, आकार देने और उनके भविष्य को संवारने की पूरी जिम्मेदारी आपके पास होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के भीतर कुपोषण जैसी समस्या और उसके निराकरण संबंधी चुनौतियां हैं। इन समस्याओं से राज्य को मुक्त कराना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी हैं। आप सभी युवा हैं, ऊर्जा से भरपूर हैं, और आपके पास समय तथा अवसर भी हैं।

पूरी निष्ठा, समर्पण और संकल्प के साथ यदि अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, तो न केवल आपका भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि आपका परिवार, समाज और पूरा झारखंड मजबूत होगा। जिस प्रकार की खुशी आपको और आपके परिवार को इस नियुक्ति से मिली है, वैसी ही खुशी पूरे झारखंड को मिले—यही मेरी कामना है। आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।

इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव श्री उमा शंकर सिंह, निदेशक प्राथमिक शिक्षा श्री मनोज कुमार रंजन सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नवनियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके परिजन उपस्थित थे।

गोमो में हाई-वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी को छुड़ाने टावर पर चढ़ी युवती, डेढ़ घंटे तक सांसें थमीं

प्रेमी को हिरासत से छुड़ाने के लिए टावर पर चढ़ी

अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से आहत युवती सीधे सिकलाइन स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे से पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बावजूद उतरने से इनकार करती रही. युवती की मांग थी कि उसके प्रेमी को तुरंत छोड़ा जाए और उससे शादी कराई जाए. टावर पर चढ़ी युवती को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. हालात को देखते हुए हरिहरपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया. करीब डेढ़ घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद जब युवती नीचे उतरी तो पुलिस उसे थाने लेकर गई.

मुखिया ने बताया पूरा मामला

परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है और उन्हें थाने बुलाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. इस पूरे मामले में मुखिया अहमद अली ने बताया कि लड़की काफी देर तक टावर पर चढ़ी रही. पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर उसे समझाया, तब जाकर वह नीचे उतरी. मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है. गौरतलब है कि प्रेम प्रसंग के इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. समय रहते पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया. अब सबकी नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी.

बोतल में पेट्रोल बेचना पड़ा महंगा: SDM की छापेमारी में 7 दुकानदार पकड़े गए, 5 दुकानें सील

गढ़वा और मझिआंव क्षेत्र में परचून और जनरल स्टोर की दुकानों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. अलग-अलग स्रोतों से मिल रही शिकायतों के आलोक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने कई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की.

सात दुकानों में मिला अवैध पेट्रोल

इस औचक कार्रवाई के दौरान सात दुकानों में अवैध रूप से पेट्रोल का भंडारण और बोतलों में भरकर अधिक कीमतों पर बेचने की बात सामने आई है. एसडीएम के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच दुकानों को मौके पर ही बंद (सील) करवा दिया गया, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है.

इन दुकानदारों पर हुई कार्रवाई

जिन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें रामसागर राम, सुकृत मेहता, उमेश मेहता, सतीश कुमार पांडेय, राधाकृष्ण मेहता, सुभाष मेहता, प्रमोद प्रसाद केसरी का नाम शामिल हैं. जांच के दौरान पकड़े गए दुकानदारों ने जिन पेट्रोल पंपों से ईंधन की आपूर्ति होने की बात स्वीकार की है, प्रशासन अब उनपर भी शिकंजा कस रहा है.

