“कोचिंग नहीं, सिर्फ 5 घंटे की पढ़ाई” गया की माही ने CBSE 12वीं कॉमर्स में किया कमाल, 499 अंक लाकर बढ़ाया जिले का मान, पार्षद ने सम्मानित किया

गयाजी: गया शहर की बेटी माही ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरे जिले को गर्व हो रहा है। गया शहर के ढोलकिया गली निवासी कपड़ा व्यवसायी मनोज कुमार की पुत्री माही ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 500 में 499 अंक प्राप्त कर देशभर की टॉपर सूची में अपनी जगह बनाई है। माही की इस शानदार सफलता के बाद उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और पूरे मोहल्ले में जश्न का माहौल है।

गुरुवार को स्थानीय वार्ड पार्षद मुन्नी देवी अपने समर्थकों और मोहल्लेवासियों के साथ गुलदस्ता, शिल्ड मेडल, फूल-मालाएं और मिठाइयां लेकर माही के घर पहुंचीं। वहां माही को गुलदस्ता और शील्ड मेटल से सम्मानित किया गया और मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। इस दौरान पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। वार्ड पार्षद मुन्नी देवी ने कहा कि माही ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे गया शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में भी अगर छात्र मेहनत और लगन से पढ़ाई करें तो बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। माही आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।

माही ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और कभी किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया। माही ने बताया कि वह रोजाना निर्धारित समय पर पढ़ाई करती थीं और सोशल मीडिया तथा अनावश्यक चीजों से दूरी बनाकर रखती थीं। उनका मानना है कि पढ़ाई में निरंतरता और आत्मविश्वास सबसे जरूरी होता है।

माही के पिता मनोज कुमार ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उन्होंने कहा कि माही ने कभी समय बर्बाद नहीं किया और हमेशा अपने लक्ष्य पर फोकस रखा। बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश और गौरवान्वित है। वहीं उनकी मां भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि बेटी की मेहनत आज रंग लाई है और यह पल उनके जीवन का सबसे बड़ा सुखद क्षण है।

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि माही की सफलता ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। कई छात्र-छात्राएं अब उनसे प्रेरणा लेकर मेहनत करने की बात कह रहे हैं। लोगों ने कहा कि माही ने यह साबित कर दिया कि सफलता पाने के लिए महंगी कोचिंग नहीं बल्कि सच्ची लगन और मेहनत जरूरी होती है। अब माही आगे चलकर कॉमर्स क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई करना चाहती हैं। उनकी इस शानदार सफलता ने गया जिले को एक नई पहचान दी है और आने वाले समय में वह हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकती हैं।

डोभी को मिली आधुनिक सौगात: गरीबों के बजट में मिलेगा लग्जरी सुविधा का आनंद, जहानाबाद सांसद ने किया “होटल राज रिजॉर्ट” का उद्घाटन

गया: गया-डोभी रोड स्थित बजौरा में संत मलिक बी.एड कॉलेज के सामने बने “होटल राज रिजॉर्ट” का भव्य उद्घाटन जहानाबाद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, एमएलसी रिंकू यादव, बाराचट्टी पूर्व विधायिक समता देवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रिजॉर्ट के शुरू होने से अब डोभी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों के लिए गया शहर नहीं जाना पड़ेगा।

उद्घाटन के बाद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि होटल राज रिजॉर्ट शानदार और बेहतरीन तरीके से बनाया गया है। इसमें गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में बड़े-बड़े होटल जरूर हैं, लेकिन वहां आम लोग आसानी से कार्यक्रम नहीं कर पाते। यह रिजॉर्ट कम खर्च में बेहतर सुविधा देने वाला साबित होगा। सांसद ने कहा कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में लोगों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब डोभी क्षेत्र के लोगों को अपने ही इलाके में आधुनिक सुविधा मिल सकेगी।

होटल राज रिजॉर्ट के प्रोपराइटर राजीव कुमार यादव उर्फ राजू यादव ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को पहले शादी-विवाह के लिए गया शहर जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था। इसी परेशानी को देखते हुए उन्होंने रिजॉर्ट बनाने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि यह रिजॉर्ट खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि होटल राज रिजॉर्ट में बैंक्वेट हॉल, मैरिज हॉल, एसी और नॉन-एसी कमरे, 24 घंटे साउंड प्रूफ जनरेटर, पार्किंग और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रिजॉर्ट में कुल 25 कमरे बनाए गए हैं। इसके अलावा 4000 स्क्वायर फीट का हॉल, 3800 स्क्वायर फीट का रेस्टोरेंट और 1800 स्क्वायर फीट का रिसेप्शन एरिया भी तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि शादी के लिए बुकिंग कराने वाले परिवारों को विशेष छूट दी जाएगी तथा असहाय गरीब परिवारों को हर संभव मदद की जाएगी।

