साइबर ठगी के 75,000 रुपये वापस:भदोही पुलिस ने पीड़ित के खाते में कराए ट्रांसफर

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही साइबर सेल ने एक पीड़ित व्यक्ति के बैंक खाते में धोखाधड़ी से स्थानांतरित किए गए 75,000 रुपये वापस करा दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता प्राप्त की गई। शिकायतकर्ता आदर्श तिवारी, पुत्र स्वर्गीय विजय तिवारी, निवासी केवलपुर, पोस्ट बेरी, थाना गोपीगंज, को 'मिनी भारत लॉजिस्टिक' की एजेंसी दिलाने के नाम पर 75,000 रुपये की साइबर ठगी का शिकार बनाया गया था। उन्होंने इस संबंध में एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। जनपदीय साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत में धोखाधड़ी वाले पैसे का पता लगाया। इसके बाद, जिस बैंक खाते में पीड़ित के पैसे गए थे, उसके खाताधारक से संपर्क किया गया।
साइबर सेल की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप, शिकायतकर्ता आदर्श तिवारी के धोखाधड़ी में गए पूरे 75,000 रुपये की धनराशि उनके बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। पीड़ित ने इस मदद के लिए भदोही पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपदीय साइबर पुलिस टीम को साइबर अपराधों और सोशल साइट्स के दुरुपयोग पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना/सेल के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल देवानंद सिंह और कांस्टेबल सदानंद शामिल थे।
भदोही पुलिस को साइबर जांच में जोन में प्रथम स्थान:एसपी अभिनव त्यागी ने दो पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। बुधवार को भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने दो पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। यह सम्मान साइबर अपराध जांच में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक विजय प्रताप सिंह और मुख्य आरक्षी देवानंद सिंह शामिल हैं। साइबर सेल की टीम ने अप्रैल माह में पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप, टीम ने लगभग 44.08 लाख रुपये की धनराशि को होल्ड/लियान कराने में सफलता प्राप्त की। इस प्रभावी रिकवरी के कारण, जनपद भदोही को जोन स्तर पर साइबर अपराध जांच में शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है
भदोही में शिक्षा मित्रों का सम्मान समारोह :मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव



भदोही। भदोही में शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 किए जाने के उपलक्ष्य में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंगलवार को पंचायत सभागार, विकास भवन भदोही में संपन्न हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और उनकी टीम ने इस कार्यक्रम की मेजबानी की।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी भदोही और मुख्य विकास अधिकारी भदोही ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जिला विद्यालय निरीक्षक भदोही भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गान और आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी भदोही ने जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नामांकन और शैक्षिक गुणवत्ता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षामित्रों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नामांकन और पंजीकरण की गति को तेज करते हुए प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने शिक्षामित्रों के समर्पण और योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने भी शिक्षामित्रों के कार्यों की सराहना की और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सरकार व प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खंड से दो महिला और दो पुरुष शिक्षामित्रों को मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए लगभग 400 शिक्षामित्रों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बंगाल, असम में भाजपा की जीत; पुडुचेरी में बनी सरकार:कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला, झाल-मुरी खिलाकर मनाया जश्न


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत तथा पुडुचेरी में गठबंधन सरकार बनने की खुशी में ज्ञानपुर नगर में विजय जुलूस निकाला। यह जुलूस आज दुर्गागंज तिराहे से शुरू हुआ। जुलूस का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने किया। कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट और 'मैं हूँ मोदी का परिवार' की तख्तियां लिए हुए थे। उन्होंने 'भारत माता की जय', 'जय भाजपा तय भाजपा' और 'मोदी है तो मुमकिन है' जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि बंगाल में 176 और असम में 98 सीटों पर मिली यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र की जीत है। उन्होंने आगे कहा कि पुडुचेरी में भी कमल खिलना यह साबित करता है कि देशभर में भाजपा पर जनता का विश्वास अटूट है। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकार कर राष्ट्रवाद को चुना है। यह विजय जुलूस दुर्गागंज तिराहे से शुरू होकर मुख्य बाजार और स्टेशन रोड से होते हुए वापस तिराहे पर समाप्त हुआ। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झाल-मुरी खिलाकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों पर जमकर जश्न मनाया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष पांडे और विनय श्रीवास्तव, पूर्व प्रदेश मंत्री नागेंद्र सिंह, महामंत्री अखिलेंद्र सिंह बघेल, राजेश पटेल, मंडल ज्ञानपुर नगर पंचायत अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मनीषा अम्बष्ट, बृजेश गुप्ता, जिला मंत्री वेद मौर्य, जिला मीडिया प्रभारी नागेंद्र नाथ मिश्रा, नवीन सुषमा मालवीय, सोशल मीडिया प्रभारी अखिलेश तिवारी, प्रदीप सिंह, शिवसागर मिश्र, चंदूलाल चंद्राकर, राजेश दुबे, सच्चन, हरिओम सिंह, सौरभ मालवीय, आशुतोष शुक्ला, लालमणि मिश्रा, छत्रपति सिंह, रंजीत गुप्ता, लालमणि धर्मराज पांडे मिश्र, शेषनारायण पाठक, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रहे।
भदोही महोत्सव के आयोजन हेतु जिलाधिकारी को दिया गया आमंत्रण
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कलेक्ट्रेट सभागार में आज भदोही महोत्सव आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी शैलेष कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें महोत्सव में सम्मिलित होने हेतु अनुरोध किया गया ।
         प्रतिनिधिमंडल में समिति के सचिव डॉ. ए.के. गुप्ता, उपाध्यक्ष जाबिर बाबू एवं आर.सी. त्रिपाठी शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि ‘भदोही महोत्सव’ का आयोजन आगामी 15, 16 एवं 17 मई 2026 को अभयनपुर भदोही मैदान में प्रस्तावित है। भदोही महोत्सव गत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी परम्परागत ढंग से महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
       जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने  बताया कि जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित किए जाने वाले भदोही महोत्सव की तिथि निर्धारित की गई थी, किन्तु अत्यधिक गर्मी एवं लू की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए उक्त आयोजन अब माह अक्टूबर-नवंबर में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया जाएगा।
रसोई गैस एवं पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़

