लू से बचाव के लिए ओपीडी भवन में बनेंगे ओआरएस काउंटर

*काउंटर पर मरीजों के साथ तीमारदारों के लिए भी होगी सुविधाएं*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भीषण गर्मी में लू से बचाव के लिए जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर लू वार्ड सहित परिसर में दो से तीन स्थानों पर ओआरएस काउंटर बनाए जाएंगे। सीएमओ डॉॅ. एसके चक ने जिले के सभी अस्पतालों के अधीक्षकों को पत्र जारी कर यह व्यवस्था दुरूस्त किए जाने का निर्देश दिया है। ये काउंटर ओपीडी भवन, दवा कक्ष के आस-पास बनाया जाएंगे। विभागीय स्तर से इसकी लगातार मॉनीटरिंग भी की जाएगी।
आने वाले दिनों में लू के असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी इसकी लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। जिले के 28 अस्पतालों में 90 लू से पीड़ित मरीजों के लिए बेड आरक्षित हैं। वहीं अब अस्पताल परिसर में ओआरएस काउंटर भी बनाए जाएंगे। अस्पताल परिसर में ओपीडी भवन, दवा काउंटर, लू वार्ड में ओआरएस काउंटर बनाए जाएंगे। जहां एक ग्लास भी रखा जाएगा। ताकि अस्पताल आने वाले मरीज, तीमारदार घोल का लाभ उठा सकें। नियमित काउंटर की स्थिति देखी जाएगी। जिला अस्पताल, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के अलावा छह सीएचसी, 20 पीएचसी सहित कुल 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 5000 से 5500 की ओपीडी होती है। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि 28 सेंटरों पर लू वार्ड बनाए गए हैं। बड़े अस्पताल परिसर में तीन और सीएचसी, पीएचसी में दो ओआरएस काउंटर बनाए जाएंगे। मरीजों, तीमारदारों की सुविधानुसार इसे बढ़ाया जा सकता है।
हर तीन महीने में यूनिट टेस्ट देना अनिवार्य पहला टेस्ट जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगा

*जुलाई में पहला टेस्ट ,9 वीं से 12 वीं तक लागू होगी न‌ई व्यवस्था*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नए शैक्षिक सत्र से परीक्षा प्रणाली में अहम बदलाव किया है। अब कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों के लिए साल भर मूल्यांकन की नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। विद्यार्थियों को केवल वार्षिक परीक्षा पर निर्भर नहीं रहना होगा, बल्कि हर तीन महीने में अनिवार्य रूप से यूनिट टेस्ट देना पड़ेगा। इसी क्रम में पहला यूनिट टेस्ट जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित किया जाएगा।नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में यह प्रणाली लागू होगी। यूनिट टेस्ट में बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) को विशेष प्राथमिकता दी गई है। ताकि विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का आकलन किया जा सके। इसके साथ ही नियमित परीक्षा के माध्यम से छात्रों का समय-समय पर मूल्यांकन भी संभव हो सकेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करना है। स्कूलों को समयबद्ध तरीके से पाठ्यक्रम पूरा कराने और नए परीक्षा पैटर्न के अनुसार छात्रों को अभ्यास कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली से विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम होगा, क्योंकि पूरे साल छोटे-छोटे चरणों में मूल्यांकन होगा। इससे अंतिम परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन की संभावना भी बढ़ेगी।
कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में चयनित 45 आंगनबाड़ी सहायिकाएं कार्यभार ग्रहण करने नहीं आ रही हैं। करीब डेढ़ महीने बाद भी नियुक्ति पत्र न लेने पर विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सभी को दूसरा नोटिस जारी कर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। आगाह किया गया है कि कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखापढ़ी की जाएगी।जिले में कुल 1492 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। यहां ढाई हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तैनात हैं। 60 साल से अधिक उम्र पूरी करने वाली 100 से ज्यादा सहायिकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। केंद्रों के बेहतर संचालन के लिए दो महीने पूर्व 346 सहायिकाओं की नियुक्ति की गई। इनमें 45 सहायिकाएं परियोजना कार्यालय ही नहीं पहुंचीं। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि 45 आंगनवाड़ी सहायिकाओं ने अब तक या तो नियुक्ति पत्र प्राप्त नहीं किया है अथवा प्राप्त करने के बाद अपने पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं की हैं। इस संबंध में संबंधित सहायिकाओं को नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह में कार्यभार ग्रहण न करने पर उनके खिलाफ लिखापढ़ी की जाएगी। इनमें अभोली ब्लॉक में दो, औराई में पांच, भदोही में 13, ज्ञानपुर में तीन, डीघ में नौ, सुरियावां में छह सहायिकाएं शामिल हैं।
भ्रष्टाचार में फंसे लेखपाल को किया जाएगा निलंबित : डीएम


