मगध किड्स गैलेक्सी स्कूल में मदर्स डे समारोह की धूम, माताओं को मिला “सर्वश्रेष्ठ माँ सम्मान”

गयाजी : गया शहर के कुजापी स्थित मगध किड्स गैलेक्सी स्कूल में शनिवार को मदर्स डे के अवसर पर भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन मातृत्व सम्मान, प्रेम और खुशी के माहौल से गूंजता रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य माँ के प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देना तथा बच्चों के मन में मातृत्व के प्रति आदर की भावना को मजबूत करना था।

यह विद्यालय मगध हायर सेकेंडरी स्कूल की एक इकाई है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूनम कुमारी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. ऋचा कुमारी तथा विशेष अतिथि रेखा कुमारी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने सभी अतिथियों का फूल-माला एवं मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता और नाटक के माध्यम से माँ के महत्व को बेहद भावुक अंदाज में प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति को देखकर कई माताएँ भावुक हो उठीं और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “सर्वश्रेष्ठ माँ सम्मान” अवार्ड रहा। इस अवसर पर कई माताओं को उनके परिवार के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली माताओं के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि माँ परिवार और समाज की आधारशिला होती हैं तथा बच्चों के संस्कार और भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मंच संचालन अनामिक जॉन ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर सोनाली अंजली जॉन, रेखा रानी पुष्प, बेबी कुमारी, मनोरमा, सुंडूस, रिया एवं निशा सहित विद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।

प्रवेश प्रक्रिया सुगम: विशाल प्राइवेट आईटीआई में 'ओपन डेस्क' का आगाज

प्रिंसिपल की देखरेख में शुरू हुई काउंसलिंग; ट्रस्टी आकाश प्रियदर्शी ने छात्रों को दी बड़ी राहत !


गया जिले के गया-डोभी रोड खरांटी बोधगया स्थित विशाल प्राइवेट आईटीआई में शैक्षणिक सत्र के इलेक्ट्रिशियन बैच के लिए आज, 7 मई गुरुवार से 'एडमिशन ओपन डेस्क' की विधिवत शुरुआत कर दी गई है ! संस्थान के ट्रस्टी सदस्य आकाश प्रियदर्शी (ए.पी.) ने इस पहल की घोषणा करते हुए बताया कि छात्रों के मार्गदर्शन के लिए यह विशेष डेस्क प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगा

इस काउंसलिंग प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य नामांकन के इच्छुक छात्रों को ट्रेड की जानकारी और आवश्यक दस्तावेजी बारीकियों से अवगत कराना है ! प्रबंधन की ओर से कंप्यूटर प्रशिक्षक पंकज कुमार और प्रबंधन केयर टेकर राजन कुमार सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो छात्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे ! यह पूरी प्रक्रिया संस्थान के प्रिंसिपल नागेंद्र कुमार सिंह की प्रत्यक्ष देखरेख में संचालित की जा रही है, जिससे प्रवेश के दौरान किसी भी प्रशासनिक त्रुटि की संभावना न रहे ! ट्रस्टी आकाश प्रियदर्शी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए यह पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है ! नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज परिसर में उपस्थित होकर विशेषज्ञ टीम से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं, ताकि भविष्य के करियर निर्माण में उन्हें सही दिशा मिल सके !

गयाजी के कुजापी में शैक्षणिक उत्कृष्टता सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान

गयाजी: मगध उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, गाँधीजी नगर कुजापी में सोमवार को सत्र 2025–26 के सीबीएसई मैट्रिक विद्यार्थियों के लिए “शैक्षणिक उत्कृष्टता सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “काउंसिल ऑफ मगध वीमेन एम्पावरमेंट” के तत्वावधान में विद्यालय के गाँधीजी सभागार में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ के कमांडेंट डॉ. शहरयार अहमद खान सूरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. सादिया शाहीन, नीतीश कुमार (हलचल), तूफान कुमार, श्रीमती रितिका कुमारी, श्री नरेस कुमार, परिषद की सचिव तमकनत मैडम एवं अध्यक्ष नवीन रंजन गांधी की उपस्थिति ने समारोह को गरिमामय बनाया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिवेश कुमार वर्मा ने किया।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का अंगवस्त्र, माला एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। धीरज कुमार (90.4%), मेघा कुमारी (90%) और पायल कुमारी (88.8%) को साइकिल, प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलती है। उन्होंने छात्रों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के माध्यम से समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समय के सदुपयोग और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया गया।

प्रधानाध्यापक डॉ. प्रवीण रंजन गांधी ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा।

तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर गया में जश्न, टावर चौक पर उमड़ा उत्साह, भाजपा नेता मनोज कुमार ने कहा- मौजूदा सरकार से असंतुष्ट थी जनता

