मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना: ग्रामीण युवाओं के लिए 10 लाख तक ऋण का सुनहरा मौका
*ग्रामोद्योग रोजगार योजना: युवाओं को 10 लाख तक ऋण, स्वरोजगार का अवसर*

*खादी बोर्ड की पहल: बेरोजगारों को मिलेगा आसान ऋण, बनें आत्मनिर्भर*

*गांव में ही रोजगार का मौका: 4% ब्याज पर ऋण, महिलाओं को ब्याजमुक्त सुविधा*

*ऑनलाइन आवेदन शुरू: मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना से जुड़ें, रोजगार पाएं*


*गोण्डा 29 अप्रैल 2026*  -  उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, गोंडा द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। योजना का उद्देश्य गांव स्तर पर रोजगार सृजन कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

इस योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवक-युवतियां अपने गांव में उद्योग स्थापित करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत पर मात्र 4 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि महिला एवं आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों को ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा प्रदान की जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थी योजना के ई-पोर्टल mmgrykhadi.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षिक व तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, जाति/निवास प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और नमूना हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में जमा करनी होगी।

प्राप्त आवेदनों का चयन स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा तथा चयनित आवेदनों को बैंक के माध्यम से वित्तपोषण के लिए अग्रसारित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय ने जनपद के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएं और प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजामोहल्ला, गोंडा या दूरभाष संख्या 9580503142 पर संपर्क किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन छात्र-छात्राओं अथवा उनके अभिभावकों पर किसी एक निर्धारित दुकान से पुस्तकें, कॉपियां या यूनिफॉर्म खरीदने का नहीं बनाएगा दबाव-जिला

*विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों, उत्सवों या अन्य गतिविधियों के नाम पर अभिभावकों से किसी प्रकार की अवैध शुल्क की नहीं की जाएगी वसूली-जिलाधिकारी*


*विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र- छात्राओं अथवा उनके अभिभावकों से वर्ष भर में लिए जाने वाले सभी शुल्क की देनी होगी रसीद-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 29 अप्रैल,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला शुल्क नियामक समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों द्वारा लिए जा रहे शुल्क, नियमों के अनुपालन तथा अभिभावकों से संबंधित शिकायतों की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विद्यालय प्रबंधन छात्र-छात्राओं अथवा उनके अभिभावकों पर किसी एक निर्धारित दुकान से पुस्तकें, कॉपियां या यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव नहीं बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बाध्यता पूरी तरह अवैध है और इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों को निर्देशित किया कि वे पारदर्शिता बनाए रखें और अभिभावकों के हितों का विशेष ध्यान रखें।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों, उत्सवों या अन्य गतिविधियों के नाम पर अभिभावकों से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जाएगी। यदि किसी विद्यालय के खिलाफ इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित विद्यालय एवं उसके प्रबंधन के विरुद्ध शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालय द्वारा लिए जाने वाले प्रत्येक शुल्क की विधिवत रसीद अभिभावकों को देना अनिवार्य होगा, जिससे शुल्क संबंधी पारदर्शिता बनी रहे। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि जनपद के विद्यालय प्रत्येक वर्ष अनावश्यक रूप से यूनिफॉर्म, पुस्तकें एवं कॉपियां बदलने की प्रवृत्ति पर रोक लगाएं। ऐसा करना अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है, जो स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों की नियमित जांच की जाए तथा यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, तो तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि प्रशासन अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि विकासखंडवार सभी विद्यालयों के लिए नोडल अधिकारी नामित करें और नोडल अधिकारियों द्वारा विद्यालयों की रेंडम जांच कराई जाए।

बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर रामचंद्र, खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय रामखेलावन सिंह सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह पूर्वक मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित

खरगूपुर (गोंडा)। यूपी बोर्ड परीक्षा में स्कूल टॉप करने वाली छात्रा सहित अन्य मेधावी छात्राओं को प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने मंगलवार को सम्मानित किया। खरगूपुर क्षेत्र के बाबा पृथ्वीनाथ बालिका इंटर कॉलेज की हाई स्कूल की छात्रा साक्षी  ने 94.66% अंक पाकर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसे विद्यालय के प्रबंधक नित्यानंद शुक्ल व प्रधानाचार्य ऊषा त्रिपाठी ने छात्रा को साइकिल, किताब व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