खरीदारों पर भी होगी कार्रवाई

एसडीएम ने बताया कि संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों से शो-कॉज किया जा रहा है और इस पूरे रैकेट में उनकी भूमिका की जांच जारी है. इसके अलावा, क्षेत्र में इस अवैध धंधे पर रोक लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में अंचल पदाधिकारियों थाना प्रभारियों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से भी जवाब-तलब किया जा रहा है. एसडीम संजय कुमार का कहना हैं कि परचून, कपड़ा दुकान या घरों में पेट्रोल रखना और बेचना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है. इसके लिए सिर्फ लाइसेंस धारी पेट्रोल पंप ही अधिकृत हैं. अवैध स्रोतों से पेट्रोल खरीदने वाले वाहन चालकों पर भी अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

आम लोगों से अपील

एसडीएम संजय कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति, अग्निकांड या संभावित दुर्घटना से बचने के लिए केवल अधिकृत पेट्रोल पंपों से ही ईंधन खरीदें. उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि अगर उनके आसपास कहीं भी इस तरह अवैध रूप से बोतलों में पेट्रोल बेचा जा रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें जिससे कि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

कांग्रेस की बुद्धि पर आ रही तरस, भगवान सद्बुद्धि दे : आदित्य साहू


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस द्वारा महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने पर इसे घिनौनी हरकत बताया है। उन्होंने कहा है कि इतनी दुर्दशा के बाद भी कांग्रेस घिनौनी राजनीति से बाज नहीं आ रही है और लोगों को गुमराह करने के नाकाम प्रयास में जुटी है। इस प्रकार की ऊटपटांग हरकतों को देख कांग्रेस की बुद्धि पर तरस आ रही है। जनता द्वारा इतने तिरस्कार के बावजूद अभी भी कांग्रेस को सद्बुद्धि नहीं मिली है, भगवान कांग्रेस को सद्बुद्धि दें।

श्री साहू ने कहा कि यह राजनीतिक नौटंकी की पराकाष्ठा है। वैश्विक संकट से पूरा विश्व जूझ रहा है। भारत में ना पेट्रोल का कुंआ है और ना डीजल का। प्रधानमंत्री ने तो महंगाई पर काफी नियंत्रण किया हुआ है। 115 देशों में मूल्य वृद्धि हुई है। भारत में तीन रुपए की वृद्धि पर ही इतना उछल रहे हैं। कांग्रेस को अपने जमाने को याद करना चाहिए।

श्री साहू ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में पेट्रोल डीजल पर कई बार उत्पाद शुल्क कम किया गया। कांग्रेस वास्तव में जनता की बहुत हितकर है तो झारखंड सरकार 22 प्रतिशत जो वैट ले रही है और ₹1 सेस लिया जा रहा है, उसे क्यों नहीं कम किया जाता है। राज्य में कांग्रेस सत्ता में है, उसे वैट कम करने से किसने रोका है। केवल मलाई खाने के लिए सत्ता से कांग्रेस चिपकी हुई है। अब राजनीतिक नौटंकी से काम नहीं चलने वाला है। जनता सारी चीजों को समझ रही है। जो थोड़ी बहुत कसर बाकी है, आने वाले चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाने का काम करेगी।

अस्पतालों में इलाज के अभाव में मरीजों की हो रही मौतें राज्य सरकार की विफलता- अविनेश


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बदहाल बताते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड का स्वास्थ्य महकमा खुद अस्वस्थ और आईसीयू में जा चुका है। इस विभाग को पहले खुद इलाज की जरूरत है।

श्री सिंह ने कहा कि झारखंड में ध्वस्त स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हाल ही में केंद्रीय मंत्रालय द्वारा यहां के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर विभाग की नाकामियों के संबंध में आईना दिखाया गया है। झारखंड के अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली जांच सुविधाएं तय मानक से काफी पीछे है।

श्री सिंह ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाएं, दवा घोटाले, डॉक्टरों की कमी और इलाज के अभाव में हो रही मौतें सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। सरायकेला-खरसावां के राजनगर में मोबाइल की रोशनी में प्रसव के दौरान मां और नवजात शिशु की मौत की घटना को अत्यंत दुखद और शर्मनाक बताया। यह घटना राज्य की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। यहां ग्रामीण अस्पतालों में न पर्याप्त बिजली व्यवस्था है, न डॉक्टर और न ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग लगातार विवादों और कथित अनियमितताओं को लेकर चर्चा में बना हुआ है। दवा खरीद, आउटसोर्सिंग और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ियों के आरोपों के साथ-साथ आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े और निजी अस्पतालों की मिलीभगत की खबरों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

