शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश:अपर पुलिस अधीक्षक ने बेहतर पुलिसिंग हेतु समीक्षा बैठक की


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह बैठक उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के लिए आयोजित की गई थी। इसमें जनपद के सभी थानों पर नियुक्त आईजीआरएस कर्मचारी, आईजीआरएस नोडल अधिकारी और पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जांचकर्ता अधिकारी हर हाल में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पुलिस स्तर से की जाने वाली हर संभव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर जमीनी स्तर पर होना चाहिए, जिससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि बेहतर बनी रहे।
शुभम अग्रवाल ने यह भी निर्देश दिया कि निस्तारण के बाद आवेदक से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदक की गई कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। पोर्टल पर प्राप्त सभी संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही निस्तारित किया जाए ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में कोई देरी न हो।
अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसुनवाई पोर्टल जनता की समस्याओं के समाधान का एक सशक्त माध्यम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें सुरक्षा का अहसास कराना है। इस बैठक में आईजीआरएस सेल के प्रभारी और अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद थे।
परिषदीय स्कूलों के छात्रों की आनलाइन निगरानी होगी, प्रगति कार्ड बनना शुरू
*प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक स्तर की जानकारी रहेगी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के 885 परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे लगभग 1,30,000 छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति अब ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके लिए प्रेरणा पोर्टल पर प्रगति कार्ड बनाने का काम शुरू हो गया है।प्रगति कार्ड में कक्षा-कक्ष प्रक्रिया, गतिविधि, समूह कार्य, व्यक्तिगत कार्य, लिखित और मौखिक कार्य, नियमित टेस्ट में प्रदर्शन जैसी जानकारियां दर्ज होंगी। प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक के छात्रों से उनकी अत्यधिक पसंद का भी ब्योरा लिया जाएगा।इस पहल से शिक्षक यह समझ सकेंगे कि छात्र को किस विषय या क्षेत्र में कठिनाई आ रही है। यदि शिक्षक का स्थानांतरण किसी अन्य स्कूल में होता है, तब भी उसे प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक स्तर की जानकारी रहेगी, जिससे सुधारात्मक कार्य आसानी से किया जा सकेगा।
जिले के शिक्षा विभाग ने बताया कि शिक्षकों को प्रगति कार्ड बनाने और प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन हाजिरी लगाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारी और एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) अब छात्रों का आंकलन पोर्टल के माध्यम से करेंगे, जिससे कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।


दिसंबर से प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। करीब - करीब सभी विद्यालयों में बच्चों की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

शिवम् पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भदोही
डिजिटल जनगणना 2027 के लिए जागरूकता अभियान शुरू: जिलाधिकारी ने स्वयं स्व-गणना कर लोगों को किया जागरूक

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनगणना 2027 को डिजिटल, पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन ने एक व्यापक जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में, जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी कर जनपदवासियों को जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने भी अपनी स्व-गणना संपन्न की।‌जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर पंजीकरण और स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने सभी को अपना स्व-गणना कार्य भी कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पहली बार आम नागरिकों को स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से जनगणना करने की सुविधा दी गई है, जिससे यह प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने जानकारी दी कि स्व-गणना का कार्य 21 मई 2026 तक किया जा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद, 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य पूरा करेंगे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, युवाओं, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे स्वयं अपनी गणना करें और अपने परिवार, पड़ोस तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने जोर दिया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सकता है। प्रशासन द्वारा जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर लोगों को डिजिटल जनगणना से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 दिन शनिवार को जनपद न्यायालय भदोही में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल एवं जनसामान्य तक अधिकाधिक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रचार-प्रसार अभियान की शुरुआत की गई।
          माननीय जनपद न्यायाधीश अखिलेश दुबे एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भदोही द्वारा आज सुबह 10:30 बजे जनजागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, लाभ तथा इसमें निस्तारित किए जाने वाले मामलों की जानकारी प्रदान करेगा।
         इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्च में न्याय दिलाने का एक प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया जाता है, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है। विशेष रूप से बैंक ऋण, विद्युत बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, राजस्व एवं अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जाता है।
         कार्यक्रम के दौरान अमित वर्मा, अपर जिला जज प्रथम, अवनिश कुमार, अपर जिला जज/एससी-एसटी एक्ट, श्रीमती पुष्पा सिंह, अपर जिला जज द्वितीय एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, आशीष कुमार सिंह, पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
            जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं तथा इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया: वाणिज्य कर विभाग, आवास व कृषि भवन के कार्यों की प्रगति जांची