इस मौके पर जन अधिकार पार्टी के नेता संतोष लाल यादव ने कहा कि डोभी क्षेत्र में इस तरह का आधुनिक रिजॉर्ट खुलना लोगों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने राजू यादव की मेहनत और सोच की सराहना करते हुए कहा कि एक किसान परिवार से निकलकर उन्होंने क्षेत्र के लोगों को नई सुविधा देने का काम किया है।

मदर्स डे पर आकाश प्रियदर्शी ने मां के त्याग को किया नमन, कहा- मां का कर्ज चुकाना असंभव

गया: मानपुर के जनकपुर निवासी विशाल प्राइवेट आईटीआई के ट्रस्टी सदस्य सह युवा समाजसेवी आकाश प्रियदर्शी उर्फ 'एपी' ने मातृ दिवस (मदर्स डे) के विशेष अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए मां की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया ! उन्होंने कहा कि इस संसार में मां का स्थान सर्वोपरि है और उनके द्वारा किए गए त्याग व उपकारों का कर्ज कोई भी संतान कभी पूरी तरह नहीं चुका सकती.

आकाश प्रियदर्शी ने भावुक होते हुए कहा कि दुनिया में केवल मां ही ऐसी शख्सियत होती है, जो स्वयं भूखी रहकर और अपना पेट काटकर भी अपने बच्चों का पेट भरती है ! उनका निःस्वार्थ प्रेम और समर्पण ही परिवार की असली शक्ति है ! उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी मां का सदैव सम्मान करें, क्योंकि मां के आशीर्वाद के बिना जीवन में सच्ची सफलता और सुख की प्राप्ति असंभव है ! माता का प्रेम ही इस सृष्टि का आधार है.

श्री शिक्षा निकेतन स्कूल में हुआ मदर्स डे समारोह का आयोजन: माँ की प्यार निस्वार्थ और बिना शर्त होती है : प्राचार्य

गयाजी। गया शहर के नैली रोड खटकाचक स्थित श्री शिक्षा निकेतन स्कूल में मदर्स डे समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। सबसे पहले पूरे विद्यालय परिसर को रंगीन गुब्बारों से सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान के उपरांत अवकाश प्राप्त शिक्षिका सह विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय रुक्मिणी देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के उपरांत प्राचार्य पूनम सिन्हा के साथ आगत माताओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के नन्हे मुन्हे बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर हुआ। इन बच्चों द्वारा दिए गए सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों के कार्यक्रम के बाद विद्यालय के द्वारा प्रत्येक कक्षा से चयनित माताओं को बेस्ट मॉम का मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद माताओं के लिए विभिन्न तरह के गेम प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जैसे पासिंग द बॉल, फाइंड द चाइल्ड, म्यूजिकल चेयर आदि। इन प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को प्राचार्य पूनम सिन्हा के द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य पूनम सिन्हा ने कहा कि मातृ दिवस माता को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। एक मां का आँचल अपनी संतान के लिए कभी छोटा नहीं पड़ता। माँ का प्रेम अपनी संतान के लिए इतना गहरा और अटूट होता है कि माँ अपने बच्चे की खुशी के लिए सारी दुनिया से लड़ लेती है। मां का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है, मां बिना ये दुनियां अधूरी है। माँ की प्यार निस्वार्थ और बिना शर्त होती है। वह हमें प्रतिदिन सिखाती हैं, हमारा समर्थन करती हैं और हमें प्रेरित करती हैं। ऐसा भी कहा जाता है कि मां का प्यार और आशीर्वाद देवताओं को भी नसीब नहीं है। इसलिए समय-समय पर इस पृथ्वी पर देवता भी मानव रूप में जन्म लेते है।

पूरा आयोजन प्राचार्य श्रीमति सिन्हा के दिशा निर्देशन में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक रितिक कुमार, आकाश कुमार, प्रतीक सिन्हा, प्रांशु कुमार शिक्षिका पूनम शर्मा, प्रकृति कुमारी, सिंपी, सुजाता के अलावे रेखा देवी एवं पूनम देवी का अहम योगदान रहा।

मदर्स डे पर राइजिंग स्टार्स पब्लिक स्कूल में भव्य समारोह, बच्चों की प्रस्तुति ने जीता सबका दिल

गयाजी: गया शहर के माडनपुर स्थित एक निजी मैरेज हॉल में रविवार को राइजिंग स्टार्स पब्लिक स्कूल, नैली काजीचक की ओर से मदर्स डे के अवसर पर भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृत्व के प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देना था। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इसके बाद विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता और नाटक के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को बेहद सुंदर अंदाज में व्यक्त किया। नन्हे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी माताओं और अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हॉल गूंज उठा।