*महिला की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी*


नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भ्रष्टाचार के आरोप में फंसे मैलोना के लेखपाल मुरली की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अब उस पर विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने जहां मामले की विवेचना शुरू कर दी है, वहीं एक से दो दिन में निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है। डीएम ने लेखपाल को निलंबित करने की बात कही है।
कलेक्ट्रेट परिसर में जन सुनवाई के दौरान मैलोना की महिला नीलम चौबे प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचीं। उन्होंने हल्का लेखपाल मुरली पर 85 हजार रुपये लेने के बाद भी वरासत में नाम न दर्ज करने का आरोप लगाया। उन्होंने तहरीर में बताया कि उनके ससुर के निधन के बाद उनके पति का नाम कूटरचना कर नहीं चढ़ाया गया। इसके लिए रुपये भी दिए गए। जमीन पर उनके चाचा हरिश्चंद्र का ही नाम चढ़ाया गया।शिकायत के मद्देनजर डीएम के निर्देश पर पुलिस आरोपी लेखपाल को कोतवाली ज्ञानपुर ले गई। जहां देर शाम धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। अब लेखपाल पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। डीएम शैलेष कुमार ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एसडीएम को निर्देश दिया गया है। डीएम शैलेष कुमार का कहना है कि भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं होगा। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर जेल भेजा जाएगा। लेखपाल मुरली को निलंबित किया जाएगा।


भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं होगा। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर जेल भेजा जाएगा। लेखपाल मुरली को निलंबित किया जाएगा।

शैलेश कुमार डीएम भदोही
शासन के मंशानुरूप जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
*संपूर्ण समाधान दिवस तहसील भदोही में जिलाधिकारी ने कुल 36 मामलों में तत्काल टीमों को स्थलीय मुआयना करा 07 का कराया त्वरित निस्तारण*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जन शिकायतो के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल मार्गदर्शन में ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’’ जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। तहसील भदोही में जिलाधिकारी शैलेष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, उप जिलाधिकारी अरुण गिरि, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसील औराई में अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, उप जिलाधिकारी श्याममणि त्रिपाठी, तहसील ज्ञानपुर में उप जिलाधिकारी भानसिंह, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियो द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फ़रियादियों की समस्याओ को गंभीरता से सुनकर निस्तारण किया गया।
            जिलाधिकारी ने अंतरविभागीय समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक राजस्व व पुलिस टीम के लीडर के रूप में एक-एक जनपदीय अधिकारी को नामित करते हुए निर्देशन किया कि टीम लीडर तत्काल उसी दिन प्रकरण का स्थलीय मुआयना करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
          जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण करने हेतु शिकायतकर्ता से बात करें, मौके पर जाये, स्पष्ट रूप से आख्या लिखे, कागजी खानापूर्ति न करें। शिकायतों को पारदर्शी ढंग से गुणवत्तानुरूण निस्तारण कराये,अन्यथा सख्त कार्यवाही की जायेगी। तहसील भदोही सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा सुनवाई के दौरान दूर-दराज से आये फरियादियों के कुल 36 प्रार्थना पत्रों में से 07 मामलों में त्वरित संयुक्त टीम भेज कर निस्तारण किये गये, शेष प्रकरण में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाते हुए समय-सीमा में समाधान करने का निर्देश दिया।
            सभी तहसीलों में जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम मेें सुशासन आधारित लगायें गये विभिन्न कैम्पो-बाल विकास पुष्टाहार विभाग, आयुष्मान गोल्डेन कार्ड, परिवार नियोजन, समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, महिला कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के उन्नयन हेतु विविध योजना मिशन शक्ति, राजस्व विभाग हेल्प डेस्क, जागरूकता हेतु लगाये गये।
           जिलाधिकारी ने तहसील भदोही के संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित निस्तारण करते हुए सुशासन को स्थापित किया, साथ ही आईजीआरएस में प्राप्त लोक शिकायतों का निस्तारण, ऑनलाईन ‘‘सर्विस डिलीवरी’’ की सेवाओं में वृद्धि किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गम्भीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। कानूनगो व लेखपाल को निर्देशित किया कि जमीन सम्बन्धी मामले में पुलिस टीम के साथ समन्वय व सहयोग बनाते हुए निस्तारण सुनिश्चित कराये। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कुछ ऐसे मामले होते है जो दो या तीन विभागों के मध्य संयुक्त रहता है। सम्पूर्ण समाधान दिवस एक ऐसा सुअवसर होता है जहा पर एक ही दिन, एक ही निश्चित समय पर सभी जनपदीय अधिकारी उपस्थित होते है। अर्न्तविभागीय समन्वय स्थापित करते हुयें ऐसे सभी मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि प्रदेश सरकार की मंशानुरूप जनता जनार्दन को अपने तहसील स्तर पर ही उनकी शिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाएं। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस द्वारा शासन त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। तहसील दिवस में आए जनता की समस्याओं का पुलिस व राजस्व अधिकारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करते हुए न्यायोचित निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
        जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने विभाग स्तर पर ही शिकायतकर्ताओं को संतुष्टि के साथ शिकायत निस्तारण सुनिश्चित करें। यदि प्राथमिक स्तर पर ही विकास खण्ड कार्यालय, उप जिलाधिकारी कार्यालय व विभागाध्यक्ष द्वारा गुणवत्ता व संतुष्टिपरक समय-सीमा में शिकायतों का निस्तारण कर लिया जाय तो फरियादियों को जिलाधिकारी, मण्डलायुक्त व सीएम पोर्टल पर शिकायत करने की स्थिति ही नही आयेगी।
        जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लेखपाल श्रीमती निधि शुक्ला, शकील अहमद, किशन गुप्ता, व कृषि विभाग के कर्मचारी सुरेश यादव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी लगन के साथ और भी कर्मचारी कार्य करें।
           तहसील औराई में उप जिलाधिकारी श्याममणि त्रिपाठी के समक्ष फरियादियों में कुल 32 में 05 का निस्तारण किया तथा तहसील ज्ञानपुर उप जिलाधिकारी भानसिंह के समक्ष कुल 24 में से 04 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया और शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
भदोही पुलिस ने वापस कराए ₹1.20 लाख:साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए व्यक्ति को मिली राहत