इसके अलावा हाई स्कूल की निधि, प्रज्ञा, अंशिका, दृष्टि, प्रतिज्ञा, पल्लवी तथा इंटर मीडियट की छात्रा मानसी,आंचल, प्रिया सहित 20 छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। प्रबंधक श्री शुक्ल ने कहा कि शिक्षा एक ऐसी विधा है, जिसे प्राप्त कर तुम लोग कहीं भी सम्मान की हकदार बन सकती हो। इसलिए सभी लोग खूब मेहनत से पढ़कर स्कूल, जिले व प्रदेश का नाम रोशन करो। छात्राओं को प्रधानाचार्य व सहायक अध्यापक टी पी यादव, वासुदेव तिवारी, सुनीता शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस मौके पर शेषनारायण शुक्ल, रामदास पांडेय, धर्मेंद्र शर्मा, माधव राज यादव, राम उददुर वर्मा, रंजू शुक्ला, माधुरी शुक्ला, सैयदा खातून, गीता शुक्ला रहीं।
*औचक निरीक्षण में सख्त दिखीं आयुक्त: खराब वेंटिलेटर और ICU तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश*
*बाबू ईश्वर शरण अस्पताल में व्यवस्थाओं पर कड़ा रुख, मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता*

*साफ-सफाई, पेयजल और उपचार व्यवस्था सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी*

*गोंडा, 28 अप्रैल 2026* – मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय बाबू ईश्वर शरण अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी तथा वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। इस दौरान उन्होंने मरीजों के बेड पर बिछी चादरों की स्थिति देखी और निर्देश दिया कि सभी मरीजों को स्वच्छ एवं नियमित रूप से बदली जाने वाली चादरें उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल में सभी वार्डों में लगे कूलरों को क्रियाशील करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वेंटिलेटर मशीनों की स्थिति भी देखी। कुछ वेंटिलेटर खराब पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को निर्देश दिया कि खराब पड़े सभी वेंटिलेटर मशीनों व अन्य चिकित्सा उपकरणों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा ICU को युद्धस्तर पर पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जाए, ताकि गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावा उन्होंने मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज और उनके तीमारदारों को मूलभूत सुविधाएं आसानी से मिलनी चाहिए।

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि व्यवस्थाओं में सुधार लाते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा चोरी करने के 04 आरोपी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी का माल बरामद


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व प्रभारी क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज श्री अभिषेक दावच्या के नेतृत्व में थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 234/26 धारा 305(A), 331(4) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित 04 अभियुक्तों 1. संदीप यादव पुत्र लल्लू उर्फ बाबा, 02. सूरज पाण्डेय पुत्र अशोक पाण्डेय, 03. तिलकराम पुत्र सीताराम मिश्रा, 04. शिवकुमार गुप्ता पुत्र राजबहादुर गुप्ता को बालपुर जाट से टेड़ी नदी की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अदद फाइबर मडगाड काला रंग, 10 अदद फाइबर वाइजर काला रंग , 1 अदद फाइबर पाइन, 10  अदद लोहे का ब्लाक, 16 अदद सिल्वर पालिस ब्लाक बरामद किया गया ।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 27.04.2026 को वादी श्री सोनेलाल पुत्र गंगा प्रसाद निवासी सालपुर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कर्नलगंज पर सूचना दी गई कि उसकी दुकान बाबामोटर साईकिल सर्विस सेन्टर कस्बा बालपुर बाजार में है। दिनांक 24.02.2026 की रात कुछ चोरो द्वारा पीछे का दरवाजा तोड़कर समान चोरी कर लिए है। पता करने पर पता चला की संदीप यादव, सूरज पाण्डेय, तिलकराम, शिवकुमार गुप्ता द्वारा मेरा समान चोरी कर लिया गया है । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना को0 कर्नलंगज पुलिस द्वारा मु0अ0सं0- 234/26 धारा 305(A), 331(4), 317(3) बीएनएस बनाम संदीप यादव आदि 04 नफर अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। जिसमें आज दिनांक 28.04.2026 को थाना कोतवाली कर्नलगंज पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त 04 शातिर चोरों 1. संदीप यादव पुत्र लल्लू उर्फ बाबा, 02. सूरज पाण्डेय पुत्र अशोक पाण्डेय, 03. तिलकराम पुत्र सीताराम मिश्रा, 04. शिवकुमार गुप्ता पुत्र राजबहादुर गुप्ता को बालपुर जाट से टेड़ी नदी की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अदद फाइबर मडगाड काला रंग, 10 अदद फाइबर वाइजर काला रंग , 1 अदद फाइबर पाइन, 10  अदद लोहे का ब्लाक, 16 अदद सिल्वर पालिस ब्लाक बरामद किया गया । गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना को0कर्नलगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा झपटमारी करने के 03 आरोपी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद

 
गोण्डा । पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज  उमेश्वर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा झपटमारी कर मोबाइल छीनने वाले अभियुक्तों 1. अहमद रजा अंसारी, 2. साहिबे आलम ,3. अब्दुल बली अंसारी को दुल्लापुर क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीने गये मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त काले रंग की एक अदद पल्सर मोटरसाईकिल  UP43BD2269 बरामद किया गया ।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 25.04.2026 को वादी जमील अहमद पुत्र स्व0 मावूद अहमद ग्राम चक सिवरहाँ थाना नवाबगंज, जनपद गोण्डा द्वारा थाना नवाबगंज को सूचना दी गई कि दिनांक 25.04.2026 को समय करीब 13.25 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से दुकान का समान खरीद कर घर वापस जा रहा था की बाबापुरवा तालाब की पुलिया के पास पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार 03 अज्ञात व्यक्ति उसे ओवरटेक कर झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिए तथा मौके से भाग गये तथा छलपूर्वक उसके मोबाइल के माध्यम से बैक खाता से 55,000 हजार रूपये निकाल लिए है।  प्राप्त तहरीर के आधार पर नवाबगंज पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में  अभियोग पंजीकृत किया गया था। दिनांक 27/28.04.2026 की रात्रि को थाना नवाबगंज पुलिस टीम को दुल्लापुर क्रासिंग के पास रात्रि गश्त/चेकिंग के दौरान  अभियुक्त- 1. अहमद रजा अंसारी, 2. साहिबे आलम, 3. अब्दुल बली अंसारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीने गये मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाईकिल UP43BD2269 बरामद किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।
मेधावी छात्रों की होती है विशिष्ट पहचान : राम गनेश तिवारी -

–आजाद नगर में मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान समारोह
बेलसर -( गोंडा)।
बेलसर ब्लाक स्थित राजनरायन रामगनेश इंटर कॉलेज आजाद नगर   में मंगलवार को कालेज में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदर्शन करने  वाले मेधावी छात्र/ छात्राओं को संस्था के संस्थापक पं. राम गनेश तिवारी ने माला पहना कर  सम्मानित किया। इस मौके पर श्रुत तिवारी उपस्थित छात्र-छात्राओं को  परीक्षा में प्रश्न पत्र हल करने के लिए  टिप्स  देते कहा कि समाज में मेधावी बच्चों का सम्मान होने के साथ मेहनत करने वाले बच्चों की अलग पहचान होती है। इस अवसर पर कालेज के इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान कु. प्रियांशी, द्वितीय कु. सीमा, तृतीय स्थान आदर्श सिंह एवं  हाई स्कूल में प्रथम स्थान पर रहे अखिलेश वर्मा, द्वितीय गौरव तिवारी, तृतीय  आकाश कुमार को माल्यार्पण के साथ प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य विमलेश शुक्ला, श्रीमतीअनीता शुक्ला, कु. कंचन उपाध्याय, पवन कुमार तिवारी अयोध्या प्रसाद प्रजापति, अवनीश तिवारी, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, छात्र - छात्राएं व अभिभावक  उपस्थित रहे।
बहुभोज में चौथी बार रसगुल्ला मांगने पर मारपीट,अगले दिन भिंड़े दोनों परिवार
*वेटर बोला, मालिक को बुलाओ तब मिलेगा

