प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने 13 प्रभावित परिवारों को वितरित किए चार-चार लाख के राहत सहायता के डेमो चेक
*जनता के सुख-दुख में सहभागी है डबल इंजन की सरकार: ए के शर्मा*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही भदोही में हाल ही में आए भीषण आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों से मिलने शुक्रवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जाए तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा शासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
तहसील ज्ञानपुर स्थित राजकीय गेस्ट हाउस हाल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ए.के. शर्मा ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत सहायता के रूप में चार-चार लाख रुपये के परिजनों कन्हैया गौतम, लालती देवी, झरिहग सिंह को डेमो चेक सौंपे। इस दौरान उनके साथ सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, एसडीएम औराई श्याममणि त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव देशवासियों के प्रति संवेदनशील रहते हैं तथा उनके मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा तथा सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
तत्पश्चात मंत्री ग्राम पंचायत सरौली पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों के घर जाकर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना स्थल का निरीक्षण किया। जहां शादी समारोह के दौरान हुई दुखद घटना के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। जानकारी के अनुसार शादी के उपरांत कुछ लोग गांव के मंदिर में मोरी चढ़ाने गए थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के कारण मंदिर के समीप स्थित एक पुराना विशाल नीम का पेड़ गिर गया, जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कई लोग प्रभावित हुए। मंत्री जी ने घटना की जानकारी प्राप्त कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया एवं प्रशासन को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री द्वारा लालती देवी, गीता देवी ग्राम पंचायत सरौली, राजकुमारी पिपर गांव, जानती देवी ग्राम चकजोधी ऐसे कुल 13 मृतकजनों के परिवार को डेमो चेक दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार जनपद में आए आंधी-तूफान से अब तक कुल 16 लोगों की मृत्यु, 12 लोगों के घायल होने, 20 मकानों के क्षतिग्रस्त होने तथा 28 पशुओं की मृत्यु की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें सर्वाधिक जनहानि एवं मकान क्षति तहसील भदोही क्षेत्र में हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
20 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1