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित व्यक्ति को ₹1,20,000 की धनराशि वापस दिलाई है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
शिकायतकर्ता जितेंद्र यादव, निवासी रमईपुर, थाना चौरी, ने 11 अक्टूबर 2025 को फोन पे के माध्यम से ₹1,20,000 स्थानांतरित करते समय गलती से यह राशि किसी दूसरे बैंक खाते में भेज दी थी।
पीड़ित ने इस संबंध में एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। भदोही जनपद की साइबर सेल ने शिकायत का अवलोकन कर उक्त पैसे पर तत्काल रोक लगवाई। इसके बाद, माननीय न्यायालय के आदेश के क्रम में पीड़ित की पूरी ₹1,20,000 की धनराशि उसके खाते में वापस करा दी गई।
अपनी धनराशि वापस पाकर पीड़ित जितेंद्र यादव ने पुलिस अधीक्षक भदोही और जनपदीय साइबर सेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भदोही पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। भदोही पुलिस का संकल्प है, "आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प"।
इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना/सेल के प्रभारी निरीक्षक श्री विजय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल देवानंद सिंह और कांस्टेबल सदानंद शामिल थे।
मौसम की मार से अस्पतालों में बढ़े डायरिया मरीज

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कालीन नगरी में मौसम का मिजाज थोड़ा बदल गया है। सूर्यदेव का ताप थमा तो उमस ने व्याकूल करना शुरू कर दिया। चिपचिपी गर्मी से लोगों की व्याकूलता और बढ़ जा रही हैं। सुबह हल्का ठंडा हवा चला लेकिन दस बजते ही लोगों का शरीर पसीना से भिगता रहा। महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल समेत समस्त सीएचसी और पीएचसी में मरीजों में अचानक वृद्धि हो गई। ओपीडी के बाहर मरीजों की संख्या इतना बढ़ गया कि रोगी फर्स पर बैठने को विवश हो गए। जिला अस्पताल के चिकित्सकों की माने तो गर्मियों में होने वाली तमाम बीमारियों का सिलसिला जारी है। इन दिनों लोग डायरिया, डिहाड्रेशन, त्वचा और हृदय रोग की चपेट में आ जा रहे हैं। खानपान में थोड़ी सी लापरवाही लोगों को बीमार कर दे रही है। धूप से बचाव को लोग सिर पर गमच्छा रखने के साथ आंख में चश्मा लगाए थे। मरीजों की भीड़ देख डाक्टर हलकान नजर आए। सीएमओ डा. संतोष कुमार चक की माने तो गर्मी से बचाव को उचित उपाय करना अत्यंत जरुरी है। गर्मी में इजाफा होने से इंसान की इम्युनिटी घट जाती है। इस वजह से शरीर में कीटाणु व बैक्टीरिया आसानी से आ जाते हैं। यहीं कारण है कि लोग बीमार पड़ जाते हैं। इन दिनों तेज धूप संग धूल भरी हवा चल रहा है इस मौसम में पानी की कमी के साथ टाइफाइड, फूड प्वाइजनिंग जैसी बीमारी होती है। गन्ने के जूस में बर्फ डालकर पीना हानिकारक होता है। गर्मी में धूप से छांव में आते ही ठंडा पानी का सेवन करने से बचे। ऐसा करने पर सर्दी व बुखार होने की आशंका बढ़ जाती है। डायरिया, कांस्टिपेशन व एसिडिटी से बचाव को पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।
3 मई को अवर अभियंता परीक्षा में 2640 अभ्यर्थी होंगे शामिल