श्री सिंह ने कहा कि रांची के सदर अस्पताल से मिल रही खबरों के अनुसार दवा रहने के बावजूद भी रोगियों को दवा नहीं दी जा रही है। अगर डॉक्टर ने पांच दवा लिखी है तो रोगियों को सिर्फ दो दवा ही दी जा रही है। बाजार में दवाओं की कालाबाजारी किये जाने की भी शिकायत मिल रही है। इस मामले की सरकार जांच करवाये और दोषियों को सजा दे।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इलाज के अभाव में परेशान है, जबकि सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त दिखाई दे रही है। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार संवेदनशीलता दिखाने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है।

उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो जनता के हित में पार्टी राज्यभर में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया जमशेदपुर महानगर जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशिक्षण वर्ग परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए संगठन की विचारधारा, सेवा कार्यों, सरकार की उपलब्धियों एवं ऐतिहासिक विषयों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की जानकारी प्राप्त की।

संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रसेवा के मूल मंत्र से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, सेवा और संगठन की भावना के साथ कार्य करता है तथा इसी विचार को लेकर जनता के बीच जाना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की रीति, नीति और विचारधारा के साथ संकल्पित होकर निरंतर आगे बढ़ने की बात कही।

श्री साहू ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने एवं कार्यकर्ताओं में वैचारिक दृढ़ता लाने का कार्य करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त अनुभव एवं मार्गदर्शन को बूथ स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' एवं 'अंत्योदय' के सिद्धांतों पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।

वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक पूर्णिमा साहू एवं प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पीवीयूएनएल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता शपथ का आयोजन

(पीवीयूएनएल) में आज परियोजना कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री ए.के. सहगल, सीआरओ पीवीयूएनएल, श्री मनीष क्षेत्रपाल, महाप्रबंधक (ओ एंड एम), श्री बिष्णु दत्ता दास, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) एवं श्री जियाउर रहमान, एचओएचआर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। चर्चा के दौरान सीईओ महोदय ने टीम को विभिन्न स्थानों की पहचान कर स्वच्छता संबंधी पहल शुरू करने तथा नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों को आगे बढ़ाने हेतु मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

झारखंड और कर्नाटक के बीच व्यापार-निवेश सहयोग को नई गति, रांची में हुई अहम बैठक

शुक्रवार को चेम्बर भवन में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बेल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कर्नाटक के बीच व्यापार और निवेश की संभावनाओं को लेकर हुए एक अहम बैठक में उद्योग सचिव श्री अरावा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक दृष्टिकोण से झारखंड एक बेहद समृद्ध राज्य है। यहाँ विशाल खनिज संसाधन हैं और यह एक प्रमाणित औद्योगिक पावरहाउस रहा है। हमारे राज्य के भीतर की औद्योगिक इकाइयाँ इसके औद्योगिक कौशल का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि बेल्लारी खनन, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और आईटी क्षेत्रों में अग्रणी है, और दोनों राज्यों के बीच आपसी सीखने और सहयोग के व्यापक अवसर हैं। उन्होंने देखा कि झारखंड चेम्बर ने राज्यों के बीच औद्योगिक संवाद को बढ़ावा देने की एक उत्कृष्ट परंपरा शुरू की है—एक ऐसी पहल जिसके निकट भविष्य में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।वे शुक्रवार को चेम्बर भवन में आयोजित फेडरेशन ऑफ झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बेल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कर्नाटक के बीच व्यापार और निवेश की संभावनाओं को लेकर एक संयुक्त बैठक में राज्य के आर्थिक विकास का दृष्टिकोण रख रहे थे।

राज्य में इको टूरिज्म, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट्स, फूड प्रोसेसिंग और सुपर फूड्स क्षेत्रों में जबरदस्त क्षमता