गोंडा।जिले में बहुभोज में खाना खाने के दौरान चौथी बार रसगुल्ला मांगने पर विवाद हो गया,जो अगली सुबह मारपीट में बदल गया।जिसमें एक महिला समेत चार लोग घायल हो गये।घायल ने स्वयं फोन करके 108 एंबुलेंस बुलाया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां उनका इलाज चल रहा है।इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है।यह पूरा मामला जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दुर स्थित मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के गैलनगंज ग्रंट का है।बताते चलें कि गैलनगंज ग्रंट गांव निवासी शिव प्रसाद चौहान के छोटे बेटे की रविवार को शादी थी।बारात वापस आने के बाद सोमवार की रात में बहुभोज का कार्यक्रम रखा गया था।बहुभोज में भोजन करने आए गांव के ही अमरजीत चौहान ने तीन बार रसगुल्ला मांगा और फिर चौथी बार रसगुल्ला मांगने पर वेटर भड़क गया।उसने मालिक से आर्डर देने की बात कही,इस पर आगबबूला हो कर अमरजीत चौहान ने हाथ में खाना सहित प्लेट वेटर के ऊपर फेंक दिया,इस पर वेटर भड़क गया और उसने शिव प्रसाद चौहान से इसकी शिकायत किया।घटनास्थल पर पहुंचे शिव प्रसाद चौहान की अमरजीत चौहान से कहासुनी हुई जो हाथापाई तक पहुंच गई।लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करवा दिया।लेकिन मंगलवार सुबह दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया।शिव प्रसाद चौहान अपने परिवार के 10 सदस्यों के साथ मिलकर अमरजीत, उसकी माँ और दोनों भाइयों की जमकर धुनाई कर दिया।जिसके बाद घायल अमरजीत ने 108 एंबुलेंस बुलाया जिससे सभी घायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचे,जहां उनका इलाज चल रहा है।वहीं हल्का दरोगा अमरनाथ पांडेय ने बताया कि बहुभोज में भोजन के दौरान चार बार रसगुल्ला मांगने को लेकर विवाद हुआ था।फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दिया गया है।पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया है तथा तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक ने फांसी का फंदा लगाकर दी जान,कुछ दिन पहले लौटा था घर
*कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला शव

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़ौवा गांव में आज देर रात एक युवक ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया।घटना की सूचना मिलने पर पहुंची नवाबगंज थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान सुकई (20) के रूप में हुई है।सुकई कुछ दिन पहले ही बाहर प्रदेश से अपने घर लौटा था,जहां वह मजदूरी का काम करता था।सुकई तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।मृतक सुकई प्रदेश में रहकर के जो भी पैसा कमाता था वह अपने परिवार के लोगों को भी देता था ताकि परिवार सकुशल बिना किसी परेशानी के चलता रहे।देर रात परिजनों को आशंका होने पर उन्होंने सुकई के कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया,परन्तु दरवाजा नहीं खुला।इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना नवाबगंज पुलिस को दिया।सूचना पाकर मौके पर पहुंची नवाबगंज पुलिस द्वारा देखा गया कि मृतक युवक की मौत हो चुकी है।इसके बाद पुलिस द्वारा मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा करवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।सुकई की मौत के बाद अब परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।मामले में नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि उन्हें एक युवक द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी।पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।उन्होंने बताया कि मृतक युवक कुछ दिन पहले ही घर आया था और बिना किसी विवाद के उसने अपने घर में फांसी लगा लिया।थानाध्यक्ष के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वह कुछ बीमार चल रहा था।पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जनगणना पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक किया गया आयोजित

*गोण्डा 27 अप्रैल,2026*। जनपद में प्रस्तावित जनगणना- 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण चार्जों में प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण नगर पंचायत परसपुर, नगर पंचायत धानेपुर, तहसील करनैलगंज तथा तहसील मनकापुर में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना से जुड़े कार्मिकों को मकान सूचीकरण, भवनों के वर्गीकरण, परिवारों की पहचान,7 तथा डेटा संकलन की सटीक प्रक्रिया से अवगत कराना था। इस दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल एवं मैनुअल दोनों माध्यमों से जानकारी संकलित करने की विधियों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, उन्हें फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान के बारे में भी समझाया गया। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन अनुभवी फील्ड ट्रेनर्स श्री विपिन चन्द्र वर्मा एवं श्री राखाराम गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की महत्ता, गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी तथा सटीक एवं निष्पक्ष आंकड़ा संकलन के महत्व पर विशेष बल दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रायोगिक अभ्यास (प्रैक्टिकल सेशन) भी आयोजित किए गए, जिससे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव प्राप्त हो सके। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण की आधारशिला होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करेंगे। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। प्रशासन द्वारा आशा व्यक्त की गई कि प्रशिक्षित कार्मिक आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।