*डीएम ने अवर अभियंता परीक्षा की तैयारियों को परखा*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें तीन मई को होने वाली उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की अवर अभियंता परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए हुई तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि जिले में छह केंद्रों पर परीक्षा होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा होगी। जिसमें 2640 अभ्यर्थी शामिल होंगे।अधिकारियों से उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान नकल विहीन वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए। एएसपी शुभम अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने तैनाती स्थलों पर समय से पहुंचें और पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण किया जाए। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री अंदर न ले जाई जा सके।
औराई, गोपीगंज सीएचसी पर लगेगी हेल्थ एटीएम
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अब मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई, गोपीगंज में जांच के लिए घंटों कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। यहां हेल्थ एटीएम लगाई जाएगी। इससे 34 प्रकार की जांचें होंगी। गिर्दबडगांव, लालानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक-एक हेल्थ एटीएम है, लेकिन इसकी उपयोगिता कम है, इसके कारण मशीन को सीएचसी पर स्थापित करने का निर्णय सीएमओ डॉ. एसके चक ने लिया है।
ज्ञानपुर में बुद्ध जयंती पर पदयात्रा: सम्राट अशोक क्लब भारत शाखा ने भगवान बुद्ध के संदेशों पर किया मंथन*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर में सम्राट अशोक क्लब भारत शाखा ने बुद्ध जयंती मनाई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र मौर्य के नेतृत्व में नगर में एक पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा नगर भ्रमण के बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में एक गोष्ठी में परिवर्तित हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की पूर्व कुलपति डॉ. निर्मल एस. मौर्या थीं। उन्होंने भगवान बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुद्ध ने दया, करुणा और मानवता का संदेश देकर विश्व में शांति स्थापित की। उन्होंने बताया कि दुनिया के अधिकांश देश बुद्ध के मार्ग पर चलकर अपनी प्रगति सुनिश्चित कर रहे हैं। इस अवसर पर अशोक कुमार मौर्य ने कहा कि भगवान बुद्ध विश्व शांति के महानायक हैं, जिनके मार्ग पर चलकर मानव ने सभ्यता का पाठ सीखा। उन्होंने सम्राट अशोक महान का भी उल्लेख किया, जिन्होंने अखंड भारत में लोक कल्याणकारी कार्य करके शांति स्थापित की थी। मौर्य ने जोर दिया कि आज फिर से भगवान बुद्ध द्वारा बताए गए पंचशील और अष्टांगिक मार्ग को जीवन में उतारने की आवश्यकता है, तभी विश्व में शांति संभव होगी।
कार्यक्रम का संचालन अरविंद कुमार मौर्य ने किया। इस अवसर पर राजेंद्र कुमार, श्याम बिहारी, रमाशंकर, विनय कुमार मौर्य सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।