समारोह में माताओं के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान माताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका प्रिया ने अपने संबोधन में कहा कि मां समाज और परिवार की सबसे मजबूत आधारशिला होती है। मां के त्याग और समर्पण को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक विक्रम विनोद, उप निदेशक सरिता सिन्हा, उप प्रधानाचार्या नीलू मिश्रा, मुख्य अतिथि दुर्गा देवी तथा विद्यालय सचिव नीरज सिन्हा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकगण सुभाष, सचिन, मुस्कान पांडेय, गुंजन, प्रीति, श्वेता, नंदनी, शिवांशु सिन्हा एवं सहायक कर्मचारी कंचन देवी की अहम भूमिका रही।

गया में एएसआई गया शाखा में नई ऊर्जा का संचार वर्ष 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन सम्पन्न

गया जी: Association of Surgeons of India (ASI), गया शाखा की सामान्य सभा (General Body Meeting) सह CME कार्यक्रम आज होटल सुप्रीम, गया में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में गया, मगध एवं आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ एवं युवा सर्जनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

यह बैठक केवल एक संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मगध क्षेत्र में सर्जिकल शिक्षा, आधुनिक तकनीक एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी।

सर्वसम्मति से वर्ष 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन

अध्यक्ष : डॉ. एस. एन. सिंह

सचिव : डॉ. जे. पी. सिंह

कोषाध्यक्ष : डॉ. मनीष सिंह

चेयरमैन, साइंटिफिक कमेटी : डॉ. अनुपम रंजन को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।

कार्यक्रम का संचालन एएसआई गया शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रतन कुमार ने किया। उन्होंने संगठन की एकजुटता एवं सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि एएसआई गया शाखा लगातार शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र में सर्जिकल सेवाओं को मजबूत कर रही है।

नवनिर्वाचित सचिव डॉ. जे. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले समय में एएसआई गया शाखा को और अधिक सक्रिय, वैज्ञानिक एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। नियमित CME, लाइव सर्जिकल वर्कशॉप, युवा सर्जनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं नई सर्जिकल तकनीकों के प्रसार को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि मगध क्षेत्र के मरीजों को महानगरों जैसी उन्नत सर्जिकल सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि एएसआई गया शाखा का उद्देश्य केवल चिकित्सकों का संगठन बनकर रहना नहीं, बल्कि समाज में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित सर्जिकल उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के नेतृत्व में एएसआई गया शाखा आने वाले वर्षों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक गतिविधियों एवं सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगी। “सर्जिकल उत्कृष्टता, वैज्ञानिक सोच और सेवा भावना — यही एएसआई गया शाखा की पहचान है।

मेधावी छात्रा आरुषी के सपनों को उड़ान दे रहा है डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप वेलफेयर ट्रस्ट

गयाजी: आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप वेलफेयर ट्रस्ट। ट्रस्ट लगातार उन विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहा है, जो मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक अभाव उनके सपनों के बीच बड़ी बाधा बन जाता है। इसी कड़ी में ट्रस्ट द्वारा एक बार फिर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले और अपने परिवार का नाम रोशन करने वाली छात्रा आरुषी कुमारी को ट्रस्ट की ओर से आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की गई। यह सहायता राशि छात्रा को इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु कोचिंग शुल्क के रूप में दी गई है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उसकी प्रतिभा को सही दिशा मिल सके।

कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आरुषी कुमारी के पिता मुकेश कुमार गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और वर्तमान में डायलिसिस पर हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण छात्रा की आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एक बड़ी चुनौती बन गई थी। ऐसे कठिन समय में ट्रस्ट ने आगे बढ़कर न केवल आर्थिक सहयोग किया, बल्कि छात्रा और उसके परिवार को यह भरोसा भी दिलाया कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अगर कोई भी प्रतिभा अर्थाभाव में बिखरेगी उसे संस्थान के द्वारा संवारने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने आरुषी की मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उसने जो सफलता हासिल की है, वह समाज के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है, इसलिए जरूरतमंद एवं मेधावी छात्रों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य सुनील कुमार सिन्हा, राजेश सहाय, नवीन बिहारी प्रसाद, प्रभात शंकर, कुमार गौरव एवं रिंकू सिन्हा उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ट्रस्ट आगे भी इसी तरह समाज के जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करें, ताकि कोई भी प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण अपने लक्ष्य से वंचित न रह जाए।

आरुषी कुमारी ने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में एक सफल इंजीनियर बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहती हैं। कार्यक्रम का माहौल भावुक और प्रेरणादायक रहा। उपस्थित लोगों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन, कुलपति बोले- छात्राओं की पहली पसंद बन चुका है संस्थान

