लोजपा (रामविलास) की गोपीगंज में बैठक: मिशन 2027 और यूपी में संगठन मजबूती पर चर्चा

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भदोही जिले के गोपीगंज में संगठनात्मक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। यह बैठक बृहस्पतिवार को वृन्दावन लॉन एंड रेस्टोरेंट में "मिशन 2027 U.P." के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बैठक में सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और अब यह बूथ स्तर तक पहुंच चुकी है, जो आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएगी। भारती ने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार को तेज करने और "U.P. First" के संकल्प के साथ मिशन 2027 को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन विस्तार था, जिसमें बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती और सक्रियता पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने सदस्यता अभियान को और तेज करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजीव पासवान, रोहित  कमल तिवारी, धनंजय दुबे, विकास दुबे, कमला कुमारी, राहुल तिवारी, संतोष दुबे, गोविंद पासवान, अजय पासी, सचिन मिश्रा, सूरज गुप्ता सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भदोही में बारिश-ओलावृष्टि और आंधी से गर्मी से राहत:तापमान में 5-7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। सीतामढ़ी क्षेत्र में गुरुवार की सुबह मौसम ने ऐसा सुहावना रूप लिया कि लोगों के चेहरे खिल उठे। सुबह होते ही आसमान में हल्के बादल छा गए और बीच-बीच में हल्की फुहारों ने पूरे माहौल को तरोताजा कर दिया। बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को इस बदलाव ने बड़ी राहत दी है। हल्की-हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के झोंकों ने न सिर्फ तापमान को नीचे लाया, बल्कि वातावरण को भी सुखद बना दिया। सुबह के समय जब लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकले, तो उन्हें तपती धूप की बजाय ठंडी हवा और बूंदाबांदी का सामना करना पड़ा। इससे जनजीवन पर मिला-जुला असर देखने को मिला। जहां एक ओर मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं हल्की बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई और कुछ स्थानों पर आवागमन धीमा हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे रास्तों पर कीचड़ के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी भी उठानी पड़ी। स्थानीय किसानों के लिए यह मौसम किसी वरदान से कम नहीं माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि इस समय हुई हल्की बारिश फसलों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी और जमीन की नमी बनाए रखने में मदद करेगी। वहीं, बच्चों और युवाओं ने भी इस मौसम का भरपूर आनंद लिया। कई जगहों पर बच्चे बारिश में भीगते नजर आए तो कुछ लोग अपने घरों की छतों और बरामदों से मौसम का लुत्फ उठाते दिखे।बाजारों में भी इस बदलाव का असर साफ नजर आया। जहां भीषण गर्मी के कारण दोपहर में सन्नाटा छा जाता था, वहीं आज लोगों की आवाजाही सामान्य रही। चाय और पकौड़ी की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली, जहां लोग मौसम का आनंद लेते हुए बातचीत करते नजर आए।क्षकुल मिलाकर, गुरुवार का यह सुहावना मौसम सीतामढ़ी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरा रहा। हालांकि हल्की बारिश से कुछ असुविधाएं भी हुईं, लेकिन भीषण गर्मी से मिली राहत ने लोगों के मन को सुकून जरूर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार यदि ऐसे ही बादल और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को और राहत मिलने की उम्मीद है।
इश्क में धोखा, टावर पर चढ़ी विवाहिता

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। जहां अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ भागी विवाहिता को जब धोखा मिला तो वह बुधवार की सुबह-सुबह अपने धोखेबाज प्रेमी के गांव में मौजूद एक टावर पर चढ़कर हाई प्रोफाइल ड्रामा करने लगी। देखते ही देखते मौके पर काफी भीड़ जमा हो गयी थी। विवाहिता अपने पहले पति के घर से 17 लाख के आभूषण व 1 लाख नगद लेकर भागी थी। पति को छोड़ विवाहिता ने प्रेमी से कोर्ट मैरिज भी किया है। प्रेमी से धोखा मिलने के बाद विवाहिता अब अपने पहले पति को पाने के लिए सुबह-सुबह टावर पर चढ़कर हंगामा करते हुए पति को बुलाने की जिद पर अड़ गयी। विवाहिता के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही औराई पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची थी। साथ ही तमाशबीनों की भीड़ भी जमा हो गयी थी। इंस्टाग्राम के जरिये एक युवक से विवाहिता प्यार कर बैठी। और एक दिन पहले पति को छोड़ 3 बजे भोर 17 लाख के जेवर व 1 लाख नगद लेकर फरार हो गयी। विवाहिता के लापता होने पर ससुराल के लोगों ने थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था।
