भदोही में थाना समाधान दिवस, 64 शिकायतें दर्ज:पुलिस व राजस्व विभाग की 12 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद के सभी थानों पर शनिवार को "थाना समाधान दिवस" का आयोजन किया गया। शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने इसकी निगरानी की।

इस दौरान, संबंधित थानों पर पुलिस टीम ने प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर जनता की समस्याओं को सुना। राजस्व कर्मियों की उपस्थिति में कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। पुलिस विभाग से संबंधित सभी प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि राजस्व विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जमीन से जुड़े सभी मामलों में पुलिस और राजस्व की टीमों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को भटकना न पड़े और मामलों का त्वरित व न्यायपूर्ण निस्तारण हो सके।

आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 55 राजस्व विभाग से संबंधित थे और 9 पुलिस विभाग से। पुलिस विभाग से संबंधित सभी 9 शिकायतों और राजस्व से संबंधित 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की 3 संयुक्त टीमों का गठन किया गया है।
ज्ञानपुर में महाराणा प्रताप जयंती मनाई गई:जय बाबा बर्फानी ग्रुप ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर के शहीद पार्क में महाराणा प्रताप की जयंती मनाई गई। जय बाबा बर्फानी ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने ब्रह्मा मोदनवाल के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम से पहले, कार्यकर्ताओं ने शहीद पार्क की साफ-सफाई की। इसके बाद, महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
ब्रह्मा मोदनवाल ने महाराणा प्रताप के जीवन और उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप ने अपने सिद्धांतों के बल पर शत्रुओं को पराजित किया और कभी हार नहीं मानी। जय बाबा बर्फानी ग्रुप के युवाओं ने महाराणा प्रताप से प्रेरणा लेकर उनके बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महेंद्र मास्टर, मोनू माली, राकेश देववशी, अतुल पांडे, महेंद्र मिस्त्री और विहिप जिला संगठन मंत्री विकास जी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
विकास काशी नरेश विश्वविद्यालय के पहले कुलसचिव बने:ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती विश्वविद्यालय से आकर कार्यभार संभाला
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश राज्य विश्वविद्यालय को अपना पहला कुलसचिव मिल गया है। शासन द्वारा नियुक्त विकास ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। उनके आगमन पर, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्राचार्य रमेश चंद्र यादव ने उनका स्वागत किया। प्रोफेसर यादव ने विकास को स्मृति चिन्ह भेंट किया और माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर प्रोफेसर प्राचार्य रमेश चंद्र यादव ने कहा कि कुलसचिव के कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय के कार्यों में तेजी आएगी और प्रगति होगी। नवनियुक्त कुलसचिव विकास ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वह शासन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और विश्वविद्यालय को एक नई पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे।‌विकास को ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के परीक्षा नियंत्रक पद से इस नई जिम्मेदारी के लिए नियुक्त किया गया है। प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग के संयुक्त सचिव ने उनके कुलसचिव पद पर तैनाती का आदेश जारी किया था।
भदोही पुलिस ने अवैध तमंचा-कारतूस के साथ आरोपी पकड़ा: रेवड़ा परसपुर से गिरफ्तार, अपराध करने की फिराक में था

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव



भदोही। भदोही पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आजम अली पुत्र शौकत मंसूरी को 7-8 मई 2026 की रात ग्राम रेवड़ा परसपुर से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, थाना भदोही पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर आजम अली (उम्र करीब 40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर और एक अदद जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। इस संबंध में, थाना भदोही में आजम अली के खिलाफ मु0अ0सं0-199/2026 धारा- 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश सिंह, उपनिरीक्षक शमशाद खां, हेड कांस्टेबल श्यामप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल हारुन खां, हेड कांस्टेबल इफ्तेखारुद्दीन और कांस्टेबल अंकुश कुमार शामिल थे।
सौ शय्या, जिला अस्पताल में नहीं है ईएनटी के डॉक्टर, मरीज परेशांन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। करीब दो से ढाई लाख लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने वाले जिला चिकित्सालय और सरपतहां के सौ शय्या अस्पताल में एक भी ईएनटी के डॉक्टर नहीं हैं। मरीजों को बेहतर उपचार के लिए भदोही के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल या निजी अस्पताल का रूख करना पड़ता है। जिले में कुल चार पद सृजित है। जिले के 29 सरकारी अस्पतालों में रोजाना 5000 से 5500 की ओपीडी होती है। इसमें से करीब 100 से 125 मरीज ईएनटी के होते हैं। ज्यादातर मरीज जिला अस्पताल आते हैं। यहां 18 महीने पहले ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. दिप्ती पांडेय की तैनाती हुई थी, लेकिन उनका तबादला भदोही एमबीएस हो गया। जिससे अस्पताल में पद खाली है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को वापस लौटना पड़ता है या किसी अन्य डॉक्टरों से दवा लेना पड़ता है। सौ शय्या अस्पताल में दो पद सृजित है। यहां तीन साल से नाक, कान, गला के डॉक्टर नहीं है। ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार कराने में परेशानी होती है। उन्हें विशेषज्ञ के बजाए अन्य डॉक्टरों से दवा लेना पड़ता है। बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल या महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय का रूख करना पड़ता है। भदोही एबीएस में एक डॉक्टर की तैनाती है।



भदोही एमबीएस में एक ईएनटी सर्जन की तैनाती है। जिला अस्पताल,सौ शैय्या में तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र को लिखा दिया गया है।