*मांगलिक कार्यक्रमों के बीच जिले में सिलेंडर को लेकर मारामारी, पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की लगी रही लंबी कतार*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कालीन नगरी में रसोई गैस सिलेंडर एवं पेट्रोल को लेकर मारामारी की नौबत है। हालांकि जिला प्रशासन का दावा है कि किसी प्रकार की किल्लत नहीं है।  गैस एजेंसियों एवं पंपों पर ग्राहकों एवं उपभोक्ताओं की भारी भीड़ नजर आई। इसके कारण लोगों को मुसीबत से दो चार होना पड़ा। बता दें कि ईरान और इजरायल युद्ध के बीच अमेरिका के कूदने के बाद से हालात बेकाबू चल रहे हैं। अभी भी दोनों देशों में तनातनी की नौबत बनी है। इसके कारण भारत के साथ ही दुनिया के कई मुल्कों में गैस एवं पेट्रोल तथा डीजल की किल्लत बढ़ी है।युद्ध को करीब तीन माह होने को हैं, लेकिन बीच का रास्ता नहीं निकल रहा है। इसके कारण कालीन नगरी में भी रसोई गैस सिलेंडर, कामर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर लोग परेशान हैं। जिन घरों में शादियां पड़ी हैं, उनके सामने बड़ी दिक्कतें हैं। इस बीच, कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल एवं पेट्रोल की कमी के कारण भी बाइक एवं चार पहिया वाहन चालकों में अफरा-तफरी का आलम रहा।


डीएम के निर्देश
डीएम शैलेष कुमार ने आपूर्ति विभाग के अफसरों को निर्देशित किया है कि जिन घरों में शादियां हैं, उनका प्रार्थना पत्र लेने के बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का काम करें। सुरियावां नगर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल एवं डीजल लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी थी। इसी तरह ज्ञानपुर नगर में गैस एजेंसी पर ग्राहकों का दबाव ज्यादा देखा गया। दामों में इजाफा के कारण आम से लेकर खास आदमी तक को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विश्व बिरादरी से लोगों ने युद्ध का हल निकालने की मांग की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर लक्ष्मणा के सामने लगा ट्रांसफार्मर

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। लक्ष्मणा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सामने से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन स्थानीय लोगों और मरीजों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। उपकेंद्र पर रोजाना 15 से 20 मरीजों की ओपीडी होती है। यहां आने वाले मरीजों, तीमारदारों में हादसे का डर बना रहता है। संतोष तिवारी, चन्नू दूबे, नीरज तिवारी, राम संजीवन, दीपक ने बताया कि मंदिर के ठीक सामने इतनी उच्च क्षमता की बिजली लाइन होने से कभी भी दुर्घटना हो सकती है, लेकिन जिम्मेदार अनभिज्ञ बने हुए हैं। यहां बाउंड्री न होने के कारण भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। परिसर में मवेशी घूस जाते हैं, जिससे सफाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से बाउंड्री निर्माण और हाईटेंशन लाइन की सुरक्षित व्यवस्था की मांग की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। गर्मी के दिनों में शाॅर्ट सर्किट होने के मामले तेजी से बढ़ते हैं। मांग की कि इस ट्रांसफाॅर्मर को हटाया जाना जरूरी है, नहीं तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रचना सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारी को दी गई है।
लू से बचाव के लिए ओपीडी भवन में बनेंगे ओआरएस काउंटर