गया: मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में शनिवार को गवर्निंग बोर्ड की ओर से शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. डॉ. शशी प्रताप शाही उपस्थित रहे। समारोह में कॉलेज परिवार के उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. डॉ. शशी प्रताप शाही ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से लोगों का मनोबल बढ़ता है और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों को सम्मानित करना बेहद जरूरी है। यदि अच्छे कार्य करने वालों को सम्मान नहीं मिलेगा तो उनके अंदर निराशा और हताशा की भावना पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में सम्मान की परंपरा से सकारात्मक वातावरण बनता है और इससे संस्थान की प्रगति भी तेज होती है।

कुलपति ने कहा कि मगध विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज की अलग पहचान है। यहां अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल के कारण यह संस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की बढ़ती भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि आज का दौर महिलाओं और युवतियों का है। विश्वविद्यालय में जब छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करती हैं तो उनकी पहली पसंद मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज होता है।

उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि कॉलेज में अनुशासन के साथ उच्च स्तर की पढ़ाई होती है और छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है। कुलपति ने कॉलेज प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था और शिक्षण प्रणाली अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रेसिडेंट शबी अरफीन समसी ने कहा कि कॉलेज हमेशा शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। वहीं सेक्रेटरी डॉ. हाफिज़ूर रहमान खान ने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों को सम्मानित करना संस्थान की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एम.डी. अली हुसैन समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मगध किड्स गैलेक्सी स्कूल में मदर्स डे समारोह की धूम, माताओं को मिला “सर्वश्रेष्ठ माँ सम्मान”

गयाजी : गया शहर के कुजापी स्थित मगध किड्स गैलेक्सी स्कूल में शनिवार को मदर्स डे के अवसर पर भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन मातृत्व सम्मान, प्रेम और खुशी के माहौल से गूंजता रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य माँ के प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देना तथा बच्चों के मन में मातृत्व के प्रति आदर की भावना को मजबूत करना था।

यह विद्यालय मगध हायर सेकेंडरी स्कूल की एक इकाई है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूनम कुमारी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. ऋचा कुमारी तथा विशेष अतिथि रेखा कुमारी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने सभी अतिथियों का फूल-माला एवं मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता और नाटक के माध्यम से माँ के महत्व को बेहद भावुक अंदाज में प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति को देखकर कई माताएँ भावुक हो उठीं और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “सर्वश्रेष्ठ माँ सम्मान” अवार्ड रहा। इस अवसर पर कई माताओं को उनके परिवार के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली माताओं के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि माँ परिवार और समाज की आधारशिला होती हैं तथा बच्चों के संस्कार और भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मंच संचालन अनामिक जॉन ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर सोनाली अंजली जॉन, रेखा रानी पुष्प, बेबी कुमारी, मनोरमा, सुंडूस, रिया एवं निशा सहित विद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।

प्रवेश प्रक्रिया सुगम: विशाल प्राइवेट आईटीआई में 'ओपन डेस्क' का आगाज

प्रिंसिपल की देखरेख में शुरू हुई काउंसलिंग; ट्रस्टी आकाश प्रियदर्शी ने छात्रों को दी बड़ी राहत !


गया जिले के गया-डोभी रोड खरांटी बोधगया स्थित विशाल प्राइवेट आईटीआई में शैक्षणिक सत्र के इलेक्ट्रिशियन बैच के लिए आज, 7 मई गुरुवार से 'एडमिशन ओपन डेस्क' की विधिवत शुरुआत कर दी गई है ! संस्थान के ट्रस्टी सदस्य आकाश प्रियदर्शी (ए.पी.) ने इस पहल की घोषणा करते हुए बताया कि छात्रों के मार्गदर्शन के लिए यह विशेष डेस्क प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगा

इस काउंसलिंग प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य नामांकन के इच्छुक छात्रों को ट्रेड की जानकारी और आवश्यक दस्तावेजी बारीकियों से अवगत कराना है ! प्रबंधन की ओर से कंप्यूटर प्रशिक्षक पंकज कुमार और प्रबंधन केयर टेकर राजन कुमार सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो छात्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे ! यह पूरी प्रक्रिया संस्थान के प्रिंसिपल नागेंद्र कुमार सिंह की प्रत्यक्ष देखरेख में संचालित की जा रही है, जिससे प्रवेश के दौरान किसी भी प्रशासनिक त्रुटि की संभावना न रहे ! ट्रस्टी आकाश प्रियदर्शी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए यह पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है ! नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज परिसर में उपस्थित होकर विशेषज्ञ टीम से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं, ताकि भविष्य के करियर निर्माण में उन्हें सही दिशा मिल सके !