डॉ संतोष कुमार चक

सीएमओ भदोही
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश:अपर पुलिस अधीक्षक ने बेहतर पुलिसिंग हेतु समीक्षा बैठक की


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह बैठक उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के लिए आयोजित की गई थी। इसमें जनपद के सभी थानों पर नियुक्त आईजीआरएस कर्मचारी, आईजीआरएस नोडल अधिकारी और पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जांचकर्ता अधिकारी हर हाल में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पुलिस स्तर से की जाने वाली हर संभव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर जमीनी स्तर पर होना चाहिए, जिससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि बेहतर बनी रहे।
शुभम अग्रवाल ने यह भी निर्देश दिया कि निस्तारण के बाद आवेदक से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदक की गई कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। पोर्टल पर प्राप्त सभी संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही निस्तारित किया जाए ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में कोई देरी न हो।
अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसुनवाई पोर्टल जनता की समस्याओं के समाधान का एक सशक्त माध्यम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें सुरक्षा का अहसास कराना है। इस बैठक में आईजीआरएस सेल के प्रभारी और अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद थे।
परिषदीय स्कूलों के छात्रों की आनलाइन निगरानी होगी, प्रगति कार्ड बनना शुरू
*प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक स्तर की जानकारी रहेगी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के 885 परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे लगभग 1,30,000 छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति अब ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके लिए प्रेरणा पोर्टल पर प्रगति कार्ड बनाने का काम शुरू हो गया है।प्रगति कार्ड में कक्षा-कक्ष प्रक्रिया, गतिविधि, समूह कार्य, व्यक्तिगत कार्य, लिखित और मौखिक कार्य, नियमित टेस्ट में प्रदर्शन जैसी जानकारियां दर्ज होंगी। प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक के छात्रों से उनकी अत्यधिक पसंद का भी ब्योरा लिया जाएगा।इस पहल से शिक्षक यह समझ सकेंगे कि छात्र को किस विषय या क्षेत्र में कठिनाई आ रही है। यदि शिक्षक का स्थानांतरण किसी अन्य स्कूल में होता है, तब भी उसे प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक स्तर की जानकारी रहेगी, जिससे सुधारात्मक कार्य आसानी से किया जा सकेगा।
जिले के शिक्षा विभाग ने बताया कि शिक्षकों को प्रगति कार्ड बनाने और प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन हाजिरी लगाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारी और एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) अब छात्रों का आंकलन पोर्टल के माध्यम से करेंगे, जिससे कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।


दिसंबर से प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। करीब - करीब सभी विद्यालयों में बच्चों की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

शिवम् पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भदोही
डिजिटल जनगणना 2027 के लिए जागरूकता अभियान शुरू: जिलाधिकारी ने स्वयं स्व-गणना कर लोगों को किया जागरूक

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनगणना 2027 को डिजिटल, पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन ने एक व्यापक जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में, जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी कर जनपदवासियों को जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने भी अपनी स्व-गणना संपन्न की।‌जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर पंजीकरण और स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने सभी को अपना स्व-गणना कार्य भी कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पहली बार आम नागरिकों को स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से जनगणना करने की सुविधा दी गई है, जिससे यह प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने जानकारी दी कि स्व-गणना का कार्य 21 मई 2026 तक किया जा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद, 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य पूरा करेंगे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, युवाओं, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे स्वयं अपनी गणना करें और अपने परिवार, पड़ोस तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने जोर दिया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सकता है। प्रशासन द्वारा जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर लोगों को डिजिटल जनगणना से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 दिन शनिवार को जनपद न्यायालय भदोही में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल एवं जनसामान्य तक अधिकाधिक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रचार-प्रसार अभियान की शुरुआत की गई।
          माननीय जनपद न्यायाधीश अखिलेश दुबे एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भदोही द्वारा आज सुबह 10:30 बजे जनजागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, लाभ तथा इसमें निस्तारित किए जाने वाले मामलों की जानकारी प्रदान करेगा।
         इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्च में न्याय दिलाने का एक प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया जाता है, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है। विशेष रूप से बैंक ऋण, विद्युत बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, राजस्व एवं अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जाता है।
         कार्यक्रम के दौरान अमित वर्मा, अपर जिला जज प्रथम, अवनिश कुमार, अपर जिला जज/एससी-एसटी एक्ट, श्रीमती पुष्पा सिंह, अपर जिला जज द्वितीय एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, आशीष कुमार सिंह, पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
            जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं तथा इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया: वाणिज्य कर विभाग, आवास व कृषि भवन के कार्यों की प्रगति जांची

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बृहस्पतिवार को जनपद में निर्माणाधीन वाणिज्य कर विभाग परियोजना, अधिकारियों/कर्मचारियों के आवास, कृषि भवन और सूचना संकुल के भूमि चिन्हांकन स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
लगभग 8 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी भवन खंड मिर्जापुर के अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना का समस्त कार्य जून 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य शासन की मंशा के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न होने चाहिए।
उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर बाधाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विभागीय कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्रस्तावित मल्टीपरपज हॉल और अधिकारियों के लिए टाइप-4 एवं टाइप-5 आवासों के निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, तहसील ज्ञानपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास निर्माण तथा कृषि भवन, सूचना संकुल हेतु भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर भानसिंह, तहसीलदार ज्ञानपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।