गया। पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बाद गया जी शहर में जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के प्रमुख स्थल टावर चौक पर सोमवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए और जीत की खुशी मनाई।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झालमुड़ी और मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। जश्न में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने पार्टी के झंडे लहराए और “भारत माता की जय” तथा “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस अवसर पर स्थानीय भाजपा नेता मनोज कुमार ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि आम जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

भाजपा नेता मनोज कुमार ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता लंबे समय से बदलाव चाहती थी और मौजूदा सरकार से असंतुष्ट थी। इसी कारण इस बार मतदाताओं ने भाजपा को बहुमत देकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की ताकत का प्रतीक बताते हुए कहा कि जनता ने अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल किया है। कार्यक्रम में मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की इस जीत को ऐतिहासिक बताया और कहा कि आने वाले समय में भाजपा और भी मजबूती के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।

गया में प्रकाश मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कल निःशुल्क गैस्ट्रो जांच शिविर, डॉ. अवधेश नारायण देंगे सेवाएं

गया: गया शहर के गेवाल बीघा स्थित डीएम आवास के समीप प्रकाश मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रविवार को निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में लीवर, पेट एवं आंत रोगों के विशेषज्ञ डॉ. अवधेश नारायण मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श देंगे।

अस्पताल के जनरल एवं एडवांस लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह ने बताया कि यह शिविर विशेष रूप से उन मरीजों के लिए उपयोगी होगा, जो लंबे समय से पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, अपच, लीवर संबंधी समस्याओं या पाचन तंत्र से जुड़ी अन्य बीमारियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को समय रहते सही इलाज और जागरूकता प्रदान करना है।

डॉ. अवधेश नारायण ने अपनी एमबीबीएस और एमडी (मेडिसिन) की पढ़ाई Banaras Hindu University से की है। इसके अलावा उन्होंने डीएनबी (गैस्ट्रो) की विशेषज्ञता Sir Ganga Ram Hospital से प्राप्त की है और वे Ruban Memorial Hospital से भी जुड़े हुए हैं। उनके पास गैस्ट्रो संबंधी रोगों के इलाज का व्यापक अनुभव है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में मरीजों को निःशुल्क परामर्श के साथ आवश्यक जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और नियमित जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करें। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

गया में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप, 200 से अधिक मरीजों का हुआ इलाज

गया। शहर के डेल्हा बस स्टैंड स्थित परैया रोड के बी.आई.टी मोड़ शाखा में कर्म मेरा सेवा सहयोग एकता मंच के तत्वावधान में एवं प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 200 से अधिक मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली।

शिविर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। यहां मरीजों को विभिन्न बीमारियों की जांच, आवश्यक चिकित्सा सलाह और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था। स्वास्थ्य शिविर में जनरल एवं एडवांस लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. जे. पी. सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनी कुमारी और स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. वैभव सिन्हा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉक्टरों ने मरीजों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उचित उपचार और जरूरी सलाह दी।

शिविर के दौरान पेट संबंधी रोग, हर्निया, पथरी, बवासीर, कमर दर्द, गर्दन दर्द, स्लिप डिस्क, घुटना दर्द, महिलाओं की समस्याएं सहित कई सामान्य बीमारियों की जांच की गई। डॉक्टरों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। शिविर में शामिल लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद लाभकारी हैं।

गया के प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मगध का पहला लैप्रोस्कोपिक डुओडेनल परफोरेशन ऑपरेशन सफल

गया: मगध क्षेत्र में आधुनिक एवं उन्नत सर्जरी के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ते हुए प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में डुओडेनल परफोरेशन (आंत में छेद) का सफल ऑपरेशन लैप्रोस्कोपी विधि द्वारा किया गया। पूरे मगध क्षेत्र में यह पहली बार है जब इस जटिल एवं गंभीर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक मिनिमली इनवेसिव तकनीक (Minimal Invasive Surgery) से संपन्न किया गया।

सामान्यतः इस प्रकार के ऑपरेशन में मरीज का पेट पूरी तरह खोलकर (लैपरोटॉमी) सर्जरी करनी पड़ती है, जिससे दर्द अधिक होता है तथा रिकवरी में भी लंबा समय लगता है। लेकिन प्रकाश मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. जे. पी. सिंह ने अपनी कुशलता, अनुभव एवं आधुनिक सर्जिकल तकनीक के बल पर इस जटिल ऑपरेशन को लैप्रोस्कोपिक विधि से सफलतापूर्वक पूरा किया।

ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर रही तथा आश्चर्यजनक रूप से बहुत कम समय में मरीज की रिकवरी हो गई। इस आधुनिक तकनीक के कारण मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव, संक्रमण का कम खतरा एवं शीघ्र सामान्य जीवन में लौटने का लाभ मिला।

प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल आज पूरे मगध क्षेत्र में मिनिमली इनवेसिव एवं एडवांस लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के लिए अपनी विशेष पहचान बना चुका है। जटिल से जटिल ऑपरेशन को अत्याधुनिक तकनीक एवं अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा।

इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार एवं अस्पताल के ओटी स्टाफ की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही। पूरी टीम के समर्पण, तालमेल एवं दक्षता के कारण यह चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन सफल हो सका। प्रकाश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य मगध क्षेत्र के लोगों को विश्वस्तरीय एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।

गया में पैतृक जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप: सैटेलाइट टाउनशिप में सरकारी रोक के बावजूद काम जारी, DM से शिकायत

गया: गयाजी शहर के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के चपरदह गांव निवासी सुबोध कुमार ने अपनी पैतृक जमीन पर अवैध निर्माण का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बुधवार को जिलाधिकारी को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया तो बड़ा विवाद हो सकता है। आवेदन में कहा गया है कि विभा रानी (पति मनीष कुमार सिंह) और नीलम देवी (पति सत्य प्रकाश) परसावां स्थित जमीन पर जबरन निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अपने पद और पहुंच का धौंस दिखाकर निर्माण हर हाल में जारी रखने की बात कह रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बिहार सरकार ने 11 शहरों जिलों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए चिन्हित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री, हस्तांतरण और निर्माण कार्यों पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद, टाउनशिप के अंतर्गत आने वाली इस जमीन पर जबरन निर्माण कार्य जारी है। सुबोध कुमार ने बताया कि विवादित जमीन खाता संख्या 86, प्लॉट संख्या 795, रकबा 1 एकड़ 66 डिसमिल है, जो परसावां गांव में स्थित है। इलाके में जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ने के कारण भू-माफियाओं की नजर इस पर टिकी हुई है। मगध मेडिकल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था। हालांकि, पुलिस के जाते ही काम फिर से शुरू हो गया।

पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि का फिर बङा आरोप, कहा- सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगवा लिए फिर भी निकाला गया है मोटी राशि का टेंडर

नगरीय विकास एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव को लिखा पत्र

गया: शेरघाटी के पूर्व मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि विनय कुमार ने एक बार फिर बड़ा खुलासा किया है. शेरघाटी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं मुख्य पार्षद द्वारा सामान खरीददारी में खुलेआम भ्रष्टाचार की शिकायत नगरीय विकास एवं विकास विभाग पटना बिहार के प्रमुख सचिव को लिखकर किया है. इस बार मामला सीसीटीवी कैमरे की खरीदी के टेंडर का है. पूर्व मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि ने खुलासा करते हुए नगरीय विकास एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव को लिखा है, कि नगर परिषद शेरघाटी में कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्य पार्षद की भ्रष्टाचार की अति होती जा रही है. अभी उनके घोटाले के कारनामे मीडिया की सुर्खियों में है.

इसके बीच 24 अप्रैल 2026 को नगर परिषद शेरघाटी द्वारा तीन बीड gem जाम पोर्टल पर निकाली है, जिसके संदर्भ में बताया जाता है, कि इस बीड में 200 सीसीटीवी कैमरे, 51 स्टील व्हील बैरो और 31 ट्राईसाईकिल खरीददारी करनी है. प्रमुख सचिव को बताया है, कि जानकर आपको भी आश्चर्य होगा, कि पिछले टेंडरों की तरह इस बार भी सीसीटीवी कैमरे पहले से ही लगवा लिए गए हैं और फिर से खरीददारी के लिए मोटे राशि का टेंडर निकाला गया है. पिछली बार की तरह ही पूर्व नियोजित फॉर्म को टेंडर अपनी मनचाही दरों पर दिया जाएगा, यह भी तय है. इस तरह जहां पूर्व से ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, वहां 200 सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य सामग्री की खरीद का टेंडर निकाला जाना घोटाले के साक्ष्य के रूप में सामने है. कार्यपालक पदाधिकारी का ऐसा कदम किसी भी स्थानीय निकायों के भविष्य के लिए कहीं से भी उचित नहीं है. उन्हें किसी भी प्रकार के कानून कायदे की जैसे कोई परवाह ही नहीं है. वे बेखौफ होकर अपनी मर्जी से कार्य कर रही है. चाहे वह कार्य नियम विरुद्ध ही क्यों न हो. नगरीय विकास एवं विकास विभाग पटना बिहार के प्रमुख सचिव को लिखे पत्र में कहा है, कि आपको याद दिलाना चाहता हूं, कि पूर्व की टेंडर की तरह इस बार भी कार्यपालक पदाधिकारी ऋचा प्रियदर्शनी द्वारा मनचाही शर्तें लगाई गई है, ताकि अपनी चुनी फर्म को ऑर्डर दिया जा सके.