*काउंटर पर मरीजों के साथ तीमारदारों के लिए भी होगी सुविधाएं*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भीषण गर्मी में लू से बचाव के लिए जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर लू वार्ड सहित परिसर में दो से तीन स्थानों पर ओआरएस काउंटर बनाए जाएंगे। सीएमओ डॉॅ. एसके चक ने जिले के सभी अस्पतालों के अधीक्षकों को पत्र जारी कर यह व्यवस्था दुरूस्त किए जाने का निर्देश दिया है। ये काउंटर ओपीडी भवन, दवा कक्ष के आस-पास बनाया जाएंगे। विभागीय स्तर से इसकी लगातार मॉनीटरिंग भी की जाएगी।
आने वाले दिनों में लू के असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी इसकी लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। जिले के 28 अस्पतालों में 90 लू से पीड़ित मरीजों के लिए बेड आरक्षित हैं। वहीं अब अस्पताल परिसर में ओआरएस काउंटर भी बनाए जाएंगे। अस्पताल परिसर में ओपीडी भवन, दवा काउंटर, लू वार्ड में ओआरएस काउंटर बनाए जाएंगे। जहां एक ग्लास भी रखा जाएगा। ताकि अस्पताल आने वाले मरीज, तीमारदार घोल का लाभ उठा सकें। नियमित काउंटर की स्थिति देखी जाएगी। जिला अस्पताल, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के अलावा छह सीएचसी, 20 पीएचसी सहित कुल 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 5000 से 5500 की ओपीडी होती है। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि 28 सेंटरों पर लू वार्ड बनाए गए हैं। बड़े अस्पताल परिसर में तीन और सीएचसी, पीएचसी में दो ओआरएस काउंटर बनाए जाएंगे। मरीजों, तीमारदारों की सुविधानुसार इसे बढ़ाया जा सकता है।
हर तीन महीने में यूनिट टेस्ट देना अनिवार्य पहला टेस्ट जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगा

*जुलाई में पहला टेस्ट ,9 वीं से 12 वीं तक लागू होगी न‌ई व्यवस्था*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नए शैक्षिक सत्र से परीक्षा प्रणाली में अहम बदलाव किया है। अब कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों के लिए साल भर मूल्यांकन की नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। विद्यार्थियों को केवल वार्षिक परीक्षा पर निर्भर नहीं रहना होगा, बल्कि हर तीन महीने में अनिवार्य रूप से यूनिट टेस्ट देना पड़ेगा। इसी क्रम में पहला यूनिट टेस्ट जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित किया जाएगा।नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में यह प्रणाली लागू होगी। यूनिट टेस्ट में बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) को विशेष प्राथमिकता दी गई है। ताकि विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का आकलन किया जा सके। इसके साथ ही नियमित परीक्षा के माध्यम से छात्रों का समय-समय पर मूल्यांकन भी संभव हो सकेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करना है। स्कूलों को समयबद्ध तरीके से पाठ्यक्रम पूरा कराने और नए परीक्षा पैटर्न के अनुसार छात्रों को अभ्यास कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली से विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम होगा, क्योंकि पूरे साल छोटे-छोटे चरणों में मूल्यांकन होगा। इससे अंतिम परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन की संभावना भी बढ़ेगी।
कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में चयनित 45 आंगनबाड़ी सहायिकाएं कार्यभार ग्रहण करने नहीं आ रही हैं। करीब डेढ़ महीने बाद भी नियुक्ति पत्र न लेने पर विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सभी को दूसरा नोटिस जारी कर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। आगाह किया गया है कि कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखापढ़ी की जाएगी।जिले में कुल 1492 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। यहां ढाई हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तैनात हैं। 60 साल से अधिक उम्र पूरी करने वाली 100 से ज्यादा सहायिकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। केंद्रों के बेहतर संचालन के लिए दो महीने पूर्व 346 सहायिकाओं की नियुक्ति की गई। इनमें 45 सहायिकाएं परियोजना कार्यालय ही नहीं पहुंचीं। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि 45 आंगनवाड़ी सहायिकाओं ने अब तक या तो नियुक्ति पत्र प्राप्त नहीं किया है अथवा प्राप्त करने के बाद अपने पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं की हैं। इस संबंध में संबंधित सहायिकाओं को नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह में कार्यभार ग्रहण न करने पर उनके खिलाफ लिखापढ़ी की जाएगी। इनमें अभोली ब्लॉक में दो, औराई में पांच, भदोही में 13, ज्ञानपुर में तीन, डीघ में नौ, सुरियावां में छह सहायिकाएं शामिल हैं।