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बृहस्पतिवार को जनपद में निर्माणाधीन वाणिज्य कर विभाग परियोजना, अधिकारियों/कर्मचारियों के आवास, कृषि भवन और सूचना संकुल के भूमि चिन्हांकन स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
लगभग 8 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी भवन खंड मिर्जापुर के अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना का समस्त कार्य जून 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य शासन की मंशा के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न होने चाहिए।
उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर बाधाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विभागीय कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्रस्तावित मल्टीपरपज हॉल और अधिकारियों के लिए टाइप-4 एवं टाइप-5 आवासों के निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, तहसील ज्ञानपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास निर्माण तथा कृषि भवन, सूचना संकुल हेतु भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर भानसिंह, तहसीलदार ज्ञानपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विधानसभा 2027 से पहले सियासत गरम: भदोही के हसनैन अंसारी की सपा में वापसी, लखनऊ में समर्थकों संग हुए शामिल

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भदोही की राजनीति में सक्रिय नेता हसनैन अंसारी ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया है। राजधानी लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
यह सदस्यता कार्यक्रम अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने हसनैन अंसारी और उनके समर्थकों को पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर भदोही सदर विधायक जाहिद बेग, पूर्व प्रदेश महिला सभा अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव तथा समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव टोनी मंसूरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
*पहले सपा, फिर कांग्रेस और अब फिर सपा में वापसी*
हसनैन अंसारी का राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। वे लंबे समय तक समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे, लेकिन वर्ष 2023 में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। उस दौरान अजय राय की मौजूदगी में उन्होंने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। सदस्यता कार्यक्रम के दौरान वे भावुक हो गए थे और मंच पर उनकी आंखों से आंसू भी छलक पड़े थे, जो उस समय काफी चर्चा में रहा।
हालांकि,  विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने एक बार फिर सपा में वापसी कर ली है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह फैसला प्रदेश में तेजी से बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत है। विपक्षी दलों में इन दिनों दल-बदल की स्थिति को “भगदड़” के रूप में भी देखा जा रहा है।
नई ऊर्जा के साथ संगठन को मजबूत करने का संकल्प
सपा में दोबारा शामिल होने के बाद हसनैन अंसारी ने कहा कि वे अखिलेश यादव की नीतियों और समाजवादी विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में लौटे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भदोही जनपद में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। “जय समाजवाद” के नारों के बीच सभी ने आगामी चुनावों में पार्टी के लिए पूरी ताकत से काम करने का संकल्प लिया।
साइबर ठगी के 75,000 रुपये वापस:भदोही पुलिस ने पीड़ित के खाते में कराए ट्रांसफर