मेरे द्वारा लगाए गए आरोप को सिद्ध करने के लिए इस शिकायत पत्र के साथ सीसीटीवी कैमरे के जीपीएस लोकेशन के फोटोग्राफ्स भी संलग्न है. पूर्व मुख्य परिषद प्रतिनिधि विनय कुमार ने कहा कि आग्रह है, कि इस तरह के भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित करके उनके विरुद्ध विभागीय जांच की कार्रवाई की जाए एवं सभी निवेदाओं को निरस्त करते हुए पूर्व में हो चुकी निविदाओं से नगर परिषद शेरघाटी को हुए वित्तीय हानि की भरपाई कार्यपालक पदाधिकारी एवं मुख्य पार्षद से की जाए. इस संबंध में जब नगर परिषद शेरघाटी के कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शनी से इस संबंध में बयान जानना चाहा तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की.

अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ के 45वें स्थापना दिवस पर एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन

गया: अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ के 45वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानवसेवा के महाअभियान में कुल 31 रक्त अग्रदूतों एवं रक्तवीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ, गया जी के मुख्य ट्रस्टी श्री हरिकृतन प्रसाद, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड बैंक के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रामनरेंद्र प्रसाद एवं डॉ. अंबुज कुमार के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर मुख्य ट्रस्टी श्री हरिकृतन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा,

“गायत्री परिवार सदैव से सेवा, साधना और स्वावलंबन के मार्ग पर अग्रसर रहा है। रक्तदान जैसा पुनीत कार्य समाज में जीवनदान देने का माध्यम है। स्थापना दिवस पर इस प्रकार का आयोजन हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।”

मेडिकल ऑफिसर डॉ. रामनरेंद्र प्रसाद ने कहा,

“रक्तदान एक सुरक्षित और आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे अनगिनत जरूरतमंदों को जीवन मिलता है। युवा पीढ़ी का इस तरह आगे आना समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है।”

डॉ. अंबुज कुमार ने भी सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम का मंच संचालन राहुलकांत द्वारा अत्यंत उत्कृष्ट ढंग से किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा,

“रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। आज का यह आयोजन समाज को एक नई दिशा देने वाला है।”

DIYA रक्त अग्रदूत, बिहार के समन्वयक अमित कुमार ने रक्तदान एवं सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा,

“रक्तदान से हम किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं, वहीं हेलमेट हमारे अपने जीवन की सुरक्षा का कवच है। हमारा उद्देश्य है कि लोग रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक हों।”

संरक्षक मुकेश कुमार ने कहा,

“इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। हमें निरंतर ऐसे प्रयास करते रहना चाहिए जिससे अधिक से अधिक लोगों का जीवन सुरक्षित और समृद्ध हो सके।”

इस शिविर को सफल बनाने में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गया जी के ब्लड बैंक की टीम का विशेष योगदान रहा, जिसमें संग्रहक राम कुमार मेहता, टेक्नीशियन विनोद कुमार, मनंजय कुमार, नर्स मधु कुमारी, रिंकू कुमार एवं रामवरण यादव द्वारा सफलतापूर्वक रक्त संग्रहण किया गया।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से अरविंद कुमार, मृत्युंजय कुमार, नैंसी कुमारी, ओंकारनाथ गायब, आशीष कुमार, पुरुषोत्तम कौशिक, प्रदीप यादव, गीतेश कुमार, आरभ, सुधीर कुमार, रणधीर कुमार खत्री, उमेश कुमार, जूही कुमारी, मदन मोहन, अभिषेक कुमार, रीना देवी, पीयूष कुमार शर्मा, सन्याल कुमार, महाराजा कुमार, रघुनाथ खत्री, अमरनाथ खत्री, अविनाश अमर, रिंकी कुमारी, मनीष गुप्ता, नीतीश कुमार, आयुष कुमार वर्मा, चंदन कुमार, बेबी कुमारी एवं रीता कुमारी शामिल रहे।

इस शिविर को सफल बनाने में कल्याणी कुमारी, निधि कुमारी, रंजीत कुमार, आलोक कुमार, रविकांत, सौरव, राजीव रंजन सहाय, आयुष पांडेय, सतेंद्र पाण्डेय, रूपेश कुमार, मनीष मिश्रा, मनीष गुप्ता, आयुष मिश्रा, मनीष शुक्ला , जुगेंद्र कुमार आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम के अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।