श्री अरवा राजकमल ने आगे कहा कि झारखंड में उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन राज्य के विकास को लेकर एक दूरदर्शी दृष्टिकोण रखते हैं। मुख्यमंत्री का दृष्टिकोण खनन क्षेत्र में खनिज खनन से लेकर हाई-एंड सॉल्यूशंस तक एक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला (वैल्यू चेन) बनाने का है। मुख्यमंत्री का इसी तरह का दृष्टिकोण महिला उद्यमिता को आधारशिला बनाकर राज्य में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को सकारात्मक रूप से बदलने का है। उन्होंने कहा कि राज्य में इको टूरिज्म, क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिज), टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट्स, फूड प्रोसेसिंग और सुपर फूड्स क्षेत्रों में जबरदस्त क्षमता है।

उद्योग विभाग निवेशकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए हमेशा तत्पर

उद्योग निदेशक श्री विशाल सागर ने डेलीगेट्स को झारखंड में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने उल्लेख किया कि झारखंड ने इस वर्ष पहली बार दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) में भाग लिया था, जहाँ मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में झारखंड चेम्बर भी शामिल था। माननीय मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश के अवसरों तलाशने के लिए यूनाइटेड किंगडम (यूके) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी किया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के भीतर भारी निवेश क्षमता पर जोर देते हुए उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग), पर्यटन और कृषि क्षेत्र निवेश के व्यापक अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आगे जोड़ा कि उद्योग विभाग निवेशकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए हमेशा तत्पर है।

बैठक के दौरान झारखंड और कर्नाटक के उद्योग और व्यापार प्रतिनिधियों के बीच व्यावसायिक विचारों, निवेश के अवसरों, औद्योगिक सहयोग और व्यापार विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने भविष्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए आपसी समन्वय के साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया।

चेम्बर के महासचिव श्री रोहित अग्रवाल ने बेल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कर्नाटक के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक उद्योग, निवेश, पर्यटन और व्यापार सहयोग में एक नए अध्याय की शुरुआत है। झारखंड और कर्नाटक के उद्यमियों के बीच सीधे संवाद से व्यापार सहयोग को नई गति मिलेगी।झारखंड चेम्बर के अध्यक्ष श्री आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड और कर्नाटक दोनों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि झारखंड तेजी से औद्योगिक विकास के एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है। राज्य की टेक्सटाइल नीति (कपड़ा नीति) आकर्षक है, और जल्द ही एक नई औद्योगिक नीति जारी होने वाली है, जो निवेशकों के लिए एक सुनहरा अवसर पेश करेगी। उन्होंने रेखांकित किया कि झारखंड एक खनिज-समृद्ध राज्य है, जो लिथियम, मैंगनीज और बॉक्साइट सहित विभिन्न खनिजों से संपन्न है। राज्य बिजली-सरप्लस (अधिशेष बिजली वाला) है और यहाँ कुशल जनशक्ति की कोई कमी नहीं है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड राज्य निवेश और उद्योग के क्षेत्रों में एक अग्रणी राज्य के रूप में उभरेगा।

बेल्लारी में निवेश की संभावनाओं पर बोलते हुए, बेल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर के अध्यक्ष श्री अव्वारु मंजूनाथ ने झारखंड के उद्यमियों को कर्नाटक में निवेश करने का निमंत्रण दिया। बेल्लारी चेम्बर के पदाधिकारियों ने झारखंड चेम्बर को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले एमएसएमई (MSME) कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया। बैठक के दौरान दोनों राज्यों के उद्यमियों और व्यापारियों ने अपने-अपने व्यवसायों का परिचय दिया और विचारों का आदान-प्रदान किया।कार्यक्रम के दौरान बेल्लारी चेम्बर द्वारा उद्योग सचिव और उद्योग निदेशक को सम्मानित किया गया।