दरअसल यह पूरा मामला है औराई थाना इलाके के घमहापुर पियरोपुर गांव का है। जहां जगदीश प्रजापति के बेटे अजय कुमार प्रजापति की शादी 5 साल पहले हड़िया के जयतापुर निवासी जवाहरलाल की पुत्री सीमा देवी के साथ हुई थी। 25 वर्षीय सीमा देवी पति के घर घमहापुर पियरोपुर में रह रही थी। उसका पति अजय कुमार प्रजापति दिल्ली में रहकर आॅल इंडिया परमिट की ट्रक चलाता है। सीमा देवी व्हाट्सएप्प, इंस्टाग्राम, फेसबुक पर सक्रिय रहती थी। इंस्टाग्राम के जरिये ही औराई के जेठूपुर निवासी कमलेश गौतम नामक एक युवक से प्यार कर बैठी। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि सीमा देवी अपने प्रेमी कमलेश गौतम के साथ 7 फरवरी की भोर लगभग 4 बजे फरार हो गयी। और जाते-जाते अपने ससुराल से 17 लाख के कीमती आभूषण व 1 लाख नगद लेकर फरार हो गयी थी। ससुराल व मायके वाले तलाश करते रहें। इसी बीच पता चला कि सीमा देवी की पूरी करतूत घमहापुर पियरोपुर गांव के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जहां वह किसी लड़के के साथ जाते हुए नजर आयी थी। ससुर जगदीश प्रजापति की तहरीर पर औराई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवाहिता की तलाश में जुट गई थी।
अपने पहले पति अजय कुमार प्रजापति को छोड़कर प्रेमी कमलेश गौतम के साथ जेवर व नगदी लेकर भागी सीमा देवी को पुलिस ने 22 दिन बाद यानि 28 फरवरी को राजकोट से बरामद किया, और पुलिस औराई लेकर चली आयी। इस दौरान सीमा देवी ने अपने बयान में कहा था कि वह अपने प्रेमी कमलेश गौतम के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। और उसी के साथ रहेगी। सीमा देवी अपने प्रेमी कमलेश गौतम के गांव जेठूपुर रहने लगी। लेकिन, 29 अप्रैल बुधवार की सुबह-सुबह सीमा देवी अपने प्रेमी के गांव में मौजूद एक टेलीफोन के टावर पर चढ़ गयी। और पहले पति अजय कुमार प्रजापति के साथ रहने की जिद पर अड़ गयी। सीमा देवी का आरोप है कि उसके प्रेमी कमलेश गौतम ने बहला-फुसलाकर उसकी हत्या करने की बात कहकर उसे लेकर भागा था। विवाहिता सीमा देवी लगातार अपने पति अजय कुमार प्रजापति व सास मुन्नी देवी को भी टावर के पास बुलाने की जिद पर अड़ी रही। हालांकि आनन-फानन में पुलिस पति अजय कुमार प्रजापति व उसकी सास मुन्नी देवी को वाहन में लादकर टावर के पास लेकर पहुंची थी। सास व पति को देखते ही सीमा देवी नीचे उतरी। जिसे पुलिस लेकर औराई थाने चली गई थी।
इंस्टाग्राम के जरिये पांच साल की दुल्हन सीमा देवी अपने ससुराल से लगभग 7 किलोमीटर जेठूपुर के रहने वाले कमलेश गौतम के साथ प्यार कर बैठी। और पूरी जिंदगी अपनी बर्बाद कर ली। अब उसके मायके वाले भी उससे किनारा कस रहे हैं। पति अजय कुमार प्रजापति भी सीमा देवी को कुबूल नहीं कर रहा है। औराई के घमहापुर पियरोपुर निवासी सीमा देवी के ससुर जगदीश प्रजापति ने बताया कि उसकी बहू ने घर को बर्बाद कर दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद सीमा देवी जो जेवर लेकर भागी थी पुलिस ने उसे बरामद करा दिया था। लेकिन नगद 1 लाख रूपया प्रेमी कमलेश गौतम व सीमा देवी ने मिलकर खर्च कर डाले। जेवर व पैसा जाने के बाद अब प्रेमी कमलेश गौतम सीमा देवी से पीछा छुड़ा रहा है। जबकि, दोनो ने आपस में कोर्ट मैरिज भी किया है। सीमा देवी का पहला पति अजय कुमार प्रजापति अपनी पत्नी को अब स्वीकार करने को तैयार नहीं है। उसे कोई भी बच्चा नहीं है। सीमा देवी के मायके वालों को भी टावर पर चढ़ने की सूचना दी गई। लेकिन बेटी की इस बेवफाई को देख मायके वाले भी हड़िया से औराई आने को तैयार नहीं है।
भदोही में आकाशीय बिजली गिरी:एक महिला घायल, दो मकान क्षतिग्रस्त, इलाके में दहशत
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही में आकाशीय बिजली का कहर, एक घायल, मकानों को नुकसान
बुधवार, 29 अप्रैल 2026, भदोही।
जनपद भदोही के ब्लॉक अभोली अंतर्गत ग्राम शेरपुर गोपलहा में आंधी-तूफान के बीच आकाशीय बिजली गिरने से इलाके में दहशत फैल गई। तेज बारिश के दौरान अचानक गिरी बिजली से हृदय नारायण शुक्ला के मकान की दीवार क्षतिग्रस्त होकर गिर गई, जिससे घर को भारी नुकसान पहुंचा।
दीवार गिरने का मलबा पास में स्थित हसन अली के मकान की छत पर जा गिरा, जिससे उनकी छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं छत के नीचे मौजूद एक महिला मलबे की चपेट में आ गई, जिससे उसे हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने और तेज तूफान के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत की मांग की है।
काम छोड़, गैस सिलेंडर को दौड़ रहे लोग