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही साइबर सेल ने एक पीड़ित व्यक्ति के बैंक खाते में धोखाधड़ी से स्थानांतरित किए गए 75,000 रुपये वापस करा दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता प्राप्त की गई। शिकायतकर्ता आदर्श तिवारी, पुत्र स्वर्गीय विजय तिवारी, निवासी केवलपुर, पोस्ट बेरी, थाना गोपीगंज, को 'मिनी भारत लॉजिस्टिक' की एजेंसी दिलाने के नाम पर 75,000 रुपये की साइबर ठगी का शिकार बनाया गया था। उन्होंने इस संबंध में एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। जनपदीय साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत में धोखाधड़ी वाले पैसे का पता लगाया। इसके बाद, जिस बैंक खाते में पीड़ित के पैसे गए थे, उसके खाताधारक से संपर्क किया गया।
साइबर सेल की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप, शिकायतकर्ता आदर्श तिवारी के धोखाधड़ी में गए पूरे 75,000 रुपये की धनराशि उनके बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। पीड़ित ने इस मदद के लिए भदोही पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपदीय साइबर पुलिस टीम को साइबर अपराधों और सोशल साइट्स के दुरुपयोग पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना/सेल के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल देवानंद सिंह और कांस्टेबल सदानंद शामिल थे।
भदोही पुलिस को साइबर जांच में जोन में प्रथम स्थान:एसपी अभिनव त्यागी ने दो पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। बुधवार को भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने दो पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। यह सम्मान साइबर अपराध जांच में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक विजय प्रताप सिंह और मुख्य आरक्षी देवानंद सिंह शामिल हैं। साइबर सेल की टीम ने अप्रैल माह में पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप, टीम ने लगभग 44.08 लाख रुपये की धनराशि को होल्ड/लियान कराने में सफलता प्राप्त की। इस प्रभावी रिकवरी के कारण, जनपद भदोही को जोन स्तर पर साइबर अपराध जांच में शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है
भदोही में शिक्षा मित्रों का सम्मान समारोह :मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव



भदोही। भदोही में शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 किए जाने के उपलक्ष्य में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंगलवार को पंचायत सभागार, विकास भवन भदोही में संपन्न हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और उनकी टीम ने इस कार्यक्रम की मेजबानी की।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी भदोही और मुख्य विकास अधिकारी भदोही ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जिला विद्यालय निरीक्षक भदोही भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गान और आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी भदोही ने जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नामांकन और शैक्षिक गुणवत्ता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षामित्रों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नामांकन और पंजीकरण की गति को तेज करते हुए प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने शिक्षामित्रों के समर्पण और योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने भी शिक्षामित्रों के कार्यों की सराहना की और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सरकार व प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खंड से दो महिला और दो पुरुष शिक्षामित्रों को मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए लगभग 400 शिक्षामित्रों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बंगाल, असम में भाजपा की जीत; पुडुचेरी में बनी सरकार:कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला, झाल-मुरी खिलाकर मनाया जश्न


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत तथा पुडुचेरी में गठबंधन सरकार बनने की खुशी में ज्ञानपुर नगर में विजय जुलूस निकाला। यह जुलूस आज दुर्गागंज तिराहे से शुरू हुआ। जुलूस का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने किया। कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट और 'मैं हूँ मोदी का परिवार' की तख्तियां लिए हुए थे। उन्होंने 'भारत माता की जय', 'जय भाजपा तय भाजपा' और 'मोदी है तो मुमकिन है' जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि बंगाल में 176 और असम में 98 सीटों पर मिली यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र की जीत है। उन्होंने आगे कहा कि पुडुचेरी में भी कमल खिलना यह साबित करता है कि देशभर में भाजपा पर जनता का विश्वास अटूट है। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकार कर राष्ट्रवाद को चुना है। यह विजय जुलूस दुर्गागंज तिराहे से शुरू होकर मुख्य बाजार और स्टेशन रोड से होते हुए वापस तिराहे पर समाप्त हुआ। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झाल-मुरी खिलाकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों पर जमकर जश्न मनाया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष पांडे और विनय श्रीवास्तव, पूर्व प्रदेश मंत्री नागेंद्र सिंह, महामंत्री अखिलेंद्र सिंह बघेल, राजेश पटेल, मंडल ज्ञानपुर नगर पंचायत अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मनीषा अम्बष्ट, बृजेश गुप्ता, जिला मंत्री वेद मौर्य, जिला मीडिया प्रभारी नागेंद्र नाथ मिश्रा, नवीन सुषमा मालवीय, सोशल मीडिया प्रभारी अखिलेश तिवारी, प्रदीप सिंह, शिवसागर मिश्र, चंदूलाल चंद्राकर, राजेश दुबे, सच्चन, हरिओम सिंह, सौरभ मालवीय, आशुतोष शुक्ला, लालमणि मिश्रा, छत्रपति सिंह, रंजीत गुप्ता, लालमणि धर्मराज पांडे मिश्र, शेषनारायण पाठक, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रहे।