*पांच - पांच दिन कतार में लगने के बाद भी मायूस हो रहे लोग*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। अमेरिका-इजराइल युद्ध तो थमा लेकिन गैस सिलेंडर का संकट बढ़ता ही जा रही है। बुकिंग के पांच दिन बाद भी सिलेंडर न मिलने से लोग परेशान हो जा रही हैं। शादी व तिलकोत्सव में हर काम छोड़ लोग सिर्फ गैस सिलेंडर के लिए दौड़ रहे हैं। एजेंसी एवं गोदामों पर घंटों धूप में खड़ा होने के बाद उपभोक्ता मायूस होकर लौट रहे हैं। शादी का कार्ड संग प्रार्थना पत्र देने के बाद प्रत्येक सिलेंडर 4500 से 4700 सौ रुपया जमा करने के बाद सिलेंडर मिल रहा है। खाली सिलेंडर वापस के समय सिक्योर्टी का पैसा वापस लौटा दिया जा रहा है।चार बजे भोर से ही लोग गैस सिलेंडर और गोदाम का चक्कर लगाना शुरू कर दे रहे हैं। एलपीजी सिलिंडरों के लिए लोगों को अब भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गैस एजेंसियों पर लोगों को बुकिंग के पांच दिन बाद भी घरेलू सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिल रही है। जब लोग पता करने एजेंसी पहुंचते हैं तो उन्हें कहा जाता है कि अब तक आपकी बुकिंग तिथि का स्लॉट शुरू नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं की माने तो गैस सिलेंडर की चाह में हम लोग प्रत्येक दिन दो से चार घंटा एजेंसी पर दे रहे हैं। वहीं, एजेंसियों पर केवाईसी कराने के लिए भी घंटों खड़ा होना पड़ रहा है। शादी में न तो कार्ड बांट रहे हैं और ना ही कपड़ों की खरीदारी कर पा रहे हैं। हर व्यक्ति को यहीं चिंता सताए जा रही है कि गैस सिलेंडर का कैसे इंतजाम हो। लगातार बदलते नियम से उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। सिलेंडर किल्लत के बीच अब मिठाई, भोजन और नाश्ता बनाने के लिए लकड़ी और कोयला का उपयोग हो रहा है। शादी में दो सिलेंडर भी मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में 28 से 30 रुपया प्रति किलो कोयला एवं आठ रुपया किलो लकड़ी लोग क्रय कर रहे हैं। गा्रमीण अंचलों में तो सूखा पेड़ काटकर लकड़ी का इंतजाम कर ले रहे हैं, लेकिन नगरीय इलाके में रहने वाले कोयला से ही काम चला रहे हैं। कोयला-लकड़ी से भोजन बनाने को लेकर हलवाई पैसा बढ़ा दिए हैं। जो लगन हलवाई पंद्रह से बीस हजार में बुक कर लेते थे वह अब 25 से 30 हजार की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि लकड़ी-कोयला से भोजन और मिठाई बनाने में ज्यादा समय लगता है। इतना ही नहीं मजदूर प्रचंड गर्मी में तैयार नहीं हो हो रहे हैं। ऐसे में ज्यादा पैसा देकर लगन में काम कराना विवशता बन गई है। युद्ध तो थमा लेकन न तो तनाव कम हो रहा है और ना ही ज्वलनशील पदार्थ का किल्लत। अब तो पेट्रोल डीजल पर भी संकट गहराने लगा है।
जनगणना-2027: अब हर नागरिक बनेगा भागीदार
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनगणना-2027 हमारे जनपद के समग्र विकास की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संसाधनों के समुचित वितरण का आधार है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के नियमित अनुश्रवण एवं मार्गदर्शन  मे जनपद में जनगणना-2027 का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करने हेतु आवश्यक तैयारी की जा रही है।
       उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी।
अब आप स्वयं अपने घर की जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं — सरल, सुरक्षित और समय की बचत के साथ।
स्व-गणना कैसे करें? (संक्षेप में)
भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि जनपद में विगत दिनों से तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है तथा आगामी दिनों में इसके 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लू (हीट स्ट्रोक) का खतरा बढ़ जाता है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतें और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
लू (हीट स्ट्रोक) के प्रमुख लक्षण
लू लगने की स्थिति में शरीर का अत्यधिक गर्म एवं लाल हो जाना, त्वचा का शुष्क होना, तेज नाड़ी चलना, सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, थकान तथा पसीना कम या बंद हो जाना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत सतर्क होना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना अत्यंत आवश्यक हो, तो हल्के रंग के, ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें तथा सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढककर रखें। अधिक से अधिक पानी पिएं और शरीर में जल की कमी न होने दें। नमक-चीनी का घोल (ओआरएस) या अन्य तरल पदार्थों का सेवन लाभकारी रहेगा। धूप में अधिक समय तक खड़े रहने या कठोर श्रम करने से बचें।
बाहर निकलते समय अपने साथ पानी अवश्य रखें तथा गर्म हवाओं (लू) के सीधे संपर्क से बचें। यदि किसी व्यक्ति में लू के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाएं, ठंडे पानी से शरीर को ठंडा करें एवं आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए स्वयं को सुरक्षित रखें तथा दूसरों को भी जागरूक करें, जिससे भीषण गर्मी के प्रभाव से बचा जा सके।
गर्मी से बढ़ रहा चिड़चिड़ापन, थकान और गुस्सा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भीषण गर्मी का असर अब लोगों के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर भी साफ दिखाई देने लगा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण लोगों में चिड़चिड़ापन, गुस्सा, थकान और आलस्य की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 100 से 150 मरीज ऐसे पहुंच रहे हैं, जो गर्मी से जुड़ी मानसिक और शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी शरीर के साथ-साथ दिमाग पर भी असर डालती है, जिससे व्यक्ति का व्यवहार बदलने लगता है।  जिला अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के न्यूरो एवं मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ अभिनव पांडेय ने बताया कि अत्यधिक गर्मी का सीधा असर मस्तिष्क की कार्यप्रणाली पर पड़ता है। शरीर का तापमान बढ़ने से दिमाग को संतुलन बनाए रखने में अतिरिक्त ऊर्जा खर्च करनी पड़ती है, जिससे व्यक्ति जल्दी थकान महसूस करता है और उसका धैर्य कम हो जाता है। इस कारण चिड़चिड़ापन और गुस्सा बढ़ने लगता है। उन्होंने कहा कि गर्मी में नींद पूरी न होने, डिहाइड्रेशन और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के कारण मानसिक स्थिति और अधिक प्रभावित होती है।
मिशन शक्ति 5.0: पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान: गांवों, शिक्षण संस्थानों में चौपाल लगाकर दिए अधिकार व हेल्पलाइन नंबर*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 द्वितीय चरण' के तहत जनपद भदोही में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण बनाना है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत, जनपद के सभी थानों द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के लिए जागरूक किया।
इन कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच/बैड टच की पहचान और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यह भी बताया गया कि बस, रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर छेड़खानी की घटना होने पर भयभीत न हों, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा निकटतम थाने में एफआईआर दर्ज कराएं।
इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं उनका पालन करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इनमें 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (वीमेन हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 (गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 101 (अग्निशमन सेवा) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक की गई आयोजित*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईसीडीएस जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बीएचएनडी सत्र का आयोजन सभी विकास खंडों में शत प्रतिशत न होने पर सीडीपीओ भदोही, औराई को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने पर  जिला कार्यक्रम अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया।
          जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि समस्त सीडीपीओ की मॉनिटरिंग करें तथा समय से पोषण आहार का वितरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि पोषण आहार की मांग के संबंध में समय से शासन को डिमांड प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के वजन, गृह भ्रमण, सी०बी०ई० आदि की रिपोर्ट समय से पोषण ट्रैकर ऐप पर फीडिंग कराना सुनिश्चित करें।
        सैम/मैम बच्चों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी शत प्रतिशत सैम/मैम बच्चों का चिन्हांकन कर उनको सैम/मैम की श्रेणी से बाहर निकाला जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार एनआरसी पर सैम/मैम बच्चों को भर्ती किया जाए।
         जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर हॉटकुक्ड मील योजना के अंतर्गत मीनू के अनुसार बच्चों क़ो गरम खाना दिया जाए। प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को निर्धारित समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से घर-घर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को एनीमिया के बारे में जानकारी दी जाए तथा उन्हें हरी सब्जी, फल, गुड आदि का सेवन करने के लिए जागरूक करें, ताकि वे एनीमिया से ग्रसित ना हो।
       बैठक में उपायुक्त मनरेगा राजा राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 संतोष कुमार चक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा सहित समस्त सीडीपीओ एवं अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।